ज्योत्सना कपिल का उपन्यास ‘ उर्वशी’ भाग -44

44-

” एक लड़की के लिए ज़िंदगी कितनी मुश्किलें लेकर आती है न। ”
” कौन सी लड़की, कहाँ है लड़की ?” उसने मजाकिया अंदाज में इधर उधर देखा। ”
” तुम पिट जाओगे मुझसे। “
” ओह, सॉरी -सॉरी ” उसने जल्दी से कान पकड़ लिए।
” जबसे यह सीरियल करना शुरू किया है, जान आफ़त में आ गयी है। हर तरफ़ आलोचना हो रही है। मम्मी नाराज़, पापा खामोश, भाई भी नॉर्मल नहीं है। ”
” कोई बात नहीं, उन्हें धीरे धीरे आदत हो जाएगी। वह समझ जाएंगे कि यह तुम्हारे काम का ही हिस्सा है। नथिंग पर्सनल। “
” उसपर अब हमारे अफ़ेयर की रयूमर । किस किस को समझाऊँ।”
” कोई सफ़ाई मत दो, इसकी भी आदत हो जाएगी। तुम बस कूल रहो, वरना तुम्हारे बच्चे पर बुरा असर पड़ेगा। खुश रहो, स्वस्थ रहो। “
” लोग रहने जो नहीं देते। “
” वैसे मुझे बड़ा मजा आ रहा है इस अफ़ेयर की रयूमर से। ” उसने एक आँख दबाई। ” ब्यूटी क्वीन के साथ अफ़ेयर, कोई छोटी बात तो नहीं। ” उर्वशी ने उसे मारने के लिए पास में रखा सेब उसकी ओर फेंका, तो उसने लपक लिया, फिर हँस पड़ा।
” एक सवाल करूँ ? “
” ह्म्म्म “
” माबदौलत का, आज तुम्हारे विषय में जानने का मूड है। सब कुछ बताओ, क्या हुआ तुम अचानक शौर्य को छोड़ कर क्यों चली आयीं ? तुम्हारी शादी जिस खानदान में हुई थी, उसका सपना कोई साधारण लड़की देख भी नहीं सकती। “
कुछ पल खामोश रहने के पश्चात उसने बताना शुरू किया कि किस प्रकार शिखर उसका रिश्ता लेकर आये और उसकी शादी हुई। शौर्य का उसे अस्वीकार कर देना, बड़ों के दखल से उसकी वापसी, सब कुछ सामान्य होना और फिर एक दिन शौर्य के नाजायज़ सम्बन्ध का उसे पता लगना, उसका जवाबतलब करना और शौर्य द्वारा उसका अपमान करना, उसका सब कुछ छोड़कर चले आना, सब बता दिया उसने।
” ह्म्म्म, इसके बाद कोई डेवलपमेंट नहीं हुआ ? प्रेग्नेंसी की ख़बर सुनकर उन लोगों ने कोई कदम नहीं उठाया ?”
” शिखर तो शुरू से ही मनाने की कोशिश कर रहे थे, कि मैं वापस आ जाऊं, फिर शौर्य ने भी माफ़ी माँगी, बार बार वापस चलने को कहा। “
” तो तुम्हें वापस जाना चाहिए था उर्वशी। इतना गुस्सा भी अच्छा नहीं। माना कि उन्होंने जो कुछ भी कहा या किया, अच्छा नहीं था, पर अब तो गलती का अहसास है न उन्हें।”
” सब मुझे ही क्यों समझाने की कोशिश करने लगते हैं ? क्या एडजस्ट करने, सबको समझने की जिम्मेदारी सिर्फ मेरी है ? बाकी किसी की कोई जिम्मेदारी नहीं ?”
” हमारी सोसायटी ऐसी ही है उर्वशी। स्त्री घर की धुरी होती है, इसलिए उसे ही हर कदम सोच समझकर उठाना होता है। “
” मुझे समझदार नहीं बनना ।”
” बनना पड़ेगा डियर,अब तुम्हारा बच्चा होने वाला है। उसे माँ के साथ पिता के प्यार की भी ज़रुरत होगी। तुम अपनी जिद के लिए उसे क्यों सज़ा दी रही हो ?”
” अब वापसी सम्भव नहीं है रोहित। “
” क्यों नहीं है, अगर किसी से गलती हो जाए, वह पश्चाताप भी कर रहा हो, तो उसे एक मौका ज़रूर मिलना चाहिए। ”
” बात सिर्फ इतनी सी नहीं है, उलझनें और भी हैं। ”
वह सोच में पड़ गई कि कहे या न कहे। यद्यपि रोहित को लंबे समय से जानती थी, उसने कभी उसका विश्वास तोड़ा भी नहीं था । पर बात जब पराई हो जाती है , तो उसपर कोई नियंत्रण नहीं रहता। फिर वह भी फिल्मी दुनिया में है। यदि ज़रा सी भी बात इधर से उधर हुई, तो उसकी बहुत बदनामी होगी।
” प्लीज़ माइंड मत करना, पर मैं बता नहीं पाऊँगी। ”
” ओके, नैवर माइंड, पर इतना बड़ा जीवन तुम्हारे सामने खड़ा है, अकेले कैसे रहोगी ?”
” कुछ समय बाद, मेरा बच्चा मेरे साथ होगा। उसके सहारे ही उम्र गुज़र जाएगी। ” वह मुस्कुराई।
वह उसे भावुकता से उसे देखता रहा। उसके चेहरे पर कई भाव आ जा रहे थे
” उर्वशी, मुझसे शादी करोगी ?”
” रोहित, ज़िन्दगी के फैसले भावुक होकर नहीं लिये जाते। वरना जो परिणाम होता है, उसका एक जीता जागता उदाहरण मैं स्वयं हूँ। “
” यह बात कोरी भावुकता नहीं है। सोच समझकर कह रहा हूँ, अगर ज़िन्दगी में कभी आगे बढ़ना चाहो, तो याद रखना, मैं हूँ। “
” सो स्वीट ऑफ यू रोहित, पर फ़िक्र मत करो। देखना जल्दी ही मैं अपना एक मुकाम भी बना लूँगी, और अपने बच्चे को भी अच्छी तरह से पाल लूँगी। “
” आमीन ” वह बुदबुदाया।

* * * * *

उर्वशी से मिलकर शौर्य वापस लौटा तो बहुत परेशान था। जाते समय वह बहुत खुश भी था और उसे यकीन भी था कि वह उर्वशी को मनाकर वापस ले आएगा। पर जब उसने वापस लौटने से मना कर दिया और यह भी कहा, कि उसके जीवन में कोई है, तो शौर्य के लिए बर्दाश्त करना मुश्किल हो गया। उसकी पत्नी, जिसपर वह अपना पूरा अधिकार समझता था, किसी और के साथ सम्बन्ध बना चुकी है और उसके अंश को लेकर घूम रही है ? इस विचार से ही वह तिलमिला उठता। घर में वह किसी से इस बात को साझा नहीं कर पाया। क्योंकि इसमें उसे अपना अपमान लग रहा था। यह उसके पौरूष पर एक करारी चोट थी।
बेटे को बहुत उदास और परेशान देखकर माँ सा ने उर्वशी के मम्मी पापा से बात करके, उसे वापस लौटने के लिए मनाने को कहा। मम्मी ने पुनः प्रयास किया, परन्तु वह असफ़ल ही रहीं। अंततः एक दिन माँ सा का फोन उर्वशी के पास आया। स्क्रीन पर उनका नाम देखकर वह परेशान हो गई
” प्रणाम माँ सा “
” खुश रहिये बेटा, कैसी हैं आप ?”
” आपका आशीर्वाद है माँ सा। “
” आप एक बार घर से निकलीं तो पलट कर एक बार बात तक नहीं की। ” उन्होंने शिकायत की।
” सॉरी, अपनी उलझनों में इस कदर बिज़ी रही कि इस बात का ख़्याल भी नहीं आया। “
” हमें लगा कि आप हमसे भी नाराज़ हैं। “
” नहीं माँ सा, आपने यह सोच भी कैसे लिया ? प्रॉमिस, अब समय समय पर आपसे बात किया करूँगी। बस एक प्रार्थना है आपसे। “
” बताइए “
” आपकी बहुत इज्ज़त करती हूँ, आपका हर आदेश मानूँगी। बस वापस लौटने को मत कहियेगा। क्योंकि आपको किसी बात के लिए इनकार करना मुझे अच्छा नहीं लगेगा। “
” ठीक है बेटा, आप निश्चिंत रहिये, दोबारा यह बात नहीं उठेगी। बाकी सब कुशल मंगल ?”
” जी, सब बढ़िया। ” उसके जवाब के साथ उन्होंने फोन रख दिया। उर्वशी ने राहत की साँस ली। उधर माँ सा थोड़ी अपसेट हो गईं। उन्होंने तुरंत शिखर को बुलाया। वह आये तो बोलीं
” शिखर, शौर्य और उर्वशी के मामले में क्या सोचा है आपने ?”
” अभी तो कुछ नहीं माँ सा। आदेश करिये। “
” उर्वशी ने तो इस सम्बन्ध को पूरी तरह तोड़ दिया है। वह वापसी की बात सुनने को भी तैयार नहीं। “

क्रमशः

 

 

“

WhatsApp Image 2026-06-16 at 13.30.59 — Vcare Language Academy

Author

Leave a Comment