अजय कुमार का उपन्यास – ‘बात एक रात की’ – भाग -16

बात एक रात की
**************
भाग सोलह
***********
” आपने तो मेरी सहेली को छीन ही लिया है मुझसे, अब जब देखो यह आपके साथ ही बातें कर रही होती है…।”
अपनी आंखें तिरछी कर के एक मीठा सा उलाहना दिया था मानसी ने हेमन्त को, पर मन ही मन वह विजया के लिए बहुत खुश थी, पिछले तीन चार दिनों में एक दूसरे के खासे करीब आ गये थे विजया और हेमन्त,और मानसी को विजया की यह बात बहुत अच्छी लग रही थी।
अपनी इस अभागी सहेली के लिए वह ज्यादा तो कुछ नहीं कर सकती थी, पर रोज वह यह दुआ जरूर करती थी
कि उसकी इस सहेली कोई उसे ऐसा मिल जाए जो उसके सारे आंसुओं को भाप बना कर उड़ा डाले।उसके इस भयानक रूप से खाली और बहुत उदास हो गये जीवन में फिर नये रंग उकेर सके।
” अरे ! आप ऐसा क्यूं कह रही हैं,आपकी सहेली तो आपकी ही हैं हमेशा…पहला अधिकार आपका इन पर…” हेमन्त ने थोड़ा झेंपते हुए हंस कर जवाब दिया मानसी को,
पर विजया का चेहरे पर इस बात से एक गहरी सुर्खी उतर
आई थी, पर मानसी इतनी आसानी से कहां जाने दे सकती
थी हेमन्त को, शुरूआत से ही वो हेमन्त को इस तरह छेड़ते
हुए आई थी… “ओह ! तो इसका मतलब यह हुआ,पहला न सही ,दूसरा अधिकार तो आपने मेरी इस मासूम सी सहेली
पर स्थापित कर ही लिया है..”
एक सकपकाहट सी उतर आई थी मानसी की हाजिर जवाबी से हेमन्त के पारदर्शी चेहरे पर,और मानसी ने भी तुरंत लक्ष्य कर लिया था हेमन्त के चेहरे पर आए उस भाव को..
“ओ. के.,विजू अब मैं हेमन्त जी को और तुझे नहीं छेडूंगी,मुझे पता लग गया है बहुत बुरा लग रहा है तुझे,और
वैसे भी मेरा आज का कोटा तो पूरा हो ही गया है, तुम लोग अब आराम से बातें शातें करो,अपने राम चलते हैं दीक्षित सर
ने कई रजिस्टर रख छोड़े हैं , मेरी जान को ,कंपलीट करने के लिए..”
एक हवा के मस्त झोंके की तरह खिलखिलाहट बिखेर कर वहां से चलती बनी थी मानसी..और पीछे थोड़े सकुचाए
से चुप खड़े रह गये हेमन्त और विजया,पर इतने पर भी हेमन्त ने विजया से अपनी पिछली चल रही बातचीत के सूत्र को अभी छिटकने नहीं दिया था.. ” तो आप कल चल रही हैं न मेरे साथ मैटिनी शो में..फिल्म सचमुच बहुत अच्छी है..रिव्यू पढ़ा है मैंने नैट प..” हेमन्त डर रहा था ,कहीं मानसी के मजाक को सुन
कर विजया अपना इरादा न बदल दे..” आपको लग रहा है कि शायद मैं अब मना न कर दूं,नहीं हम चलेंगे कल,आप थियेटर पर ही मिलिए मुझे , अब ठीक है न…।”
विजया ने थोड़ी.शरारत से कहा,और हेमन्त ने भी खुश होते हुए तुरंत अपना सिर हिला दिया था। जिस दिन मानसी विजया के घर रूकी थी,उसी दिन विजया को लगा था कि
अब अगर उसने अपने लिए कुछ नहीं किया तो जिंदगी उसे अपने हाल पर छोड़ कर आगे बढ़ जायेगी…जरूरी है कि वो पहले अपने ऊपर विश्वास रखे और फिर थोड़ा विश्वास दूसरों पर भी करना सीखें…एक बंद घर में नहीं गुजारी जा सकती जिंदगी,उसे अब खुद अपनी एक दुनिया बनानी होगी…और हेमन्त की शक्ल में उसे एक नयी शुरूआत मिल भी गयी थी।
जितना उसे अब तक  पता लगा था, उससे मालूम हुआ कि हेमन्त अहमदनगर का नहीं ताले गांव का रहने वाला था,जो पुणे और अहमदनगर की सीमा पर स्थित था,एक खूब सूरत पहाड़ी इलाका,एक छोटे कस्बे जैसा गांव ,चारों तरफ, एक से बढ़ कर एक नजारे,और बहुत ही पौष्टिक आबोहवा, फिर वो सब छोड़ कर आप यहां क्यूं चले आये।
हेमन्त ने जवाब तो दिया पर इस बात का जवाब वो शायद देना नहीं चाहता था,वो यहां खुद को आजमाने आया है,कुछ बनने खुद को साबित करने,कुछ तो और था पर शायद वो
शेयर नहीं करना चाहता था।
विजया को लगा अभी हेमन्त से पहचान ही कितनी है…हर आदमी के जीवन में बहुत कुछ ऐसा व्यक्तिगत होता
है जिसे कहने में,किसी से शेयर करने में समय लगता है।
अगले दिन विजया वक्त से कुछ पहले ही आईनोक्स थियेटर में पहुंच गयी थी..और वहां उसे हेमन्त पहले ही इंत
जार करता खड़ा मिला था… “अभी तो वक्त है चलिए,एक
एक आईसक्रीम हो जाए…”
” ठीक है ,चलिए …।” बहुत दिनों बाद विजया इस तरह घर से बाहर अकेली निकली थी, और आज उसे सब
कुछ अच्छा अच्छा लग रहा था।
थोड़ी देर बाद दोनों हॉल में थे और पिक्चर चालू हो चुकी थी पर विजया मन ही मन बहुत बेचैन थी, वैसे तो मुम्बई शहर में यह बहुत आम बात थी,एक लड़की का अपने ब्वायफ्रैंड के साथ फिल्म देखने जाना पर जो कुछ भी उसकी इस छोटी सी जिंदगी में आज तक घट चुका था, उसके बाद अचानक हेमन्त के साथ इस तरह फिल्म देखने का यह फैसला,उसे बहुत ही
अजीब सा लग रहा था। खुद से जिद लगा कर वह यहां आ जरूर गयी थी,पर अब अंधेरे में अपनी सीट में वो सिकुड़ कर बैठी हुई थी पर्दे की तरफ तो जैसे उसका ध्यान ही नहीं था, उसका मन तो पता नहीं कहां कहां भटक रहा था…
“तबियत तो ठीक है न आपकी…मुझे लग रहा है आप यहां पर कम्फर्टिबल तो फील कर रही हैं न..” हेमन्त
भांप गया था ,विजया की मनः स्थिति को..उसने फुसफुसाते हुए पूछा था विजया से,पर उसकी इस फुसफुसाहट ने विजया को बुरी तरह से चिहुंका दिया था ,अगर विजया तुरंत अपने
मुंह पर हाथ नहीं लगा लेती तो एक तेज चीख़ निकल जाती उसके मुंह से, उसे बिल्कुल ऐसा लगा जैसे आज फिर से वही हत्यारा उसकी ठीक बगल में आ बैठा है,और वही अभी फुस फुसाया है उसके कान में.. ” नहीं , नहीं हूं मैं ठीक…आई एम सॉरी,हेमन्त जी..बट आई हैव टू लीव…मुझे अभी फौरन यहां
से बाहर निकलना है,मुझे अपनी तबियत ठीक नहीं लग रही, अगर आप चाहें तो आप…”
“अरे नहीं…चलिए चलते हैं….पिक्चर का क्या है फिर देख लेगें कभी…आइये चलते हैं…।”
बाहर खुले में आ कर विजया ने एक गहरी सांस ली थी राहत की… “क्या हुआ है आपको,आपका चेहरा तो एक दम पीला पड़ गया है,मुझे लग रहा है ,जैसे आप डर गयी हैं..”
विजया ने हेमन्त की बात सुन कर उसकी तरफ़ नजर भर कर देखा…और उसी क्षण उसके दिमाग में कुछ कौंधा…क्यूं लगा था यह उसको कि हेमन्त की फुसफुसाहट नहीं है यह ,उस हत्यारे की फुसफुसाहट है..पहले उसने कभी ध्यान नहीं दिया था पर आज ध्यान से देखा तो उसे लगा कि
हेमन्त का कद भी लगभग उस हत्यारे जितना ही होगा,और डील डौल भी तो एकदम उतना ही है,एक क्षण के लिए तो विजया को लगा कि वह गिरने वाली है।उसे सच में एक तेज चक्कर आ गया था।
**************************
(शेष आगे…)

अजय कुमार
 

 

 

WhatsApp Image 2026-07-19 at 17.37.20 — Vcare Language Academy

Author

Leave a Comment