कारगिल एक प्रेम कथा
भाग -15
उफ़्फ़ कितना असहज लग रहा था उर्वशी को उस कोच में। सारे के सारे पुरुष, और वह अकेली महिला.. और सब उसे यूँ टकटकी लगाकर देख रहे थे जैसे कि कोई फ़िल्म चल रही हो.. और उससे भी ज्यादा असहज तो मेजर पांडे हो रहे थे। तीन लोगों की सीट पर वह दोनों तथाकथित प्रेमी-प्रेमिका ही बैठे थे.. एक विंडो सीट पर और दूसरा बीच की सीट छोड़कर किनारे की सीट पर मेजर साहेब बैठे हुए हैं। भला ऐसे में कैसे प्रेम भरी बातों का सिलसिला शुरू हो सकता था।
अब तक तो करनाल भी आ गया था, उर्वशी समझ चुकी थी कि मेजर साहब तो सिर्फ नाम के सेना में मेज़र हैं, प्यार की जंग जीतने के लिए उसे ही पूरी कोशिश करनी पड़ेगी।
लिहाजा उसने सबसे पहले उस सीट से उठते हुये मेजर पांडे से कहा, करनाल आ गया है मेरा सामान मेरी सीट पर लावारिस पड़ा है, ऐसा न हो कि कोई मेरा सामान लेकर निकल ले और मैं यहाँ बैठी ही रह जाऊँ।
कोई नहीं मै लांस नायक बांकेलाल को भेज देता हूँ न आपकी जगह पर, आप यहाँ बैठे रहिये इत्मिनान से.. मेज़र बाबू अपनी पोजिशन का रौब झाड़ते हुये पीछे बैठे लांस नायक बांकेलाल की तरफ देखने लगे, जो अब सीट से उठकर मेजर बाबू के अगले ऑर्डर की प्रतीक्षा में था। सचमुच ही कम से कम प्रेम के मामले में तो घुटने में ही दिमाग है इन लोगों का… भला इन 100 आर्मी के जवानों के बीच बिठाकर कौन सी प्रेम भरी बात कर लेंगे यह मेज़र साब.. उर्वशी सोचते हुये उठकर बिना कुछ कहे ही अपनी सीट की तरफ जाने लगी… और सभी लोग उसे बस देखते रहे।
साहब फिर क्या करूं… लांस नायक बांकेलाल ने असमंजस की स्थिति में मेजर ब्रजभूषण पांडे की तरफ देखा।
अब तक उर्वशी स्लाइडिंग डोर को सरकाकर अपनी सीट की तरफ बढ़ गई।
उर्वशी का सामान अपनी सीट के ऊपर वाले शेल्फ़ में सुरक्षित रखा हुआ था, अलबत्ता उसके बगल की सीटें खाली हो चुकी थीं, शायद वह सब करनाल उतर गये होंगे।
अब उर्वशी इत्मीनान से विंडो सीट पर बैठे हुये मेजर पांडे के बारे में ही सोच रही थी… कितना अव्यवहारिक है यह शख्स प्रेम के मामले में, भला प्रेम भी कोई सार्वजनिक प्रदर्शन करने की वस्तु है क्या? वह चाहते तो मेरे साथ मेरी सीट के बगल में बैठकर आराम से दिल्ली तक का सफ़र मेरे साथ ही कर सकते थे, मगर नहीं … न जाने कितने अनाड़ी हैं।
उर्वशी को मेज़र पांडे पर बहुत गुस्सा आ रहा था.. तभी दिमाग के दूसरे कोने से आवाज़ आई, अरे प्रेम में अव्यवहारिक है तो अच्छा ही तो है इससे पता चलता है कि उसका इससे पहले किसी और लडकी से प्रेम संबंध तो नहीं होगा, वरना आजकल के लड़के… सुंदर लड़की दिखी नहीं कि फ्लर्टिंग करना शुरू कर देते हैं।
उर्वशी मेजर पांडे के बारे में ही सोच रही थी कि तभी सूबेदार प्रीतम सिंह आकर उसे बोला.. मैडम जी मेरे से कोई गलती हुई हो तो मुझे माफ़ कर देना। दरअसल मेज़र साब को हमने आजतक किसी लड़की से बात करते नहीं देखा। बहुत शर्मीले हैं वह, मगर जिस तरह आप उनका गाना सुनकर उनके पीछे खड़ी हो गई तो मुझे लगा कि आपका पुराना परिचय होगा, इसलिए मैं उसी ग़लती में आपको भाभी बोल उठा..
एक बार आप मेरे साथ चलकर मेजर साब को कह दो न कि आप मेरी “भाभी” वाली बात से नाराज नहीं हो.. सूबेदार प्रीतम सिंह काफी डरा हुआ सा था।
क्रमशः
अविनाश स आठल्ये