मेघा राठी का उपन्यास ‘वहाँ कौन है ‘ भाग -38

वहाँ कौन है? (भाग 38)

यह बहुत अजीब था। किसी भी जंगली जीव का इस प्रकार निडर होकर उनके सामने आकर बैठ जाना सामान्य बात नहीं थी। हालाँकि यह पहला अवसर भी नहीं था। उस रहस्यमयी गुलाबी चिड़िया ने भी आरम्भ से ही उनके साथ ऐसा ही व्यवहार किया था—न भय, न दूरी…मानो वह उन्हें कहीं ले जाने का दायित्व निभा रही हो।

प्रभा की दृष्टि उस सफेद साँप पर टिक गई। वह उसकी आँखों में नहीं, बल्कि उस स्थान पर देख रही थी जहाँ वह कुंडली मारकर बैठा था।

अचानक उसकी भौंहें सिकुड़ गईं।

“सुक्खी…”, उसने धीरे से उसका कंधा थपथपाया।

“क्या हुआ?”

“वहाँ देख? .”

सुक्खी ने टॉर्च नीचे की।

चट्टानी फर्श पर साँप के नीचे से हल्की-सी रुपहली चमक छनकर बाहर आ रही थी।

“ओए…”, अब उसकी आँखें भी फैल गईं।उसने बिना शोर किए उदय को संकेत किया। कुछ ही क्षणों में मायरा और प्रभात भी उनके साथ थे बस कुमार ही साँप के सामने निर्भय होकर खड़ा था।

मायरा ने साँप को ध्यान से देखा। वह फुफकार नहीं रहा था…न ही आक्रमण की मुद्रा में था।

“उदी…” उसने धीमे स्वर में कहा, “मुझे लगता है यह हमें कुछ दिखाना चाहता है।”

उदय ने कुमार की ओर देखा।कुमार धीरे-धीरे आगे बढ़ा। उसने साँप की गहरी नीली आँखों में देखा। कुछ क्षण दोनों एक-दूसरे को देखते रहे।

फिर कुमार बहुत धीमे स्वर में बोला—

“हम समझ गए… यदि तुम मार्गदर्शक हो… तो धन्यवाद।”

बाकी लोग शब्द नहीं सुन पाए।

पर साँप जैसे समझ गया।

उसने धीरे-धीरे अपना फन झुकाया…एक बार कुमार को देखा…और फिर बिना किसी भय या जल्दबाज़ी के चट्टानों के बीच अदृश्य हो गया।

उसके हटते ही सभी तेजी से उस स्थान तक पहुँचे।टॉर्चों का प्रकाश एक साथ वहाँ पड़ा।अब स्पष्ट दिखाई दे रहा था
पत्थर की सतह के बीच लगभग डेढ़ फुट लंबी एक रुपहली धातु की पट्टी जड़ी हुई थी।

उस पर समान दूरी पर बने दो आयताकार खाँचे थे।

सुक्खी ने माथा पकड़ लिया, “ओय ये क्या स्यापा है.. क्या नई मुसीबत है अब! एक पट्टिका मिली, उससे दरवाज़ा नहीं खुला…अब ये दो नए छेद आ गए!

” ओ तू चुप करेगा,जरा देखने समझने तो दे यार!”, प्रभात ने सुक्खी की पीठ पर धौल देते हुए कहा।

” मेनू की फरक पेंदा…देख के दस मैनू। “, कहकर सुक्खी अपनी टॉर्च से आसपास देखने लगा।” ऐ लो, अपनी ये गुलाबी मैना भी इत्थे ही

“वो मैना नहीं है बल्कि क्या है, यह अभी किसी को नहीं पता।” प्रभा मुस्कुराई।

पता है मुझे भी, ज्ञान न दे मुझे…तुझसे ज्यादा ही है मेरे पास!”, सुक्खी ने मुँह बनाया तो सभी हँस पड़े।

” पर तुझे वह चिड़िया इस अंधेरी गुफा में कैसे आ गई। कहां है वह?”, प्रभा ने गुफा छत की ओर इसे ढूंढते हुए पूछा।

“आ इत्थे”। सुक्खी के बुलाने पर प्रभा उसके पास गई। ” ये देख, ये बैठी!”

यह तो उसकी तस्वीर है।”, प्रभा मुस्कुराई।

” तस्वीर भी तो उसी की है प्रभा।”, सुक्खी ने तस्वीर से नजर हटाये बिना कहा। “पर देख ,बनाने वाले ने कितनी कमाल की बनाई है कि लगता हो नहीं कि यह वास्तविक नहीं।

वास्तव में गुफा की दीवार पर वही गुलाबी पक्षी अत्यंत जीवंत नक्काशी के रूप में बना हुआ था।इतना जीवंत कि पहली नज़र में कोई भी उसे वास्तविक समझ बैठता।

प्रभा उसके पास चली गई,”कमाल की कारीगरी है…”

उसने धीरे से उसकी चोंच को छू लिया।

“अरे प्रभा,ऐसे कु है मत छुओ! “, उदय उसे रोक ही रहा था कि…

खट्…!

पूरी गुफा में धातु के खुलने जैसी आवाज गूँज उठी।चिड़िया की चोंच दो भागों में खुल गई।उसके भीतर से दो छोटी-सी आयताकार लाल छड़ें बाहर गिर पड़ीं।वे साधारण पत्थर नहीं थीं।ऐसा लग रहा था जैसे रक्तिम माणिक्य को तराशकर बनाया गया हो।

कुछ क्षण तक कोई कुछ नहीं बोला।सब हैरानी से एक-दूसरे को देखते रहे।उदय सबसे पहले सँभला।उसने दोनों छड़ों को सावधानी से उठाया फिर जमीन पर बने आयताकार खाँचों को देखा। उसने तुरंत जेब से डिजिटल कैलिपर निकाला। छिद्रों का माप लिया फिर छड़ों का माप लिया।

दोनों लगभग पूर्णतः समान थे। “फिटमेंट बिल्कुल सटीक है।”

प्रभात के चेहरे पर उत्साह उभर आया, “तो यही अगली कुंजी है।”

उदय ने बिना देर किए वे दोनों छड़ें कुमार की ओर बढ़ा दीं।”अब तक हर तंत्र ने तुम्हें ही स्वीकार किया है।”

कुमार ने बिना कुछ कहे उन्हें ग्रहण कर लिया।उसके हाथ हल्के काँप रहे थे।वह रुपहली पट्टी के सामने घुटनों के बल बैठ गया।
एक गहरी साँस ली और दोनों छड़ें धीरे-धीरे उन आयताकार खाँचों में स्थापित कर दीं।

जैसे ही उन्होंने अपना स्थान ग्रहण किया,घर्रररर…घर्रररर की जोरदार आवाज हुई।

धरती भीतर तक काँप उठी।पूरी गुफा में पत्थरों के सरकने की भारी आवाज गूँजने लगी।रुपहली पट्टी भीतर धँस गई। उसी क्षण सामने बने विशाल वृत्ताकार चिन्ह ने घूमना प्रारम्भ कर दिया।

पहले धीरे…बहुत धीरे मानो हजारों वर्षों की निद्रा से कोई जाग रहा हो।अब वह चिन्ह घूमते-घूमते कुछ इंच बाहर निकल आया।
वह दीवार का भाग नहीं रह गया था।वह वास्तव में एक स्वतंत्र गोलाकार यंत्र था।

उदय की धड़कन तेज हो गई, “कुमार” । उसने धीरे से कहा, “अब।”

कुमार ने बैग से वही धातु की पट्टिका निकाली।उसके किनारे जैसे स्वयं प्रकाश छोड़ने लगे।उसने काँपते हाथों से पट्टिका उठाई और घूमते हुए वृत्त के मध्य बने स्थान पर रख दी।

टक…

इतनी हल्की ध्वनि हुई कि शायद कोई सुन भी न पाता किन्तु अगले ही क्षण…पूरे वृत्त में सुनहरी रेखाएँ दौड़ गईं।दीवार के भीतर कहीं विशाल यांत्रिक संरचनाएँ सक्रिय हो उठीं।

घड़ड़ड़ड़…

दोनों ओर की शिलाएँ धीरे-धीरे अलग होने लगीं।सदियों से बंद वह द्वार पहली बार खुल रहा था।भीतर से ठंडी हवा का एक झोंका बाहर आया।उस हवा में मिट्टी की गंध नहीं थी।उसमें कोई अनजानी मधुर सुगंध घुली हुई थी।

इसके तुरंत बादधूल का विशाल गुबार उठा।सभी ने अपने चेहरे ढक लिए।कुछ क्षण तक कुछ दिखाई नहीं दिया।फिर धूल बैठने लगी। एलईडी हेडलैम्प का प्रकाश धीरे-धीरे भीतर पहुँचा।

सबने सावधानी से एक-दूसरे की ओर देखा।उदय सबसे आगे था, उसके पीछे कुमार, फिर मायरा, प्रभा, प्रभात और सुक्खी।सभी अत्यंत सतर्कता से भीतर बढ़े।अंदर प्रवेश करते ही वे अनायास रुक गए।सामने लगभग गोलाकार विशाल कक्ष था।

दीवारों पर महीन नक्काशियाँ थीं किन्तु उन पर समय का कोई प्रभाव दिखाई नहीं देता था।ऐसा लगता था मानो उन्हें अभी-अभी तराशा गया हो।कक्ष के ठीक मध्य में भूरे शिलाखंड से निर्मित एक भव्य आसन रखा था।

वह साधारण सिंहासन नहीं था।उसकी पीठ पर फैले पंखों जैसी आकृतियाँ उकेरी गई थीं।बाँहों पर लिपटे दो अद्भुत सर्प जिनकी आँखों में जड़े गहरे नीले रत्न अब भी मंद प्रकाश बिखेर रहे थे।

आसन के चारों ओर फर्श पर एक विशाल वृत्त बना था, जिसमें असंख्य सूक्ष्म चिह्न उकेरे गए थे।

उन चिह्नों पर धूल का एक कण भी नहीं था।मानो किसी अदृश्य शक्ति ने उन्हें सुरक्षित रखा हो और उस आसन पर पूर्णतः स्थिर अवस्था में एक मुखौटा रखा था।वह किसी धातु का नहीं लगता था। उसका रंग चाँदी और सोने के बीच बदलता रहता था।

उसकी सतह पर अत्यंत सूक्ष्म नीली रेखाएँ स्वयं बहती हुई प्रतीत होती थीं।सबसे विचित्र बात यह थी मुखौटे के चेहरे पर कोई भाव नहीं था फिर भी उसे देखते ही ऐसा लगता था जैसे कोई जीवित व्यक्ति अत्यंत शांत भाव से सामने बैठा उन्हें देख रहा हो।

अनायास ही सबके कदम रुक गए।किसी में आगे बढ़ने का साहस नहीं हुआ।गुफा में फिर वही रहस्यमयी निस्तब्धता उतर आई और उसी क्षण बिना किसी चेतावनी के उस विशाल कक्ष की भूमि में हल्की-सी कंपन हुई।

सभी सहज ही एक कदम पीछे हट गए।अगले ही क्षण उनके पैरों के नीचे फैली कठोर शिला पारदर्शी होने लगी। ऐसा लग रहा था मानो पत्थर धीरे-धीरे किसी निर्मल जल में बदल रहा हो।

“पीछे हटो!” उदय लगभग चिल्ला पड़ा।

सब तेजी से पीछे हुए, किंतु कुछ ही क्षण बाद उन्हें समझ आया कि वह वास्तव में जल नहीं था। वह एक दर्पण था…ऐसा दर्पण, जिसमें किसी का वर्तमान प्रतिबिंब नहीं दिखाई दे रहा था।

प्रभा ने विस्मय से नीचे देखा, “ये… मैं नहीं हूँ…”।उसके नीचे कोई दूसरी युवती खड़ी थी, जिसके वस्त्र, आभूषण और परिवेश किसी अज्ञात काल के थे।

सुक्खी ने घबराकर दूसरी ओर देखा।, “सर… मेरे नीचे भी कोई और खड़ा है ।यह..यह मेरा प्रतिबिम्ब नहीं है! क्या है यह फिर?

प्रभात ने टॉर्च की रोशनी नीचे डाली पर प्रकाश उस पार चला गया, मानो नीचे कोई दूसरी दुनिया हो।

मायरा का हृदय अनायास तेज़ी से धड़कने लगा।उसने नीचे देखा पर उसे अपना चेहरा दिखाई ही नहीं दिया। वहाँ केवल लहरें थीं और उन लहरों के भीतर कुछ धुँधली गुलाबी पंखुड़ियाँ तैर रही थीं।

कुमार सबसे अंत में नीचे झुका।जैसे ही उसकी दृष्टि उस पारदर्शी भूमि पर पड़ी, उसका चेहरा एकदम बदल गया, “नहीं, यह नहीं हो सकता।”

उसके होंठों से अनायास निकला। उसे अपना प्रतिबिंब नहीं दिखाई दिया। वहाँ वही रुपहली-सुनहरी त्वचा वाले लोग थे, वही ऊँचे महल और दूर सीढ़ियाँ चढ़ती हुई वही रहस्यमयी युवती। उसने एक क्षण के लिए मुड़कर देखा जैसे उसे पहले से पता हो कि कोई उसे देख रहा है।

वह अनायास घुटनों के बल बैठ गया।

“कुमार!” उदय उसकी ओर दौड़ा लेकिन तब तक पूरा पारदर्शी फर्श फिर से साधारण पत्थर बन चुका था मानो वहाँ कुछ हुआ ही न हो।
Megha
(चलो चलो, कमेंट में कंजूसी मेरे कू पसंद नहीं। मै इतना मेहनत से लिखती है , इतना समय और दिमाग खर्च करके और मेरे कूं कुछ कमेंट देने में कंजूसी होना नहीं मंगता , और देखो ये बरोबर भी नहीं न , बरोबर बोले तो– जस्टिस नहीं है न मेरे संग)

WhatsApp Image 2026-06-26 at 18.05.06 (1) — Vcare Language Academy

Author

Leave a Comment