ज्योत्सना कपिल का उपन्यास ‘ उर्वशी’ भाग -41

41-

कुछ पल की कश्मकश के बाद, उसने उमंग को सब कुछ बता देने का निश्चय किया। फिर वह सब कुछ बताती चली गई। शिखर का उसके प्रति आकर्षण, हमेशा उसका ख्याल रखना, मुम्बई में उनकी नज़दीकी। सब सुनकर उमंग अवाक रह गया
” इतना कुछ हो गया, और मुझे ख़बर भी नहीं ! वह व्यक्ति तेरी भावनाओं का फ़ायदा उठाता रहा और तू एक के बाद एक मूर्खताएं करती गई। पहले शादी के लिए तैयार हो जाना, फिर शिखर के साथ नज़दीकी, फ़िर इस बच्चे को जन्म देने का निर्णय, और उससे भी बढ़कर मूर्खता, शौर्य को यह सब बताना। ” उमंग ने अपना सिर थाम लिया।
” मैं उन्हें अँधेरे में रखना नहीं चाहती थी. और अगर उन्हें यह न बताती, तो वह बार बार मुझे मनाने की कोशिश करते, मेरे वापस लौटने की उम्मीद रखते। बेशक अभी वह आहत हुए हैं , पर वक़्त के साथ सम्हल भी जाएंगे। मेरा ख़्याल अपने दिमाग से निकाल देंगे। “
” मालूम है अब तूने कितनी क्रिटीकल सिचुएशन बना ली है ? शिखर के साथ तो किसी रिश्ते का सोचा नहीं जा सकता, क्योंकि उनका परिवार है। प्रेक्टीकली देखा जाए, तो शौर्य के साथ चले जाना ही सही सॉल्यूशन था। क्या ज़रूरत थी उन्हें यह सब बताने की ? आख़िर बच्चा है तो उसी खानदान का। बस शिखर से दूर रहती। “
” फ़िर मैं अपनी ही दृष्टि से गिर जाती भाई। क्यों किसी को धोखा देना ?” उसने जवाब दिया। उमंग चिंतित दृष्टि से उसे देखता रहा।
” तू और तेरे आदर्श, देखना एक दिन पछताएगी।”
” गलत जगह प्रेम करने की मूर्खता का दंड भी तो भुगतना ही होगा भाई। ” वह मुस्कुराई तो उमंग ने उसे गले लगा लिया।
” तू बहुत अच्छी है, सच्ची है, पर सच्चाई की राह में बहुत काँटे होते हैं। ख़ैर, जो हुआ सो हुआ, खुद को कभी अकेला मत समझना, मैं तेरे साथ हूँ, हमेशा। “
” जानती हूँ, तभी तो यह सब कुछ कहने की हिम्मत कर पाई। “
उमंग को तो उसने कन्विंस कर लिया था, पर मम्मी को समझाना बहुत मुश्किल था। उमंग ने उन्हें फोन करके शौर्य से मुलाक़ात और सारी बातें बताई. शौर्य से उसकी बातचीत का ब्यौरा जानकर उनकी सीधी प्रतिक्रिया यही थी कि उसका दिमाग खराब हो गया है। ये नहीं कि ससुराल जाकर घर गृहस्थी सम्हाले, दर दर की ठोकरें खाने की सोच रही है। उन्हें समझ ही नहीं आ रहा था, कि वह न जाने की जिद पर क्यों अड़ी हुई है। अंत में उन्होंने नाराज़ होकर उसे फोन बंद कर दिया और उमंग ने अपनी व उर्वशी की मुंबई की टिकट बुक करा दी।
वे दोनों मुम्बई एयरपोर्ट पर पहुँचे तो कुछ महीने पहले की स्मृतियों ने उसे घेर लिया। शिखर के साथ कि स्मृतियों ने उसे भावुक कर दिया। एयरपोर्ट की औपचारिकताओं से निबट कर वे दोनों रोहित के दिये गए पते पर पहुँचे। एक गेस्ट हाउस में रोहित ने उसके नाम से रूम बुक करवा रखा था। वहाँ पहुँचकर वे दोनों फ़्रेश हुए और कुछ खा पीकर शूटिंग स्थल पर पहुँच गए। रोहित ने उनका स्वागत किया और निर्देशक विवेक चतुर्वेदी से मिलवाया। विवेक उर्वशी से मिलकर बहुत प्रभावित हुआ, उसने ऑडिशन के लिए उर्वशी को तैयार होने के लिए बोल दिया। वह तैयार हुई तो उसे बहुत अटपटा सा लगा। साड़ी के साथ बैकलेस चोली, लाऊड मेकअप, भारी भरकम ज्वेलरी, डिज़ाइनर वृहताकार बिंदी। यह किस नौटंकी की पात्र है ?स्वयं को वह बहुत हास्यसपद प्रतीत हुई. उसने अपने हुलिए के विषय में रोहित की राय जाननी चाही तो वह बोला
” ज्यादा लॉजिक मत ढूंढों, जब इतना पैसा दिया जा रहा है ,तो ज़रूरी है कि मुँह बन्द करके, बस वह करो जो कहा जाए। “
” ह्म्म्म बात तो सही है, तो अब से मैं मूक और बधिर बनकर रहूँगी मी लार्ड। मैं बस वही कहूँगी, सुनूँगी और देखूँगी जो मुझसे कहा जाएगा। “
” दैट्स लाइक अ गुड गर्ल। ” रोहित ने उसका गाल थपथपाया। दोनों ज़ोर से हँस पड़े।
ऑडिशन बहुत बढ़िया रहा, विवेक ने तुरंत एग्रीमेंट पर साइन करवाया और शूटिंग शुरू कर दी। विवेक ने ही उसके रहने का प्रबंध फिलहाल गेस्ट हाउस में ही कर दिया था, तथा आश्वासन दिया था कि जल्दी ही कोई पी जी या फ्लैट दिलवा दिया जाएगा। उमंग दो दिन वहाँ रुककर लखनऊ वापस आ गया। चलते हुए उसने उर्वशी को कुछ रुपये देने चाहे, तो उसने इनकार कर दिया। जो पैसा उसने टेलीफिल्म, धारावाहिक व एड करके कमाया था, फ़िलहाल वही इस्तेमाल कर रही थी। भोजन पास के एक सस्ते ढाबे में कर लेती थी। मम्मी कुछ दिन के लिए उसके पास आना चाहती थीं, पर उसने मना कर दिया। जब खुद के ही रहने का ठिकाना न हो, तो किसी और को अपने पास वह कैसे रख सकती थी। सुबह नौ से रात दस बजे तक शूटिंग चलती। वह बुरी तरह से थक जाती, पर अब वह आराम करने का सोच भी नहीं सकती थी। डिलीवरी से पहले उसे अच्छी रकम इकट्ठा करनी थी। मुम्बई में अपने सर पर छत भी चाहिए थी और ज़िन्दगी को थोड़ा आरामदायक बनाने के साधन भी जुटाने थे। रोहित उसका बहुत ध्यान रखता था, समय समय पर उसे ब्रेक दिलवा देता, फ़ल- सलाद, दूध -दही भी जबर्दस्ती खिलाता। एक तरह से इस अनजान शहर में वह उसका संरक्षक बनकर ही रह रहा था। इस बीच वह एक पी जी में शिफ़्ट हो गई थी। अब तक उसकी अभिनीत कड़ियों का प्रसारण प्रारंभ हो चुका था। उसके पात्र ने लोगों का खूब ध्यान खींचा था और रोहित के साथ उसपर फिल्माए गए अंतरंग दृश्यों की खूब चर्चा हुई थी। कुछ छोटे छोटे दृश्य, जबर्दस्त वायरल हुए थे। उनदोनों की केमिस्ट्री शानदार दिख रही थी।

* * * * * * * *

एक दिन शूट चल रहा था, कि शिखर ने उसे अपने आने की सूचना के साथ ही, ‘ होटल हयात ‘ आने के लिए बोला। उनके आने की ख़बर सुनकर पहले तो वह एकदम से खुश हो गई। क्योंकि वह उनके साथ अपनी सफ़लता के कुछ क्षण साझा करना चाहती थी। आख़िर वह स्वयं को साबित कर चुकी थी। उसे ले जाने के लिए उनकी गाड़ी आ चुकी थी। एक ओर जहाँ मुलाकात होने की खुशी थी, वहीं ये ख़्याल भी आ रहे थे कि अब वह क्यों आये हैं, क्या प्रस्ताव देने वाले हैं ? उसके दिमाग में यही उथल पुथल मची हुई थी। होटल पहुँची तो उनके गनर संजीव ने उनके सुइट के सामने पहुँचाकर, दरवाजे पर दस्तक दी, और फिर दरवाजा खोलकर उसे अंदर जाने का इशारा किया। उसने अंदर प्रवेश किया तो वह उसे सोफ़े पर बैठे नज़र आये।

क्रमशः

WhatsApp Image 2026-06-16 at 13.30.59 — Vcare Language Academy

Author

Leave a Comment