उस पार
भाग -15
इस मठ में भी तवांग के मठ की तरह एक ही कतार में कक्ष बने हुए थे। मुझे असीमानंद ने एक कक्ष रहने के लिए दे दिया। कक्ष बाहर से टूटा फूटा नज़र आता था पर भीतर से ऐसा था मानो हाल ही बना हो।मुझे ये रहस्य समझ में नहीं आया। अंदर से हुबहू तवांग के मठ वाले कक्ष की प्रतिकृति लग रहा था। कक्ष के अंदर वैसे ही गोल शीशे वाली खिड़कियां, मेज कुर्सी, अलमारी सब हुबहू। एकबार तो ऐसा लगा मानो वही कक्ष वहां से उठाकर यहां धर दिया हो।
मैं जब भीतर से कक्ष का अवलोकन कर रहा था तब असीमानंद कक्ष के दरवाजे के बाहर खड़ा था और अपलक मेरी ओर देखे जा रहा था। कक्ष में मौजूद अलमारी को जिज्ञासावश मैनें यों ही खोल दिया। खोलते ही मारे आश्चर्य के मेरा मुंह खुला का खुला रह गया। मेरा तिरपाल का पिट्ठू बैग वहां रखा था। मैंने सोचा हो सकता है उस बैग जैसा किसी और का हो। मैं अपने आप को रोक न पाया और ‘ सर्र ‘ की आवाज के साथ उसकी ज़िप खोल दी। बैग में मेरा सामान ही था, मतलब बैग मेरा ही था किसी अन्य का नहीं।
मैं सोच में पड़ गया। तवांग के मठ से यहां मेरा बैग क्योंकर और कैसे आ गया? कौन लाया इसे? परंतु इन प्रश्नों के जवाब अनुत्त रित थे। आश्चर्य से मेरा मुंह खुला ही था कि असीमानंद की आवाज सुनाई दी।
” कहां खो गए ? अब थोड़ा आराम कर लो। अगर कुछ खाने की इच्छा हो तो मेज पर रखा है। थोड़ा आराम कर लें, सुबह बात होगी। “
मुझे थोड़ी भूख तो लग आई थी पर रात आधी से ज्यादा ढल चुकी थी इसलिए शिष्टतावश कहा, ” न -नहीं, भूख तो नहीं है पर थोड़ा आराम कर लेता हूं।”
मेरे इतना कहते ही असीमानंद अचानक गायब हो गया। मैंने चारों तरफ ध्यान से देखा पर ऐसी कोई जगह नहीं थी जहां छिपा जा सके। चारों ओर बड़ा सहन जैसा था। मैंने मन में सोचा कोई बात नहीं थोड़ा आराम कर लेते हैं। मैं अपने कक्ष के भीतर चला गया और लकड़ी के तख्त पर बिछे बिस्तर पर बैठ गया।सर्दी के मौसम के बावजूद कक्ष अंदर से काफी गरम था। ध्यान से देखा तो एक दीवार में जहां फायर प्लेस बना था उसमें मोटी -मोटी लकड़ियां सुलग रही थी।
अचानक मेरी नजर तख्त के पास रखी तिपाई पर पड़ी। वहां एक तश्तरी रखी थी जो ढकी हुई थी। मैनें उत्सुकतावश ढक्कन हटाया तो उसके अंदर पीतल के दो नक्काशीदार प्याले रखे थे। एक प्याले में कॉफी जैसा कोई सुगंधित द्रव्य भरा था जिसमें से भाप निकल रही थी और दूसरे प्याले में अनेक तरह के सूखे मेवे थे। मैं मेवे निकालकर खाने लगा और साथ में कॉफी जैसे तरल पदार्थ को पीने लगा जो एक घूंट के बाद पता चला कि कई तरह की जड़ी – बूटियों को मिलाकर बनाया हुआ है। तरल गले से नीचे उतरते ही मानो शरीर में बिजली का झटका लगा हो। पूरे शरीर में मानो कोई अव्यक्त ऊर्जा भर गई हो। खाद्य और पेय समाप्त होते ही आंखों के पपोटे भारी होने लगे और कब मैं बिस्तर के हवाले हुआ कुछ होश न रहा।
§§§§
§§§§
रात को अचानक किसी आहट से मेरी आंख खुल गई। मुझे महसूस हुआ मानो कमरे में कोई है। कुछ पल में मेरी आंखे अंधेरे में देखने की अभ्यस्त हुई तो एक धुंधली परछाई सी नजर आई जो मेरे सिरहाने के पास खड़ी थी। मेरी आंखे खुली तो वो मंद गति से कक्ष के बाहर जाने लगी। मुझे थोड़ा भय लगने लगा। मुझे महसूस हुआ मानो वो आदेश दे रही हो कि आओ मेरे पीछे। मैं सम्मोहित सा उठ खड़ा हुआ और उस परछाई के पीछे – पीछे उनींदा सा चल पड़ा।
थोड़ी देर मेरी चेतना पूर्ण जाग्रत हो चुकी थी। उसकी सफेद पारदर्शी साड़ी हवा में लहरा रही थी। बीच – बीच में पीछे मुड़कर मेरी ओर देख लेती थी। परिधान से वो कोई संन्यासिन लग रही थी। अनेक कक्षों, बारादरियों को पार कर वो एक चबूतरे पर रुक गई। मैंने देखा कि चबूतरा तीस गुणा तीस फीट का रहा होगा। चबूतरे के सामने महाकाली और भैरव की काले पत्थर की आदमकद प्रतिमाएं थी जो जीवंत दृष्टिगोचर हो रही थी।
संन्यासिन प्रतिमा के सामने बिछे एक आसन पर बैठ गई और मुझे समीप के एक आसन पर बैठने का इशारा किया। मैंने झटपट उसके आदेश का पालन किया मानो उसका जर खरीद गुलाम होऊं। अब वो संन्यासिन एकदम मेरे सामने थी। प्रतिमाओं के सामने जल रहे दीपों की रोशनी में उसका चेहरा स्पष्ट नज़र आ रहा था।
वो एक बीस -पच्चीस वर्ष की आयु की युवती थी। कच्चे दूध में सिंदूर मिला हो – शरीर की ऐसी रंगत। घने काले बाल, सुतवां नाक, नुकीली ठुड्डी, गुलाब की पंखुड़ियों सी आंखें। अपनी कल्पनाशील आंखों से अपलक मेरी ओर निहार रही थी।
मैं भी न जाने कब तक स्वप्नवत निहारता रहा उस रहस्यमयी युवती की ओर। आखिर मैंने ही मौन तोड़ा और पूछ बैठा उससे – ” कौन हो तुम …?”
” मेरा नाम शैलजा है। मुझे आदेशित किया गया है कि तंत्र की कुछ साधनाओं में तुम्हें पारंगत करूं ताकि आगे का रास्ता तुम अपने आप ढूंढ सको।”
अब मुझे उसके चेहरे पर गांभीर्य नज़र आया। मैंने उससे पूछा – ” क्या तुम्हें असीमानंद कापालिक ने या फिर कालिकानंद अवधूत ने भेजा है?”
” नहीं , बस मुझे मानसिक तरंगों से आदेशित कर तुम्हारे पास भेजा गया है। उसी आदेश का पालन करने के लिए यहाँ उपस्थित हूँ। “
” आप तो यहाँ नई आयी हुई लग रही हैं ?”
” नहीं ,तुम्हें शायद अंदाजा नहीं। मेरी आयु पचपन वर्ष है। चार वर्ष पहले एक गंभीर व्याधि के कारण मेरी मृत्यु हो गई थी। मेरे गुरु की सिखाई हुई परकाया प्रवेश सिद्धि से मुझे ये नया शरीर मिला है। तुम्हें शायद विश्वास न हो पर ये अटल सत्य है कि साधना और सिद्धि से प्रकृति पर तो विजय पाई ही जाती है साथ ही ऐसा कोई काम नहीं जो साधक के लिए संभव न हो सके। “
मैं सोचने लगा कि जीवन का लक्ष्य क्या है ? जीवन के उस पार क्या है? क्या ये जगत मिथ्या है ? मृत्यु के बाद क्या जीवन है? यदि है ,तो कैसा है? ऐसा यदि कुछ है तो उसे जानने, प्राप्त करने का मार्ग क्या है?
सदियों से हम ये सोचते – विचारते चले आ रहे हैं कि ये संसार मायाजाल है जिसमें हमारी आत्मा उलझी हुई है। संसार भर के दुःख और संताप से भरी आत्मा की मुक्ति कैसे संभव है? आत्मा के अंतरतल से उठने वाले इन तमाम प्रश्नों का उत्तर जानने के लिए बार -बार जन्म लेना पड़ता है परंतु इनका उत्तर खोजने के बजाय संसार के मायाजाल के बंधन में पुनः बंध जाती है और उत्तर अनुत्तरित रह जाते हैं।
मेरे मन में इस प्रकार के अनेक प्रश्न हलचल पैदा कर रहे थे। मैंने अपने दिमाग से इन प्रश्नों को झटककर शैलजा की ओर देखा। अब मेरे मन में उसके प्रति अगाध श्रद्धा हो गई थी। शैलजा स्मित मुस्कान के साथ मेरी मानसिक स्थिति को समझने का प्रयास कर रही थी। अचानक वो बोल पड़ी – ” सिद्धगुरु केवल अपने स्पर्श से ही अपने शिष्य को सिद्धियों में पारंगत कर सकते हैं। मेरे पास जो कुछ है, मात्र तीन दिवस में तुम उसमें सिद्धहस्त हो जाओगे। समय आने पर तुम्हें अपने आप आभास होगा कि तुममें कौनसी नव चेतना और शक्तियां जाग्रत हो गई है।”
इतना कहने के बाद एक पल के लिए वो रुकी फिर पुनः बोली – ” अपनी आंखे बंद करो।”
मैंने मन ही मन उन्हें गुरु मां मान लिया था। उनके आदेश का पालन करने में तत्परता दिखाते हुए अपनी आंखे बंद कर ली। पहले मुझे अपने ललाट पर एक कोमल ,नर्म हथेली के स्पर्श का अनुभव हुआ। मेरे ललाट पर हथेली के बाद जैसे ही अंगुलियों के पोर का स्पर्श हुआ मानो विद्युत का एक जोर का झटका लगा हो। मेरी दोनों भृकुटियों के बीच मानो जलती हुई शलाका घोंप दी गई हो। पूरे शरीर में मानो लावा भर दिया हो। अगले ही क्षण मेरी गुरु मां की हथेली ललाट से हट चुकी थी। सारी जलन और दाह एक पल के भीतर दूर हो चुकी थी।
अब मेरा शरीर किसी पंख की तरह हल्का हो चुका था। मानो पूरे शरीर में असीमित ऊर्जा भर दी गई हो। शरीर की तरह मन भी एकदम प्रफुल्लित लग रहा था। मैं श्रद्धा से गुरु मां के पैरों में झुक गया और अपने अश्रुओं से उनके चरण पखारने लगा। गुरु मां ने मेरा कंधा पकड़कर उठाया और स्नेहसिक्त स्वर में बोली -” जा ,तेरा कल्याण हो। मेरी जब भी जरूरत हो याद कर लेना। हाज़िर हो जाऊंगी। तुम मेरे पहले शिष्य हो। मेरे पुत्रवत हो। जाओ, मां काली और बाबा भैरवका आशीर्वाद सदैव तुम पर बना रहे।”
मैंने इतनी देर से बंद अपनी आंखे खोली तो मारे आश्चर्य के मेरा कोई ठिकाना न था। वहां कोई नहीं था। ऐसे कोई कैसे गायब हो सकता है? क्या ये सब सिद्धियों का मायाजाल है! मेरे मन में अनेक प्रश्न थे… पर सब अनुत्तरित ! मैं मंदिर के चबूतरे के आसन पर अकेला बैठा था। पल के हजारवें हिस्से से भी कम समय में मेरी गुरु मां वहां से अंतर्धान हो गई थी। न जाने कैसे? आखिरकार मैं वहां से अपने कक्ष में जाने की सोच रहा था। रात न जाने कितनी बीत चुकी थी। मैं सोचता जा रहा था कि वापस अपने कक्ष में पहुंचूंगा कैसे? मुझे तो रास्ता भी ठीक से याद न था। इसी उधेड़बुन में न जाने क्या -क्या सोचता रहा और चलने के लिए पांव बढ़ा दिया।
कुछ ही पल के बाद अचानक मेरे पैर का पंजा किसी पत्थर से टकराया। मैंने हड़बड़ाकर सामने देखा तो होश फाख्ता! काटो तो खून नहीं! मैं अपने ही कक्ष के सामने खड़ा था। मेरा पंजा कक्ष की पत्थर की चौखट से टकराया था। मैं सोचने लगा आते वक्त मुझे कम से कम एक घंटा तो लगा ही था पर इस बार एक मिनट से भी कम समय में मैं वापस कैसे पहुंच गया? मेरे पास कोई तार्किक उत्तर न था। शायद गुरु मां की कृपा के कारण ही ऐसा चमत्कार संभव हो पाया।
मैंने कक्ष में प्रवेश किया और सीधे बिस्तर पर लमलेट हो गया। भूख -प्यास रत्ती भर भी न थी। बिस्तर पर पड़ते ही निद्रा रानी के आगोश में चला गया।
क्रमशः
अनिल पुरोहित