कारगिल एक प्रेम कथा
भाग -9
इतने दिन छुट्टियां लेने की वजह से उसका ऑफिस का बहुत सारा काम पेंडिंग पड़ा था। लिहाज़ा उसे आज लंच टाइम में भी उसे खाना खाने की फुर्सत नहीं मिली थी। तभी चपरासी सूचना देता है उसे कि उसका कोई फ़ोन आया है… उर्वशी दौड़कर रिसेप्शन के पास वाला फ़ोन अटेंड करती है।
वह फ़ोन वंदना दीदी का था। वंदना दीदी खुशी-खुशी अपने हनीमून का हालचाल बताये जा रही थी, और उसकी बातें सुनने में लीन उर्वशी यह भी भूल गई कि वह दोनों ऑफिस के फ़ोन पर बात कर रहे हैं, रिसेप्शन पर आये दूसरे फ़ोन की घण्टी की आवाज़ से उर्वशी और वंदना दीदी की बातें करनें की तन्मयता टूटी।
उर्वशी ने कहा कि आज बहुत काम है, इसलिए वह शाम को घर जाने के बात बाद करेगी, उस पर वंदना दीदी ने मुद्दे पर आते हुए कहा कि वह कल शिमला के होटल “स्नो-लैंड” में शाम को पहुँच रहे हैं, इसलिए वहीं मिलने और डिनर करने आ जाना।
अगले दिन शनिवार को उर्वशी के ऑफिस का “हाफ-डे” रहता है, ऑफिस के काम निपटाने के बाद उर्वशी ने घर आकर घर के डेकोरेशन को संवारा,
रात को कौन सी ड्रेस, मैचिंग के कानों में झुमके, सैंडल तक की तैयारी उर्वशी कर चुकी थी। शाम के 6 बज चुके थे, उर्वशी चाय की चुस्कियों के साथ वंदना दीदी के फ़ोन आने की प्रतीक्षा कर रही थी।
फ़ोन अब तक न आया तो उर्वशी शाम को नहाकर तैयार होने लग गई। अब तक साढ़े सात बज चुके थे, मगर वंदना दीदी का फ़ोन न आने की वजह से उर्वशी की बैचेनी बढ़ती जा रही थी।
खैर लगभग 8.15 पर वंदना दीदी का फोन आया कि हम लोग अभी होटल में “चेक-इन” कर रहे हैं, तुम जल्दी आ जाओ…
उर्वशी तो तैयार ही बैठी थी, उसने झट से अपनी स्कूटी उठाई और लगभग आधे घण्टे में ही होटल “स्नो-लैंड” पहुंच गई।
उस बहुमंजिला आलीशान होटल के रिसेप्शन पर पहुँचकर उसने पंकज जीजाजी और वंदना दीदी के बारे में पूछा तो “रिसेप्शनिस्ट” ने इंटरकॉम से पंकज जीजाजी से बात करवा दी, जीजाजी खुद ही अपनी साली साहिबा को लेने रिसेप्शन पर आ गए।
रूम में पँहुचते ही वंदना दीदी से लिपट गई उर्वशी …. यह देखकर पंकज जीजाजी भी अपनी बांहे फैलाकर उर्वशी से बोले “जिज्जी’ से तो गले मिल ही ली हो तो, थोड़ा “जिज्जाजी” से भी मिल लो साली साहिबा। यह देख उर्वशी और वंदना दीदी दोनों ही खिलखिला कर हंस पड़े।
वंदना दीदी से 5 दिन पहले ही तो मिली थी उर्वशी, महज़ पांच दिनों में ही कितना निखार आ गया था उसके चेहरे पर…
पंकज ने रूम में पड़े “मीनू कार्ड” को देखकर उर्वशी से उसकी पसन्द का खाना ऑर्डर करने को कहा। उर्वशी ने उस होटल के महंगे रेट पर नज़र
डालते हुए चपाती, प्लेन राइस और दाल फ्राई का ऑर्डर किया… जिस पर पंकज जीजाजी ने हँसते हुये कहा कि यार मैं “हनीमून” पर निकला हूँ, “हनुमान जयंती” मनाने नहीं जो रूखा सूखा “सात्विक खाना” मंगवा रही हो।
क्रमशः
अविनाश स आठल्ये