बात एक रात की
**************
भाग चौदह
***********
सीनियर इन्सिपेक्टर माचवे ने बहुत सोच समझ कर सबसे पहले इस केस को चुना था , उन्हें लगा जिस थ्योरी को वो फौलो कर रहे हैं, यह केस उसके सबसे नजदीक ठहरता है,
लिहाजा वो उसी केस की महीन तफ्तीश में लग गये थे।
फॉरेस्ट ऑफिस ने बहुत ही हल्का आरोप लगाया था,विजयघाट्गे और उसके दोस्तों पर और वो भी बिना किसी ठोस सुबूत के, ऐसे एक आरोपों से बरी हो जाना विजय घाट्गे जैसी किसी भी शख्सियत के लिए बहुत ही आसान काम था, और फिर यह बात माचवे के मन में एक शक सा भी पैदा कर रही थी।फॉरेस्ट विभाग कभी भी इस तरह से काम नहीं करता, साथ में उसी जगह से चार पांच किलो मीटर दूर बलात्कार की जो यह लोमहर्षक दुर्घटना घटी थी, वह चीजों को दूसरी तरह से जोड़ रही थी यह घटना भी एक तरह से शिकार करने की
ही थी जानवर का शिकार न सही, खुद एक जानवर बन कर एक मासूम लड़की का शिकार सही।
विजय घाट्गे और उसके दूसरे दोस्त इस घटना के गुनहगार न मान लिए जाएं,कहीं इसीलिए तो फॉरेस्ट विभाग
ने दबाव में आकर उनको बचाने के लिए यह साक्ष्य तैयार नहीं किया,खामाख्वाह एक सधारण से झूठे से शिकार के केस में फंसा कर।
दूसरी बात यह थी कि सिर्फ यही एक केस ऐसा था जिसमें संभावना थी किसी सामान्य आदमी के शामिल होने की,विजय घाट्गे से जुड़े हुए दूसरे और किसी केस में किसी मामूली आदमी का होना संभव नहीं लग रहा था,इसलिए
जान बूझ कर सबसे पहले यही केस चुना था माचवे ने,और जानबूझ कर हवा में तीर छोड़ा ,उसे लगा था कि थोड़ा सा
भी अगर उसका अंदाजा सही निकला तो उसकी आज की मनोज पंवार से यह मुलाकात जरूर एक एक छोटा मोटा तूफान खड़ा कर देगी और अगर उसकी सोच में दम हुआ,
तो फिर जरूर उसकी इस जांच को तुरंत रोकने की कोशिशें
भी शुरू हो जायेंगी और उसे यह पता चल जायेगा कि उस
का हवा में छोड़ा यह तीर बिल्कुल ठीक निशाने पर जा कर लगा है,मगर माचवे को यह पता नहीं था कि उसकी मनोज पंवार के यहां विजिट से पहले उसके सीनियर जोशी,नारायण घाट्गे के यहां क्या कह कर के आये थे।
जो भी हो इन्सिपेक्टर माचवे का अंदाजा एकदम दुरूस्त निकला था,और थोड़ी ही देर बाद मनोज पंवार खुद पहुंच गया था घाट्गे हाऊस में।
” मैं तो तुरंत आपको फोन करना चाह रहा था,आप को यह सब बताने के लिए..फिर लगा कि फोन करना उचित नहीं होगा…फोन वगैरह तो टैप भी किये जा सकते हैं…खुद जाना ही ठीक रहेगा.. इसलिए तुरंत चला आया…”
“यहां खुद आ कर भी तुमने एक गलती ही की है मनोज , तुम्हें इस तरह पेनिक में आने की कोई जरूरत नहीं थी…खैर आ ही गये हो…तो एक बात समझ लो..हमारे पास ठोस सुबूत मौजूद है और वो भी सरकारी कि जब यह घटना हुई तो विजय अपने दोस्तों के साथ रिजर्व फॉरेस्ट एरिया में मौजूद था..इसलिए डरने की कोई बात नहीं है बल्कि यदि यह एन्क्वायरी आगे चलती है तो हम बहुत आसानी से यह आरोप लगा सकते हैं कि बजाय वो हत्यारे को पकड़ने के हमारे ही
बेटे को कठघरे में खड़ा कर रहे हैं,सियासती फायदे के लिए,मैं
न तो जोशी को कोई फोन करूंगा ,और न ही उस पर किसी तरह का कोई दबाव डालूंगा…करने दो पोलिस को वो जो भी करती है…पार्टी अब.विजय की जगह मुझे मैदान में उतारना चाह रही है.तो करने दो इन लोगों को कोई गलती , हम तुरंत इस मुआमले को पोलिस और सरकार की मिलीभगत बताते हुए ,इस सारे केस को दूसरा ही रंग दे देंगे, बस यह ख्याल रहे तुम्हें अब इस बात को ले कर कतई परेशान होने की जरूरत नहीं है…”
मनोज पंवार , नारायण घाट्गे की बातें सुन कर एक बारगी तो हैरान रह गया…अपने बेटे की हत्या में भी खुद का फायदा तलाश रहा है यह आदमी,पर दूसरे पल ही उसे ख्याल आया कि एक दिन विजय ने उससे हंसते हुए क्या कहा था,
“मेरे बाबा, तुम सोचते हो बहुत.प्यार करते हैं मुझ से,बिल्कुल नहीं…अरे उनका बस चले और अगर उनका एक खून करना मुआफ हो….तो वो अभी खड़े खड़े गोली मार दे मुझे…नाक तक भर चुके हैं वो मुझ से..वो तो अपनी इमेज का,और कुछ मेरी आई का ख्याल करते हैं…वरना उनका मानना तो यह है कि मैं उनके जो भी दुष्कर्म हैं,उन सब का एक सामूहिक फल हैं…देख लेना..मुझे कभी कुछ हुआ न तो वो शायद यह दिखा
न सके,पर मन ही मन बहुत खुश होंगे कि अब उनके सिया सती किरदार पर हर्फ आने का कोई खतरा नहीं…”
कितनी पेचीदा हैं, यह मानवीय प्रवृतियां,अपनी हैरत और उलझन में घिरा हुआ मनोज तो घाट्गे हाऊस से वापस चला गया,इस बात से एकदम बेख़बर कि उस पर कोई नज़र रखे हुए है।
” क्या हुआ…फिर कोई नयी थ्योरी ले कर आए हो मेरे पास…” आज सुबह कुछ झुंझलाए हुए बैठे थे मनोहर जोशी अपने ऑफिस में..शाम को काफी खरी खोटी सुननी पड़ी थी उन्हें ,तीन चार दिनों बाद भी कोई ठोस सुराग न जुटा पाने के
एवज में…”देखो.जोशी ,मानता हूं तुमने आज तक बहुत सारे मुआमलों में अपनी.खासी काबिलियत दिखाई है,पर यह केस कुछ अलग है…सियासी एंगल जुड़ा है.इससे…नारायण घाट्गे को शायद तुम ठीक से.नहीं जानते,सुन रहे हैं , बेटे.की जगह
उसे टिकिट दे रही है उसकी पार्टी,एक तो सिम्पैथी की लहर , और दूसरे उसकी कांटेदार जुबान, पीठें छील देगा वो हम लोगों की…समझ रहे हो न…”
मनोहर जोशी अपनी.पीठ के पीछे अपनी मुट्ठियां बांधे खामोशी से झेल रहे थे, गृहमंत्री की इस करारी डांट को, और
किसी तरह झेल रहे थे अपने इस बेवजह अपमान को।
**********************
(शेष आगे…)
अजय कुमार