50-
सफलता का स्वाद अभी ठीक से चख भी न पाई थी, कि तभी एक फ़िल्मी पत्रिका के कॉलम ने उसका मूड खराब कर दिया। नई सिने तारिका के कुछ सनसनीखेज राज़ के नाम से दो पेज का लेख था। जिसमें विश्वसनीय सूत्र के हवाले से दावा किया गया था कि उर्वशी ने पहले तो धन के लालच में राणा परिवार के छोटे सुपुत्र शौर्य से विवाह किया। कुछ समय तो वह शांत रही, पर अंततः अभिनय, व दर्शकों के सामने आने की लालसा पर काबू न रख पाई। चूँकि उसके परिवार के लोग नहीं चाहते थे कि वह अभिनय करे, इसलिए वह छुप छुप कर अपने साथियों से मिलती रही। जब यह बात उसके ससुराल वालों को पता लगी, तो वे यह सब बर्दाश्त न पाए। उन्होंने उसे यह सब करने से रोकना चाहा। अंत में परेशान होकर उन्होंने एक दिन उर्वशी को घर से जाने के लिए कह दिया । वह अपने पुराने साथी रोहित, जिसके साथ विवाह के पश्चात भी उसका सम्पर्क बना हुआ था, के बहलाने पर मुंबई आ गयी। एक डेली सोप में उसके काफ़ी अंतरंग दृश्य देखकर राणा परिवार ने उसके पास तलाक के पेपर्स भेज दिए। यह अच्छा अवसर था। उसने अपने पति से छुटकारा भी पा लिया और एलिमनी में एक शानदार फ्लैट, विदेशी गाड़ी तथा एक अच्छी धनराशि भी वसूल की। यह था आज की चर्चित हीरोइन का सनसनीखेज खुलासा।
पढ़कर उसका दिमाग भन्ना गया। उसका जी चाह रहा था कि जिस पत्रकार ने यह फीचर लिखा है, अगर सामने आ जाए तो उसका क़त्ल ही कर दे। क्रोध में उसने पत्रिका पर मानहानि का दावा करने का विचार किया, फिर सबके समझाने पर इस विचार को त्यागा। क्योंकि सबका यही मत था कि ऐसी ख़बरे रोज आती हैं, किस किस पर प्रतिक्रिया दी जाए। ऐसी बातों को बस इग्नोर करो बस।
* * * * * * * * * *
उसकी लाइन से पाँच फिल्में हिट हुईं, तो उसे फ़िल्म के लिए बड़ा शुभ माने जाने लगा। इसके बाद एक के बाद तीन फिल्में फ्लॉप भी हुईं तो इतना ज्यादा असर नहीं हुआ। उसके पास कई बेहतरीन फिल्मों के ऑफर थे। उसने कुछ चुनिंदा नायिका प्रधान फिल्में स्वीकार की, तो कुछ मल्टीस्टारर भी साइन कर लीं, जिनमे हीरोइन के लिए नाच गाकर नायक को रिझाने के सिवा कोई काम न था। लेकिन बैनर भी बड़ा था, और मिलने वाला अमाउंट और भी बड़ा था। कई विज्ञापन करके भी काफी पैसा इकट्ठा कर लिया था। बेटा प्रखर, अपने नानी नाना की देखरेख में पल रहा था। देखने में वह हूबहू शिखर जैसा था। वह सिर्फ नाम का ही नहीं बल्कि बुद्धि का भी प्रखर था। उर्वशी जब उसकी मीठी मीठी बातें सुनती, तो उसकी सारी थकान दूर हो जाती थी। उन्हीं दिनों किसी पत्रिका में उर्वशी की, उसके बेटे के साथ फ़ोटो छपी। यूँ तो शौर्य को फिल्मी पत्रिकाओं में कोई रुचि नहीं थी, परन्तु जबसे उर्वशी ने बॉलीवुड में कदम रखा था, वह उससे सम्बंधित खबरें व चित्रों पर दृष्टि डाल लेता था। जब उसकी दृष्टि उस चित्र पर पड़ी तो वह देखता रहा और तभी उसके मस्तिष्क में कोई विचार कौंधा। आवेश से उसका चेहरा लाल हो गया। पत्रिका लेकर वह तेज कदमों से शिखर के ऑफिस में चला दिया।
उस समय वह माँ सा व कुछ अन्य व्यक्तियों के साथ गम्भीर विमर्श में लगे थे। माँ सा उन्हें अपनी राजनीतिक विरासत सौंपना चाहती थीं। इसलिए उत्तराधिकारी के तौर पर उनके लिए स्ट्रेटजी तैयार की जा रही थी। शौर्य को अचानक वहाँ देखकर वह चौंक गए। उसके चेहरे से ही उन्हें समझ में आ गया था कि कोई बड़ी बात है। थोड़ी देर में जब विमर्श सम्पन्न हो गया और सबने विदा ले ली, तो वह उसकी ओर मुख़ातिब हुए
” क्या बात है शौर्य, बहुत परेशान दिख रहे हैं ?”
जवाब में उसने वह चित्र वाला पृष्ठ खोल कर पत्रिका उनके सामने टेबल पर पटक दी
” यह फोटो देखिये, उर्वशी के बेटे की। “
” हूँ, क्यूट है न ?” उन्होंने बहुत ममत्व से उसे देखते हुए कहा।
” यह आपका बाल रूप लग रहा है भाई सा। ” उसने सर्द स्वर में कहा।
शिखर ने उसकी ओर देखा और उसका अर्थ समझते ही वह पसीने से नहा गए। शौर्य ने उन्हें कठोर दृष्टि से देखा
” इतनी बड़ी दुनिया है…. आपको… मेरी बीवी ही क्यों ….?”
उन्होंने निगाह फ़ेर ली, शौर्य थोड़ी देर उन्हें कठोर दृष्टि से देखता रहा, फ़िर वह पैर पटकते हुए वहाँ से चला गया। शिखर की देह में सनसनी सी दौड़ गई, हृदय की धड़कनें बहुत तेज रफ़्तार से चलने लगीं। पाँव जमीन पर जैसे जम गए थे। वह पसीने पसीने हो गए। जिस बात का डर था, वही हुआ। अब न जाने यह बात कहाँ तक जाएगी। वह किसी को मुँह दिखाने लायक न रहेंगे। कौन सी बुरी घड़ी थी, जब उन्होंने उर्वशी को पहली बार देखा था। वह उनके जीवन का ग्रहण बन गई । जो उनके बेदाग चरित्र पर दाग लगाकर ही छोड़ेगा. फिर न जाने कब तक वह ऑफिस में बैठे रहे।
* * * * * * * *
काफ़ी दिन चढ़ आया था पर उर्वशी बिस्तर में थी। उसकी तबियत काफ़ी खराब थी। उठने की हिम्मत भी न थी, मम्मी के कहने पर उसके सेक्रेटरी अवनीश ने आज की सभी शूटिंग कैंसिल कर दी थीं। दो दिन से उसे तीव्र ज्वर था , पर निर्माता को नुकसान न हो यह ख़्याल करके वह शूटिंग कर रही थी। परन्तु पिछले दिन एक डांस का सीन शूट होना था। जिसमें उसे बारिश में भीगते हुए डांस करना था। कई बार रीटेक हुए। कभी बैकग्राउंड में कोई गलती हुई, तो कभी वह ही स्टैप गलत कर गई। बार बार भीगने से उसकी तबियत काफ़ी बिगड़ गई। रात में जब वह घर लौटी तो लगभग अचेतावस्था में थी। उसकी यह हालत देखकर सब घबरा गए। तुरन्त डॉक्टर को बुलाया गया। दवाइयाँ, इंजेक्शन, घरेलू नुस्ख़े, सभी कुछ आजमा लिया गया। तब जाकर सुबह उसकी हालत में कुछ सुधार हुआ। उसकी यह हालत देखकर मम्मी सिहर गईं। उन्हें पहली बार अहसास हुआ कि एक फ़िल्म स्टार का जीवन इतना आसान नहीं। उसे कितनी मेहनत करनी होती है, स्वयं पर कितने अंकुश लगाने होते हैं, तब जाकर वह दर्शकों के दिल में जगह बना पाता है। दिन रात का आराम भूलकर, कभी बहुत विपरीत परिस्थितियों में काम करना पड़ता है। फ़िट रहने के लिए जिम में पसीना बहाना, खाते समय जुबान पर नियंत्रण रखना, बाहर निकलो तो प्रशंसकों के बीच घिर जाना। कई बार कुछ प्रशंसक बदतमीजी पर भी उतर आते हैं, तो उनसे बचना।
क्रमशः