6.
इस बार पापा ने घर खर्च के लिए रुपए मम्मी को दिए थे, पहले वे दादीमाँ को देकर जाते थे। जाते समय वे अगले सप्ताह आने के लिए कहकर गए थे, लेकिन वे तीन सप्ताह तक नहीं आए थे। उनकी प्रतीक्षा में मम्मी परेशान रहती थीं। दादीमाँ के रहते हुए उन्हें किसी बात की चिंता नहीं रहती थी। लेकिन अब उन्हें घर की, मेरी अपनी और पापा के इस कद्र बेरुख होने की चिन्ता सताती रहती थी। अब बाज़ार से सामान लाना, राशन-पानी का प्रबन्ध करना, मुझे स्कूल लाना ले जाना और गृहस्थी के न जाने कितने छोटे-बड़े काम उन्हें करने पड़ते थे। काम करने में उन्हें कोई परेशानी नहीं होती थी, वह ये सभी काम बखूबी कर सकती थीं, लेकिन मानसिक पीड़ा और तनाव से वह सदैव ग्रस्त रहती थीं। सदर्दी के दिनों में जब दिन छोटा होता था और शाम से ही अंधेरा गहराने लगता था तो मम्मी मुझे उस छोटे से बन्द कमरे में लिए बैठी रहतीं। उन सूनी और ठिठुरती रातों को वे मुझे अपनी बाँहों में भरकर ठंड़ी आहें भरते हुए बिता देती थीं।
मैं भी अब बहुत बदल गई थी, मैंने अब कुछ ज्यादा ही मचलना शुरू
कर दिया था। पहले तो दादीमाँ के साथ बतियाते हुए समय बीत जाता था
और मेरा मन लगा रहता था। दादीमाँ मुझे राजा-रानी की कहानियाँ सुनाती
रहती थीं और मैं न जाने कब सो जाती थी। लेकिन अब मम्मी भला मुझसे
कितनी देर बातें कर सकती थीं। वे सचमुच बहुत थक जाती थीं। मेरे रोने
के डर से वे मुझे शरारत करने पर भी डाँटती तक नहीं थी।
पापा एक महीने के बाद आए थे। मौसम में थोड़ा बदलाव आ गया
था। अब इतनी सर्दी नहीं थी। शाम के समय जब वे पहुँचे तो मैं भाग कर
उनकी टाँगों से लिपट गई। लेकिन उन्होंने मुझे प्यार नहीं किया था। मुझे
डाँटते हुए वे कुर्सी पर बैठ गए। पापा चाय पीते रहे लेकिन एक महीना
बाद आने पर भी मम्मी से वे कुछ भी नहीं बोले। मैं मम्मी के पास खड़ी दोनों को अवाक देखती रही। पापा पहले जब आते थे तो इतने चुपचाप नहीं बैठते थे। दादीमाँ से बातें करते थे, वे सबके बारे में पूछती थीं। मम्मी अपने काम में व्यस्त रहते हुए उन दोनों की बातें सुनती रहती थीं। लेकिन आज पापा बिलकुल चुप थे। पता नहीं उन्हें दादीमाँ की याद आ रही थी अथवा पहली बार मम्मी को इस प्रकार अकेला पाकर वे उदास थे। उनके चेहरे पर एक अजीब सी बेचैनी थी। मम्मी ने उनका मौन तोड़ने की पहल की। वे बोलीं ‘खाने में क्या लोगे।’ लेकिन पापा जैसे तैयार ही बैठे थे अपना गुबार निकालने के लिए। बोले ‘खाना मैं बाहर ही खाऊँगा और हाँ. आने में थोड़ी देर भी हो जाएगी।’
थोडी देर बाद ही जब वे तैयार होकर जाने लगे तो मैं भी उनके साथ जाने के लिए जिद्द करने लगी। मैं कितने दिन से इसी इंतजार में थी कि पापा आएँगे, मुझे प्यार करेंगे, बातें करेंगे और घुमाने ले जाएँगे। लेकिन उन्होंने ऐसा कुछ भी नहीं किया था। मैं रुआँसी हो आई थी। मेरे बाल-मन ने अपना हक पाने की ठान ली थी। पापा ने पहले तो मम्मी को समझाया था कि उन्हें किसी काम से जाना है और मुक्ता को साथ नहीं ले जा सकते। पापा के काम से मुझे कोई सरोकार नहीं था। मैं तो सिर्फ यह जानती थी कि पापा एक महीने बाद आए हैं और घुमाने ले जाएँगे। मुझे यकीन था कि वे भली-भाँति जानते थे कि दादीमाँ की मृत्यु के बाद मैंने भी बहुत कुछ खोया है और मुझे उनके प्यार दुलार की सचमुच जरूरत है। लेकिन वे जान-बूझकर मेरी उपेक्षा कर रहे थे। पापा जैसे ही चलने को हुए, मैंने उनको बाँह पकड़ ली। वे तेज़ी से मेरी परवाह किए बिना निकले और मैं लगभग घिसटती हुई उनके साथ चलती गई। तभी पापा का तमाचा मेरे गाल पर पड़ा और मैंने चीखते हुए उनकी बाँह छोड़ दी। मम्मी ने आगे बढ़कर मुझे गोद में उठा लिया। पापा मम्मी से गुस्से में काँपते हुए कह रहे थे ‘तुम इसे सम्भाल कर नहीं रख सकती। कुछ सलीका सिखाओं इसे। इसे भी अपने जैसा ही उजड्ड और गँवार बना रही हो। अब कुछ तो समझ होनी चाहिए इसे।’
‘आप अपने पास रखकर भी इसे सिखा सकते हो, मेरे साथ रहेगी तो मेरे जैसी ही बनेगी।’ मम्मी को इस तरह बेबाक बात करते हुए मैंने पहली बार देखा था। पापा पहले ही उनसे बहुत कम बोलते थे और मम्मी भी उनसे दूर-दूर और डरी-डरी रहती थीं। कुछ दादीमाँ का भी लिहाज़ था उनको। लेकिन आज उन्होंने हिम्मत करके अपनी जुबान खोली थी।
पापा बड़बड़ाते हुए पाँव पटकते हुए चले गए। मैं मम्मी की गोद में सिर छिपाए बड़ी देर तक रोती रही। वे चुप कराती रहीं और मेरे आँसू पोंछती रहीं, लेकिन उनके आँसू पोंछने वाला कोई नहीं था। उस रात मम्मी ने न खाना बनाया और न खाया, मुझे दूध पिलाकर सुला दिया और स्वयं भूखी ही सो गईं।
सुबह जब मम्मी ने मुझे उठाया तो पापा अभी अपने कमरे में सो रहे थे। मेरे स्कूल में छुट्टी थी। मैं नहा-धोकर खेलने में व्यस्त हो गई। पापा देर से उठे। मम्मी ने उनके लिए नाश्ता तैयार कर लिया था। दोनों एक-दूसरे के साथ ऐसा व्यवहार कर रहे थे जैसे अजनबी हों। यह कैसा घर था जिसमें कोई किसी से बात नहीं करता। मैं अभी तमाचे की पीड़ा भूली नहीं थी और सहमी हुई थी। मैं सोचती थी कि सभी के पापा ऐसे होते होंगे, लेकिन देखती थी कि और बच्चों के पापा ऐसे नहीं थे। अपने बच्चों को वे गोद में उठाते, उनकी उँगली पकड़कर घुमाने ले जाते, बाज़ार से ढेर सारी चीजें दिलाते, उनके साथ हँसते-खेलते। लेकिन मेरे पापा ऐसे क्यों नहीं हैं? न माँ के साथ बोलते हैं और न ही मेरे साथ, न हमारे साथ रहते हैं और न ही अपने साथ ले जाते हैं। पापा के लिए मेरे मन में यही वितृष्णा और नफ़रत के बीज अँकुरित हो गए थे जो आगे चलकर और अधिक घनीभूत पेड़ बन गए थे।
क्रमशः
सुधाकर रत्नाकर