अनिल पुरोहित का उपन्यास ‘उस पार ‘ भाग -8

उस पार

भाग -8

सुबह मैं जल्दी उठ गया और स्नानादि करके भरपेट नाश्ता किया और कुछ जरूरी सामान लेने बाजार की ओर चल दिया। बाजार खुलना अभी शुरू ही हुआ था। अधिकांश दुकानें बंद थीं। दुकानों के आगे चाय की थड़ियां थीं जहां आने – जाने वाले चाय पी रहे थे। मेरी भी इच्छा चाय पीने की हुई तो मैं एक थड़ी के सामने रखे एक मुड्ढे पर बैठ गया।

चाय पीते – पीते मेरी नजर सड़क के पार एकदम सामने एक बंद दुकान पर थी जिसके सामने बने बरामदे में एक अघोरी जैसा दिखने वाला व्यक्ति अखबार में खोपड़ी जैसी चीज में रखी कोई खाद्य सामग्री बड़े वीभत्स तरीके से खा रहा था। खाते वक्त उसने पूरे बरामदे में उसे बिखेर दिया और फिर अपने पास से पानी निकाल कर पिया और फिर से खाने लगा।

मैं बड़े गौर से उसे देखे जा रहा था। इतने में दुकान का मालिक जो टोपी लगाए कोई मोटा मारवाड़ी सेठ लग रहा था, अपने मुनीम के साथ आ गया। सेठ ने दुकान के बरामदे में बिखरी गंदगी देखी और भिखारी जैसे शख्स को वहां खाना खाते देखा तो उसकी त्योरियां चढ़ गई। सेठ ने अपनी नाक पर रूमाल रखा और उस व्यक्ति को गालियां निकालने लगा और वहां से जाने को कहा।

मुझे सेठ और उसके मुनीम की आवाजें साफ सुनाई दे रही थी जो उस शख्स को गालियां निकाल रहे थे। उस शख्स ने हाथ जोड़कर कहा कि उसे खाना खाने दो, फिर वह चला जायेगा। … पर सेठ और उसके मुनीम ने धक्का देकर उसे वहां से भगाने की कोशिश की। उस व्यक्ति ने खाना बीच में छोड़कर अपनी दो उंगलियां गले में डाली और वहीं ढेर सारी उल्टी कर दी। उसे उल्टी करते देख सेठ और मुनीम वहां से भागकर दुकान के बाहर सड़क पर आ गए।

वो शख्स यहीं नहीं रुका बल्कि निरंतर उल्टियां करता रहा। मुझे ये देखकर अचंभा हुआ कि कोई शख्स इतनी ज्यादा मात्रा में उल्टी कैसे कर सकता है। इतनी तो हमारे पेट में जगह ही नहीं होती। मैंने ध्यान से देखा कि सेठ की दो दरवाजे वाली दुकान का बरामदा काफी बड़ा था। एक बाथटब भर जाए, लगभग इतनी मात्रा में उसने उल्टियां कर – करके उस जगह को भर दिया। गंदगी का एक पहाड़ खड़ा हो गया था। जाते – जाते उस शख्स ने जलती आंखों से सेठ की ओर देखा और अपने दांए हाथ की तर्जनी को एक चेतावनी के अंदाज में हिलाते हुए मुंह से कुछ बुदबुदाता हुआ वहां से अचानक गायब हो गया।

इस कौतुक को देखने पूरी भीड़ उमड़ पड़ी। भीड़ ने मारे बदबू के अपने नथुने बंद कर रखे थे।सभी के मुंह हैरत से खुले और आंखें फटी पड़ी थी ।… ऐसा विचित्र चमत्कार आखिर क्यों और कैसे हुआ? मैंने सुन रखा था कि काशी वाममार्ग के अधोरियों और तांत्रिकों से भरी पड़ी है। आज अपनी आंखों के सामने ये चमत्कार भी देख लिया।

बदबू का झोंका जहां मैं बैठा था, वहां तक आ रहा था। सेठ की दुकान के अगल – बगल वाले दुकानदार दुकान खोलने के लिए आए तो मारे बदबू के उनसे खड़ा नहीं रहा गया और वे दौड़कर सामने जहां मैं बैठा था, उस तरफ बिना दुकानें खोले आकर खड़े हो गए।

सेठ ने देखा तब तक दुकान के दो नौकर भी आ गये। सेठ ने नौकरों से गुस्से में कहा – ” मेरा मुंह क्या देख रहे हो? जाओ! दो – तीन सफाई कर्मियों को लेकर आओ !” … और फिर वे मुनीम की ओर मुड़े और बोले – ” मुनीम जी, एक पानी के टैंकर की व्यवस्था करो ताकि यहां की पूरी धुलाई हो सके।”

सेठ जी की आज्ञा का तुरत – फुरत पालन हुआ। तीन सफाईकर्मी फावड़े और भैंसागाड़ी लेकर आ गए और बोले – ” सेठ जी! सारी सफाई और घुलाई कर देंगे। मगर पांच रुपए से कम नहीं होगा? “

” ठीक है, ज्यादा तो है पर दे देंगे पांच रुपए भी! … सफाई और धुलाई एकदम बढ़िया होनी चाहिए , समझे! अब काम पर लग जाओ!”

सफाईकर्मी सफाई में जुट गए। उनके ये समझ में बिलकुल नहीं आया कि आखिर इतनी ढेर सारी उल्टी की किसने है। ऐसा करने वाला सामान्य प्राणी तो हो नहीं सकता। ऐसा सोचते – सोचते उन्होंने सारी गंदगी भैंसागाड़ी में भर दी और पानी से धोकर उस जगह को एकदम साफ कर दिया।

सफाईकर्मी अपनी मजदूरी लेकर वहां से चले गए। सफाई हो जाने के बावजूद बदबू में कोई कमी नहीं आई। ऐसा लग रहा था मानो अंदर सैकड़ों चूहे मरे हुए हों। दुर्गंध के कारण लोगों का उस सड़क से गुजरना मुश्किल हो रहा था।

सेठ जी ने अपने नौकरों से कहा -” सफाई करने के बाद भी बदबू के मारे दिमाग फटा जा रहा है। लगता है दुकान के अंदर चूहे मरे हुए हैं। एक – एक सामान चेक करो और अंदर से पूरी सफाई करके धुलाई भी कर दो ताकि बदबू जाती रहे।”

कहकर सेठ जी जहां मैं बैठा था, वहां आकर खड़े हो गए। नौकरों ने दुकान का एक -एक कोना छान मारा पर कहीं भी कोई मरा चूहा नहीं दिखा। दुकान की सफाई करके अच्छी तरह धुलाई कर दी गई पर वो दुर्गंध ज्यों की त्यों बरकरार थी। उसमें रत्ती भर भी कमी नहीं आई थी।

आसपास के दुकानदार और सेठ जी परेशान हो गए कि आखिर बदबू जा क्यों नहीं रही। हर संभव कोशिश कर ली गई पर नतीजा सिफ़र!

अचानक एक दुकानदार बोला – ” अरे! जो बाबा यहां बरामदे में बैठा खाना खा रहा था, उसको ढूंढकर लाओ। मुझे तो वो कोई पहुंचा हुआ अघोरी लग रहा है! कुछ भी कर लो! अब इस बदबू से वही छुटकारा दिला सकता है।”

वहां खड़े सभी लोगों को दुकानदार की बात सच लगी। सभी समवेत स्वर में कहने लगे -” हां! हां! उस बाबा को ढूंढकर लाओ! … वरना इस बदबू के कारण हम दुकानें नहीं खोल पाएंगे! अब और कोई उपाय नहीं है!”

आखिर सभी दुकानदार आसपास बाजार में और घाटों पर उस अघोरी को ढूंढने निकल पड़े।

मैं भी उत्सुकतावश वहीं बैठा रहा और चाय पर चाय पीता रहा ताकि ये देख सकूं कि वो औघड़ मिलता है या नहीं।

थोड़ी ही देर में शोर करते हुए कुछ लोग वहां आए और उस सेठ से कहने लगे कि वो बाबा तो ब्रह्मा घाट की सीढ़ियों पर लेटा है।

सेठ और उसके पडौसी दुकानदारों का हुजूम ब्रह्मा घाट की ओर चल पड़ा। मेरे से भी रहा न गया और जिज्ञासावश मैं भी उनके साथ हो लिया।

ब्रह्मा घाट की आखिरी टूटी – फूटी सीढ़ियों पर वो अघोरी एक हाथ का तकिया बनाकर घुटनों को मोड़े अधलेटा सा दिख रहा था। उसका मुंह आकाश की ओर था। सभी दौड़कर उसके पास पहुंचे और सेठ ने पश्चाताप के स्वर में रोते हुए अघोरी के पांव पकड़े और बोला – ” बाबा, मुझे क्षमा करो! मुझसे बहुत बड़ा अपराध हुआ है! मैंने आपको पहचानने में भूल की! क्षमा करो बाबा! क्षमा करो!”

अघोरी ने एक पल के लिए अपनी आंखे खोली। उसकी आंखे क्रोध से जल उठी और उसने एक भरपूर लात पैरों में गिरे सेठ की छाती में मारी। सेठ दो -तीन गुलांचे खाते हुए नीचे पानी में जा गिरा पर तुरंत उठ खड़ा हुआ और दौड़कर बाबा के पैरों में पुनः गिर पड़ा। बाबा की आंखों में अगले ही पल क्रोध के स्थान पर करुणा आ गई।

बाबा ने पहले सेठ के साथ आए हुजूम पर एक नजर डाली फिर सेठ की ओर मुखातिब होकर बोले – ” जा… ! माफ़ किया! … … और सुन! काशी के कोतवाल के प्रसाद चढ़ा और इन सबको खिला! … जा… बाबा विश्वनाथ कल्याण करेंगे! अब यहां से चला जा!”

सेठ ने हाथ जोड़कर अघोरी को प्रणाम किया और वहां से मुख्य सड़क पर आ गया। हम सभी उसके पीछे -पीछे चल पड़े। ब्रह्मा घाट से चलकर मां ब्रह्मचारिणी मंदिर से होते हुए दण्डपाणि मंदिर पहुंचे। यहां से थोड़ा ही आगे काल भैरव मंदिर है। हम सभी काशी के क्षेत्रपाल काल भैरव मंदिर पहुंच चुके थे। मंदिर के बाहर प्रसाद की अनेक दुकानें थी।

सेठ ने भैरव बाबा के लिए चना – चिरौंजी, उड़द की दाल के बड़े और पेड़े खरीदे और सभी को साथ लेकर भैरवनाथ के दर्शन किए और सभी में प्रसाद वितरित कर दिया।

यहां से हम वापस उसी जगह आ गए जहां से चले थे। बाजार के अन्य दुकानदार हमारी प्रतीक्षा कर रहे थे। सेठ ने वहां उपस्थित सभी दुकानदारों और लोगों को प्रसाद दिया । सेठ ने सभी का आभार प्रकट किया और अपनी दुकान में प्रवेश किया।

मारे आश्चर्य के सभी का मुंह खुला का खुला रह गया… हक्के – बक्के रह गए। कहीं भी बदबू का नामोनिशान न था। दुकानों और पूरे बाजार में चमेली की भीनी – भीनी खुशबू फैली हुई थी। सब ने राहत की सांस ली और अपनी – अपनी दुकानों को खोलने में लग गए।

अघोर विद्या की सिद्धि के एक और चमत्कार से मैं आज रूबरू हो चुका था। सच है… भारत को इसीलिए पूरे संसार में रहस्यमयी देश माना जाता है। दोपहर का वक्त हो चुका था। मैं घर की ओर लौटने के लिए मुड़ गया।

§§§§
§§§§

 

बैठक में तारापद महाशय मेरी प्रतीक्षा कर रहे थे। मुझे आते देखा तो बोल पड़े – ” बहुत देर कर दी कैलाश! कहां चले गए थे? खाना भी ठंडा हो गया!”

” मुझे भूख बिलकुल नहीं है और पेट भी भरा हुआ है! ” – कहकर मैंने आज का पूरा वृत्तांत उन्हें सुना दिया। सुनते समय उनके चेहरे पर एक रंग आता और एक जाता। पूरी बात सुनने के बाद बोले – ” भोलेनाथ की ये नगरी ऐसी ही है, यहां किसी भी व्यक्ति के बारे में पूर्वानुमान लगाना आसान नहीं है। न जाने किस वेश में कौन हो… क्या पता लगता है। … फिर कोई क्या शाप दे दे या कुछ बोल दे… कुछ पता नहीं चलता। न जाने कब कौन वचन सिद्ध या वाक् सिद्धि प्राप्त टकरा जाए… इसलिए सावधानी बहुत जरूरी है।”

कहकर वो एक पल के लिए रुके फिर विषय परिवर्तित करते हुए स्नेहसिक्त स्वर में बोले – ” तुम्हारी टिकट बन गई है और रास्ते के लिए खाने – पीने का इंतजाम कर दिया है। सुबह इक्केे से मेरा आदमी तुम्हें स्टेशन छोड़ आयेगा। … और किसी चीज की जरूरत हो तो बता देना। हां… एक बात और है ,मिसामारी के पास गोराली टी एस्टेट है। वहां का मैनेजर मेरा दोस्त है, … नाम है सत्यनारायण शर्मा। वे तुम्हें मिसामारी स्टेशन से ले लेंगे और आगे तेजपुर भेजने की व्यवस्था भी कर देंगे। उनको तार द्वारा खबर कर दी गई है।”

तारापद महाशय का असीम प्रेम देख मुझे अच्छा तो लगा ही साथ ही मन को चैन मिला कि यात्रा में कोई दिक्कत नहीं होगी। मेरा सामान कोई ज्यादा नहीं था। तारापद महाशय ने मेरा लोहे का ट्रंक वहीं रखवा लिया और एक मजबूत तिरपाल का बना बैग मुझे दे दिया। ये बैग वैसा ही था जैसा अकसर फ़ौजी रखते हैं। इसे पिट्ठू बैग भी कहा जाता है। मुझे ये बैग बहुत पसंद आया। मेरा सारा सामान इसमें आ गया और काफी सारी जगह भी बच गई। यात्रा में ये बहुत सुविधाजनक था। सुबह पांच बजे मेरी ट्रेन थी सो खाना खाकर जल्दी सो गया।

WhatsApp Image 2026-07-20 at 15.13.50 (1) — Vcare Language Academy

Author

Leave a Comment