6
“हर बार शहर मेरे गाँव को छलता ही रहेगा क्या?”
नीलिमा के होंठो से निकला। हाथों में पड़ी चाचा की चिट्ठी काँप उठी। नीलिमा समझ नहीं पाई, यह कँपकँपी अपने देह की है या चिट्ठी ही चाचा की काँपती आवाज का प्रतिबिंब है।
“ओह! हर बार शहर मेरे गाँव को छलता ही रहेगा?”
“दीदी, कुछ कहा?”
नीलिमा याद के गलियारे में,
एक बार शहर ने तब छला था, जब नवविवाहिता प्रतिभा दी को उसके पति ने लाख वादे किए थे और गाँव छुड़वा दिया था। फिर भी वहाँ जाकर शराब नहीं छोड़ी थी। समृद्ध बाप की बेटी के सारे जेवर, बर्तन शराब ने लील लिये थे। प्रतिभा दी को उनका नौशा गाँव छोड़ गया था। साकी न बन सकी थी न। उनके दूल्हे ने शराब न छोड़ी। गँवारू कह-कहकर पीटा, बेइज्जती की। सुना था कि एक पत्नी पहले से वहाँ…।
दूसरी बार तब छला गया वह गाँव, जब छोटे चाचा ने बड़े चाचा के वात्सल्य को रौंदकर, शहर में ही बसने की ठान ली। अपनी जिद में खेतों का बँटवारा किया और बेच दिया। उसके मूल्य से शहर की बदनाम गलियों को आबाद करने लगे। थकने-हारने पर स्वाभिमानवश अपनी मिट्टी के पास लौट न सके थे।
वहीं रिक्शा खींचने लगे थे। मिट्टी की सोंधी सुगंध कोलतार की काली सड़कों में बदलते ही उनके लिए प्राणघातक हो उठी थी। रिक्शा खींचते हुए एक दिन पहिए के नीचे आ गए थे।
पेट पालनेवाला रिक्शा उनके शरीर पर ही चिपटा पड़ा था।
बचपन की वह धुंधली याद अब भी नीलिमा के जेहन में है। छोटे चाचा के शहर चले जाने पर कितना रोए थे बड़े चाचा। और उनकी मृत्यु पर वह रुदन भी तो वह देख चुकी है।
रविवार को मिट्टी के घर को अवश्य ही लीपा जाता था। दादी खुद भी मजदूर के साथ हाथ बँटाती रहती। दादी छोटे चाचा के खाली पड़े कमरे को लीप रही थी कि एक टैक्सी आकर रुकी थी।
काली गाड़ी से चाचा के साथ पढ़े नंदू चाचा उतरे। उत्सुकता से सब बाहर दौड़ पड़े थे। दादी, बड़े चाचा सब बेहद खुश हो उठे थे।
लेकिन दादी को बेहोश होते भी ज्यादा देर न लगी, जब नंदू चाचा ने बताया कि रिक्शा चालक बन गए स्वाभिमानी चाचा कार से टकरा गए थे। पीछे से आती बस ने उन्हें कुचल डाला था। और उनकी लावारिस लाश सड़क पर घंटों पड़ी रही थी।
जब तक नंदू चाचा को पता चला, लाश पोस्टमार्टम के लिए जा चुकी थी। लाश कहीं फिंकवा दी जाती कि नंदू चाचा ने पोस्टमार्टम के बाद अस्पताल पहुँचकर लाश हासिल कर ली थी।
लाने लायक नहीं रहने के कारण वहीं फूँक-फाँक दिया था। तब आए थे यहाँ खबर करने।
तीन ही साल तो बीते थे। बड़े चाचा से जिद की थी उन्होंने, शहर में जा बसने की। और बड़े चाचा ने हाथ उठा दिया था। मना किया था,
“नहीं। हफ्तों से जिद सुन रहा हूँ। नहीं जाना है।”
छोटे चाचा ने परोसी हुई थाली किनारे खिसका दी। चुपचाप उठने लगे। पीढ़ा से उठते भाई को फिर कलाई पकड़कर बिठा लिया रुआँसे बड़े ने।
“यदि तुम्हें जाना ही है, जाओ। फिर. कभी मुँह न दिखाना अपना, कसम है मेरी। छोड़कर जाना ही चाहते हो, जाओ।… गाँव में क्या धरा है। खेत में मैं अकेले खट सकता हूँ।”
बड़े चाचा ने भी हाई स्कूल तक की शिक्षा पाई थी। लेकिन गाँव नहीं छोड़ा था। खेतों की धूल-माटी उन्हें पसंद थी। उसमें ही रचे-बसे थे वे। उन्होंने अपने हाथ का कौर थाली में रखकर पीढ़ा छोड़ दी।
“चले जाओ। शहर की रंगीनियाँ देखो। फटेहाल न बना दिया शहर ने तो कहना।”
भंसाघर (रसोईघर) से तेजी से बाहर निकल गए थे।
परन्तु उन्हें क्या पता था, सिर्फ फटेहाल ही नहीं करेगा छोटे चाचा के शरीर को चिथड़ा-चिथड़ा कर देगा। वे फूट-फूट कर रो पड़े थे।
“मैंने कसम न दी होती, कंगाल होने पर जरूर लौट आया होता। मैंने क्यों कसम दी?”
नीलिमा को वे दिन अब तक याद।
तीसरी बार तब छला गया यह गाँव, जब पड़ोस के बंशी चाचा ने बेटी नगीना की शादी के रुपये अंटी में खोसकर तैयारी के लिए शहर में कदम रखा था। दूसरे दिन लुटे-पिटे घर लौटे थे। बेटे के हाथ से घर की बनी कपड़े की झोली छीनते वक्त एक लुटेरे ने पेट में चाकू घोंप दिया था। बेटा भी खोया और उस झोली भर रुपये के बिना बेटी की बारात भी नहीं आई थी।
तब गाँवों में इस तरह के खूनी अपराधों की बू न थी। अब धीरे-धीरे शहर की हवा लगने लगी इसे भी।
गए थे गहने खरीदने, लौटे आँसू, हताशा लेकर। किसी भी तरह से उतने अधिक रुपयों का इंतजाम न कर पाए थे बंशी चाचा…कोने पर बसे रिटायर बूढे हैडमास्टर। चार लड़कियों के पिता। बिना दहेज शादी के लिए राजी न कर सके थे दूल्हा और उसके बाप को।
नगीना ने कुएँ में छलांग लगा दी थी, दो बहिनों की खातिर। यह तो अभी हाल ही की बात है। पापा को खबर की थी बड़े चाचा ने।
नगीना कितनी प्यारी, गदबदी सी किशोरी। कैसे उसकी देह फूल गई होगी कुएँ में गिरकर। हर समय उसका चेहरा सामने आता रहा था। कई दिनों तक कुछ खा न सकी थी वह। नीलिमा और नगीना में दोस्ती न थी। पर उससे जाकर
मिलती जरूर थी।
कभी नगीना ही भर हाथ जामुन लेकर उपस्थित। कितने दिन तक याद करती रही थी,
“दीदी! बारी के पेड़ से मीठे जामुन तोड़ लाए हम। केवल आपके लिए।”
“घर का सहजन बहुते बड़ा हो गया है दीदी। माँ पूछी है, खाइएगा?”
******