कारगिल एक प्रेम कथा
भाग -11
मॉल रोड पहुँचते ही पंकज जीजाजी ने टैक्सी वाले का बिल चुकता करके उसे रवाना कर दिया। मॉल रोड पर उससे आगे का सफर पैदल ही तय करना था।
वन्दना दीदी को वूलन की शॉप से कुछ खरीदारी करने की इच्छा हुई, लिहाज़ा तीनों ही उस छोटी सी शॉप में अपनी-अपनी पसन्द का सामान देखने लगे। वंदना दीदी ने वूलन स्टोल, उर्वशी ने कार्डिगन और पंकज जीजाजी ने अपने लिए एक जैकेट पसन्द किया।
बाहर आकर कुछ दुकानें घूमने के बाद उर्वशी ने देखा कि एक बूढ़ा “वायलिन” बजाते हुये उसकी धुन पर अपनी मधुर आवाज में “आवारा हूँ” गीत गा रहा था.. उर्वशी स्तब्ध सी उसे सुनती रही और सहसा उसे वंदना दीदी के विवाह में “तू मेरी जिंदगी है” गाना गाने वाले उस शख्स की याद आई।
उर्वशी ने थोड़ा सहमते सकुचाते हुये पंकज जीजाजी से पूछा… जीजाजी… अरे! आपको याद है न आपकी शादी में आपके किसी दोस्त ने एक गाना गाया था, “तू मेरी जिंदगी है..”
कौन था वह?
अरे! कैसा मज़ाक कर दिया…. मैं अगर उस वक्त तुम्हारी बहन के अलावा किसी और पर नज़र भी रखता तो मेरा मर्डर कर देती मेरी “वन्दू” पंकज जीजाजी ने खींसे निपोरते हुये पल्ला झाड़ लिया।
प्रथम प्रयास ही असफल हो गया किंतु उर्वशी ने हार न मानी। वह बेताब सी थी, उस युवक के बारे में अधिक से अधिक पता करने के लिए।
अरे जीजाजी… भूल गये क्या दोपहर को खाना खाते समय आपके बग़ल में ही तो बैठा था वह…
जीजाजी शायद समझ चुके थे कि उर्वशी किसकी बात कर रही है, मगर वह सीधे-सीधे ही यह राज बता दें? इतने तो सीधे पंकज गौतम जी तो बचपन मे
भी न थे… फिर तो अब साली साहिबा को सताने का मौका हाथ लगा था, ऐसे कैसे सब सच बता देतें वह।
पंकज जीजाजी फिर से बोले..
अरे बुद्धू, जिसके बगल में तुम्हारी वंदना दीदी जैसी विश्व सुंदरी खाना खा रही हो, वह पागल तो नहीं कि दूसरी तरफ कुछ भी ध्यान दे सके। उफ़्फ़ ! “इन्हें तो कुछ याद ही नहीं रहता”, वंदना दीदी ने यह “बीबियों वाला” डायलॉग यूँ मारा जैसे शादी हुये सालों बीत गये हों, जबकि अब तक तो एक सप्ताह भी न बीता था।
उर्वशी को मायूस होते देख पंकज जीजाजी बोले… अरे, निराश मत हो, अगले हफ़्ते तक हमारी शादी का एलबम बनकर तैयार हो जाएगा, तुम गुड़गांव आओ तो जिस शख्स पर उंगली रखोगी मैं उसकी पूरी कुंडली बता दूँगा.. जीजाजी ने चुटकी लेते हुए कहा।
अब तक सर्द हवाएँ फिर से बहने लगी थीं, इसलिए उन सबने मॉल रोड के ही रेस्टोरेंट में डिनर किया, और सभी अपने-अपने गंतव्य की तरफ़ निकल गये।
दूसरे दिन सुबह ही वंदना दीदी और पंकज जीजाजी अपने होटल से वापस गुड़गांव के लिए रवाना होकर अपने जीवनभर यादगार रहने वाले “हनीमून ट्रिप” का समापन करते हैं।
गुड़गांव पहुंच कर वंदना दीदी पंकज जीजाजी के साथ नव दाम्पत्य जीवन की सुखमय शुरुआत करती है। इधर उर्वशी भी अपनी ऑफिस की दिनचर्या में व्यस्त हो जाती है।
क्रमशः
अविनाश स आठल्ये