मेघा राठी का उपन्यास ‘वहाँ कौन है ‘ भाग -36

वहाँ कौन है? (भाग 36)

जंगल की नीरवता अब पहले जैसी नहीं रही थी।अभी कुछ देर पहले तक जहाँ सबके मन में उस रहस्यमयी जलाशय को लेकर उत्सुकता थी, वहीं अब सबके भीतर एक अनजाना उत्साह था। किसी को पता नहीं था कि ऐसा क्यों हो रहा है पर ऐसा लग रहा था मानो लंबे विश्राम के बाद शरीर में नई ऊर्जा भर गई हो।

सब अपने-अपने बैग कंधों पर टाँगे कुमार के पीछे-पीछे चल रहे थे।

उनके साथ वही छोटी-सी गुलाबी चिड़िया उड़ रही थी।वह कभी किसी टहनी पर बैठ जाती, सबके निकट आते ही फिर पंख फड़फड़ाकर कुछ दूर उड़ जाती। मानो उन्हें संकेत दे रही हो कि रास्ता यही है।

सुक्खी ने कुछ देर तक उसे देखा, फिर मुस्कुराते हुए बोला, “सर… अब तो मुझे पूरा विश्वास हो गया है कि यह चिड़िया हमें रास्ता दिखा रही है।”

उदय ने बिना पीछे देखे उत्तर दिया, “अच्छा! सच में ऐसा लगता है क्या? फिर तो अगली बार तुम कहोगे कि इसे जंगल का नक्शा भी याद है।”

सब हँस पड़े।प्रभा ने चुटकी ली, “नक्शा ही क्यों सर ? मुझे तो लगता है इसका आधार कार्ड भी यहीं का बना होगा। मुझे तो लगता है इसका राशन कार्ड भी बन गया और अब यह प्रोफेशनल गाइड का सर्टिफिकेट लेकर आई है। गुफा पर पहुंचने पर यह अपनी फीस वसूल लेगी हमसे। हमें पहले से पैसे तय कर लेने चाहिए थे।”

इस बार तो सबके साथ– साथ प्रभात भी हँसी रोक नहीं पाया।सुक्खी ने मुँह बना लिया, “हँस लो, हँस लो… जब यह सच निकलेगा न, तब बताना मुझे कि मै मजाक कर रहा था! “

मायरा भी हल्का-सा मुस्कुराई पर उसकी आँखें उसी चिड़िया पर टिकी रहीं।उसे नीलांबरी के अंतिम शब्द याद आ गए—

“जब भी तुम्हें हमारी आवश्यकता होगी… हम किसी-न-किसी रूप में तुम्हारे साथ होंगे।”

क्षणभर के लिए उसके मन में विचार कौंधा, “क्या… यह उसी का संकेत है? क्या दीदी ही…”

पर अगले ही पल उसने सिर झटक दिया, ” धत्त.. मस्तिष्क में वही सब चल रहा है। मैने उन्हें पुकारा नहीं तो वो बेवजह क्यों मेरे संग चिड़ियाँ बनकर फुदकती घूमेंगी! कैसे भी उनको रूप परिवर्तित करते तो मैने नहीं देखा न ही मुझे ऐसा याद है कि वह ऐसा कुछ कर सकती हैं।”

कुछ दूर आगे बढ़ने पर जंगल का स्वरूप बदलने लगा।ऊँचे-ऊँचे साल और सागौन के वृक्षों के बीच अब विशाल काली चट्टानें दिखाई देने लगीं। कई स्थानों पर उनकी सतह पर गहरी हरी काई जमी हुई थी। कहीं-कहीं बेलों ने उन्हें पूरी तरह ढँक रखा था।

चट्टानों पर गुफा के द्वार के निशान खोजते सभी साथियों को कुमार ने आवाज दी और वह एक स्थान पर रुक गया।उसने सामने इशारा किया।दो विशाल शिलाखंड…और उनके बीच तिरछा फँसा वही छोटा-सा पत्थर।

उदय मुस्कुराया, “लो… इस बार भी कुमार ने ही हमें पहुंचाया यहाँ।”

कुमार बिना कुछ बोले आगे बढ़ा।इस बार उसके चेहरे पर घबराहट नहीं थी। उसने हथेली से उसकी सतह साफ की। कुछ क्षण वह उसे देखता रहा, मानो उसकी बनावट याद कर रहा हो।

फिर दोनों हाथों से उसे उसी विशेष कोण पर पकड़कर धीरे-धीरे घुमाने लगा।

पहले कुछ नहीं हुआ, फिर…अगले ही क्षण पूरी चट्टान हल्का-सा काँपी।पत्थरों के नीचे की भूमि धीरे-धीरे खिसकने लगी और द्वार पुनः खुल गया।अंदर से ठंडी, सीलन भरी हवा का झोंका बाहर आया।

उदय ने सबको गंभीर स्वर में निर्देश दिए, “जैसा पहले तय हुआ था, उसी क्रम में उतरेंगे। किसी भी स्थिति में रस्सी छोड़े बिना आगे नहीं बढ़ना। रेडियो हर समय चालू रहेंगे।”

प्रभात ने पास की विशाल शिला के चारों ओर स्टैटिक क्लाइम्बिंग रोप बाँधी और उसकी मजबूती दो बार जाँची।

इसके बाद सभी ने अपने हार्नेस, करबीनर, दस्ताने, सेफ्टी हेलमेट, एलईडी हेडलैम्प, घुटना सुरक्षा पैड, रेडियो कम्युनिकेशन सेट, प्राथमिक उपचार किट और ऑक्सीजन कैनिस्टर की जाँच की।

सब तैयार थे।सबसे पहले उदय नीचे उतरा।फिर प्रभात…उसके पीछे प्रभा…फिर मायरा…सुक्खी…और सबसे अंत में कुमार।

लगभग दस मिनट बाद सभी फिर उसी विशाल गुफा में खड़े थे।हेडलैम्पों की रोशनी चारों ओर फैल गई।दीवारें पहले जैसी ही थीं। थोड़ी सीलन…पत्थरों से टपकती जल की बूंदें…और दूर तक पसरा ऐसा मौन, जिसमें अपनी साँसों की आवाज़ भी स्पष्ट सुनाई देती थी।

वे सभी एक साथ पंक्तिबद्ध होकर गुफा में आगे की ओर बढ़ने लगे। पहले के समान ही गुफा भीतर की ओर धीरे-धीरे सँकरी होती जा रही थी। ऊपर छत से पानी की बूँदें लगातार टपक रही थीं।कहीं-कहीं चट्टानों पर सफेद कैल्साइट की परतें चमक रही थीं।

छत से लटकी लंबी पत्थर की संरचनाएँ ,”स्टैलेक्टाइट्स”…और नीचे जो ज़मीन से ऊपर उठते हुए स्टैलेग्माइट्स” को निहारती हुए वे आगे बढ़ते जा रहे थे।

वे धीरे-धीरे आगे बढ़ते गए। अब गुफा थोड़ा चौड़ी हो गई।सामने पत्थरों की एक विशाल दीवार खड़ी थी लेकिन अब वे जानते थे कि यह प्राकृतिक नहीं थी।

कुमार, प्रभा और उदय ने एक साथ टॉर्च का प्रकाश ऊपर डाला।दोनों ओर चौखट जैसी सीधी रेखाएँ स्पष्ट दिखाई दे रही थीं। बीच में वही वृत्ताकार चिह्न उभरा हुआ था जो उनके पास बैग में रखी पट्टिका पर बना था।

उदय ने बैग नीचे रखा,”कोई भी जल्दबाज़ी नहीं करेगा।”

उसने क्रम से अपने उपकरण निकालने शुरू किए।सबसे पहले थर्मल इमेजिंग कैमरा।स्क्रीन पर पूरी दीवार उभर आई।बाकी चट्टानों का तापमान लगभग समान था पर मध्य का गोलाकार भाग अब भी उनसे अलग दिखाई दे रहा था।

“तापमान का अंतर अभी भी मौजूद है।” उदय ने कहा।प्रभा ने नोटबुक में आँकड़े लिख लिए।

इसके बाद प्रभात ने ग्राउंड पेनिट्रेटिंग रडार (Ground Penetrating Radar) सक्रिय किया।धीरे-धीरे उसने पूरी दीवार पर उसका सेंसर चलाया।कुछ ही क्षणों बाद स्क्रीन पर कई परतें दिखाई देने लगीं।

प्रभात की आँखें चमक उठीं।”सर… पुष्टि हो गई।”

“क्या?”

“दीवार के पीछे लगभग बारह से पंद्रह मीटर का रिक्त स्थान है।”

सुक्खी उत्साहित होकर बोला, “मतलब सचमुच इसके पीछे कोई कक्ष है!”

उदय ने तुरंत उत्तर नहीं दिया।उन्होंने अल्ट्रासोनिक रेज़ोनेंस स्कैनर से भी वही परीक्षण किया।इस बार परिणाम और स्पष्ट था। दीवार प्राकृतिक नहीं थी।उसे जानबूझकर बनाया गया था।

मायरा ने उस दीवार का ध्यान से निरीक्षण करते हुए पूछा , “अगर यह द्वार है… तो खुलता क्यों नहीं? हम उस पट्टिका को यहां लगाकर क्यों नहीं देख रहे? रिस्क तो लेना ही होगा न!”

कुमार अब तक शांत खड़ा सब देख रहा था।उसकी दृष्टि बार-बार उसी गोलाकार स्थान पर जा रही थी।

उदय ने बैग से सावधानीपूर्वक वही धातु की वृत्ताकार पट्टिका निकाली।जैसे ही वह पट्टिका दीवार के निकट आई, उसकी नक्काशी पर हल्की सुनहरी रेखाएँ चमक उठीं। सबने इसे स्पष्ट देखा।

प्रभा फुसफुसाई, “क्या… पिछली बार भी ऐसा हुआ था?”

“नहीं…” उदय का स्वर धीमा था, “यह पहली बार हो रहा है।”

कुमार अनायास आगे बढ़ा।उसने धीरे से पट्टिका अपनी हथेलियों में ले ली।क्षणभर के लिए पूरी गुफा अस्वाभाविक रूप से शांत हो गई।

फिर…मानो किसी ने हवा में स्वर्ण कण बिखेर दिए हों।छोटे-छोटे चमकते बिंदु गुफा के अंधकार में तैरने लगे। पहले दस…फिर सैकड़ों…और देखते ही देखते पूरा कक्ष सुनहरे और रुपहले प्रकाश-कणों से भर गया। वे किसी धूल की तरह नहीं थे।ऐसा लग रहा अथा जैसे उनमें अपना जीवन था।

वे कभी एक वृत्त बनाते…कभी सर्पिल…कभी किसी अदृश्य लय पर घूमने लगते।

सुक्खी ने विस्मय से कहा, “सर… ये… ये क्या है?”

प्रभात ने तुरंत कैमरा उनकी ओर घुमा दिया।पर स्क्रीन पर…कुछ भी नहीं था।केवल खाली गुफा।

“असंभव…”,उसने कैमरा दोबारा देखा।

नंगी आँखों से पूरा कक्ष चमक रहा था।लेकिन कैमरे में…कुछ भी नहीं दिख रहा था।

उसी समय वे समस्त प्रकाश-कण धीरे-धीरे एक दिशा में बहने लगे।और फिर मानो किसी अदृश्य आकर्षण से खिंचकर सबके सब कुमार के चारों ओर घूमने लगे।।उनकी गति तेज होती गई…तेज…और फिर अचानक..कुमार की आँखों के सामने संसार बदलने लगा।

उसे लगा जैसे वह उसी गुफा में नहीं खड़ा।दूर…बहुत दूर…नीले आकाश के नीचे हिम-सी चमकती पर्वत-श्रृंखलाएँ थीं।उन पर्वतों पर धूप पड़ते ही वे चाँदी नहीं, मानो जीवित प्रकाश की तरह दमक रहे थे।उनके बीच फैला एक अनुपम नगर, जहाँ के भवन पत्थरों के नहीं, किसी पारदर्शी रजत-क्रिस्टल से बने प्रतीत होते थे।

कुछ आकृतियाँ धीरे-धीरे उन भवनों के बीच चल रही थीं।उनकी त्वचा का रंग अलग था। किसी की त्वचा सुनहरी, किसी की रुपहली…लंबे काले केश और गहरी नीली आँखें…

वे मनुष्य जैसे थे पर फिर भी कुमार को स्पष्ट आभास हो रहा था कि वे मनुष्य नहीं थे। तभी एक तीव्र प्रकाश लहराया। पूरा दृश्य धुँध में बदल गया।

कुमार लड़खड़ा गया।

“कुमार!”,उदय ने झट से उसे संभाला।

कुमार की साँसें तेज चल रही थीं। वाह आँखें फाड़े अब भी उस दृश्य को खोज रहा था जो एक पल पहले उसके सामने था और सुनहरे-रुपहले कण…वे अब भी उसके चारों ओर घूम रहे थे । कुमार को साफ महसूस हुआ जैसे वे मौन भाषा में कुछ कहने का प्रयास कर रहे थे और फिर वे लुप्त हो गए।

” तुम ठीक हो न?”, उदय ने पूछा तो कुमार ने सिर हिला दिया। सुक्खी ने उसकी तरफ पानी की बोतल बढ़ा दी और उसका कंधा थपथपा दिया। कुमार ने पानी पीकर गहरी सांस के साथ एक कराह निकाली।

सभी कुमार को देखने लगे।

” मै सही हूं। ” कुमार ने सबको आश्वस्त किया।

उसके बाद कुमार की नजर का पीछा करते हुए उनकी नजर उस पत्थर के द्वार पर गई। विशाल पत्थर के उस रहस्यमय द्वार के सामने कुछ क्षण तक कोई कुछ नहीं बोला। गुफा की निस्तब्धता में केवल उपकरणों की हल्की-सी बीप… और कहीं ऊपर से टपकती जल-बूँदों की ध्वनि सुनाई दे रही थी।

उदय ने पुनः थर्मल कैमरे से पूरी दीवार का निरीक्षण किया।स्क्रीन पर वही परिणाम उभरा।बीच का गोलाकार भाग बाकी चट्टानों की अपेक्षा अलग तापमान दिखा रहा था।

प्रभात ने इस बार ग्राउंड पेनिट्रेटिंग रडार (Ground Penetrating Radar) का सेंसर दीवार पर रखा। कुछ क्षण बाद उसकी स्क्रीन पर कई लहरदार रेखाएँ उभरने लगीं।

वह ध्यान से उन्हें पढ़ता रहा।

“सर…”

“हाँ?”

“दीवार के पीछे लगभग आठ से दस मीटर तक खोखला भाग है।”

सुक्खी की आँखें चमक उठीं, “यानी सचमुच इसके पीछे कोई कक्ष है!”

“संभवतः…” उदय ने शांत स्वर में कहा, “लेकिन उसकी बनावट सामान्य गुफाओं जैसी नहीं है। देखो…”उन्होंने स्क्रीन सबके सामने कर दी। “यहाँ दीवार समाप्त होते ही एक समानान्तर रिक्त स्थान है… जैसे किसी ने जानबूझकर इसे निर्मित किया हो।”

प्रभा ने धीरे से कहा”यानी… यह प्राकृतिक गुफा नहीं? कम से कम यह हिस्सा तो बिल्कुल नहीं।”

इसी बीच कुमार अब भी उसी वृत्ताकार चिह्न को एकटक देखे जा रहा था।

अचानक…गुफा के भीतर हवा का एक हल्का-सा कंपन हुआ।पहले एक…फिर दो…फिर सैकड़ों…सुनहरे और रुपहले प्रकाश-कण फिर से न जाने कहाँ से प्रकट होने लगे।वे धीरे-धीरे हवा में तैरते हुए पूरे कक्ष में फैल गए।

“फिर आ गए…”प्रभा विस्मित रह गई।

प्रभात ने तुरंत अपना स्पेक्ट्रल एनर्जी एनालाइज़र सक्रिय किया।स्क्रीन पर कुछ क्षण तक रेखाएँ उभरती रहीं।फिर केवल एक शब्द दिखाई दिया, “UNKNOWN”

“असंभव…”, वह बुदबुदाया।”ऊर्जा तो है… लेकिन उपकरण उसकी प्रकृति पहचान ही नहीं पा रहा।”

सुक्खी ने उत्सुकतावश एक कण को छूना चाहा।जैसे ही उसकी उँगलियाँ निकट पहुँचीं…वे कण धीरे से हट गए।

“अरे!”, वह चौंक पड़ा।”ये तो मुझसे बच रहे हैं!”

“शायद हवा के प्रवाह से…”, प्रभा ने कहा।

“गुफा के भीतर हवा कहाँ चल रही है मैडम?”, सुक्खी ने तुरंत पलटकर कहा।

उसी समय वे सभी प्रकाश-कण जैसे किसी अदृश्य संकेत का पालन करते हुए एक साथ घूमने लगे।धीरे-धीरे वे सब कुमार के चारों ओर एक वृत्त बनाकर मंडराने लगे। कुमार की आँखें धीरे–धीरे मूंदने लगीं और फिर अधखुली हो गई।

उदय ने यह दृश्य देखते ही हाथ उठा कर सबको रोक दिया, “कोई भी कुमार को नहीं छुएगा।”

प्रभा ने आश्चर्य से पूछा, “क्यों?”

उदय का स्वर गंभीर था, “इसे पहले भी ऐसे पूर्वाभास हो चुके हैं।
हमारे पिछले दो अभियानों में भी। जिन स्थानों का कोई नक्शा नहीं था… जिन रास्तों का कोई अस्तित्व हमें नहीं पता था… कुमार ने उन्हें पहले ऐसे ही देखा था। बाद में वे सब बिल्कुल वैसे ही मिले।”

सुक्खी ने धीरे से कहा, “मतलब… अब फिर कुछ दिखने वाला है?”

उदय ने केवल सिर हिला दिया।

उधर कुमार की आँखें आधी खुली थीं पर उनमें इस गुफा का कोई प्रतिबिम्ब नहीं था।उसकी दृष्टि कहीं बहुत दूर चली गई थी।कुछ क्षण बाद उसके होंठ स्वयं बोलने लगे ,”एक… बहुत ऊँची पहाड़ी…”

सब चुप रहे।

“उसके नीचे… बहुत विशाल जलाशय…” फिर वह अचानक रुक गया। उसकी भौंहें सिकुड़ गईं। “नहीं…”

“क्या हुआ?” उदय ने धीरे से पूछा।

“दृश्य बदल गया…”कुछ पल बाद उसने फिर कहना शुरू किया,
“एक… बहुत बड़ा मंदिर…”

मायरा का हृदय धड़क उठा, “कैसा मंदिर?”

“पता नहीं लेकिन यहां बहुत उजाला है , सूरज से भी ज्यादा।दीवारें… चमक रही हैं जैसे…” वह शब्द खोजने लगा। “जैसे उन पर किसी ने चाँदी और सोने की धूप बिखेर दी हो…”

सुक्खी मुस्कुरा दिया, “सर, लगता है मंदिर में सूर्य देखने के लिए बहुत सारे दर्पण लगे हुए होंगे।”

प्रभात भी हल्का-सा हँस पड़ा।

उदय ने मुस्कुराते हुए कहा, “या फिर हो सकता है किसी विशेष पत्थर या धातु का प्रभाव हो।”

उधर कुमार अब भी उसी पूर्वाभास में था।”कुछ लोग दिखाई दे रहे हैं…”

“कितने?”

“बहुत लोग हैं। सब… उसी मंदिर में हैं। उनकी त्वचा…”वह फिर रुक गया। “अजीब है यह तो!.”

“क्या?”

“ऐसा लग रहा है जैसे उन पर सुनहरी और रुपहली रोशनी पड़ रही हो।”

उदय ने तुरंत कहा, “शायद मंदिर की दीवारों से परावर्तित प्रकाश होगा।”

“हाँ…”,प्रभा ने भी सहमति में सिर हिलाया।”पुराने मंदिरों में ऐसा सम्भव है।”

कुमार ने जैसे उनकी कोई बात सुनी ही नहीं।उसकी साँसें और धीमी हो चुकी थीं।कुछ क्षण बाद उसके चेहरे पर एक अनायास मुस्कान उभरी।

“अब…”

“क्या दिखाई दे रहा है?”

“एक लड़की…” सुक्खी ने प्रभात की ओर बेवजह ही आँख मारकर इशारा किया।

“वह बहुत सुंदर है। उसके हाथ में..” कुमार ने हवा में जैसे कोई गोल वस्तु थाम ली। “…रंगों से भरा हुआ थाल…”

मायरा अनायास एक कदम आगे बढ़ गई, “फिर?आगे बताओ कुमार तुम क्या देख रहे हो?”

“वह मेरी ओर देख रही है..मुस्कुरा रही है…”, अचानक कुमार के दोनों हाथ अनायास आगे बढ़ गए।।”रुको…”

उसके होंठ काँपे “तुम…तुम कौन हो?”

अगले ही क्षण उसने जैसे किसी अदृश्य प्रहार का अनुभव किया।
वह एक कदम पीछे डगमगाया।उदय ने उसे संभाल लिया।कुमार ने तेज़ी से साँस लेते हुए आँखें खोलीं।

“क्या हुआ?” प्रभा ने पूछा।

वह अभी भी स्तब्ध था। “उसने…”। उसने अपने कपड़ों की ओर देखा…

मानो सचमुच उन पर कुछ लगा हो। “…पूरा रंग मेरे ऊपर उछाल दिया…”

“फिर?”

“फिर क्या? .. सब समाप्त…”उसने सिर पकड़ लिया।इसके आगे कुछ भी नहीं दिखा।” गुफा में फिर वही रहस्यमय शांति लौट आई।

सभी अपने-अपने ढंग से उन पूर्वाभासों का अर्थ निकालने का प्रयास कर रहे थे।
Megha
( मायरा के जललोक से आने के बाद गुफा में आना बहुत मेहनत का काम लग रहा है। लिखना आसान नहीं , एक लोक से दूसरे लोक के बारे में तुरंत, दो अलग कहानियां , रहस्य …एक कप चाय और साथ में आपके ढेर सारे कमेंट मिल जाएं तो एनर्जी मिल जाए। क्या कहते हो?)

WhatsApp Image 2026-06-26 at 18.05.06 (1) — Vcare Language Academy

Author

Leave a Comment