भलोल
भाग -40
हमें बारात की जगह पर पहुँचने में एक घंटा लग जाना था। सभी खूब नाच रहे थे। मेरी बहन, जीजा, माँ, मेरी सबसे बड़ी भाभी। नानाजी, मामाजी, मौसी और उनके बेटे। बुआजी और उनकी तीनों बेटियाँ। रामबाग और बारातघर तक सबने धूम मचा रखी थी। एक से बढ़कर डांस कर रहे थे। सबसे बढ़िया डांस हो रहा था, मेरी भाभी और बहन का, जो समान्तर रेखाओं की तरह जीवन में कभी नहीं मिलीं थीं, उनकी खूब तस्वीरें लीं गई थीं।
मन प्रफुल्लित हो रहा था। काश, हम इसी तरह इकट्ठे रह पाते। यह खुशी सिर्फ रात-भर की है। सुबह सबने बिखर जाना था। यह बिखराव जीवन-भर रहने वाला था।
शादी अच्छी तरह हो गई थी। राजी के माँ-बाप ने हर वह चीज दी जो उनकी लाडली के जीवन में काम आने वाली थी। विकेश भाई, बहन, जीजा और शायद माँ को भी अच्छा नहीं लगा था हालांकि उन्हें भी अच्छे-से-अच्छे
कपड़े दिए गए थे। मेरे लिए ग्वालियर सूटिंग का गर्म-सूट था, घड़ी थी। और ड्रेसिंग टेबल नहीं आया था, मैंने उसके लिए मना कर दिया था। शानदार पैंट और कमीजों के कपडे थे। अभी बड़ी पेटी, सोफा, सेंटर-टेबल
एक रात मेरे साथ रह कर नाजों से पली राजी जब अपने मायके गई तो उसका रो-रो कर बुरा हाल था।
“मेरा सारा घर सूना हो गया, पुत्तर।” कहकर पापा जी फफक कर रो पड़े थे।”
मैं पापा जी को एक तरफ ले गया था। उन्हें कहा, “आखिर आपने राजी की शादी करनी ही थी। और भी लड़कियों की शादी करेंगे। घर तो खाली होता रहेगा। राजी को खुश रखना और आपकी तरह नाजों से रखना मेरी जिम्मेदारी है। आपको किसी तरह की शिकायत नहीं मिलेगी।”
मैं राजी के पास आया तो मम्मी जी समेत सबकी आँखें सूजी हुईं थीं। मैंने उन्हें भी समझाया, “राजी मेरे साथ दिल्ली जाएगी। मेरे मामाजी के लड़के कर्नल बन कर मेरी यूनिट में ही आ गए हैं। वे शादी में तो नहीं आ सके लेकिन उन्होंने लिखा है कि मुझे इंविटेशन कार्ड के साथ क्वार्टर के लिए ऐप्लिकेशन भेजो। वे तुरंत कागजी कार्रवाई करवा कर क्वार्टर अलॉट करवा देंगे और राजी का रेलवे वारंट भेज देंगे।”
“यह रेलवे-वारंट क्या होता है?” मम्मी जी ने पूछा था।
“क्वार्टर मिलने पर राजी की भी फ्री टिकट मिलती है।”
“इसका मतलब यह है कि राजी का कोई किराया नहीं लगेगा?”
“नहीं, मम्मी जी, कोई किराया नहीं लगेगा। यही नहीं, जो हमें क्वार्टर भी अलॉट होगा, उसका भी कोई किराया नहीं लगना है। बिजली-पानी भी फ्री होगा। वहाँ पूरा फर्नीचर भी रहेगा।”
“यहाँ के जो पलंग, सोफा और सेंटर-टेबल है, उनका क्या होगा?”
“मैंने भाई साहब को लिखा है। देखो, वे क्या जवाब देते हैं।”
मैंने पेपर लेकर ऐप्लिकेशन लिखी और शादी का कार्ड लेकर पोस्ट के लिए तैयार कर लिया। कहा, “मैं यह पोस्ट करके आता हूँ।”
“कौनसे पोस्ट ऑफिस जाओगे, जीजू?”
“फव्वारे वाले चौक के बड़े पोस्ट ऑफिस से पोस्ट करूँगा। जल्दी पहुँच जाएगा।”
“हाँ जी, ठीक है। जीजू।”
मैं पोस्ट ऑफिस गया और कर्नल दीपक साहब को रजिस्टर्ड पोस्ट कर दिया। घर आया और सबने मिल कर लंच किया।
जब मैं ससुराल में फेरा डाल कर राजी के साथ वापिस आया था तो बहन ने मुझसे पूछा था, “आगे का क्या प्रोग्राम है, निंदी?”
“क्या प्रोग्राम है. मतलब?”
“यही कि राजी अब कहाँ रहेंगी? नौकरी करेगी या नहीं?”
“जब तक मैं यहाँ हूँ, नौकरी करेगी। उसके बाद मेरे साथ दिल्ली जाएगी। मैंने क्वार्टर के लिए अप्लाई किया है। छुट्टी रहते-रहते मुझे मिल भी जाएगा।”
“और माँ का क्या होगा?”
“माँ विकेश भाई के साथ गाँव के मकान में जाएगी। छोटा पठानकोट या दीनानगर कालेज में पढ़ेगा। मुझसे छोटा अपनी बीवी के साथ नंगल जाएगा जिसने कल घर में ही जयमाला डालकर शादी कर ली थी। वहाँ उसकी बीवी को क्वार्टर अलॉट हो गया है।”
“तो फिर घर का खर्चा कैसे चलेगा?” बहन जी ने कहा।
“मैं अपनी माँ का अकेला बेटा नहीं हूँ। आप समेत सभी बहुत समझदार हैं। मैंने 11 साल घर में अपनी कमाई दी है। अब जा रहा हूँ तो मैं इस घर से कुछ भी नहीं ले जा रहा। माँ ने जो राजी को दो चूड़ियाँ दी थी, मैंने वह भी वापिस कर दी हैं। मुझमें हिम्मत होगी तो मैं अपने से बनवा दूँगा,” थोड़ी देर मैं चुप रहा था। फिर कहा था, “आप तो सब को इकट्ठा करने आए थे। हो गए इकट्ठे? क्या शानदार इकट्ठा किया है?
क्यों माँ ऐसी शादी कभी देखी है? मंदिर में भी नहीं, घर में ही जयमाला डाल कर शादी कर ली। न घोड़ी, न बाजा। किसी को भी शर्म आई? छोड़ो, जो बेशर्म हों, उन्हें क्या शर्म आएगी।”
मैंने राजी से कहा, “चलो, राजी, चलें, हमारा यहाँ कुछ नहीं है। मैंने तुम्हें सब बताया था।”
मैंने राजी की अटैची ली और बाहर आ गया था। राजी ने अपना फर्ज निभाया। माँ के पाँव छुए लेकिन उन्होंने कोई आशीर्वाद नहीं दिया। बहन के छूने लगी तो ठुड पड़ा।
“दुर फिट्टे मुँह ऐसी बहन के और दुर फिट्टे मुँह माँ आपके भी। सबसे ज्यादा दोषी तो आप हैं। आपके सामने सब कुछ हो रहा है। आप तहसीलपुरा में घर की रानी थी। आपने मेरी बात नहीं मानी, अब भुगतें।”
“आज से राखी टिक्का बंद.” बहन ने कहा था।
“किसी भ्रम न रहें बहनजी। मैं माँ से भी रिश्ता तोड कर जा रहा है फिर आप सब तो किसी रिश्ते में नहीं आते हैं। मुझे खुशी है कि मैं आपको आइना दिखा कर जा रहा हूँ।”
माँ ने पीछे से ऐसी बददुआ दी कि आज भी मैं उसे भूल नहीं पाया था। मुझे आज भी पीड़ित करती है, “जा, राजी, तूने मेरा पुत्तर छुड़ाया है, तेरा पुत्तर भी ऐसे छूटे।”
राजी ने मेरी ओर देखा था। मेरी आँखें नम थी। दो दिन हुए शादी को, राजी के लिए ऐसी बददुआ? राजी भी मुझे कुछ हौंसला नहीं दे पाई थी, केवल मेरे कंधे पर हाथ रखा था। उसका मतलब था कि वह मेरे साथ है।
मैंने खुद को संभाल लिया था। रामबाग तांगा-स्टैंड पर उतरे तो राजी ने कहा था, “आप मेरे यहाँ चलें, कोई कुछ नहीं कहेगा। एक हफ्ते की तो बात है।”
“अच्छा नहीं लगता। मुझे मौसीजी ने कहा था, एक कमरा हमारे लिए निश्चित है, वहीं आ जाना।”
“जानती हूँ, मौसीजी के यहाँ खाना भी मिलेगा और रहने की जगह भी मिलेगी। मैंने सुबह-सुबह शन्नो के साथ फैक्ट्री चले जाना है। आप चाहें तो मौसीजी के पास रह कर शाम को आ जाया करें। बुआजी के पास भी जा सकते हैं। किसी को कुछ पता नहीं चलेगा।”
मैंने राजी की बात मान ली, मॉडल टाऊन मौसी के पास जाने की बजाय यहीं रह कर दिन गुजारे जाएँ। मम्मी-पापा और राजी को तो मैंने सब बताया हुआ था। हमने रिक्शा किया और राजी के मायके आ गए। हमारा जबरदस्त स्वागत किया गया। लंच के टाइम पापाजी ने कहा था, “जब तक तुहानूं क्वार्टर अलॉट नहीं हुंदा, तुसीं यहीं रहो। यह भी आपका घर है।”
पास खड़े झाई जी ने भी कहा था, “आपने हमें सब कुछ बताया हुआ था इसलिए बुरा नहीं लगा। आप आराम से यहाँ रहें। कहीं जाने की जरूरत नहीं है।”
मैं चुप रहा था। पैंट-कमीज उतार कर कुर्ता-पाजामा पहन लिया था। दो दिन बाद कर्नल दीपक साहब का तार आया, “क्वार्टर अलॉटड। डिटेल ऑन दा वे।”
भाई साहब का लैटर मिला। लिखा था, ” 50/3 क्वार्टर अलॉट हुआ है। मैंने उसे शानदार डिस्टेंपर करवा दिया है। लोहे की पाइप वाली चारपाई रखवा दी हैं। बरामदे में डाइनिंग टेबल और कुर्सियाँ लगवा दी हैं। मैं सलाह दूँगा कि दाज के पलंग और सोफा ले आना। रिजर्वेशन करवा कर कौनसी ट्रेन में आ रहे हो, लिख देना। मैं गाड़ी और आदमी भेज दूँगा।”
क्रमशः
राघवेंद्र सैनी