अविनाश स आठल्ये का उपन्यास ‘कारगिल एक प्रेम कथा ‘ भाग -8

कारगिल एक प्रेमकथा

भाग -8

उर्वशी का रोम रोम खड़ा हो गया था यह गीत सुनकर, ऐसा नहीं था कि वह यह गीत पहली बार सुनी हो.. मगर जिस शिद्दत से उर्वशी ने अपनी दीदी वंदना की शादी में आये उस “युवक” से यह गीत सुना था… न जाने उसे यह अहसास हो रहा था कि यह गीत उसी के लिए गाया गया है… इस गीत का एक एक लफ़्ज़ उर्वशी के दिल को छू कर निकल रहा था।

उसे यह गीत इसके मूल “गायक कुमार शानू” की तुलना में” बिना पर्याप्त म्यूज़िक” के वंदना दीदी की शादी में गाया उस युवक का गीत “ज़्यादा बेहतर” लग रहा था।

जब इंसान प्यार में होता है तो उसे अपने प्रेमी का सबकुछ अच्छा लगता है… फिर ऐसे बरसाती मौसम में प्रेमी की यादों के संग सफ़र करना कितना खुशनुमा हो सकता है, उसकी कल्पना भी नहीं की जा सकती।

उर्वशी बार-बार उस कैसेट को रिवाइंड करवाकर इसी गीत को अब तक 4 बार सुन चुकी थी।

तो क्या उर्वशी सचमुच ही उस युवक के प्यार में थी..? जो क्या काम करता है? किस जाति का है? कहीं शादीशुदा तो नहीं है..? उसका नाम क्या है.. कुछ भी तो नहीं जानती थी उर्वशी..

मगर फिर भी सिर्फ़ उसकी रूहानी सी आवाज़ में सदा के लिए खो जाना चाहती थी उर्वशी ।

बरसात ज्यादा होने की वज़ह से उर्वशी लगभग 4 घण्टे का सफ़र साढ़े 6 घण्टों में पूरा कर सकी, मगर उसके बावजूद भी वह थकान बिल्कुल भी महसूस नहीं कर रही थी। उसे लग रहा था कि वह अभी ट्रेन में बैठी और अभी ही शिमला आ गई है।

शिमला में घर पहुँचते ही उर्वशी ने सबसे पहले अपने पिताजी को फ़ोन करके सकुशल पहुँचने की सूचना दी, अब तक फ़ोन न आने की वजह से पिताजी बहुत व्यग्र हो रहे थे।

फ़ोन पर ही बात करने पर उर्वशी को पता चला कि वंदना दीदी और पंकज जीजाजी हनीमून पर मनाली ही गये हुए हैं, दो दिन बाद रविवार को वह शिमला में ही किसी होटल में रुकेंगे, तब उर्वशी से भी मिलने आएंगे।

घर पहुंचकर उर्वशी ने पूरे घर की साफ़ सफाई, पानी भरना, बर्तन धोना, सब्जी-फल लाने आदि में ही सारा दिन बीता दिया।

दूसरे दिन उर्वशी को अपना ऑफिस जॉइन करने की जल्दी थी… वह जल्द ही टिफ़िन लेकर अपने ऑफिस पहुँच गई।

क्रमशः

अविनाश स आठल्ये

WhatsApp Image 2026-07-20 at 16.05.34 — Vcare Language Academy

Author

Leave a Comment