वहाँ कौन है? (भाग 33)
धीरे-धीरे गुलाबी प्रकाश की परतें फिर से मायरा के चारों ओर घूमने लगीं।कुछ क्षण पहले तक जो दृश्य उसके सामने जीवित था, वह मानो जल की लहरों में घुलकर दूर चला गया। प्रकाश मद्धिम पड़ने लगा।जब अंतिम किरण भी विलीन हुई, तब वहाँ पुनः वही धरती की युवती खड़ी थी…मायरा।
उसकी कमर से मछली की पूँछ लुप्त हो चुकी थी। हाथ-पैर पुनः मनुष्य जैसे हो गए थे केवल उसकी कलाई का वही नीला कंगन पहले की तरह चमक रहा था।
किन्तु अब वह पहले वाली मायरा नहीं थी।उसकी आँखों में अठारह वर्षों का अंधकार और अठारह वर्ष पुरानी स्मृतियों का बोझ एक साथ उतर आया था।
वह लड़खड़ाकर दो कदम पीछे हटी।उसकी दृष्टि पहले धुँधली आकृति वाले मत्स्यकुमार पर गई…अब वह जान चुकी थी…वह कोई अजनबी नहीं…शंखपुरी जलसंघ के युवराज आर्यकेतु थे।
फिर उसने सामने खड़ी मत्स्यकन्या को देखा।अब उसके मुख पर क्रोध नहीं था…केवल अथाह वेदना थी।मायरा के अधर काँपे।
“…दी…”, शब्द उसके होठों से स्वयं निकल पड़ा।”…दीदी…”
नीलांबरी की आँखें भर आईं।अगले ही क्षण मायरा उससे लिपट गई। सारा दर्द आँसुओं में बह निकला, “दीदी…मैं…मैंने यह सब कैसे कर दिया…मेरे कारण…” वह कुछ बोल नहीं पा रही थी बस रोये जा रही थी।
नीलांबरी ने उसके सिर पर हाथ फेरते हुए उसे वैसे ही सहलाया, जैसे बचपन में सहलाया करती थी, “नहीं नील…उस समय तुम प्रेम में थीं…और प्रेम सबसे बड़ी शक्ति भी है…सबसे बड़ा भ्रम भी।”
काफी देर बाद जब मायरा कुछ शांत हुई तो उसने सिर उठाया।उसकी आँखें अब अपराधबोध से भरी थीं।उसने धीरे से पूछा,”तो…मुझे पृथ्वीलोक इसलिए भेजा गया था कि मैं अपना प्रायश्चित कर सकूँ? ” वह कुछ पल रुकी। “…या यह केवल दंड था?”
नीलांबरी ने उसकी आँखों में देखा। उसने बहुत शांत स्वर में कहा, ” यह दंड था। तुम्हें अठारह वर्षों के लिए जललोक से निष्कासित करना आवश्यक था क्योंकि जब तक तुम जललोक से दूर नहीं रहतीं, नागमणि की दिव्य तरंगें तुम्हारे दूषित रक्त से मुक्त नहीं हो सकती थीं और प्रायश्चित तब होगा जब तुम अपने कर्म का भार अनुभव करोगी। स्मृति लोप की अवस्था में प्रायश्चित कैसे हो सकता है!
मायरा ने आँखें बंद कर लीं।अब उसे अपने हर निर्णय का भार महसूस हो रहा था।कुछ देर बाद उसने धीमे स्वर में पूछा,”फिर…मेरी स्मृति कैसे गई?मैं नीलवलया से मायरा कैसे बन गई?”
नीलांबरी के चेहरे पर पीड़ा उतर आई, “क्योंकि…तुम्हारी स्मृतियाँ किसी ने छीन ली थीं।”
मायरा ने चौंककर उसकी ओर देखा, “अम्भोर?”
“हाँ।”
नीलांबरी ने गहरी साँस ली।
“जब तुम्हें पृथ्वीलोक भेजने की तैयारी हो रही थी, उसी समय अम्भोर ने अंतिम बार छल किया।वह जानता था कि यदि तुम्हें सब कुछ याद रहा…तो अठारह वर्ष बाद लौटते ही तुम उसके विरुद्ध खड़ी हो जाओगी इसलिए उसने अपनी निषिद्ध मायावी जलविद्या का प्रयोग किया। तुम्हारी स्मृतियों को नष्ट करने का प्रयास किया।”
“वह सफल तो नहीं हुआ..किन्तु तुम्हारी सारी स्मृतियाँ बिखर गईं।”, आर्यकेतु ने बात पूरी कर दी।
मायरा स्तब्ध रह गई, “फिर…?”
नीलांबरी की आँखें भर आईं, “तब…माँ आगे आईं।उन्होंने अपनी शेष बची हुई समस्त इच्छाशक्ति एकत्रित की। एक-एक स्मृति…एक-एक अनुभूति…एक-एक संबंध…सबको अपने तप से समेटा…और उन्हें नागमणि के स्पर्श में सुरक्षित कर दिया…”
मायरा की आँखें फैल गईं, “माँ ने…?”
“हाँ। किन्तु स्मृतियों को सुरक्षित रखने का मूल्य उन्हें अपने प्राण देकर चुकाना पड़ा। उनका शरीर उस तप को सह नहीं पाया…और उन्होंने वहीं….. अपनी देह त्याग दी।”
मायरा वहीं घुटनों के बल बैठ गईउसके मुँह से कोई आवाज नहीं निकली।केवल आँसू लगातार गिरते रहे।कुछ देर तक वहाँ केवल जल की धीमी ध्वनि सुनाई देती रही।
फिर नीलांबरी ने स्वयं को संभालते हुए आगे कहना आरम्भ किया, “पृथ्वीलोक भेजने की व्यवस्था भी सरल नहीं थी।”
“सौभाग्य से हमारे महामंत्री ने वर्षों पहले एक धरतीवासी दम्पति का जीवन बचाया था।जब हमने उनसे सहायता माँगी…तो उन्होंने बिना एक क्षण सोचे तुम्हें अपनी पुत्री की तरह स्वीकार करने का वचन दे दिया।राजपुरोहितों ने तुम्हारा रूप बदल दिया।तुम्हारे रक्त की दिव्य आभा छिपा दी। तुम्हें पूर्णतः मनुष्य का शरीर प्रदान किया गया…” कहते हुए नीलांबरी की आँखें जैसे अतीत में देखने लगीं।
“और उसी दिन…नीलवलया…धरती पर मायरा बनकर जन्मी।”
मायरा की आँखों से आँसू रुकने का नाम नहीं ले रहे थे।उसे पहली बार समझ आया कि जिन लोगों को वह अपने माता-पिता समझती रही वे केवल पालन करने वाले नहीं थे उन्होंने अपना वचन निभाने के लिए अपना पूरा जीवन उसे समर्पित कर दिया था।
मायरा अभी तक घुटनों के बल बैठी थी। उसकी दृष्टि शून्य में अटकी हुई थी।कुछ क्षण पहले तक जो घटनाएँ उसे केवल एक विचित्र स्वप्न लग रही थीं, अब वे उसके अपने जीवन का सत्य बन चुकी थीं।
उसने काँपते स्वर में पूछा, “फिर… मेरे चले जाने के बाद क्या हुआ?”
नीलांबरी ने गहरी साँस ली। उसकी आँखों में वर्षों पुरानी पीड़ा फिर से तैर आई, “वही हुआ जो होना नहीं चाहिए था… वही हुआ, नील। तुम्हारे जाने के बाद भी अम्भोर रुका नहीं।उसे विश्वास था कि एक दिन वह तुम्हें खोज निकालेगा और यदि तुम नहीं मिलीं… तो नागमणि अवश्य मिलेगी।”
फिर आर्यकेतु बोला, “उसने पहले तुम्हें ढूँढ़ा। समुद्र के एक-एक लोक में अपने गुप्तचर भेजे। जहाँ-जहाँ उसे तुम्हारे होने का थोड़ा-सा भी आभास मिलता, वहाँ विनाश छोड़ आता।”
“जब उसे यह समझ आ गया कि तुम्हें किसी ऐसी शक्ति ने छिपाया है, जहाँ उसकी पहुँच नहीं… तब उसने अपना लक्ष्य बदल दिया।”
मायरा ने आशंकित हृदय से पूछा, “फिर उसने क्या किया?”
नीलांबरी का स्वर भारी हो गया, “उसने वह किया… जिसे करने का साहस अम्भोनिधि के इतिहास में भी किसी ने नहीं किया था। उसने निषिद्ध शक्तियों का द्वार खोल दिया।”
आर्यकेतु धीरे से बोला, “अम्भोनिधि की मायावी जलविद्या केवल भ्रम उत्पन्न करने तक सीमित नहीं थी।उसके सबसे गहरे स्तर पर ऐसी प्राचीन शक्तियाँ थीं जिन्हें स्वयं उनके पूर्वजों ने भी सदा के लिए बंद कर दिया था।”
नीलांबरी ने आगे कहा, “अम्भोर ने एक जललोकवासी को छल से अपने वश में कर लिया।उसकी चेतना पर अधिकार करके उसने उसी के माध्यम से उस निषिद्ध शक्ति को हमारे जललोक की सीमा के भीतर प्रवेश करा दिया।”
मायरा ध्यान से सुन रही थी।
“आरम्भ में किसी को कुछ समझ नहीं आया। केवल इतना हुआ कि कुछ नागरिक अचानक जहाँ थे… वहीं स्थिर हो गए। वे न बोलते थे… न चलते..धीरे-धीरे उनका शरीर संगमरमर जैसा कठोर होने लगा।”
“कुछ ही घंटों में वे जीवित मनुष्य से अधिक एक मूर्ति प्रतीत होने लगे।”
मायरा का हृदय जैसे एक पल को रुक गया।उसकी आँखों के सामने अचानक वही दृश्य कौंध उठा…जललोक में प्रवेश करते समय…महल तक जाती सड़क…अनगिनत संगमरमर की प्रतिमाएँ…जिन्हें उसने केवल सजावट समझ लिया था।
उसने विस्मय से नीलांबरी की ओर देखा, “वो…वे प्रतिमाएँ! “
नीलांबरी ने सिर झुका लिया, “वे प्रतिमाएँ नहीं थीं, नील…वे हमारे अपने लोग थे।
नीलांबरी की आँखें भीग चुकी थीं, “उनमें सैनिक भी थे…बच्चे भी…वृद्ध भी..यहाँ तक कि राजमहल के अनेक सेवक भी। पूरा नगर धीरे-धीरे जीवित होकर भी निर्जीव होता जा रहा था। अम्भोर चाहता था कि हम प्देशन होकर उससे संधि कर लें और नागमणि और तुम्हें ,उसे सौंप दें। “
कुछ क्षण तक वहाँ मौन छाया रहा।फिर आर्यकेतु ने आगे कहना आरम्भ किया, “जब सभी प्रयास करने के बाद भी स्थिति नियंत्रण से बाहर होने लगी तब हमारे शंखपुरी जलसंघ के राजपुरोहित और जललोक के राजपुरोहित अपनी सम्पूर्ण आध्यात्मिक शक्तियों के साथ एक ही अनुष्ठान में बैठे।”
“वह युद्ध किसी शस्त्र का नहीं…तप और चेतना का था।सात दिनों तक दोनों समाधि में रहे।समुद्र की धाराएँ रुक गईं…ज्वार स्थिर हो गए…और आठवें दिन…उन्होंने उस निषिद्ध शक्ति का अंत तो कर दिया..पर उसके साथ स्वयं भी समाप्त हो गए।”
मायरा ने विस्मित होकर आर्यकेतु की ओर देखा, “फिर..आप…?”
आर्यकेतु की धुँधली मुस्कान पहली बार दिखाई दी, “जाने से पहले..दोनों गुरुओं ने अपनी शेष बची हुई दिव्य चेतना का एक अंश मेरे भीतर स्थापित कर दिया।उन्होंने कहा था..जब समय आएगा… इन शक्तियों का उपयोग केवल रक्षा के लिए करना। प्रतिशोध के लिए कभी नहीं। तभी से…उनकी दी हुई शक्ति मेरे भीतर है किन्तु मैं भी उसे पूर्ण रूप से जागृत नहीं कर पाया।”
नीलांबरी ने आगे कहा, “उधर अम्भोर और अधिक शक्तिशाली होता गया। जिस जललोक ने उसका विरोध किया…वह नष्ट हो गया। जिसने समर्पण किय…वह उसका दास बन गया।सागर के अनेक प्राचीन राज्य अब केवल इतिहास बन चुके हैं।”
मायरा ने काँपते स्वर में पूछा, “और दीदी, आपकी ससुराल…?”
नीलांबरी की आँखें बंद हो गईं,”वह भी बच नहीं सकी।अम्भोर की सेना वहाँ भी पहुँची।मेरा सम्पूर्ण परिवार…”वह आगे नहीं बोल सकी।
कुछ क्षण बाद स्वयं को सँभालते हुए बोली, “यदि पिताश्री समय रहते वहाँ न पहुँचे होते तो आज मैं भी जीवित न होती।”
मायरा आगे बढ़ी और उसने अपनी बहन का हाथ पकड़ लिया।दोनों बहनें कुछ देर तक मौन खड़ी रहीं।फिर नीलांबरी ने उसकी आँखों में देखते हुए कहा, “तब से…मैं…आर्यकेतु…और जो कुछ मुट्ठीभर लोग बचे थ..सभी केवल एक ही दिन की प्रतीक्षा कर रहे थे।अठारह वर्षों के पूर्ण होने की।”
“और उसके बाद तुम्हारी स्मृति पुनः प्रदान कर तुम्हें प्रायश्चित करने के बाद नागमणि के तेज को पुनः जागृत करना होगा।तुमको ही आर्यकेतु को उनके पूर्ण अस्तित्व से मिलाना होगा।”
“और.”,नीलांबरी ने उसकी आँखों में गहराई से देखते हुए कहा, ..अम्भोर का अंत भी करना होगा।”
मायरा का सिर स्वतः झुक गया।अब उसे समझ में आ चुका था…यह केवल उसका अतीत नहीं था।यह सम्पूर्ण जललोक का भविष्य था।
जल की गहराइयों में एक लंबा मौन उतर आया।दूर कहीं वही मंद दूधिया प्रकाश फिर से काँपा…
अचानक मायरा को कुछ याद आया, ” पिताश्री कहां है दीदी?
Megha
( क्या होगा अब? मायरा को तो बहुत सारे काम करने हैं। एक अकेली जान और इतने सारे काम…सच्ची, मेरी लेखनी को तरस नहीं आया उस पर। आप भी कहां तरस खा रहे हो मुझ पर..पढ़ कर निर्मोही से बिना कमेंट किए चले जाते हो और जो कमेंट कर रहे हैं उनको तो सागर देव की विशेष कृपा प्राप्त है। नोटिस करना , दिन में कोई एक पल ऐसा आयेगा जब आप दिल की गहराइयों में खुशी महसूस करोगे।)