सुदर्शन रत्नाकर का उपन्यास ‘ यादों के झरोखे’ भाग -7

7.

दूसरे दिन पापा खाना खाकर फिर सो गए। न-जाने उन्हें नींद अधिक आती थी या जानबूझ कर ऐसा करते थे, ताकि किसी से कोई वास्ता न पड़े। वे चाहते थे कि मम्मी को उनका सामना करने का कोई मौका न मिले। लेकिन मम्मी उनसे बात करने के मूड में थीं। शाम को जब वे वापस जाने को हुए तो मम्मी ने उनसे कहा था- ‘मैं मुक्ता को किसी अच्छे स्कूल में दाखिला दिलाना चाहती हूँ। अगले महीने ही नई क्लासें शुरू हो जाएँगी। आप उसके लिए पैसे भिजवा दें।’

लेकिन पापा ने तपाक से कहा- ‘क्यों, इस स्कूल को क्या हो गया?

अच्छी भली तो पढ़ रही है यहाँ।’

‘अच्छा बनने के लिए बच्चे को अच्छे स्कूल में पढ़ना जरूरी होता

है’ मम्मी ने कहा।

‘जब तुम यह जानती हो तो खुद क्यों नहीं किसी अच्छे स्कूल में पढ़ी थी।’ पापा ने चिढ़कर कहा।

‘यह मेरा दुर्भाग्य था। वहाँ अगर अच्छा स्कूल होता तो में उसमें अवश्य पढ़ती। लेकिन आपकी शिक्षा तो अच्छे स्कूलों में हुई थी।’ माँ ने व्यंग्य किया।

पापा तिलमिलाकर रह गए। में मम्मी के ऐसा करने का आशय तब नहीं समझ सकी थी। लेकिन समय के साथ-साथ मेरी समझ भी बढ़ती गई। माँ वदि मेरे लिए अच्छे स्कूल में पढ़ाने के लिए जिद्द न करतीं तो मैं आज जो कुछ हैं, वह न बन पाती। पापा के साथ मेरे और मम्मी के हक की यह शुरुआत थी। पापा फिर अगले महीने तक न आए और न ही उन्होंनं पैसे भेजे। घर खर्च से मम्मी ने जो कुछ बचत कर रखी थी, उसी से उन्होंने इस महीने का गुजारा किया। कैसा कैसा लगता रहा उन्हें, कह नहीं सकती। वह स्वयं तो किसी तरह रह लेती थी, लेकिन जब मेरे लिए उन्हें कुछ कमी करनी पड़ती तो उनका चेहरा रुआँसा हो जाता। मम्मी ने मेरा स्कूल बदलने का निश्चय कर लिया था और उस पर वे अडिग थीं। अतः उन्होंने नए स्कूल में मेरा दाखिल करा दिया। वहाँ फीस तो ज़्यादा थी ही, और खर्च भी बहुत थे। नए स्कूल में दाखिला लेने पर नई यूनीफार्म, कापी-किताबें और क्या-क्या नहीं लेना पड़ा। पहले वाले स्कूल में तो पैदल ही चली जाया करती थी, लेकिन इस नए स्कूल के दूर होने के कारण स्कूल बस से जाना पड़ता था और उसकी फीस अलग देनी पड़ती थी। नए स्कूल में मैं खुश थी। वहाँ मेरी बहुत सी नई सहेलियाँ बन गई थीं। नया वातावरण, सब कुछ नया-नया। मैं अब पहले जैसी नहीं रह गई थी। मैंने बात बात में जिद्द करना छोड़ दिया था। और माँ की मुश्किलों को भी समझने लगी थी। हर महीने के दूसरे शनिवार को स्कूल में माता-पिता को बुलाया जाता था। पापा तो कभी उस दिन होते नहीं थे, मम्मी को ही मेरी रिपोर्ट लेने जाना पड़ता था।
अध्यापकों से बातें करने में झिझक महसूस होती थी, लेकिन धीरे-धीरे यह झिझक कम होने लगी। मम्मी बाहर निकलती ही कहाँ थी, उस पर भी पापा ने उनसे किसी के भी घर जाने के लिए मना कर रखा था। पापा तो उन्हें कहीं भी साथ ले नहीं जाते थे। कहते- ‘तुम्हें साथ ले जाकर मज़ाक उड़वाना है क्या?’ ऐसा क्या था जो पापा मम्मी को पसन्द नहीं करते थे। उनकी हर बात का वे विरोध करते थे। यह ठीक है कि पापा शुरू से ही स्मार्ट थे और अब भी हैं और माँ उनके मुकाबले कम सुन्दर थीं। लेकिन पापा के यह अहसास कराते रहने से वह आत्मविश्वास खो चुकी थीं। उन्हें हर समय यही लगता था कि वे सच में बहुत कुरूप हैं, उन्हें कुछ नहीं आता और वे किसी से भी बात करने योग्य नहीं हैं। उनमें यह हीन-भावना घर कर गई थी।

जब तक दादीमाँ थीं, वे बहुत कुछ सम्भाल लेती थीं, मम्मी को बहुत कम बाहर जाना पड़ता था। पर अब पापा भी कई-कई महीनें तक नहीं आते थे और मम्मी अकेली पड़ गई थीं। वे ही अब बाज़ार से सामान लातीं, मेरे स्कूल में आती-जातीं। ऐसा करने में उनमें आत्मविश्वास उत्पन्न होने लगा था। पहले वे जल्दी ही सो जाया करती थीं। लेकिन अब मैं जब तक पढ़ती, वे मेरे पास बैठी रहतीं या कोई पत्रिका पढ़ती रहतीं। मेरी किताबें भी वे उठाकर उलटती-पलटतीं। कभी-कभी वह उठकर बाहर आ जातीं। बरामदे में खड़ी खड़ी आकाश की ओर शून्य में देखती रहतीं। खोई-खोई रहतीं।

मैं अब बड़ी हो चली थी। उनकी व्याकुलता और व्यथा का मुझे भी एहसास होने लगा था। शायद मेरी बढ़ती उम्र को लेकर वे प्रायः उदास रहती और चिन्ता की रेखाएँ उनके चेहरे पर स्पष्ट झलकने लगतीं। ऐसे में मैं भी चुप बनी रहती, क्या बोलती और किससे बोलती, अपने न बोल पाने की इस कमी को मैं तो स्कूल में पूरा कर लिया करती, सहेलियों से बहुत बतियाती थी। लेकिन मम्मी तो केवल मुझसे ही बात कर सकती थीं। पापा आते भी तो उनमें दूरी ही बनी रहती। दोनों में नपा-तुला संवाद ही होता। कभी ज़्यादा संभाषण होता भी था तो मुझे लेकर ही। इसलिए वे मेरा पूरा-पूरा ख्याल रखती थीं। मेरे लिए कोई चीज़ लेनी हो या स्कूल के लिए कोई ख़र्च का काम आ जाए, तभी मम्मी पापा से पैसे देने के लिए कहती थीं और इसी बात पर पापा का मूड एकदम बिगड़ जाता था। स्कूल की ओर से छुट्टियों में बच्चों को पिकनिक के लिए ले जाने का निश्चय किया गया था और उसके लिए दो हजार रुपए लिए जा रहे थे। पापा आए हुए थे तो मम्मी ने उनसे दो हजार रुपए का इंतजाम करने के लिए कहा। वे एकदम बिगड़ गए। कहने लगे- ‘क्या ज़रूरत है जाने की। बेकार में इतना खर्च होगा।’ मम्मी अपने लिए कोई चीज़ न लाने पर चाहे विरोध न करती हों, तर्क-वितर्क न करती हों, लेकिन मेरे लिए पापा से बात करने का साहस उनमें न जाने कहाँ से आ जाता था। उस रात भी दोनों में बड़ी देर तक झगड़ा होता रहा, कभी पापा की आवाज़ ऊँची सुनाई देती तो कभी मम्मी की। मैं उनकी अस्पष्ट बातों को समझ नहीं पाई। लेकिन सुबह उठते ही मम्मी ने कहा- ‘मुक्ता तैयार हो जाओ, तुम्हें पापा के साथ जाना है’ तो मैं अवाक् रह गई। ‘आप भी चलोगी न।’ मैंने खुश होते हुए मम्मी से पूछा। ‘नहीं, तुम अकेली जा रही हो।’ यह सुनकर मेरा सारा उत्साह ठंडा पड़ गया। फिर भी मैंने कहा- ‘मम्मी आपके बिना मैं नहीं जाऊँगी, आप भी साथ चलो न।’ ‘नहीं मुक्ता तुम अपने पापा के साथ जाओ, छुट्टियों में वहीं रहना, फिर तो मेरे पास आ ही जाओगी। मैं तुम्हारे नाना के पास जाऊँगी।’ माँ ने कहा। ‘नाना के घर तो मुझे भी जाना है।’ मैंने मचलते हुए कहा। ‘तुम मेरे साथ चलोगी।’ तभी पापा की कड़कती आवाज़ मेरे कानों में पड़ी और मैं सहम गई।

कैसे पापा हैं, आज तक कभी प्यार तो नहीं किया। हमेशा डाँट और तिरस्कार। मेरा जी चाहा कि कह दूँ, “मुझे नहीं जाना आपके साथ, आप मम्मी को साथ नहीं ले जा रहे तो मैं भी नहीं जाऊँगी”, लेकिन अन्दर से एक चाह, एक जिज्ञासा भी थी, पापा के साथ जाने की। पहली बार तो अवसर मिल रहा था, मैं उसे खोना नहीं चाहती थी जो अभी पूरी तरह मिला ही नहीं था, उसके खो देने की कल्पना से ही सिंहर उठी। सभी विरोध मन में दबाए मैं तैयार होने लगी। मम्मी से पहली बार अलग होने और पापा के साथ पहली बार जाने का कितना विचित्र संयोग था वह।

क्रमशः

सुधाकर रत्नाकर

WhatsApp Image 2026-07-20 at 09.57.47 — Vcare Language Academy

Author

Leave a Comment