भलोल
भाग -48
मैंने कॉलेज पहुँच कर पता किया। वे एस.एस.बी. तैयारी करवाने के लिए ।। हजार रुपए लेंगे। मैंने कर्नल दीपक साहब को बताया। उन्होंने कहा, “तुरंत फार्म भर कर पैसे भर दो। क्लास कब से शुरू है?”
“सर, नया बैच कल से शुरू कर रहे हैं।”
रुपया और फार्म भर कर और पेमेंट देकर मैं अपनी ड्यूटी पर आ गया। राजी को बता दिया था। जितने इंस्पेक्शन नोट तैयार थे, मैं स्टेशन बोर्ड के साइन करवाने के लिए निकल गया। एक घंटे बाद मैं सबके साइन करवा कर लौटा।
कर्नल दीपक साहब के साइन करवाने गया तो उन्होंने बैठा लिया, पूछा, “चाय पीओगे? मुझे भी पीनी है।”
मैं मना नहीं कर पाया था। मैं बाहर से आया था। चाय की मुझे जरूरत भी थी। सप्लाई डिपो में चाय पीने के लिए कहा गया था, मैंने ही मना कर दिया था। एस.एस.बी. की बातें होने लगी।
“कौन-सा प्रोफेसर क्लास लेगा?”
“सर, प्रोफेसर रमाकांत जी हैं।”
“वाह, मजा आएगा। बहुत पुराने प्रोफेसर हैं। जबरदस्त अनुभव है। मैंने भी एस.एस.बी. की कोचिंग उनसे ली थी। बहुत डिटेल में पढ़ाते हैं। बस जो बताएँ, उसे घोटकर पी जाओ। मैं किसी रोज वहाँ आकर मिल लूँगा। याद दिलाऊँगा कि मैंने उनसे कोचिंग ली थी। वे तुम्हारा विशेष ध्यान रखेंगे।”
“ठीक है, सर। मैं समझता हूँ, मैं पूरी ईमानदारी से पढूँगा और घोटकर पी जाऊँगा।”
चाय पीने के साथ साथ कर्नल साहब ‘इंस्पेक्शन नोट’ साइन करते जा रहे थे।
“इन इंस्पेक्शन नोट के सामान को अभी शिफ्ट करवा देना।”
“जी सर,” मैंने सैल्यूट किया और बाहर आ गया।”
मैंने कांति को ‘इंस्पेक्शन नोट’ का सामान शिफ्ट करने के लिए बोल दिया। लंच में घर आया तो राजी ने खुशी-खुशी दरवाजा खोला, पूछा, “कालेज का काम हो गया?”
“हाँ, राजी हो गया। 11 हजार रुपए लगे हैं। कल शाम से क्लास है।”
“पैसों की कोई नहीं। वे और भी कमाए जाएँगे। बस अब पढ़ाई में लग जाना होगा।”
…
“हाँ, राजी, दो महीने बहुत मेहनत के होंगे।”
“आप मेहनत करना, मैं आपका ख्याल रखूँगी।”
“हाँ राजी, यह हमें करना होगा। आज लंच में क्या बनाया है?”
“कढ़ी-चावल”
लंच किया और ऑफिस में आ गया। आज काफी सामान आया था। उसे संभालते-संभालते 6 बज गए थे। मुझे चिंता हुई कि अगर रोज ऐसा होगा तो मैं क्लास कैसे अटैंड कर पाऊँगा? मैंने कर्नल साहब से बात की। उन्होंने कहा, “मैं इसका समाधान ढूंढता हूँ।”
कर्नल दीपक साहब ने मुझे निर्धारित प्रणाली द्वारा एक ‘एप्लीकेशन’ ‘पुटअप’ करने के लिए कहा जिसमें क्लास अटैंड करने के लिए शाम 4 बजे ड्यूटी से रिलीव करने की आज्ञा मांगी गई हो।
मैंने ‘एप्लीकेशन’ दी, तुरंत मंजूर हो गई। सूबेदार कर्म सिंह साहब से कहा गया कि वे मुझे चार बजे एल.पी. शेड से रिलीव कर दें। तब तक वहाँ रहें जब तक डीलर पूरा सामान नहीं देकर चले जाते।
मेरी समस्या का समाधान हो गया था। मैं रोज समय पर कॉलेज जाने लगा था। दो महीने खूब मेहनत की। पढ़ते-पढ़ते रात को कभी 12 बज जाते थे, कभी एक बज जाता था। राजी मुझे 11 बजे दूध देकर सो जाती थी। मैं पढ़ने के बाद बिस्तर पर जाता और राजी के प्यार में डूब जाता।
कर्नल दीपक साहब मेरी मेहनत से खुश थे। मैं 5 अक्तूबर को ट्रेन से पुणे के लिए निकल गया था। कर्नल दीपक साहब 8 को वहाँ पहुँचे थे। उन्होंने बोर्ड के सभी अफसरों से मिल लिया होगा। मुझे इसके प्रति कुछ नहीं बताया गया था।
मेरा इंटरव्यू शानदार हुआ था। शाम को परिणाम आया तो मैं सफल कैंडीडेट में था। मेरे साथ 3 जवान और सलेक्ट हुए थे। सभी को मेडिकल के लिए एक दिन रुकना था।
कर्नल साहब का रात को फोन आया था। बधाई दी थी, कहा, “कल वे अस्पताल में मिलेंगे।”
मेडिकल भी सही-सलामत हो गया था। कर्नल साहब कहने लगे, “तुम कहाँ ट्रेन में धक्के खाओगे, मैंने प्लेन में टिकट बुक करवा दी है। मैं समझता हूँ, तुम्हें लंच के बाद मूवमेंट आर्डर दे दिया जाएगा। 6 बजे की फ्लाइट है। मैं 3 बजे लेने आऊँगा।”
“ठीक है, सर।”
कर्नल साहब 3 बजे आए। उन्होंने गले लगाया और फिर बधाई दी, “निंदी, तुमने बहुत बड़ा मोर्चा फतह कर लिया है।”
“सर, यह आपकी गाइडेंस का परिणाम है।”
“मानता हूँ, अगर तुमने मेहनत न की होती तो मैं भी कुछ नहीं कर सकता था। प्रिजाइडिंग अफसर कह रहे थे कि साहब अगर आप सिफारिश न भी करते तो भी हम इसे सलेक्ट करते। आपका भाई इंटेलिजेंट था।”
“सर, मेरी किस्मत अच्छी थी कि सब ठीक हो गया। आप मेरे लिए यहाँ आए, इसके लिए थैंक्स, सर।”
“तुम मेरे भाई हो, सगी बुआ जी के बेटे। आता कैसे नहीं, ब्लड रिलेशन है हमारा। इसमें थैंक्स जैसी कोई बात नहीं है।”
चेकइन करने में एक घंटा लग गया। वी.आई.पी. लाउज में हमने चाय पी। प्लेन में बोर्ड होने से पहले राजी से बात की, “सलेक्शन हो गई। मैं आकर बताऊँगा। मैं कर्नल साहब के साथ प्लेन में आ रहा हूँ।”
“ठीक है, वेलकम होम। मुझे कर्नल साहब के सेवादार ने आकर बता दिया था।”
दो घंटे बाद हम दिल्ली पहुँच गए थे। आगे कर्नल साहब का ड्राइवर सुरिंदर हमें लेने आया हुआ था। घर पहुँचते-पहुँचते रात के 10 बज गए थे।
राजी ने दरवाजा खोला। बहुत खुश थी। कहा, “क्या सच में कर्नल दीपक साहब की तरह अफसर बन जाएँगे।”
“बिल्कुल। पहले मैं फ्रेश होकर नहा लेता हूँ, फिर बैठ कर बातें करेंगे।”
“ठीक है।”
मैं नहा कर आया। राजी खाना लेकर आई। भरवां करेले थे। खाने में बहुत अच्छे लगे। रात को ज्यादा नहीं खाया जाता था। मैं पलंग पर आकर बैठ गया। राजी मेरे पास आकर बैठ गई।
“अब आगे क्या होगा?” राजी ने अपनी जिज्ञासा जाहिर की।
“देश के सभी बोर्ड ‘सेलेक्टड केडिडेट’ की लिस्ट आर्मी हेडक्वार्टर को भेजेंगे। वे कंसोलिडेट करके मैरिट लिस्ट बनाएँगे। 15 जनवरी को कोर्स शुरू है। दिसंबर महीने में डिटेल्ड मेडिकल और सर्टिफिकेट मांगे जाएँगे।”
“डिटेल्ड मेडिकल में क्या होगा?” राजी ने पूछा।
“शरीर के हर अंग को चेक किया जाएगा कि वह ठीक से काम करता है या नहीं?” मैंने राजी से बड़े प्यार से कहा, “फिर देखेंगे कि बवासीर जैसी बीमारी तो नहीं? पूरे एक दिन का प्रोसेस होता है।”
“फिर आई.एम.ए. देहादून के लिए मूवमेंट आर्डर, रेलवे वारंट और वह सामान की लिस्ट आएगी जो कोर्स के लिए मुझे लेकर जाना है।”
“कोर्स कितनी देर का होगा?”
“16 हफ्तों का कोर्स होगा। सारी फिजिकल ट्रेनिंग होगी। भाग-दौड़ रहेगी लेकिन अफसर बनकर निकलूँगा।”
“वह तो ठीक है लेकिन मैं यहाँ अकेली कैसे रहूँगी?” राजी ने मुझे प्यार करते हुए कहा।
मैंने कुछ देर सोचा फिर कहा, “तुम अपने मम्मी-पापा को बुला लेना।
वे वहाँ ऐसे ही पड़े रहते हैं। कहोगी तो मैं कोर्स पर जाने से पहले उन्हें ले आऊँगा।”
“ठहरो, पहले मैं दूध लेकर आती हूँ, फिर सोचते हैं कि क्या करना है।”
“ठीक है, ले आओ।”
थोड़ी देर बाद राजी दो गिलास दूध लेकर आ गई। दोनों बैठ कर पीने लगे। गिलास लेकर किचन में रखकर वापिस आई तो उसके चेहरे पर शिकन नहीं थी।
“आप ठीक कहते हैं, मम्मी-पापा आ जाएँगे तो मुझे कोई मुश्किल नहीं होगी। वैसे भी भाभी उनकी इतनी केयर कहाँ करती है? वे भी खुश हो जाएँगे
और मेरा टाइम भी पास हो जाएगा।”
“हाँ राजी, फिर भाभी जी और कर्नल दीपक साहब तो हैं ही। राशन, सब्जी लाने के लिए वे तुरंत तुम्हें गाड़ी दे देंगे।”
“हाँ, यह ठीक रहेगा। पर आपको जाकर लाने की जरूरत नहीं है। भाई उन्हें वहाँ से बैठा देगा और आप स्टेशन से ले आना।”
“ठीक है, जैसा कहोगी, वैसा कर लेंगे।”
क्रमशः
राघवेंद्र सैनी