उस पार
भाग -16
रात के समय अचानक मेरी नींद उचट गई। उठकर थोड़ा पानी पिया और खिड़की के बाहर नज़ारा देखने लगा। निर्मल चांदनी में रुपहला चांद खिला हुआ था। शुभ्र धवल ज्योत्सना बिखरी हुई थी उस घाटी में। वातावरण में अनिर्वचनीय शांति थी। रात का शायद चौथा पहर था। हवा में सिहरन आ गई थी।अचानक मेरे निकट ही मेरे गुरु कालिकानंद अवधूत पद्मासन की मुद्रा में मेरे निकट बैठे दिखाई दिए। मुझ से तीन -चार फुट दूर हवा में तैरते से बैठे थे, बिना किसी सहारे के। मुझे अचंभा हुआ। विज्ञान और भौतिकी के नियमों को धता बताते हुए उनका शरीर हवा में स्थिर था। उनके नेत्र बंद थे। शायद योग की किसी अवस्था में थे वे। कभी मैं आकाश में खिले चांद को निहारता कभी गुरुदेव के दिव्य आभामय मुखमंडल की ओर।
एकाएक गुरुदेव का हाथ मेरी ओर बढ़ा और तर्जनी अंगुली का स्पर्श हुआ मेरी दोनों भौंहों के ठीक मध्य में। दूसरे ही क्षण ऐसा लगा मानो मेरे शरीर में बिजली का एक झटका लगा हो। पूरे शरीर में एक झनझनाहट सी दौड़ गई और काफी देर तक सनसनाता रहा मेरा शरीर और उसी के साथ मेरी बाह्य चेतना लुप्त हो गई।
चेतना लुप्त होते ही मैं एक अज्ञात और विलक्षण स्थिति में पहुंच गया। निश्चित ही वह शारीरिक और मानसिक स्थिति से ऊपर की सत्ता थी। उस उच्च स्थिति में मैनें एक दूसरे ही जगत का अनुभव किया। मुझे लगा मैं ध्वनिरहित समाधि की अवस्था में हूं। चारों तरफ शुभ्र सफेद प्रकाश फैला हुआ था।पहाड़ ,घाटियां, पेड़ – पौधे आदि सफेद प्रकाश में ढके थोड़े धुंधले से नजर आ रहे थे। समाधि की अवस्था के अनुभवों को हम सांसारिक अनुभवों की श्रेणी में नहीं रख सकते। समाधि का अनुभव अलौकिक और दिव्य होता है।
मुझे यहां रहते हुए काफी समय हो चुका था। इस दौरान गुरुदेव कालिकानंद अवधूत , गुरु मां शैलजा और असीमानंद कापालिक के साथ रहते हुए साधना सिद्धि के अनेक दुरूह सोपान मैनें पार किए। नित्य कुछ न कुछ विचित्र अनुभूति होती रही। मुझे यहां रहते हुए छः वर्ष हो चुके थे। इस दौरान योग संबंधी जो अनुभव मुझे हुए या योग संबंधी जो लाभ मुझे हुआ वो मेरी आत्मा की अमूल्य निधि है। योग का सबसे महत्वपूर्ण विषय है समाधि और सबसे मूल्यवान साधना है समाधि में प्रवेश करने की विधि।
समाधि के विषय में हमारे शास्त्रों में बहुत कुछ लिखा गया है, लेकिन समाधि कैसे उपलब्ध हो – क्रियात्मक दृष्टि से किसी भी शास्त्र में सूक्ष्मता से इसका वर्णन नहीं किया गया है। इसमें केवल योग्य गुरु के मार्गदर्शन से ही निष्णात हुआ जा सकता है।
घाटी की नीरवता अब पहले के बनिस्पत घनीभूत हो गई थी। मुझे यहां रहते हुए समय का ज्यादा भान नहीं हुआ। मुझे कभी तवांग का मठ कभी असीमानंद का मठ दिखलाई पड़ता।मेरा कक्ष हुबहू वही होता। ये उलझन मेरी समझ से बाहर थी। साधना के कुछ ही सोपान पार करने के पश्चात मुझे न ज्यादा भूख लगती थी, न प्यास। चलने- फिरने में मेरी ऊर्जा न के बराबर खर्च होती। मेरा शरीर फूल की तरह हल्का हो गया था। चलते वक्त मुझे ऐसा लगता मानो मैं जमीन से ऊपर हवा में तैरता सा चल रहा होऊं! थकान का कहीं नामो निशान नहीं। रुपहला चांद अब पश्चिम के क्षितिज में डूबने वाला था। विचार तंद्रा में कब मेरे पपोटे भारी होने लगे पता ही नहीं चला। मैं निद्रामग्न हो गया।
§§§§
§§§§
एक सुबह जब सोकर उठा तो मेरी इच्छा हुई कि इतने दिन हो गए तवांग मठ में, आज तक दलाईलामा के दर्शन नहीं किए। मैं जल्दी ही तैयार हो गया। अचानक काफी समय बाद रिनजेन का मेरे कक्ष में आगमन हुआ तो मैंने अपना मंतव्य उसे बताया।
” तवांग में अभी एक बौद्ध सम्मेलन चल रहा है। कल से शुरू हुआ है। आप की मुलाकात दलाई लामा से हो जायेगी और हां, आपके गुरु कालिका नंद जी अवधूत भी वहीं है।”- रिनजेन ने जवाब दिया।
” ये तो और भी अच्छा है, तो क्या अभी मुलाकात हो सकती है?”
” चलिए, कोशिश करते हैं।” – कहकर रिनजेन ने मुझे अपने पीछे आने का इशारा किया। मैं उसके पीछे हो लिया। रिनजेन मुझे पता नहीं किन – किन घुमावदार रास्तों से होता हुआ दलाईलामा के पास ले आया। इस समय दलाईलामा आराम कर रहे थे क्योंकि सम्मेलन में अभी थोड़ा वक्त था। ये एक बड़ा हॉल था जिसकी चारों दीवारों में तांबे पीतल की घंटियां बंधी हुई थी। आने जाने वाले हाथों के स्पर्श से उन घंटियों को घुमा रहे थे। अनेक लामाओं ने हाथों में छोटी घंटियां ले रखी थी जिन्हें वे निरंतर घुमाते जा रहे थे। कहा जाता है कि इनके घूमने से ‘ॐ मणि पदमे हूम्’ नामक मंत्र की ध्वनि निकलती है।
मैंने दलाईलामा को देखा तो उनका चेहरा तेज़ से दैदिप्यमान था। दोनों हाथ जोड़कर सिर झुकाकर मैंने मौन रहकर प्रणाम किया तो उन्होंने कुछ बुदबुदाते हुए आशीर्वाद दिया।
तभी अचानक मेरे कंधे पर किसी ने हाथ रखा। मैंने गर्दन घुमाकर पीछे देखा तो मेरे गुरु कालिकानंद अवधूत खड़े मंद -मंद मुस्कुरा रहे थे। मैं भाव विगलित होकर उनके चरणों में गिर पड़ा। कंधे पकड़कर उन्होंने मुझे उठाया और ढेरों आशीर्वाद दिए।
” मेरे पीछे आओ।” – कहकर उन्होंने मुझे इशारा किया। मैं उनके पीछे -पीछे चल पड़ा। समीप ही अपने कक्ष में पहुंचकर वे बोले – ” तुम्हारे मन में शांग्रीला घाटी को लेकर निरंतर विचार चल रहे हैं, उसी के बारे में बात करने के लिए तुम्हें यहां लाया हूं।”
कहकर वे एक पल के लिए रुके फिर पुनः बोले -” तिब्बत और अरुणाचल की सीमा पर स्थित है शांग्रीला घाटी। व्यापक भू -हीनता और चतुर्थ आयाम से प्रभावित होने के कारण अभी तक अगम्य, अगोचर और रहस्यमय बनी हुई है। इसका संबंध अन्य लोक -लोकांतरों से भी है।”
” गुरुदेव! भू -हीनता और चतुर्थ आयाम की बात मेरे समझ में नहीं आई? ये क्या है?”
” ये अत्यंत जटिल विषय है। भू -हीनता और चतुर्थ आयाम के तथ्यगत सिद्धांतो की व्याख्या करना और उचित रूप से विवेचना करना सभी के वश की बात नहीं है। इन्हें केवल अनुभव किया जा सकता है। वायुमंडल में ऐसे बहुत से स्थान हैं जहां वायु शून्यता रहती है। इसी प्रकार पृथ्वी पर बहुत से ऐसे स्थान है जो भू – हीन हैं। ऐसे वायु शून्यता और भू -हीनता वाले स्थान चतुर्थ आयाम से प्रभावित होते हैं और ऐसे प्रभावित स्थान देश, काल , निमित्त से परे होते हैं। यदि कोई भी वस्तु या प्राणी अनजाने में ऐसे स्थान में चला जाता है तो तीन आयाम वाले इस जगत की दृष्टि में उसकी सत्ता अदृश्य या लुप्त हो जाती है, लेकिन वहां उसका अस्तित्व बना रहता है। ये नहीं कहा जा सकता कि भविष्य में उसका अस्तित्व इस जगत में प्रकट होगा भी या नहीं।”
” मेरे लिए तो ये सर्वथा नई बातें हैं। इसके बारे में आपसे ज्यादा जानकारी शायद ही किसी को हो।” – मैनें अपनी उत्सुकता जताते हुए कहा।
” इस विषय पर वैसे तो अनेक पुस्तकें हैं। पर इसी तवांग मठ के पुस्तकालय में ‘ काल विज्ञान ‘ नामक तिब्बती भाषा में लिखी एक प्रामाणिक पुस्तक है। ये पुस्तक इस मठ की अमूल्य निधि है। उसमें इस विषय और जीवन के उस पार क्या है, का विवेचन किया गया है। इस पुस्तक का मैंने कई बार अध्ययन किया है और मैं इस नतीजे पर पहुंचा हूं कि हर वस्तु देश, काल और निमित्त से बंधी हुई है। यदि कोई वस्तु या प्राणी स्थानहीनता या शून्यता के प्रभावी क्षेत्र में पहुंच जाता है तो उसे रत्ती भर भी ये भान नहीं होता कि वो एक विचित्र और संसार के अद्भुत रहस्यमय स्थान में पहुंच गया है जहां काल का प्रभाव नगण्य है। जहां मन, विचार और प्राण की शक्ति एक विशेष सीमा तक बढ़ जाती है। इतना ही नहीं शारीरिक शक्ति,जीवन शक्ति और मानसिक चेतना में आशातीत वृद्धि हो जाती है। वह अपने को सदैव प्रफुल्ल और तरोताजा महसूस करता है।”
गुरुदेव की बातें सुनकर मेरे आश्चर्य का पारावार न रहा। ये विषय मेरे लिए सर्वथा नया और कौतूहल पूर्ण था।जिज्ञासाओं का तूफान मेरे मस्तिष्क में उमड़ रहा था।
गुरुदेव थोड़ी देर रुककर पुनः बोले -” सबसे आश्चर्यजनक बात ये है कि समय के प्रभाव की नगण्यता के कारण व्यक्ति के शरीर पर काल का प्रभाव नहीं के बराबर या बहुत सूक्ष्मता से पड़ता है। जैसे यदि कोई व्यक्ति पच्चीस वर्ष की उम्र में ऐसे स्थान में प्रवेश कर जाता है तो अगले पचास वर्षों तक उसका शरीर लगभग वैसे का वैसे ही रहेगा और दीर्घकाल तक युवा बना रहेगा। “
” तो क्या ऐसे स्थान में व्यक्ति की आयु ठहर जाती है? – मैंने जिज्ञासा वश पूछा।
” नहीं, ठहरती तो नहीं है। आयु तो निरंतर बढ़ती जाती है पर उसके प्रभाव से दीर्घकाल तक शरीर पर कोई प्रभाव नहीं पड़ता। वह तो यही समझता है कि वह अभी पच्चीस वर्ष का ही है। संयोगवश वह व्यक्ति किसी प्रकार इस प्रभावी क्षेत्र से बाहर आ जाए तो अचानक उसकी जीवनी शक्ति क्षीण हो जायेगी और उसकी वास्तविक आयु का प्रभाव तत्काल उस पर पड़ने लगेगा हो सकता है वह मर भी जाए। खैर, ऐसी ही है ये शांग्रीला घाटी और उसका रहस्यमय वातावरण! “
घाटी के बारे में ऐसी रहस्यों से भरी बातें सुनकर मेरी उसे देखने की उत्कंठा तीव्र हो गई। मैंने गुरुदेव से पूछा -” गुरुदेव, कितनी बड़ी है ये घाटी? “
” कितनी बड़ी है ये घाटी इस बारे में निश्चित तौर से कुछ नहीं कहा जा सकता लेकिन अनेक योगाश्रमों, सिद्ध मठों, सिद्धाश्रमों और तांत्रिक मठों में हजारों – लाखों निवास करने वाले उच्च कोटि के साधकों , कालजयी और अद्भुत शक्ति संपन्न योगियों और साधकों का विशाल केंद्र है। दिव्य अवस्था प्राप्त अनेक योगी आकाशचारी हैं तो कुछ साधक महाभारत काल के हैं और तभी से वहां रहकर साधना कर रहे हैं।”
ये कहकर गुरुदेव एक पल के लिए रुके फिर पुनः बोले – ” शांग्रीला घाटी के तीन साधना केंद्र प्रमुख हैं – पहला है ज्ञानगंज मठ, दूसरा है सिद्धविज्ञान आश्रम और तीसरा है सिद्धाश्रम। तीनों आश्रम अत्यंत विशाल हैं और उनके अलग -अलग विभाग और निदेशक हैं। सभी आचार्य और सभी निदेशक उच्च कोटि के साधक हैं जो ज्यादातर आत्म शरीर में रहकर साधना किया करते हैं। उनका भौतिक और सूक्ष्म शरीर अलग – अलग होता है। कहने का तात्पर्य है कि वे साधना तो आत्म शरीर में करते हैं पर भौतिक शरीर से इधर – उधर विचरण करते रहते हैं। ये इस घाटी से बाहर कहीं भी हो सकते हैं और सांसारिक कार्यों में प्रवृत्त होते हैं। इन्हें देखकर कोई नहीं कह सकता कि ये इतने बड़े पहुंचे हुए उच्च कोटि के साधक हैं।”
मैं ध्यान से गुरुदेव की एक -एक बात आत्मसात करता गया। न जाने कितनी देर तक गुरुदेव मुझे शांग्रीला घाटी की रहस्यपूर्ण बातें बताते रहे। मेरे मन में एक सवाल काफी समय से हलचल मचाए था। आखिर मैंने पूछ ही लिया -” गुरुदेव! ये बताएं कि शांग्रीला घाटी में प्रवेश कैसे किया जाए? क्या इसके लिए कोई विशेष योग्यता चाहिए? “
” अपनी इच्छा से तो वहां कोई प्रवेश नहीं पा सकता। ज्ञानगंज मठ के आचार्य सदैव आकाश मार्ग और अन्य तरीकों से योगानुकूल और दिव्य संस्कार संपन्न शिष्यों की खोज में रहा करते हैं, मिल जाने पर उन्हें मठ में ले आते हैं। इनकी दीक्षा और शिक्षा के बाद योग के प्रसार के लिए संसार में भेज देते हैं। ये शिष्य गुप्त रूप से मठ में नियमित आते रहते हैं पर सांसारिक लोगों को इसका बिलकुल भी भान नहीं होता।”
एक पल के लिए गुरुदेव रुके फिर बोले – ” ज्ञानगंज मठ के दो विभाग हैं। पहला विशुद्ध योग विज्ञान से संबद्ध है दूसरा ज्ञान योग का। योग विज्ञान के अंतर्गत सोलह शाखाएं हैं जिनमें सौर विज्ञान, नक्षत्र विज्ञान, सूर्य विज्ञान, चंद्र विज्ञान, काल विज्ञान ,क्षण विज्ञान आदि हैं। इन सभी विषयों की शिक्षा अलग -अलग दी जाती है। संसार में जो जिस विज्ञान या विषय के पात्र हैं, उनको खोजकर आचार्य यहां ले आते हैं और उन्हें दीक्षित कर पुनः संसार में भेज देते हैं। तीनों आश्रमों के अलावा दो -तीन बड़े तांत्रिक मठ भी हैं जो काफी विशाल हैं। इनमें उच्च कोटि के कापालिक, शाक्त साधक, नाथ संप्रदाय के योगी निवास करते हैं। अपनी अलौकिक साधनाओं की सिद्धि और सफलता के लिए नरबलि और शव साधना करना उनका प्रमुख कार्य है। ये साधक अलौकिक शक्ति संपन्न, आकाशचारी और कालजयी हैं। ये पूरे ब्रह्मांड में कहीं भी विचरण कर सकते हैं। इसी प्रकार कई सिद्ध तांत्रिक लामाओं के मठ और आश्रम भी हैं जिनका बाहरी दुनिया के कई मठों और आश्रमों से संबंध है। एक बात महत्वपूर्ण है कि शांग्रीला घाटी में प्रवेश पाया व्यक्ति भौतिक जगत में रहते हुए भी अपना वास्तविक परिचय गुप्त रखता है। तुम्हें ये जानकर प्रसन्नता होगी कि तुम्हें भी पात्र समझकर खोजा गया है। ” – कहते हुए गुरुदेव के अधरों पर एक मुस्कान खेल गई।
ये सुनते ही मेरी खुशी का कोई ठिकाना न था। शांग्रीला घाटी के बारे में अब तक तो केवल पढ़ा -सुना था। अब उसे प्रत्यक्ष देखने का मौका मिलेगा। मेरे लिए इससे बड़ी बात कोई हो नहीं सकती। मारे प्रसन्नता के मेरे पांव ज़मीन पर न पड़ रहे थे। भावातिरेक के कारण मैंने अपना सिर गुरुदेव के चरणों में झुका दिया और अपने अश्रुओं से उन्हें पखारने लगा।
गुरुदेव ने कंधे पकड़कर मुझे उठाया और कहा – ” शांग्रीला घाटी की तुम्हारी यात्रा शीघ्र होने वाली है। अब तुम अपने कक्ष में जाओ और आराम करो।”
” जो आज्ञा गुरुदेव! ” – कहकर मैं मुड़ा तो अपने कक्ष के सामने खड़ा था। हैरत से मेरा मुंह खुला का खुला रह गया। भूख – प्यास कुछ न थी। सीधे बिस्तर के हवाले हो गया।
क्रमशः
अनिल पुरोहित