कारगिल एक प्रेम कथा
भाग -14
तो आप आर्मी में हो? उर्वशी ने उस युवक को आर्मी की यूनिफॉर्म में पूरी बटालियन के साथ देखकर भी यही सवाल दोहराया…
जी भाभी जी ये हैं “मेजर ब्रजभूषण पांडे” और मैं सूबेदार प्रीतम सिंह…. रिपोर्टिंग फ्रॉम राजपूत रेजीमेंट.. कहते हुए वह बिल्कुल सेल्यूट की मुद्रा में आ गया।
उसकी इस हरकत पर सभी खिलखिलाकर हंस पडे।
अव्वल तो उर्वशी “ब्रजभूषण पांडे” का नाम ही पहली बार सुन रही है, उसपर से इस सूबेदार प्रीतम सिंह ने बिना पूछे या पता किये उसे भाभी
जी यानि इस मेजर ब्रजभूषण पांडे की “पत्नी” बता दिया। बढ़िया तरीका है इन आर्मी वालों का प्रपोज़ करने का तभी अचानक जिस सीट से उर्वशी टिक कर खड़ी थी, उसकी सीट पर बैठे तीनों जवान उठकर खड़े हो गये और उर्वशी से बोलने लगे… भाभी जी आप यहाँ बैठ जाइये।
यह सुनते ही उर्वशी का पारा चढ़ चुका था, बोली अरे यह क्या सब लोग भाभीजी भाभीजी करके पीछे पड़ गये हो, मेरी इनसे शादी थोड़े हुई है।
सूबेदार प्रीतम सिंह बोल पड़ा.. अरे नहीं हुई तो हो जायेगी न.. हमारे लिए तो आप ही भाभी जी हो.. कहकर उसने उर्वशी को सीट पर बैठने को कहा और लगभग ज़ोर देकर मेजर ब्रजभूषण पांडे को बिठा दिया और बोला सर जी गुस्ताखी माफ़ हो.. बहुत घूम लिए आप हनुमानजी बनकर.. अब जब कुड़ी पास में खड़ी है तो कह डालो दिल की बात और आज ही दिल्ली जाकर सगाई भी कर ही लो…
मेजर ब्रजभूषण पांडे के उर्वशी के बगल में बैठते ही.. सारा कोच..”बोल बजरंग बली की जय” के उद्घोष ये यूँ गूंज उठा, मानो कोई जंग जीत ली हो।
उर्वशी मन ही मन सोच रही थी कि उसने सच ही सुना था कि इन आर्मी वालों का दिमाग घुटने में होता है। देखो जिस बंदे को उसे प्रपोज़ करके शादी की बात के लिए मुझे राज़ी करना था वह तो बगल में बैठकर चुपचाप तमाशा देख रहा है और पूरा कोच भाभी जी भाभी जी कहकर यूँ रिश्तेदार बना हुआ है जैसे उन सबसे उसका जन्मों का नाता हो।
कैसी हो उर्वशी…? मेजर ब्रजभूषण पांडे जी के मुँह से पहली बार कुछ प्रवचन निकले।
क्या मैं तुम्हें ठीक लग रही हूँ.. उर्वशी ने अपने बिगड़े मूड का हवाला देकर दबाव बनाने की शुरुआत की।
मेजर पांडे बोले… सॉरी यह प्रीतम सिंह पूरा का पूरा पागल है, मेरे साथ किसी भी महिला को देखकर यह भाभी जी भाभी जी कहने लगता है। एक बार तो भटिंडा में हम सिविल ड्रेस में थे, तब मैंने एक महिला से उसका बस पता पूछा और यह उसे भी भाभी जी बोल दिया.. बड़ी मुश्किल से उसके पति से हाथ जोड़ने और मान-मनुव्वल करने के बाद ही हमारी जान छूटी थी।
उर्वशी की परेशानी अब तो पहले से भी ज्यादा बढ़ गई.. वह मेजर पांडे की बातों से यह समझ ही न पाई कि जिस शख्स से वह बिना मिले ही मन ही मन इतना प्यार करने लगी है, वह दरअसल उससे प्यार भी करता है या नहीं?
क्रमशः
अविनाश स आठल्ये