राघवेंद्र सैनी का उपन्यास ‘भलोल ‘ भाग -41

भलोल
भाग -41

मैं स्टेशन पर एमसीओ गया और मिलिट्री कोटे से फ्रंटियर में दोनों की बर्थ बुक करवा आया था। टू-टियर ए.सी. में बुक हुई थी। मैं और राजी बहुत खुश थे। कर्नल दीपक साहब को लिख दिया कि हम अमुक ट्रेन से आ रहे हैं।

मैंने झाई जी, पापा जी को बताया। वे बहुत खुश हुए थे। मुझे सोफा, बेड और ड्रेसिंग टेबल पैक करवाना था। ड्रेसिंग का शीशा पैक करवा कर हम अपने पास रख लेंगे। किचन का सामान भी एक बोरी में पैक कर लेंगे पर ‘पैकिंग मटिरियल’ और ‘कारपेंटर’ चाहिए होगा।

“शन्नो का भाई है न, वह रेलवे में यही काम करता है। वह सब पैक करवा कर आपके सामने बुक भी करवा देगा,” पापा जी ने कहा था।

“बुक करने के लिए कुछ पैसे भी लगेंगे?” झाई जी ने पूछा।

“नहीं झाई जी, मेरा और राजी का वारंट मिलाकर मैं 800 किलो फ्री बुक करवा सकता हूँ। यह सब बहुत कम होगा।”

“कमाल है, इतनी सहूलतें,” पापा जी ने कहा।

“जी, पापा जी।”

दूसरे रोज शन्नो के भाई राजू ने आकर सब पैक कर दिया। राजू ने कहा,

“जीजू, आप फौजी हैं, दो बोतलें रम की होंगी? आपका सारा सामान आराम से बुक भी हो जाएगा, चढ़ भी जाएगा और सेफ दिल्ली पहुँच भी जाएगा।”

“मिल जाएँगी।”

राजू ने कहा, “आपको ट्रेन चलने से दो घंटे पहले पहुँचना है। मैं आप को वहीं पार्सल ऑफिस में मिलूँगा। एक रम की बोतल बुकिंग ऑफिस में देनी है और एक मजदूरों को।”

“और तुम्हें कितनी बोतलें चाहिए, राजू?”

“क्या बात कर रहे हैं, जीजू। यह मेरे घर का काम है। राजी दीदी अपने ससुराल जा रही है। मैंने पैसे या रम लेकर नरक में नहीं जाना है।”

“अच्छा, रुक, मैं अपनी खुशी से दूँगा।”
एक बोतल रम की मैंने राजू को दी। वह ले नहीं रहा था लेकिन मैंने उसे जबरदस्ती दी।

पापा जी ने कहा, “रम की बोतलें काफी महंगी मिलती हैं?”

“नहीं, पापा जी, 15 रुपए की एक बोतल मिलती है। कोई भी जवान जो दो महीने की छुट्टी आता है, उसे चार बोतलें मिलती हैं। ये बहुत काम आती हैं, इसलिए ले लेते हैं। सिविल में ऐसी चीज नहीं मिलती है।”

जिस रोज जाना था, मैंने मौसीजी को और मामूजी को बता दिया था। मामू, मामी और मौसीजी ने शुभकामनाएँ दीं थीं।

मैं ट्रेन चलने से दो घंटे पहले पार्सल ऑफिस आ गया था। राजू ने साथ होकर सामान बुक करवा दिया था। मुझे कहा गया था कि ‘फैमिली वारंट’ की टिकट बनवा कर ले आऊँ। सामान बुक होने के बाद राजू ने कहा, “ट्रेन प्लेटफार्म पर लग गई है। मैं सामान चढ़वा कर आता हूँ।”

मैंने राजू को दो बोतलें दे दी और प्लेटफार्म पर आ गया था। गाड़ी के डिब्बे के सामने राजी, झाई जी, पापा जी खड़े थे। पापा जी ने साथ मिलकर सामान सीटों के नीचे एडजस्ट कर दिया था। दोनों नीचे की बर्थ थीं। गाड़ी चली तो सबसे विदा लेकर अपनी बर्थ पर आ गए थे।

…

मैं संतुष्ट था। राजी भी खुश थी। उसके मन में बहुत-सी बातें थी। दूसरी बर्थ पर मैंने उसका बिस्तर लगा दिया था। वह मेरी बर्थ पर मेरे कंबल में आकर बैठ गई थी। राजी अभी बात शुरू करने वाली थी कि टी-टी आ गया। टी-टी के जाने के बाद राजी ने कहा, “अब रात-दिन हमारे होंगे। किसी के आने का डर नहीं रहेगा।”

“हाँ, जब तक छुट्टी रहेगी, दिन-रात हमारे होंगे। फिर दिन में ड्यूटी और रात में प्यार! नही ?”

उसने ‘हाँ’ में सिर हिला दिया था। वह फिर से लाल हो उठी थी। राजी की यह अदा मुझे हमेशा रोमांचित करती थी। मैं थोड़ा आगे बढ़ने लगा तो उसने इशारों से मना कर दिया कि ट्रेन है, कोई भी आ सकता है। मैंने प्यार से दोनों हाथ सहला दिए थे।

जालंधर आया तो हमारी ऊपर की बर्थ पर दो लड़कियाँ आ गईं। वे भी दिल्ली जा रहीं थीं। झाईजी ने रास्ते के लिए खाना दिया था। भूख भी लग रही थी। दोनों ने खाना खाया और अपनी-अपनी बर्थ पर लेट गए। दोनों की आँखों में नींद नहीं थी। हम प्यार करना चाहते थे पर हालात ऐसे थे कि यह संभव नहीं था। दोनों मन मार कर रह गए थे।

रात कब नींद आई, पता नहीं चला। सुबह 4 बजे नींद खुली। वासना जोर मार रही थी। साइड की दोनों बर्थ खाली थी। ऊपर दोनों लड़कियों के खुर्राटों की आवाज आ रही थी। मैं वाशरूम गया। सभी गहरी नींद सो रहे थे। टी-टी भी वाशरूम के पास सीट पर ऊंघ रहा था। लौटा तो राजी उलटी लेटी हुई थी। मन में आया कि अभी प्यार करूँ लेकिन मैं किसी तरह का रिस्क नहीं लेना चाहता था। इसलिए थोड़ा प्यार किया। गाल पर ‘किस’ किया और अपनी बर्थ पर आ गया।

राजी की नींद खुल गई थी। शायद उसे मेरे ‘किस’ लेने का एहसास हो गया था, पूछा, “दिल्ली आ गया क्या?”

“नहीं, दिल्ली आने में अभी समय है।”

राजी वाशरूम गई। लौटी तो मेरे कंबल में आ गई। भविष्य की बातें करते रहे। जहाँ तक हो सका, ऊपर ऊपर से प्यार भी किया।

पाँच बजे पैंट्री वाला चाय लेकर आया। दोनों ने चाय ली। सर्दी में गर्म-गर्म चाय बहुत अच्छी लगती है। मैं खाली कप लेकर बाहर फेंकने लगा तो अचानक मेरा हाथ उसकी गोलाइयों पर लग गया था। मैं सिहर उठा था। उसने कुछ नहीं पहना था। मैंने पूछा तो उसने कहा, “रात को वह ऐसे ही सोती है। पहनने से तंग हो जाती है। मैं मुस्करा उठा था। मेरी आँखों में प्यार के साथ शरारत थी। राजी ने पूछा, “मुस्करा क्यों रहे हैं?”

मैंने कहा, “जानकर अच्छा लगा। मजा आया करेगा।”

वह भी मुस्करा दी और खिड़की के बाहर जाने कहाँ खो गई थी। बाहर अभी अंधेरा था। सर्दी में कहीं 7 बजे तक दिन चढ़ता है। गाड़ी आधा घंटा लेट थी। जब दिल्ली पहुँची तो 9 बज चुके थे। आगे कर्नल दीपक साहब का हेल्पर चार मजदूर लेकर आया हुआ था। राजी को एक मजदूर गाड़ी में बैठा कर आ गया था। सारा सामान लेने में एक घंटा लग गया। सामान सुरक्षित था। क्वार्टर पहुँचने में 12 बज गए थे। चारों मजदूर तब तक नहीं गए थे जब तक सारा सामान सेट नहीं हो गया था। कर्नल साहब ने दोपहर का खाना भिजवा दिया था।
खाना खाकर राजी सो गई थी। मैंने जाकर गैस बुक कर दी और दो सिलेंडर भी ले आया। किचन सेट हो गया था। कर्नल साहब ने 5 बजे गाड़ी भेज दी थी। मैं और राजी राशन और घर का जरूरी सामान ले आए थे। कर्नल साहब भाभी जी के साथ शाम 7 बजे आए। घर सेट हो गया था। राजी ने शानदार चाय बनाई। भाई-भाभी जी बहुत खुश होकर गए। शाम का खाना भिजवाने की बात कर रहे थे लेकिन राजी ने मना कर दिया था।

उनके जाने के बाद हम दोनों अकेले थे। मैंने कुंडी लगाई और दोनों एक दूसरे की बाँहों में समा गए। राजी ने कहा, “पहले नहा लेते हैं।”

मैंने कहा, “प्यार करते हैं, फिर इकट्ठे नहाएँगे।”

उसके बाद इस तरह एक-दूसरे में समा गए जैसे युगों-युगों से बिछड़े हों। अलग होने का नाम ही नहीं ले रहे थे। काफी देर बाद अलग हुए। राजी वाशरूम में घुसी तो मैं भी साथ घुस गया। खूब नहाए। दोनों वहाँ भी एक-दूसरे को छेड़ते रहे। खूब संतुष्ट होकर निकले।

राजी ने कहा, “कुछ रात के लिए भी रहने दो।”

मैं मुस्करा कर बाहर निकल आया था। थोड़ी देर बाद राजी भी बाहर आ गई थी। खिलीखिली मस्त। यह मस्ती नशा बन गई थी और दिन-रात चलती रही थी, जीवन-भर।

राजी ने वह किया जो मैं कहता था। मैंने वह किया जो राजी चाहती थी। यह प्रवंचना नहीं प्यार था, सिर्फ प्यार।

…

राजी को किचन में सामान और राशन संभालते-संभालते रात के 10 बज गए थे। मैं उसकी मदद करना चाहता था पर उसने मुझे भगा दिया था, “यह मदों का काम नहीं है। किचन को वह अपने ढंग से संभालेगी, सजाएगी।”

मैं जाकर पलंग पर लेट गया था। राजी आई तो उसने परपल रंग की रेशमी मैक्सी पहनी हुई थी। बाल बांध रखे थे। गोरा रंग, सांचे में ढला शरीर, वह किसी परी से कम नहीं लग रही थी। लगा जैसे आसमान से कोई अप्सरा उतर आई हो। मैं उसे देखता ही रह गया था। मुझे एकटक देखते पाकर कुछ शर्माई। चेहरा पहले की तरह लाल हो गया था। फिर मुस्कराई थी, कहा, “क्या देख रहे हैं, पहले कभी नहीं देखा है, मुझे?”

“देखा है, पर आज कुछ नई लग रही हो। चेहरा चमक रहा है। मुँह पर कुछ लगाया है?”

“हाँ, थोड़ी ग्लिसरिन लगाई है। चेहरा फ्रेश और नर्म रहता है। थोड़ा उधर सरको, मुझे आपकी टांगें दबानी हैं।”

टांगे दबाने का रिवाज बहुत पुराना था। पति का प्यार पाने का एक कारगर तरीका था। आधुनिक युग में यह विलुप्त हो चुका है। इसे औरत की गुलामी कहा गया है।

“वाह, ग्लिसरिन से मेरा मुँह भी मीठा हो जाएगा।”

राजी ने कोई उत्तर नहीं दिया था, केवल मुस्कराती रही थी। मैंने कहा, “अच्छा, टांगें दबाओगी पर वह तुमसे दबेंगी नहीं।”

“क्यों?”

“बहुत सख्त हैं। वैसे यह रिवाज बहुत पुराना है। आजकल कहाँ है यह सब?”

“अच्छा, बातें न बनाओ। मैं यह रिवाज अपने साथ लेकर आई हूँ। मेरी नानी नाना की टांगें दबाती थी, झाईजी पापाजी की,” राजी ने बड़े प्यार से कहा था।

मैं थोड़ा सरक गया। उसने कंबल के अंदर हाथ ले जाकर टांगें दबाना शुरू किया। उसके मुलायम हाथों ने पूरे शरीर में सिहरन भर दी थी। राजी जानती है, मैं रात को अंडरवियर-बनियान में सोता हूँ। टांगें दब नहीं रहीं थीं लेकिन मैं मस्ती में आ गया था। मैंने उसे बाँहों में भर लिया। वह मुस्कराई और बोली, “दोपहर की खुमारी नहीं उतरी?”

“जहाँ तुम्हारे नर्म हाथ लगेंगे, मैं तैयार मिलूँगा।”

“अभी मेरा मूड नहीं है।”

“कोई बात नहीं है, जब मूड होगा तब प्यार करेंगे, इकट्ठे सो जाते हैं।”

“हाँ, यह ठीक है।”

कंबल में मुँह दूसरी तरफ करके राजी लेट गई थी। मैं आलिंगन करके लिपट गया था और नींद की आगोश में चला गया था।

क्रमशः

राघवेंद्र सैनी

WhatsApp Image 2026-06-14 at 20.06.06 — Vcare Language Academy

Author

Leave a Comment