मेघा राठी का उपन्यास ‘वहाँ कौन है ‘ भाग -34

वहाँ कौन है?(भाग 34)


“दीदी… पिताश्री कहाँ हैं?”, यह प्रश्न सुनते ही नीलांबरी का चेहरा बदल गया। अभी तक जो संयम उसके चेहरे पर था, वह जैसे एक ही क्षण में टूट गया।उसने अपनी दृष्टि झुका ली।आर्यकेतु भी मौन हो गया। जैसे इस प्रश्न का उत्तर देना उनके लिए कठिन हो।

मायरा का मन आशंकाओं से घिर गया। उसने सहमते हुए पूछा ,”क्या..क्या वे…?”उससे आगे कुछ बोला नहीं गया।

नीलांबरी ने तुरंत उसका हाथ पकड़ लिया,”नहीं..वे जीवित हैं।”

मायरा ने राहत की साँस ली पर वह राहत अगले ही क्षण समाप्त हो गई जब नीलांबरी ने आगे कहा, “किन्तु इस तरह नहीं जैसे होना चाहिए।.. देखो, जिसे तुम जीवन समझती हो…उसे जीवन नहीं कहा जा सकता।”

मायरा विस्मित होकर उसे देखती रह गई।नीलांबरी कुछ क्षण मौन हो कर तक दूर बहती जलधारा को देखती रही।मानो उन स्मृतियों में लौट रही हो जिन्हें वह भूलना चाहती थी।

फिर उसने कहना आरम्भ किया, “उस दिन जब तुम्हें पृथ्वीलोक भेजा गया, उसके कुछ ही समय बाद अम्भोर को यह ज्ञात हो गया कि तुम उससे सदैव के लिए दूर जा चुकी हो।”

“वह पागलों की तरह तुम्हें खोजता रहा। समुद्र के एक लोक से दूसरे लोक तक। उसने निषिद्ध विद्याओं का सहारा लिया…अंधकार के साधकों से संपर्क किया…यहाँ तक कि उन शक्तियों को भी जगाया जिन्हें स्वयं समुद्र ने सहस्रों वर्ष पहले अस्वीकार कर दिया था।”,यह खाते हुए नीलांबरी के शरीर ने काँपते हुए झुरझुरी सी ली।

“किन्तु…तुम उसे कहीं नहीं मिली।तब उसका क्रोध पिताश्री पर उतर आया।”

मायरा का हृदय तेजी से धड़कने लगा, “उसने..पिताश्री के साथ क्या किया?”

नीलांबरी की आँखें भर आईं, “वह उन्हें मार नहीं सकता था।मत्स्यराज का प्राण सामान्य नहीं था। उनके प्राणों की रक्षा स्वयं समुद्र की प्राचीन शक्तियाँ करती थीं इसलिए उसने मृत्यु से भी अधिक भयानक दंड चुना उनके लिए।”

ऐसा लगा उन तीनों के मध्य सन्नाटा भी कुछ देर के लिए मौन हो गया, नीलांबरी ने पुनः कहा, “उसने छलपूर्वक पिताश्री को एक ऐसे स्थान में कैद कर दिया जिसका अस्तित्व आज भी अधिकांश लोकों के लिए केवल कथा है।”

मायरा ने विस्मय से पूछा, “कौन-सा स्थान?”

नीलांबरी ने उत्तर देने से पहले चारों ओर देखा जैसे उस स्थान का नाम भी सावधानी से लिया जाना चाहिये फिर बहुत धीमे स्वर में बोली, “अनन्त-गुह्य क्षेत्र।”

यह नाम सुनते ही जल स्वयं जैसे एक क्षण को स्थिर हो गया।
मायरा ने पहली बार यह नाम सुना था।

“”अनन्त-गुह्य क्षेत्र!….क्या आहे यह ? कहां है जगह ?”

आर्यकेतु ने उत्तर दिया, “उसे किसी मानचित्र में नहीं खोजा जा सकता।वह किसी दिशा में स्थित नहीं है बल्कि दिशाएँ स्वयं उसके भीतर जाकर समाप्त हो जाती हैं।”

“वहाँ समय भी वैसा नहीं बहता जैसा पृथ्वी या जललोक में बहता है।कभी वहाँ एक दिन ,बाहर के सौ वर्षों के बराबर होता है और कभी सौ वर्ष…वहाँ केवल एक संध्या बनकर रह जाते हैं।”

मायरा इस विचित्र से स्थान के बारे में सुनकर हैरान थी।

आर्यकेतु आगे बोला, “वह स्थान किसी को दिखाई नहीं देता।जो उसे खोजने निकलते हैं वे प्रायः भटकते रहते हैं..पर वहाँ पहुँच नहीं पाते। और जो पहुँच भी जाते हैं…वापस लौटने पर उन्हें स्मरण नहीं रहता..कि वे वहाँ किस उद्देश्य से गए थे और उन्होंने वहां क्या देखा…क्या अनुभव किया। वहां वही लोग पहुंच पाते हैं जिन्हें बुलाया जाता है।”

मायरा के भीतर जैसे किसी ने घंटे बजा दिए। घने जंगल…रहस्यमय स्थान…जो स्वयं बुलाता है। वह अनायास ही उदय के साथ अपनी यात्रा याद करने लगी।

उसका चेहरा पीला पड़ गया ,”दीदी…”

“…क्या…”, नीलांबरी ने थके हुए स्वर men पूछा।

“…वह स्थान कहीं…”, मायरा चुप हो गई।

नीलांबरी ने उसकी आँखों में देखकर कहा, “हाँ शायद वही..जिसकी ओर तुम अभी बढ़ रही हो।”

मायरा की साँस अटक गई,”तो…इसका अर्थ कि मै…”

“नियति…”, नीलांबरी मुस्कुराई। “नियति कभी भूल नहीं करती, नील। हम भूल करते हैं…वह नहीं।”

फिर मायरा ने धीरे से पूछा,”क्या पिताश्री वहाँ अकेले हैं?”

नीलांबरी की आँखें भर आईं, “हाँ शायद अकेले..और फिर भी अकेले नहीं। उनका रूप भी अब वैसा नहीं रहा।अम्भोर ने उनकी पहचान ही बदल दी यदि आज वे तुम्हारे सामने आ जाएँ तो तुम उन्हें नहीं पहचान पाओगी।”

” क्या किसी ने उन्हें तलाशने का प्रयास नहीं किया?…कुछ भी नहीं किया किसी ने?”, मायरा की दृष्टि आर्यकेतु से घूमती हुई नीलांबरी पर टिक गई।

अब आर्यकेतु आगे आया और बोला, “हमारे राजपुरोहित साधारण ऋषि नहीं थे। उन्होंने ऐसा तप किया था और शक्तियां अर्जित की थीं कि उनका दिव्य तेज मृत्यु के बाद भी समाप्त नहीं हो सकता था। जब सूक्ष्म तरंगों द्वारा उनकी आत्मा को यह ज्ञात हुआ तब उन्होंने प्रतिज्ञा ली कि जब तक मत्स्यराज मुक्त नहीं होंगे, वे बार-बार पृथ्वी पर जन्म लेते रहेंगे।”

मायरा विस्मय से सुन रही थी।

“हर जन्म मे वे उसी रहस्यमय स्थान तक पहुँचने का प्रयास करते और..पिताश्री के साथ उनका मानसिक संपर्क भी स्थापित हो जाता किन्तु…” आर्यकेतु का स्वर धीमा पड़ गया, “अम्भोर ने यह रहस्य जान लिया और तब उसने अब तक का सबसे बड़ा छल किया।”

मायरा की आँखें फैल गईं, “क्या?”

आर्यकेतु ने गहरी साँस ली।”उसने काले मायाजाल को प्रसन्न कर अधोमायास्त्र की शक्ति प्राप्त की और राजपुरोहित के दिव्य तेज को खंड-खंड कर दिया।”

मायरा का हाथ उसके मुख पर जम गया। वह अपनी चीख रोकने का प्रयास कर रही थी।यह कल्पना करना ही विचित्र था कि किसी आत्मा के तेज के टुकड़े कर दिए जाएं।

“पर राजपुरोहित जी भी हार मानने वालों से नहीं थे। अब उनका तेज एक मनुष्य में जन्म नहीं लेता। वह अनेक आत्माओं में विभाजित होकर जन्म लेता है।”, उसने अपने नेत्र बंद किए और पुनः खोल लिये।

“और जब उनमें से कोई उस स्थान तक पहुँचता है तब कुछ क्षणों के लिए उसके भीतर छिपा तेज जाग उठता है। पिताश्री उससे संवाद भी करते हैं…पर जैसे ही वह उनकी मुक्ति के उपाय जानने का प्रयास करता है , अम्भोर के अधोमायास्त्र की शक्ति से प्रभाव से उसकी स्मृतियाँ फिर बिखरने लगती हैं।”

मायरा का पूरा शरीर सिहर उठा।उसे उदय…प्रभात…कुमार…प्रभा, सभी एक-एक कर याद आने लगे।
क्या…यह सब…केवल संयोग मात्र था या फिर..

कुछ देर तक मायरा बिल्कुल मौन बैठी रही। इसके बाल पानी की लहरों के साथ तैरते हुए कांप रहे थे। उसकी आंखों को देखकर ऐसा लग रहा था मानो किसी ने उसकी पूरी दुनिया ही बदल दी हो।

जिस यात्रा को वह अब तक केवल एक रहस्यमय खोज समझ रही थी… वह वास्तव में अठारह वर्ष पहले अधूरी रह गई नियति की वापसी थी।

उसने धीरे से नीलांबरी की ओर देखा,”तो… मुझे पृथ्वी पर भेजने के बाद क्या हुआ?”

नीलांबरी ने एक गहरी साँस ली। उसके चेहरे पर ऐसी वेदना उतर आई जिसे शब्दों में बाँधना कठिन था,”तुम्हें याद है, दंड सुनाए जाने के बाद महारानी एक शब्द भी नहीं बोली थीं?”

मायरा ने सिर हिलाया,”हाँ…”

“वह मौन इसलिए थीं क्योंकि उस समय वे केवल तुम्हारी माँ नहीं थीं… पूरे जललोक की महारानी भी थीं।”

“वे जानती थीं कि यदि तुम्हें बिना स्मृतियों के पृथ्वी पर भेजा गया तो शायद तुम कभी लौटकर नहीं आओगी और यदि स्मृतियाँ रहने दी गईं तो अम्भोर उन्हें पढ़ लेगा कि भविष्य में तुम्हें क्या करना है।”

मायरा विस्मय से सुन रही थी।

नीलांबरी आगे बोली, “इसी कारण माता श्री ने एक ऐसा निर्णय लिया जिसे आज तक कोई नहीं जानता। उन्होंने अपनी समस्त इच्छाशक्ति..अपनी चेतना…और तुम्हारे जीवन की प्रत्येक स्मृति…एक-एक करके नागमणि के दिव्य स्पर्श में सुरक्षित कर दी।”

मायरा की आँखें भर आईं, “मगर..इतनी शक्ति…कोई कैसे दे सकता है?”

आर्यकेतु ने उत्तर दिया, “अवश्य दे सकता है यदि वह माँ हो।”

फिर से कुछ क्षणों के लिए ऐसा मौन छा गया कि केवल दूर बहते जल की ध्वनि ही सुनाई दे रही थी।

नीलांबरी ने आगे कहा, “माता श्री जानती थीं कि इस प्रक्रिया के बाद उनका शरीर अधिक समय तक जीवित नहीं रहेगा फिर भी उन्होंने एक पल के लिए भी संकोच नहीं किया।”

उसने माँ को याद करते हुए अपनी आँखें बंद कर लीं। उसके चारे पर जैसे पूरी दुनिया का दर्द सिमट आया, “उन्होंने कहा था यदि मेरी स्मृतियाँ मेरी पुत्री को उसके सत्य तक पहुँचा कर उसके जीवन का लक्ष्य प्राप्त करने में सहायक हों… तो मेरा जीवन सफल है।”

मायरा अब अपने आँसू रोक नहीं सकी। उसके होंठ काँप उठे, “माँ…”

नीलांबरी ने उसे अपनी बाँहों में भर लिया, “उन्होंने तुम्हें खोया नहीं था नील…उन्होंने तुम्हें भविष्य के लिए सुरक्षित किया था।”

कुछ देर बाद जब मायरा का मन थोड़ा शांत हुआ तो उसने पूछा, “लेकिन… मुझे पृथ्वी पर किसने पहुँचाया?”

नीलांबरी ने उत्तर दिया, “जललोक के महामंत्री ने। बहुत वर्षों पहले उन्होंने एक पृथ्वीवासी का जीवन बचाया था।उस उपकार के बदले उस दंपति ने वचन दिया था यदि कभी जललोक को हमारी आवश्यकता हुई… तो हम अपने प्राण देकर भी उसका ऋण चुकाएँगे।”

“वही दंपति तुम्हारे माता-पिता बने। तुम्हारा रूप भी बदल दिया गया…तुम्हारी पूँछ के स्थान पर मानव के चरण…तुम्हारे नीले रक्त को सामान्य रक्त जैसा बना दिया गया…और तुम्हें मनुष्यों की एक साधारण बालिका बनाकर पृथ्वी पर पहुँचा दिया गया।”

मायरा के मन में अपने पृथ्वी वाले माता-पिता का चेहरा उभर आया।उसकी आँखों में कृतज्ञता भर आई, “उन्होंने मुझे कभी यह महसूस नहीं होने दिया कि मैं उनकी बेटी नहीं हूँ।”

नीलांबरी मुस्कराई, “तुम उनकी बेटी ही हो। रक्त से नहीं…प्रेम से।”

मायरा ने पहली बार मुस्कुराने का प्रयास किया।फिर उसका चेहरा अचानक गंभीर हो गया, “और अम्भोर?क्या इस सबके बाद उसने मुझे ढूँढ़ना छोड़ दिया?”

नीलांबरी की मुस्कान तुरंत गायब हो गई, “नहीं। उसने तुम्हें कभी नहीं छोड़ा। पहले उसने समुद्र के प्रत्येक लोक में तुम्हें खोजा।।फिर उसे विश्वास हो गया कि तुम्हें पृथ्वी पर भेजा गया है। उस दिन से उसने निषिद्ध शक्तियों की साधना आरम्भ कर दी।”

“धीरे-धीरे…वह वैसा नहीं रहा जैसा कभी था।” उसकी महत्वाकांक्षा प्रेम से कहीं बड़ी हो चुकी थी।” आर्यकेतु ने आगे कहा, “अब उसे केवल नीलवलया नहीं चाहिए थी…उसे सम्पूर्ण समुद्र चाहिए था।”

मायरा चुप रही।

“एक दिन…”, नीलांबरी बोली।।”उसने हमारे ही एक सैनिक को अपने वश में कर लिया।और एक रात…”उसने निषिद्ध अंधशक्ति को जललोक के भीतर प्रवेश करा दिया।”

मायरा को अचानक वह नगर याद आ गया…जहाँ प्रवेश करते समय उसने संगमरमर की मूर्तियाँ देखी थीं।

नीलांबरी ने उसकी ओर देखा। तुम्हें आते हुए उन मूर्तियों की याद है जो नगमे थीं! मूर्तियाँ नहीं थीं।वे हमारे लोग थे।”

मायरा का शरीर जैसे सुन्न हो गया, “क्या…?”

“हाँ। वह शक्ति जीवन नष्ट कर रही थी। जिस किसी को छूती, .वह उसी क्षण शिला बन जाता। चलते हुए सैनिक…खेलते हुए बालक..प्रार्थना करती स्त्रियाँ..यहाँ तक कि पहरे पर खड़े प्रहरी भी…एक-एक करके संगमरमर की प्रतिमाएँ बनते चले गए।”

मायरा को अब समझ आया कि उन प्रतिमाओं के चेहरों पर भाव और भय इतना जीवित क्यों लग रहे थे। वे कलाकार की बनाई मूर्तियाँ नहीं थे बल्कि…

फिर मायरा ने पूछा, “अब..मुझे क्या करना होगा?”

नीलांबरी ने उसकी ओर ध्यान से देखा, “हमारा काम तुम्हें अतीत स्मरण करवाना था और अब यहीं से तुम्हारा वास्तविक प्रायश्चित आरम्भ होता है। पिताश्री को मुक्त कराना…अम्भोर को रोकना…नागमणि का तेज लौटाना…ये सब आवश्यक हैं किन्तु ये तुम्हारा प्रायश्चित नहीं हैं।”

मायरा ने आश्चर्य से पूछा, “तो फिर?”

नीलांबरी ने दृढ़ स्वर में कहा, “तुम्हारा प्रायश्चित अपने भीतर उस दोष को समाप्त करना है जिसने तुम्हें सत्य से अधिक मोह पर विश्वास करना सिखाया था। तुम्हें वह बनकर लौटना होगा जो तुम अठारह वर्ष पहले थीं ही नहीं।केवल राजकुमारी नहीं एक ऐसी संरक्षिका जिसके निर्णय पर सम्पूर्ण जललोक निश्चिंत होकर अपना भविष्य सौंप सके।”

मायरा ध्यान से सुन रही थी,”और यह कैसे होगा?”

नीलांबरी ने उत्तर दिया,”उसका उत्तर तुम्हें हम नहीं देंगे, वह तुम्हें देगा जिसने सदियों से योग्य संरक्षकों की परीक्षा ली है।”

“कौन?”

नीलांबरी ने जल में कहीं दूर देखा, “समय आने पर…समुद्र स्वयं।

उसी क्षण दूर कहीं जल की गहराइयों में एक रहस्यमयी नील प्रकाश चमका मानो किसी ने उनकी बात सुन ली हो।
Megha

( लो भइया बहन जी लोग, एक मायरा का अतीत तो स्पष्ट हो गया अब बारी है कुमार की। मायरा को तो अब जो करना है करेगी ही मगर आप लोग भी वो कीजिए न जो आपको करना है…कमेंट्स)

WhatsApp Image 2026-06-26 at 18.05.06 (1) — Vcare Language Academy

Author

Leave a Comment