45-
” ठीक है बेटा, आप निश्चिंत रहिये, दोबारा यह बात नहीं उठेगी। बाकी सब कुशल मंगल ?”
” जी, सब बढ़िया। ” उसके जवाब के साथ उन्होंने फोन रख दिया। उर्वशी ने राहत की साँस ली। उधर माँ सा थोड़ी अपसेट हो गईं। उन्होंने तुरंत शिखर को बुलाया। वह आये तो बोलीं
” शिखर, शौर्य और उर्वशी के मामले में क्या सोचा है आपने ?”
” अभी तो कुछ नहीं माँ सा। आदेश करिये। ”
” उर्वशी ने तो इस सम्बन्ध को पूरी तरह तोड़ दिया है। वह वापसी की बात सुनने को भी तैयार नहीं। ”
” जी ”
” आपको यह लड़की इतनी पसंद क्यों आयी थी ? बहुत गुरुर है इसमें। किसी को कुछ समझती ही नहीं। ”
” ऐसी बात नहीं है माँ सा, वह बहुत हर्ट हुई थी। शौर्य की बात को उसने दिल से लगा लिया है। ”
” माना कि शौर्य से गलती हुई, पर उन्होंने बार बार माफ़ी माँगी तो है। कितना पछतावा है उन्हें। तो क्या अब एक मौका और नहीं मिलना चाहिए उन्हें ?”
” हम आपकी बात को झुठला नहीं रहे माँ सा, पर उर्वशी के नज़रिए से सोचकर देखिये। एक मौका वह शौर्य को दे चुकी हैं। शौर्य ने तो उन्हें शादी की रात ही ठुकरा दिया था। उर्वशी ने उस बात को भूलकर शौर्य को मौका दिया, अपनी गलती सुधारने का। पर शौर्य ने न सिर्फ उनके विश्वास को तोड़ा, बल्कि उन्हें अपमानित भी किया। वह अब कैसे विश्वास कर पाएंगी कि शौर्य फिर से गलती नहीं करेंगे ?”
शिखर की बात सुनकर वह सोच में पड़ गईं।
” इसके अलावा बताइये की कभी उर्वशी का व्यवहार गलत रहा हो, या उन्होंने किसी की बात न मानी हो ?”
” मतलब यह शादी तो अब टूट ही चुकी है न ?”
” जी, अफ़सोस की बात है, पर यह सच है कि अब वह नहीं लौटेंगी। ”
” हम अपने बेटे का दुःख और नहीं देख सकते। अब आप किसी वक़ील से बात करके इस रिश्ते को कानूनी रूप से समाप्त करिये। जिससे हम अपने बेटे की दूसरी शादी कर दें। ”
” जी, और एलिमनी ….. ?”
” एलिमनी की क्या ज़रूरत, वह अपनी मर्जी से घर छोड़कर गई हैं। हमने उन्हें जाने को नहीं कहा था। फिर अब तो वह कमा रही हैं। हमारे खानदान की इज्जत भी बखूबी मिट्टी में मिला रही हैं।”
” वह इस खानदान की बहू बनकर आयी थीं माँ सा। उनका हक़ है प्रोपर्टी पर। ”
” क्या उन्होंने कोई डिमांड रखी है ?”
” नहीं, बल्कि उल्टे वह तो कुछ भी लेने से इनकार कर रही हैं। ”
” तो फिर क्या ज़रूरत है उन्हें कुछ भी देने की ? ख़ैर आप वकील से बात करिये, बाद में देखा जाएगा ।”
” जी ” कहकर वह मौन रह गए। हालाँकि उनकी बहुत इच्छा हुई कि माँ सा उर्वशी के लिए जायदाद में से कुछ देने को तैयार हो जाएं। परन्तु वह उससे बहुत नाराज नज़र आ रही थीं। अब शिखर को इस बात की चर्चा शौर्य से करना आवश्यक लगा। आख़िर मसला भी तो उसका ही था। उससे विमर्श किये बिना वह कैसे कोई कदम उठा सकते थे। इस विचार के आने के बाद वह शौर्य के कमरे की ओर चल दिये। वहाँ गए तो देखा कि उसके एक हाथ में वाइन का गिलास है और दूसरे हाथ की उंगलियों के बीच सिगरेट फँसी हुई है। उन्हें अपने कमरे में देखकर वह अचकचा गया।
” भाई सा आप ?”
” आपको इल्म है कि आप यह सब क्या कर रहे हैं शौर्य ? क्यों अपनी सेहत के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं ?” उसने उनकी बात का कोई जवाब नहीं दिया।
” कहिये कैसे आना हुआ ?”
” आपके बारे में निर्णय लेना है। उर्वशी तो अब आने से साफ़ इनकार कर चुकी हैं, मतलब की आपकी शादी अब खत्म ही समझिए। ” कहकर वह रुके।
” माँ सा चाहती हैं कि अब यह रिश्ता कानूनी कार्यवाही करके ख़त्म कर दिया जाए। ”
” आपलोगों के दिल में जो आये, वह कीजिये। ” उसने संक्षिप्त जवाब दिया।
” आपके मन में क्या है यह बताइये। ”
” जब आपलोगों ने हमारी शादी की थी, तब पूछा था की हमारे मन मे क्या है ?” उसके स्वर में कड़वाहट उभर आयी थी। इस उत्तर से शिखर कटकर रह गए।
” तो फिर हम वक़ील को बुलाकर डिवोर्स पेपर तैयार करवाते हैं। माँ सा चाहती हैं कि यह रिश्ता समाप्त हो जाए, तो आपकी दूसरी शादी करवा दी जाए। ”
” हमें कोई शादी नहीं करनी है।”
” लेकिन शौर्य, ऐसे कब तक रहेंगे आप, ज़िन्दगी में आगे तो बढ़ना ही होगा। इस बार आप जिसे कहेंगे हम उससे आपकी शादी करवा देंगे। ”
” उर्वशी से करवा देंगे ?” उसने जुनूनी अंदाज़ में पूछा। शिखर उसे देखते रह गए।
” अगर वह आपके साथ रहना चाहती, तो डिवोर्स या दूसरी शादी की ज़रुरत ही क्यों पड़ती ? ”
” हम उर्वशी को बहुत चाहते हैं भाई सा, हम उन्हें अपने दिल से निकाल नहीं पा रहे। जबकि हमें पता है कि वह हमसे दूर हो गई हैं, वह किसी और के बच्चे को जन्म देने वाली हैं। ” कहते हुए शौर्य का स्वर भीग गया और शिखर अवाक से छोटे भाई को देखते रह गए।
” यह आपसे किसने कहा ?”
” उर्वशी ने ”
” और क .. क्या कहा उन्होंने ?”
” यही की उनकी ज़िंदगी में कोई और आ गया है,और वह उसके बच्चे की माँ बनने वाली हैं। हमें लगता है कि वह नाराज़गी में झूठ बोल रही हैं। इतनी जल्दी वह किसी के इतना करीब कैसे आ सकती हैं ? आप उन्हें मनाइए भाई सा, आप उन्हें वापस ले आइये, हम उन्हें सर आँखों पर बिठाकर रखेंगे। ” उसे यूँ गिड़गिड़ाते देखकर शिखर व्यथित हो गए।
” अगर वह बेवफ़ा हैं, तब भी हम उन्हें, उनके बच्चे को अपना लेंगे। आप बस उन्हें ले आइये भाई सा। ” वह उनके सीने से लगकर रो पड़ा। शिखर अपराधी भाव लिए उसका सिर सहलाते रहे।
” उर्वशी के अलावा हमें कुछ नहीं चाहिए, आखिरी बार हम आपसे कुछ माँग रहे हैं, हमें दे दीजिए। ”
” बस कीजिये शौर्य, अगर वह किसी और से दिल लगा चुकी हैं तो वापस नहीं आएंगी। आप भी उन्हें भूल जाइए। हम आपके लिए उनसे भी अच्छी लड़की ढूँढ लाएंगे। वैसे भी किसी और के करीब जाने के बाद, अब वह आपके लायक नहीं रही। ”
” हम ही उनके लायक नहीं थे, तभी उन्हें कोई और पसन्द आ गया। ” वह बुदबुदाया और शिखर का मन उन्हें कचोटने लगा। वह उसे छोड़कर अपने कमरे में आ गए।
आज उनकी अंतरात्मा पहली बार उन्हें उनके किये पर प्रताड़ित कर रही थी। वह क्यों उन पलों में इतने कमजोर पड़ गए ? क्यों वह उर्वशी के अंतरंग हुए ? आखिर वह उनके छोटे भाई की पत्नी थी, उनका यह कृत्य बेहद शर्मनाक था। उन्होंने अपने भाई का जीवन ही तबाह कर दिया।
क्रमशः