मेघा राठी का उपन्यास ‘वहाँ कौन है ‘ भाग -37

वहां कौन है ? भाग 37

सभी कुमार की ओर देख रहे थे। उसका चेहरा ऐसा लग रहा था जैसे अभी अभी उससे कुछ बहुत कीमती पल छिन गया हो। मायरा उसकी स्थिति समझ रही थी। वह उसके पास आई और उसका कंधा सहलाते हुए बोली, ” कुमार, तुमने जो देखा ,वह सच था लेकिन अतीत से संबंधित । हो सकता है तुमने जो देखा ,तुम्हारा उससे कोई संबंध न हो। वह हमेशा की तरह हमारे द्वारा सुलझाई गई पारलौकिक घटनाओं से संबंधित झलक हो।”

” नहीं मायरा, न जाने क्यों पर मेरा दिल कहता है कि यह सब मुझसे जुड़ा हुआ है। पर कहां और कैसे?…अभी यह समझना बाकी है।”,कुमार की आँखें अब भी खोई खोई थीं।

कुछ देर तक तो किसी की समझ में नहीं आया कि क्या कहें फिर प्रभात ने चुप्पी तोड़ी। ” देखो, ऐसे बैठे– बैठे सोचने से तो कोई हल नहीं निकलेगा। हमारे सामने यह दीवार है और हमें नहीं पता है कि यह दीवार ही है या कोई द्वार…एक धातु की पट्टिका है जिसका आकार चिन्ह ,सब कुछ इस पर बने चिन्ह से मेल खाता है।तो अब क्यों न इस दिशा में आगे काम करें! क्या कहते हो सब?”

उदय ने प्रभात को देखा और फिर सबसे कहा,” प्रभात सही कह रहा है। हम ऐसे बैठे रहकर केवल समय नष्ट करेंगे। चलो , इस धातु की पट्टिका को इस गोलाकार चिन्ह पर रख कर देखते हैं।”

” पर इस पट्टिका पर लिखा था न कि जब कुंजी अपने रक्षक के हाथ पहुँचेगी तभी द्वार स्वयं मार्ग देगा। “, सुक्खी ने कहा ,।

” हाँ ,तो हो सकता है न कि कुंजी यही पट्टिका हो। यह कैसे भी कुमार के हाथ में आई थी।”, उदय ने कहा ” वहां यह भी तो लिखा है न ,समय आ गया है कि जो स्मृतियाँ पत्थरों में सो रही हैं, वे फिर जागें।,…कुमार को ऐसे दृश्य भी दिखाई दे रहे हैं।”

” उदय सर सही कह रहे हैं। अब हमें अपनी खोज को आगे बढ़ाना है। अगर यही पट्टिका ही वह कुंजी है , तो मै ही इसे उस स्थान पर लगाता हूं।”, कुमार ने कहा और पट्टिका अपने हाथ में लेकर पत्थर की दीवार की ओर बढ़ा।

सबके दिल जोर से धड़क रहे थे क्योंकि आगे क्या होगा , यह किसी को पता नहीं था। कुमार ने धातु की पट्टिका इस स्थान पर रखी मगर कुछ भी नहीं हुआ। उसन पलट कर अपने साथियों को देखा।

” एक बार फिर से कोशिश कर?”, प्रभात ने कहा।

कुमार उसकी बात मानकर फिर से उस पट्टिका को लगाता है।अगर अब भी कुछ नहीं हुआ। उसने फिर तीसरी और चौथी बार प्रयास किया मगर नतीजा ….शून्य ही था।

“यह क्या हो रहा है?”, कुमार हैरान था।

उधर गेस्ट हाउस में रामसेवक के कमरे में वही मंद संगीत गूंज रहा था। रुपहले सुनहरे बादल उसे घेरे हुए थे। रामसेवक की आँखें बन्द थीं, “नहीं तुम लोग गलत समझ रहे हो। मार्ग सामने है मगर अभी तुम्हारी दृष्टि वहां पहुंची ही नहीं है।”

और वहाँ गुफा के भीतर एक बार फिर गहरा सन्नाटा छा चुका था।

पत्थर की विशाल दीवार पहले की तरह अडिग खड़ी थी। ऐसा प्रतीत हो रहा था मानो उसे इस बात से कोई अंतर ही न पड़ता हो कि उसके सामने खड़े लोग कितने वर्षों से उसका रहस्य जानने का प्रयास कर रहे हैं।

कुमार ने धीरे-धीरे अपने हाथों में पकड़ी धातु की पट्टिका को देखा। फिर उस गोलाकार चिन्ह की ओर देखा जहाँ वह उसे कई बार लगाने का प्रयास कर चुका था।

कुछ भी नहीं हुआ था।

उसने गहरी साँस ली, “शायद हम सचमुच कुछ समझ नहीं पा रहे…”

वाक्य पूरा भी नहीं हो पाया था कि अचानक उसकी आँखों के सामने सब कुछ धुँधला होने लगा।उसके कानों में गुफा की आवाज़ें दूर होती चली गईं।उसे लगा जैसे किसी ने उसके चारों ओर फैले समय को ही रोक दिया हो।

“कुमार!” सुक्खी ने उसे संभालना चाहा।

मगर उदय ने तुरंत हाथ उठाकर सबको रोक दिया।सभी वहीं स्थिर खड़े रह गए।कुमार की आँखें खुली थीं पर वह अब उस गुफा में नहीं था।

इस बार कोई पहाड़ नहीं था न कोई मंदिर, न ही रंगों से भरा थाल। उसने स्वयं को एक ऐसे स्थान के सामने खड़ा पाया जिसे शब्दों में बाँध पाना कठिन था।सामने बादलों को छूती हुई एक अत्यंत ऊँची संरचना थी।

पहली दृष्टि में वह किसी राजमहल जैसी प्रतीत होती थी किन्तु अगले ही क्षण लगा कि वह कोई भवन नहीं बल्कि प्रकाश से निर्मित कोई अद्भुत निवास है।उसकी दीवारों पर पत्थर नहीं थे।मानो पारदर्शी स्फटिक की असंख्य परतें एक-दूसरे में गुंथी हुई हों।

उनके भीतर सुनहरी और रुपहली तरंगें निरंतर प्रवाहित हो रही थीं।उस विशाल भवन के चौड़े प्रवेशद्वार की ओर अनेक लोग बढ़ रहे थे।इस बार कुमार उन्हें स्पष्ट देख पा रहा था।वे मनुष्य जैसे ही थे पर पूरी तरह मनुष्य नहीं। उनकी त्वचा सचमुच हल्की सुनहरी-रुपहली आभा बिखेर रही थी।

वह किसी बाहरी प्रकाश का भ्रम नहीं था।वह चमक उनके शरीर से ही निकल रही थी।उनके लंबे काले बाल हवा में धीरे-धीरे लहरा रहे थे।नीली आँखें, इतनी गहरी..मानो उनमें स्वयं आकाश उतर आया हो।सबके वस्त्र भी विचित्र थे। पूरी तरह प्राचीन, न ही आधुनिक…उनमें किसी अज्ञात धातु जैसी चमक थी।

वे समूहों में हँसते-बोलते उस महलनुमा भवन के भीतर प्रवेश कर रहे थे।तभी भीड़ के बीच उसे वही युवती दिखाई दी। हाँ..वही थी वह। कुमार उसे पहचानने में गलती नहीं कर सकता था। यह वही थी जिसने कुछ क्षण पहले उस पर रंगों से भरा थाल उँडेल दिया था।

इस बार वह अकेली नहीं थी।उसकी आयु की कई युवतियाँ उसके साथ थीं।सबके चेहरों पर निश्छल हँसी थी।वे आपस में कुछ कह रही थीं किन्तु उनकी भाषा सुनाई नहीं दे रही थी।मानो दृश्य था मगर ध्वनि नहीं।

वह युवती एक क्षण के लिए मुड़ी।उसकी दृष्टि सीधे कुमार से मिली।इस बार उसने मुस्कुराया भी नहीं।बस एक पल उसे देखा और फिर वह अपनी सहेलियों के साथ उसी भवन के भीतर चली गई।

कुमार अनायास उनके पीछे बढ़ना चाहता था किन्तु उसके पैर जैसे वहीं जड़ हो गए।उसी समय उस भवन के सामने अचानक तीव्र प्रकाश फूटा।

कुमार की दृष्टि उधर चली गई।एक पुरुष धीरे-धीरे वहाँ आ रहा था।उसके वस्त्र वहाँ उपस्थित सभी लोगों से बिल्कुल अलग थे।वे शरीर से सटे हुए थे किन्तु साधारण वस्त्र नहीं लग रहे थे।उनके अनेक भागों पर हल्की नीली रेखाएँ प्रवाहित हो रही थीं।
कंधों, भुजाओं और वक्ष पर ऐसे चमकते वृत्त बने थे जो समय-समय पर प्रकाशित हो उठते।

अचानक कुमार के मन में आया, “यह… किसी अंतरिक्ष यात्री के वस्त्र जैसे हैं! किन्तु अगले ही क्षण उसे स्वयं अपनी तुलना पर आश्चर्य हुआ।

वह पुरुष भवन के विशाल द्वार के सामने जाकर रुक गया।उसने दोनों हथेलियाँ धीरे-धीरे आगे बढ़ाईं।क्षणभर में उसके चारों ओर अत्यंत तीव्र प्रकाश फैल गया।इतना प्रखर…कि कुमार को अपनी आँखें ढँकनी पड़ीं।

जब उसने पुनः देखा…तो उस प्रकाश का स्वरूप बदल चुका था।
अब वह असंख्य सूक्ष्म रुपहले और सुनहरे बिंदुओं में विभाजित हो चुका था।वे सभी बिंदु हवा में तैरते हुए धीरे-धीरे उस भवन के प्रवेशद्वार पर जाकर एकत्र होने लगे।

कुमार ध्यान से देख ही रहा था कि दृश्य टूट गया।

“कुमार!”, मायरा की आवाज़ उसके कानों में पड़ी।

उसने झटके से आँखें खोलीं।कुछ क्षण तक उसे समझ ही नहीं आया कि वह कहाँ है फिर गुफा…पत्थर…साथी…सब धीरे-धीरे स्पष्ट होने लगे।

लेकिन इस बार कुछ अलग था।उसका पूरा शरीर अत्यंत थका हुआ लग रहा था। मानो कुछ ही क्षणों में उसने कई दिनों की ऊर्जा खो दी हो। उसके माथे पर पसीने की महीन बूँदें उभर आई थीं।

साँसें भी सामान्य से अधिक तेज़ चल रही थीं।उदय तुरंत उसके पास पहुँचा “क्या देखा?”

कुमार ने कुछ क्षण आँखें बंद रखीं फिर धीरे-धीरे सब बताया।
किसी ने बीच में एक शब्द भी नहीं कहा।जब वह चुप हुआ तो गुफा में फिर वही रहस्यमयी मौन फैल गया।सब अपने-अपने ढंग से उन दृश्यों का अर्थ निकालने का प्रयास कर रहे थे।

सबसे पहले प्रभा बोली, “क्या यह उसी मंदिर का कोई उत्सव हो सकता है?”

प्रभात ने भी सहमति में सिर हिलाया “संभव है। उन लोगों के शरीर पर जो चमक थी… शायद वह किसी विशेष खनिज या रंग का प्रभाव रहा हो।”

कुमार ने सोचते हुए कहा , “और वह विचित्र वस्त्र पहने व्यक्ति…”

“किसी विशेष अनुष्ठान का पुरोहित?” सुक्खी ने अनुमान लगाया।

“या फिर मंदिर का रक्षक…” मायरा ने धीमे स्वर में कहा।

कुमार चुप था।न जाने क्यों पर उसे इन उत्तरों में से कोई भी सही नहीं लग रहा था।उसने एक बार फिर अपने हाथों में पकड़ी धातु की पट्टिका की ओर देखा।फिर दीवार की ओर।

“एक बार और…”,उसने धीमे स्वर में कहा।

मायरा तुरंत बोली , “कुमार, तुम बहुत थक चुके हो।”

“नहीं…”, उसने मुस्कुराने का प्रयास किया। “अगर यह स्थान मुझे कुछ दिखा रहा है… तो शायद उत्तर भी यहीं कहीं है।”

वह दीवार की ओर एक कदम बढ़ा लेकिन इस बार चलते हुए ही उसे लगा, उसके पैरों में पहले जैसी शक्ति नहीं रही मानो प्रत्येक पूर्वाभास उसकी जीवनशक्ति का थोड़ा-थोड़ा भाग अपने साथ ले जा रहा हो।

फिर भी वह रुका नहीं।उसने धातु की पट्टिका दोनों हाथों से उठाई और धीरे-धीरे उस विशाल पत्थर के द्वार की ओर बढ़ने लगा।उसी क्षण गुफा के भीतर कहीं से एक बहुत धीमी…”स्स्स्स्स…”की ध्वनि गूँजी।

सभी एक साथ उसी दिशा में मुड़े,अंधेरे में पत्थरों के बीच धीरे-धीरे एक श्वेत आकृति उभर रही थी।कुछ ही क्षणों में वह पूरी तरह स्पष्ट हो गई।वही श्वेत सर्प, जिसे वे पहले भी देख चुके थे।

वह बिना किसी आक्रामकता के सरकता हुआ आगे आया।सभी को अनदेखा करता हुआ सीधे उस विशाल पत्थर के द्वार तक पहुँच और उसके ठीक सामने कुंडली मारकर शांत भाव से बैठ गया।

उसकी नीली आँखें एकटक कुमार को देख रही थींमानो वह किसी निर्णय की प्रतीक्षा कर रहा हो।
Megah

WhatsApp Image 2026-06-26 at 18.05.06 (1) — Vcare Language Academy

Author

Leave a Comment