राघवेंद्र सैनी का उपन्यास ‘भलोल ‘ भाग -47

भलोल

भाग -47

 

एक सप्ताह रहने के बाद मम्मी-पापा, पिंकी और शन्नो वापिस अमृतसर लौट गई थी। मैं कर्नल दीपक साहब से गाड़ी लेकर उन्हें गाड़ी में बैठा आया था। वे सब बहुत खुश थे। आशीर्वाद दे रहे थे। मैं लौट कर आया तो राजी ने दरवाजा खोला। नहा कर निकली थी। खूब खिली हुई थी कि सब खुशी-खुशी चले गए हैं।

“हाँ, तुमने उनके रहने पर भी सब प्रबंध ठीक से किए थे। खासकर हमारे प्यार में कमी नहीं रही थी।

“वह तो होना ही था। मैंने शन्नो और पिंकी को समझा दिया था। उन्होंने कहा था, “दीदी, रात को आप ठीक से सोना, हम डिस्टर्ब नहीं करेंगे।”

” “तो यह बात थी,” मैंने कहा, “लगता है, अभी से प्यार के लिए तैयार हो।

मैं आगे बढ़ा तो उसने कहा, “छोड़िए, नाश्ता लगाती हूँ फिर आराम से बैठेंगे।”

“ओह, याद आया, कल ‘फायरिंग’ है। उसके लिए मुझे जाना है और तैयारी करनी है।”

“फायरिंग? कैसी फायरिंग?”

“गोलियाँ चलाने की प्रैक्टिस।” मैंने सुबह के लिए झोला- पिठ्ठू -निकालते हुए कहा।

“यह सब पहनकर जाओगे?”

“लड़ाई में ऐसा ही ड्रेस पहन कर जाना होता है।”

“अभी कौनसी लड़ाई है? आप तो कहते थे कि आप लड़ने वाली फौज में नहीं हैं?”
राजी, तुम्हें इस बात को समझना होगा, हम पहले सैनिक हैं. फौजी हैं।

हमें लड़ाई में अपनी सुरक्षा के लिए यह सब करना पड़ता है। मैं सच में लड़ाकू फौज में नहीं हैं। लड़ाई में भी पीछे रहकर स्टोर ही देना होता है। हमें सिर्फ हवाई हमलों का खतरा रहता है। हैंड-टू-हैंड लड़ाई कभी नहीं करनी पड़ती।”

“अच्छा, चलो मान लेती हूँ। क्या आपसे निशाना लगेगा?” राजी के होठों पर व्यंग की मुस्कराहट थी।

“क्यों नहीं लगेगा?” मैंने रात के प्यार की ओर इशारा करते हुए कहा।

“आप भी न बस? यहाँ आपका निशाना बिल्कुल नजदीक है। वहाँ दूर रहेगा। फिर कैसे लगेगा निशाना?” राजी ने मुझे छेड़ते हुए कहा था।

“हमें आदेश ऐसे मिलते हैं कि निशाना अपने-आप नजदीक आ जाता है। जवानों को मानसिक स्तर पर इस तरह तैयार किया जाता है जिसका तुम सिर्फ अनुमान ही लगा सकती हो।”

“अच्छा, कैसे आदेश?”

“हम फायरिंग के तैयार होते हैं, बोला जाता है, ‘सामने टारगेट’। सभी जवान अपनी-अपनी बीवियों का ध्यान करेंगे। उनकी खूबसूरत आँखों का ध्यान करेंगे। अपनी आँखों में बीवी की आँखों की तस्वीर फिक्स करें और निशाना लगाएँ।” मैंने राजी की आँखों को हाथ लगाकर बता दिया था।

“ओह, ओह, ऐसा कहते हैं?”

“आगे सुनो, जिनकी बीवियाँ नहीं हैं या कुंआरे हैं, वे आँख का अनुमान लगाकर निशाना लगाएँगे। तुम बताओ, निशाना अपने-आप टारगेट पर लगेगा या नहीं?”

“मुझे नहीं पता। आप सब बदमाश हैं। तैयारी कर लो, मैं नाश्ता लगा रही हूँ।”

“सही बात कहो तो तुम्हें यकीन नहीं होता। बदमाश कहती हो।”

“तुम फौजी न, हर चीज में कुछ नया ढूंढ लेते हो।”

“फौजी क्या, सारी दुनिया इन्हीं आँखों के नशे में डूबी रहती है! नहीं?”

राजी ने मेरी बात का जवाब नहीं दिया था। चुपचाप नाश्ता बनाती रही थी। मेरी तैयारी हो गई थी। हम दोनों नाश्ता करके हटे ही थे कि कर्नल दीपक साहब का फोन आया। कहा, “निंदी, तुम्हारी एस.एस.बी. की डेट आ गई है। पुणे बोर्ड में 10 अक्तूबर का एस.एस.बी. है। मैं तुम्हारे साथ चलूंगा। हम 8 अक्तूबर को यहाँ से चलेंगे।”

“ठीक है, सर।”

कल तुम फायरिंग पर नहीं जाओगे। एस.एन. दास गुप्ता कालेज चले जाना। वहाँ एस.एस.बी. की तैयारी की क्लास का पता करना और वहीं से मुझे बताना। अपनी चेकबुक साथ ले जाना। मैंने कंपनी कमांडर को बोल दिया है।”

“ठीक है, सर।”

कर्नल साहब ने फोन रखा तो राजी ने पूछा, “किसका फोन था?”

“कर्नल दीपक साहब का।”

“क्या कह रहे थे?”

“आओ, आराम से बैठो। मैं तुम्हें बताता हूँ, साथ में प्यार करते हैं।”

“लो, आ गई।”

“तुम्हें याद होगा, मम्मी-पापा के रहते एक रोज मैं शाम को 5 बजे आया था। तुम पकौड़े बना रही थी।”

“हाँ जी।”

राजी मेरे पास बैठ गई थी। मैंने आगे कहा, “उस रोज मैं कमांड हेडक्वार्टर में जनरल साहब की इंटरव्यू के लिए गया था। एक्चुली हमारे विभाग में इंवेंट्री कंट्रोल अफसरों की वकेंसी निकली है। मैं उसके लिए गया था। अब 10 अक्तूबर को पुणे में फाइनल इंटरव्यू है। तीन दिन लगेंगे। कर्नल साहब मेरे साथ जाएँगे। अगर मैं सेलेक्ट हो जाता हूँ तो कर्नल साहब की तरह अफसर बनूँगा। भाभी जी का वहाँ मायका है। वे वहाँ रहेंगे और मैं जहाँ इंटरव्यू है, वहाँ रहूँगा। जब तक मेरी इंटरव्यू नहीं हो जाती, कर्नल साहब मेरे सपोर्ट में वहीं रहेंगे।

मुझे कल फायरिंग में नहीं जाना है। पंचकुइयां रोड पर एस.एन. दास गुप्ता कालेज है, वहाँ जाना है। वह कालेज इस इंटरव्यू की तैयारी करवाता है। कर्नल साहब चाहते हैं कि मैं वहाँ क्लास अटैंड करूँ। तैयारी अच्छी हो जाएगी। सिफारिश भी तभी चलती है जब इंटरव्यू देने वाले में दम हो। मेरे पास तैयारी के लिए दो महीने हैं।”

“अच्छा, यह तो बहुत अच्छी बात है। क्लासें शाम को होंगी। दिन में ड्यूटी पर रहेंगे।”

“हाँ, शाम को 6 बजे से 9 बजे तक रहेंगी। आते-आते 10 बज जाया करेंगे।”
“पैसा भी लगेगा?”

“पूरी तैयारी करवाने के लिए 10 हजार रुपए तक लगेंगे। बाकी कालेज जाकर पता चलेगा।”

“पैसों की कोई बात नहीं। इतने ब्राइट करियर के लिए कुछ भी किया जा सकता है। यह अच्छा हुआ, आपको फायरिंग पर नहीं जाना पड़ेगा।”

“हाँ, राजी।”

मैं नाश्ता करके कॉलेज के लिए निकल गया।

क्रमशः

राघवेंद्र सैनी

WhatsApp Image 2026-06-14 at 20.06.06 — Vcare Language Academy

Author

Leave a Comment