ज्योत्सना कपिल का उपन्यास ‘ उर्वशी’ भाग -49

49-

माँ सा, उर्वशी के घर फोन करके, उनसे शिकायत करना चाहती थीं, कि उन्हें यह महत्वपूर्ण सूचना क्यों नहीं दी गई।
” उनलोगो की इतनी मजाल, कि इतनी महत्वपूर्ण बात हमें बताने की ज़हमत नहीं उठाई । हम बच्चे की कस्टडी लेने के लिए कोर्ट जाएंगे। उर्वशी के पास कहाँ फ़ुर्सत होगी उसे पालने की। हर थोड़े दिन में तो उसके अफ़ेयर के चर्चे होते रहते हैं। बच्चे को वह क्या संस्कार देगी ? “
” बस कीजिये माँ सा, दुनिया को तमाशा देखने का मौका मत दीजिये। चैन से जीने दीजिये उन्हें। बच्चा उनके पास ही रहेगा। ” शौर्य भड़क गया था। सदा का आज्ञाकारी बेटा इतना क्यों भड़क उठा, वह समझ न सकीं। उनके मन में उर्वशी के प्रति क्रोध बढ़ता जा रहा था।
” शौर्य, शायद आप भूल गए हैं कि वह आपका बेटा है, हमारा वारिस है। “
” वह हमारा बेटा नहीं है, न ही इस खानदान का वारिस। “
” यह क्या कह रहे हैं आप ?”
” यह हम नहीं कह रहे, उर्वशी ने खुद कहा था हमसे। “
उसके जवाब को सुनकर माँ विस्फारित नेत्रों से उसे देखती रह गईं।
” शिखर, आपको उस चरित्रहीन लड़की में ऐसा क्या भा गया था, जो आप उसे हमारी बहु बनाकर ले आये ?” उन्होंने क्रोध से पूछा। माँ सा की कटुक्ति सुनकर शिखर कटकर रह गए. उन्हें उर्वशी के विषय में यह सुनकर थोड़ा बुरा तो लगा, पर जवाब में मौन रहना ही बेहतर समझा। वह सच बताकर माँ, भाई व परिवार की नज़रों से गिरना नहीं चाहते थे। यह बात अगर खुलती, तो वह अब तक कमाया मान, सम्मान, सबपर शासन करने का अधिकार, सब कुछ जैसे दाँव पर लगा था। एक मौन से कम से उनकी इज्ज़त तो बनी हुई है। उर्वशी का क्या, वह अब इस परिवार में रह ही कहाँ रही है। यूँ भी अक्सर उसके विषय में उल्टी सीधी बातें छपती रहती हैं, उसे फ़र्क ही क्या पड़ता है ? उन्होंने यह कहकर स्वयं को तसल्ली दी। परन्तु इस सोच ने भी उनके भीतर के क्लेश को ज़रा भी कम न होने दिया।
उधर उर्वशी को शिखर के आने का बेसब्री से इंतज़ार था। जब वह अपने बेटे को देखेंगे तो उनकी क्या प्रतिक्रिया होगी ? उसने स्वयं उनके मोबाईल पर पुत्र जन्म की सूचना दी, काफ़ी देर बाद जवाब में उनकी शुभकामनाएं तो आयीं, पर उनके आने की कोई सूचना न थी। एक एक करके जब सप्ताह बीत गया तो वह मायूस हो गई। उसके मन में अब यह विचार दृढ़ हो गया, कि वह अकेली ही बच्चे की माँ व पिता की भूमिका का निर्वाह करेगी और आइंदा किसी से कोई अपेक्षा न रखेगी। शिखर भी चोरी छुपे बेशक कुछ कर दें, परन्तु बच्चे को स्वीकार करने में उन्हें संकोच हो रहा है. वह उसके जन्म से खुश नहीं हैं, बस खुलकर कुछ कह नहीं पा रहे. बातें बेशक वह कितनी बड़ी कर लें पर उसे स्वीकार करने का साहस उनमें नहीं है। उससे प्रेम बेशक करते हो, परन्तु खानदान के मान सम्मान से बढ़कर उनके लिए कुछ भी नहीं। इन विचारों ने उसे मायूस तो अवश्य किया, परन्तु साथ ही उसके भीतर दृढ़ता का भाव भी भर दिया।
एक माह पश्चात शिखर का मुंबई आगमन हुआ। वह उर्वशी के घर भी आये, और बेटे को देखा भी। शायद उसे देखकर थोड़ी बहुत तरलता भी उनके हृदय में उत्पन्न हुई हो, परन्तु उन्होंने उससे कुछ न कहा, उसके माता पिता की उपस्थिति भी उनके मौन का कारण रही होगी , फिर थोड़ी देर में वह वापस लौट गए।

* * * * * * * *

दो माह आराम करने के उपरांत उर्वशी ने शूटिंग में हिस्सा लेना शुरू कर दिया था। दीपंकर बहुत ही बारीक दृष्टि वाले डायरेक्टर थे। सूक्ष्म से सूक्ष्म वस्तु पर उनकी दृष्टि रहती थी। प्रत्येक दृश्य की गहन विवेचना करते, उनदोनों के मध्य गम्भीर विश्लेषण होता और फिर दृश्य का फिल्मांकन होता। शूटिंग बहुत तेजी से हो रही थी। नायक की भूमिका गौण थी व उसे एक नया अभिनेता तेजस्वी निभा रहा था। जिसने किसी फ़िल्म इंस्टिट्यूट से, फ़िल्म एन्ड टेलीविजन का डिप्लोमा किया हुआ था। अभिनय भी अच्छा कर रहा था और स्वभाव से भी विनम्र था। उर्वशी के साथ सम्मान से पेश आता था। बाकी साथी कलाकारों से भी तालमेल में कोई दिक्कत न थी। पूरी यूनिट उर्वशी के अभिनीत एक एक दृश्य की सराहना करती। शूटिंग से निबटकर डबिंग, एडिटिंग भी बहुत तेजी से हो रही थी। पोस्ट प्रोडक्शन का काम हो जाने के बाद अब फ़िल्म स्क्रीनिंग के लिए तैयार थी। प्रीमियर में इंडस्ट्री के दिग्गजों, चुनिंदा मीडिया वालों व ट्रेड पंडितों की मौजूदगी में फ़िल्म चलाई गई तो हॉल में मौजूद सभी बहुत गौर से फ़िल्म देखते रहे। ‘ दी एन्ड ‘ के कैप्शन के साथ हॉल में तालियों व सराहना के स्वर गूँजने लगे। सभी उसके अभिनय व फ़िल्म की प्रशंसा कर रहे थे। संगीत भी अच्छा बन पड़ा था। लोगों का कहना था कि फ़िल्म सफलता के नए आयाम छुएगी। इन सभी प्रतिक्रियाओं ने उसका उत्साह दोगुना कर दिया। सबने उसे बधाइयाँ दीं। अब दर्शकों की प्रतिक्रिया का इंतज़ार था।
फ़िल्म को गिनती के सिनेमाघरों में रिलीज़ किया गया। सीरियल की अभिनेत्री को फ़िल्म नायिका के रूप में देखने का चाव काफ़ी दर्शकों को था। पहले सप्ताहांत में तो दर्शकों की प्रतिक्रिया ठीकठाक थी, परन्तु माउथ पब्लिसिटी के दम पर दर्शक बढ़ते गए और अंत में फ़िल्म को वर्ष की सफ़ल फिल्मों की श्रेणी में रख दिया गया। समय के साथ उसकी कमाई बढ़ती गई और फ़िर उसे ज्यादा सिनेमाघरों में रिलीज़ कर दिया गया। चहुँओर अब उर्वशी के ही चर्चे थे। रातोंरात वह स्टार घोषित कर दी गई। कई निर्माता निर्देशक उसे साइन करने को बेचैन हो उठे। उसने काफ़ी सोच समझकर चार नई फिल्में साइन कर लीं। उमंग और पापा उसकी सफ़लता से प्रसन्न थे, चारों ओर उसकी सराहना व चर्चे सुनकर मम्मी की नाराज़गी भी दूर हो गई थी।
सफलता का स्वाद अभी ठीक से चख भी न पाई थी, कि तभी एक फ़िल्मी पत्रिका के कॉलम ने उसका मूड खराब कर दिया। नई सिने तारिका के कुछ सनसनीखेज राज़ के नाम से दो पेज का लेख था। जिसमें विश्वसनीय सूत्र के हवाले से दावा किया गया था कि उर्वशी ने पहले तो धन के लालच में राणा परिवार के छोटे सुपुत्र शौर्य से विवाह किया। कुछ समय तो वह शांत रही, पर अंततः अभिनय, व दर्शकों के सामने आने की लालसा पर काबू न रख पाई। चूँकि उसके परिवार के लोग नहीं चाहते थे कि वह अभिनय करे, इसलिए वह छुप छुप कर अपने साथियों से मिलती रही।

क्रमशः

WhatsApp Image 2026-06-16 at 13.30.59 — Vcare Language Academy

Author

Leave a Comment