राघवेंद्र सैनी का उपन्यास ‘भलोल ‘ भाग -39

भलोल

भाग -39

 

राजी की बुआजी की लड़की ने कहा, “राजी, आपसे सुंदर है।”

मैंने कहा, “अच्छा है, देखने वाले कहेंगे, सुंदर जोड़ी जा रही है।”

शगुन में काफी कुछ मिला था। नकद भी, साथ में दो किलो शानदार बर्फी थी। मेरे साथ आए लड़के को भी शगुन दिया गया था।

बहुत बाद में माँ का बधाई पत्र आया था, “तेरी बुआ ने साथ हो कर सगाई करवाई है। मैं अभी अमृतसर में ही हूँ। तेरी शादी के बाद गाँव में शिफ्ट हूँगी।”

मुझे सब कुछ खुद करना होगा। मेरी मॉडलटाऊन वाली मौसी का भी पत्र आया था। तुम्हारे पास जितने पैसे हों, बता देना। बाकी वह कर देगी। मन से मौसी और ईश्वर का धन्यवाद करने लगा। कोई-न-कोई हाथ पकड़ लेता है।

25 सितंबर 1974 की शादी थी। मैं 4 सितंबर को ही अमृतसर आ गया था। मैं बुआजी के घर गया तो मैंने शन्नो से कहा, “मेरी एक बार राजी से मुलाकात करवा दे। मैं भी उसे देख लूँगा और वह भी मुझे देख लेगी।”

शन्नो ने कहा, “वह भी आपसे मिलना चाहती है। सभी कहते हैं कि आप बहुत सीधे-सादे हैं। वह कहती है कि कहीं आप लल्ले न हों।”

“अच्छा, मैं तुम्हें कैसे लगता हूँ?”

“बहुत सीधे, जलेबी की तरह सीधे।” कहकर वह भाग गई थी।

संडे के दिन राजी से ‘नावल्टी’ में मिलना निश्चित हुआ था। ‘नावल्टी’ अमृतसर का मशहूर रेस्टोरेंट है। एक बजे का टाइम था। मैं ठीक समय पर पहुँच गया था। राजी और शन्नो पाँच मिनट लेट थीं। वे रिक्शे से उतरीं। शन्नो के कारण मैं उसे पहचान पाया था। राजी सच में बहुत सुंदर थी। सांचे में ढला शरीर, मुझसे थोड़ा कम गोरा रंग, लेकिन मुझसे कम भी गोरा नहीं लग रहा था, तीखे नैन-नक्श। एक नजर में ही मन को भा गई थी। मस्टर्ड रंग के सूट में उसकी परसनैलिटी देखते बनती थी। हील पहनने से वह छोटी भी नहीं लग रही थी।

बैठने पर पहले पानी आया। इस बीच मैंने पूछा, “क्या खाना पसंद करेंगी।?”

राजी ने कहा, “कुछ भी मंगवा लें।”

शन्नो ने कहा, “यहाँ के पनीर-पकौड़े बहुत मशहूर हैं।”

मैंने राजी से पूछा, “आप कोल्ड ड्रिक पीएँगी या चाय?”

उसने कहा, “जो आपको पसंद हो।”

मैं मुस्कराया और महसूस किया कि राजी मेरी ‘हाँ-में-हाँ’ मिला रही है। मैंने एक बार उसकी आँखों में देखा और उसके लिए कोल्ड ड्रिंक का आर्डर किया।

शन्नो ने कहा, “जीजू, आपने कैसे पहचान लिया कि राजी चाय नहीं पीती है?”

शन्नो अभी से मुझे ‘जीजू’ कहने लगी थी। अच्छा लगा। मैंने कहा,
“राजी जी की आँखों में देखकर जान लिया था।”

“वाह, अभी से आप आँखों की भाषा पढने और समझने लगे हैं?”

“नहीं, ऐसी बात नहीं है। एम.ए. में हिंदी के साथ मेरा विषय मनोविज्ञान भी था। खैर, मेरे बारे में मेरे घरवालों ने यह बताया होगा कि ये बहुत सीधा हैं भोला हैं. इससे पहला इंप्रेशन यह पड़ता है कि कहीं मैं ‘लल्ला’ न होऊँ।”

मैंने अपनी इस बात का प्रभाव देखने के लिए राजी की ओर देखा। उसके चेहरे पर मुस्कराहट थी लेकिन वह खुल कर नहीं मुस्काई थी। पहली मुलाकात में वह ऐसा कर भी नहीं सकती थी।

“मैंने आपके मम्मी-पापा को बताया था कि जो कुछ भी करना है, मुझे खुद ही करना है। दूसरे, मैं एक फौजी हूँ। वर्दी पहनता हूँ। हर तीन साल में मेरी बदली होती है। मैं स्टोरकीपर जरूर हूँ, प्रोमोशन होते रहेंगे लेकिन जीवन-भर स्टोर में काम करूँगा। आप इस भ्रम में न रहें कि मैं हमेशा दिल्ली में रहूँगा।

हो सकता है, शादी में मेरे बहुत से रिश्तेदार न आएँ लेकिन बहुत से आएँगे भी। जब तक मैं दिल्ली में हूँ, आप मेरे साथ रहेंगी। आप अपने ससुराल में तब तक रहेंगी, जब तक मुझे दिल्ली में क्वार्टर नहीं मिल जाता। कुछ सरकारी कार्रवाई होती है, उसके बाद क्वार्टर मिलता है। अभी शादी होने पर भी आप अपनी नौकरी करती रहेंगी और मिलने वाली सैलरी आप अपने पास रखेंगी। मांगने पर भी किसी को नहीं देनी है। मैंने अपने बारे सब बता दिया है। अभी सिर्फ रोका हुआ है। मन न माने तो इंकार कर सकती हैं।”

राजी बहुत देर तक चुप रही थी। फिर कहा था, “यह रिश्ता मेरे माँ-बाप का तय किया हुआ है। न करने का तो प्रश्न ही नहीं उठता। पापा जी, रात-रात भर चिंता से सोते नहीं थे। पीछे मेरी 6 बहने शादी के लिए और थीं। मैंने उन्हें कहा था कि किसी से भी करेंगे, मैं चुपचाप चल दूँगी। बस यही है कि जब आपकी पोस्टिंग बार्डर एरिया में हो जाएँगी तो मैं अकेले कैसे रहूँगी? अकेली लड़की को अपनी इज्जत की चिंता होती है।”

उसकी चिंता वाजिब थी। मैंने कहा था, “राजी जी, कल का दिन आप मेरे साथ गुजारें। शन्नो को साथ ले लेंगे। मैं आपको यहाँ अमृतसर में क्वार्टर लेकर दूँगा। मैं आपको दिखाना चाहूँगा कि वह पूरा मिलिट्री कॉमप्लैक्स होता है। उसमें हर तरह की सुविधा होती है। वैसे अभी आपको इस बारे सोचने की जरूरत नहीं है। एक साल तक मेरी बदली होने के चांस नहीं हैं। आप मेरे साथ रहेंगी। आपका सामान भी आपके मम्मी-पापा पास रहेगा। मेरे यहाँ एक ही कमरा है। उसमें रखने की जगह नहीं है। क्वार्टर मिलने पर सीधा दिल्ली जाएगा।”

“फिर यहाँ के क्वार्टर देखने की जरूरत नहीं है,” राजी ने कहा था। हम वहाँ से 3 बजे निकले। राजी और शन्नो को राजी के घर हालबाजार छोड़कर मैंने रामबाग ‘तांगा-स्टैंड’ से घर के लिए तांगा लिया।

विकेश भाई बाजा और घोड़ी बुक करके आए थे और टोकन-मनी अपने से दिए थे। बाकी शादी के बाद देने की बात हुई थी। मैंने टोकन मनी के पैसे दे दिए।

केवल लोकल रिश्तेदारों को बुलाया गया था। लड़की वालों ने बारात में 40 आदमी बुलाए जाने को कहा था लेकिन कुल मिला कर सिर्फ 36 आदमी हो रहे थे। सभी को रात 7 बजे तक रामबाग थाने के पास इकट्ठा होने लिए कहा गया था। घोड़ी और बाजेवाले को भी वहीं आने के लिए कहा था। वहाँ से बारात ने पैदल ही जाना था।

बारात पहुँचने का टाइम 9 बजे का था। हम 8 बजे रामबाग से चले। सबसे बड़े भाईसाहब को घोड़ी और बाजेवाले के पैसे दे दिए थे। जयमाला का प्रबंध सबसे छोटे भाई का था।

क्रमशः

राघवेंद्र सैनी

WhatsApp Image 2026-06-14 at 20.06.06 — Vcare Language Academy

Author

Leave a Comment