51-
उसकी यह हालत देखकर मम्मी सिहर गईं। उन्हें पहली बार अहसास हुआ कि एक फ़िल्म स्टार का जीवन इतना आसान नहीं। उसे कितनी मेहनत करनी होती है, स्वयं पर कितने अंकुश लगाने होते हैं, तब जाकर वह दर्शकों के दिल में जगह बना पाता है। दिन रात का आराम भूलकर, कभी बहुत विपरीत परिस्थितियों में काम करना पड़ता है। फ़िट रहने के लिए जिम में पसीना बहाना, खाते समय जुबान पर नियंत्रण रखना, बाहर निकलो तो प्रशंसकों के बीच घिर जाना। कई बार कुछ प्रशंसक बदतमीजी पर भी उतर आते हैं, तो उनसे बचना। अपने विषय में उल्टी सीधी मसालेदार खबरें, झूठी सच्ची बातों की अफवाहें सुनकर भी शांत बने रहना और मस्तिष्क को नियंत्रण न खोने देना। उसका कुछ पर्सनल रह ही नहीं जाता। हर वक़्त खोजी नज़रें उसपर जमी रहती हैं। बहुत मुश्किल है एक स्टार का जीवन। उन्हें बेटी पर तरस आ रहा था। देर रात तक वह उसका सिर सहलाती रहीं। सुबह के समय जब वह चैतन्य हुई, तो मम्मी को देखकर चौंक गई। कुछ देर वह उनकी गोद में सर रखकर लेटी रही। लम्बे समय बाद उसने मम्मी का लाड़ पाया था। कितने लम्बे समय से वह उनका लाड़ पाने को तरस गई थी। पहले वह लंबे समय तक उससे नाराज़ रहीं, बाद में उसे ही फुर्सत न थी, घर में समय गुज़ारने की। थोड़ी देर बाद उसने जिद करके उन्हें सोने भेज दिया। वह ब्लैक कॉफी पी रही थी कि शकुंतला ने बताया कि कोई उससे मिलने आया है। उसने विज़िटिंग कार्ड देखा तो बुरी तरह से चौंक गई। वह शौर्य का कार्ड था।
उसने झट से उसे बेडरूम में ही बुलवा लिया। शौर्य आया तो उसने मुस्कुरा कर उसे बेड के पास पड़े काउच पर बैठने को कहा। वह बैठ गया फुर्सत कुछ ठहरकर बोला
“ आप कैसी हैं उर्वशी? ”
“ ठीक हूँ…बढ़िया…आप कैसे हैं?“
“ कैसा होना चाहिए?” शौर्य ने पलटकर उससे ही पूछ लिया. जवाब में उसने पलभर को शौर्य के चेहरे पर दृष्टि गड़ा दी.
“ आपको यहाँ देखकर बेहद हैरान हूँ मैं. कभी सोच ही नहीं सकती थी कि आप मेरे पास दोबारा आएंगे ”
“ सोचा तो हमने भी नहीं था. पर आना पड़ा “ शौर्य के जवाब पर उसने कौतुहल से उसे देखा.
“ उर्वशी…सबसे पहले तो आपको एक बेटे की माँ बनने के लिए बधाई ” उर्वशी ने कोई उत्तर न दिया. वह समझ नहीं पा रही थी कि शौर्य के आने का आशय क्या है?
“ अभी कुछ दिन पहले आपके बेटे की तस्वीर किसी पत्रिका में देखी थी. बहुत प्यारा है… ” कहते हुए वह कुछ पल रुका और उर्वशी के चेहरे को देखता रहा फिर मौन तोड़ा “ बिल्कुल भाई सा पर गया है ” कहते हुए उसके स्वर में कड़वाहट आ गई थी. उर्वशी का हृदय पलभर को धक से रह गया, फिर उसने ठंडी साँस ली.
” ओह ….फिर तो शायद आप मुझे यह एहसास दिलाने आये होंगे, कि मैं कितनी गिरी हुई, कितनी पतित हूँ, है न ?” अब उसने स्वयं को बुरी से बुरी बात सुनने के लिए तैयार कर लिया।
” नहीं,हम आपको कोई इल्जाम देने नहीं आये. हम तो बस एक रिक्वेस्ट लेकर आये हैं आपके पास “
” रिक्वेस्ट ?” वह उसके धीमे स्वर व अंदाज़ से हैरान रह गई।
” प्लीज़ आप किसी पर यह जाहिर मत होने दीजियेगा, की प्रखर हमारा बेटा नहीं है। आप हर जगह पिता के नाम की जगह, हमारा ही नाम दीजियेगा। ” उसके मुँह से यह सुनकर उर्वशी हैरान होकर उसे देखती रह गई, फिर उसके मन में शौर्य के प्रति सम्मान भाव जाग गया। उसने आश्वासन दिया कि वह किसी को यह बात नहीं पता लगने देगी। उसी समय प्रखर प्ले स्कूल से पढ़कर आ गया और अपनी माँ को घर पर ही देखकर हैरान और खुश हो गया। वह दौड़कर उर्वशी की गोद में चढ़ गया। शौर्य उसे स्नेह से देखता रहा । प्रखर ने एक अनजान व्यक्ति को वहाँ देखकर उर्वशी से प्रश्न किया
“यह अंकल कौन हैं मम्मा ? उसके प्रश्न पर उर्वशी पलभर को सोच में पड़ गई।
” अंकल नहीं बेटा, पापा।” कहकर शौर्य ने उसकी ओर बाहें फैला दीं। प्रखर ने शौर्य को देखा, फिर उर्वशी की ओर देखा। उसने मुस्कुरा कर बेटे को शौर्य के पास जाने को प्रोत्साहित किया। वह कुछ झिझकता हुआ शौर्य के पास आया तो उसने बच्चे को गोद में उठा लिया और लाड़ करने लगा।
” आप सच में मेरे पापा हैं ?”
” हाँ बेटे “
” तो आप हमारे साथ क्यूँ नहीं रहते ? ” उसके प्रश्न पर उर्वशी सकपका गई।
” बेटा हमारा काम दिल्ली में है न इसलिए हमें वहाँ रहना पड़ता है। मम्मी का काम यहाँ है इसलिए मम्मी यहाँ रहती हैं। ” कहकर उसने उर्वशी को परेशानी से उबार लिया। उर्वशी ने कृतज्ञ दृष्टि से शौर्य को देखा
” अब आप यहीं रह जाइये पापा, जैसे सब के पापा रहते हैं। “
” ऐसा करिये, जब आपकी छुट्टी हो तो आप पापा के पास आ जाइयेगा। ओके ? “
” ओके पापा। ” उसने खुश होकर जवाब दिया। शौर्य थोड़ी देर तक उससे बहुत प्यार से बातें करता रहा। उर्वशी उसे देखती रही। उसे शौर्य का यह रूप बहुत अच्छा लगा। तभी प्रखर की आया उसके कपड़े बदलवाने के लिए उसे वहाँ से ले गई।
” आपका यह बदला हुआ अंदाज़ … कभी इमेजिन ही नही कर सकती थी। आप तो बिल्कुल ही बदल गए हैं। “
” आखिर अपने परिवार का मान सम्मान बनाए रखने का दायित्व हमारा भी तो है। ” उसके जवाब पर उर्वशी ने सहमति व्यक्त की। उसी समय कमरे में नाश्ता आ गया और शौर्य चुपचाप कॉफी पीने लगा।
” उर्वशी, उम्मीद है कि अब तो आपकी नाराज़गी दूर हो गई होगी। “
” मैं सचमुच आपसे ज़रा भी नाराज़ नहीं हूँ शौर्य, आपको यकीन क्यों नहीं होता ?”
” तो क्या हम पिछली सारी बातें भूलकर एक नई शुरुआत नहीं कर सकते ? “
” नहीं कर सकते, और यह न मेरी जिद है और न ही नाराज़गी। कुछ पल के भावात्मक उफ़ान ने मेरी वापसी के हर दरवाज़े को हमेशा के लिए बंद कर दिया ” शौर्य ने कुछ न समझने के भाव से उसे देखा ।
” प्लीज़ आप बात समझने की कोशिश कीजियेगा। मेरी वापसी की गुंजाइश सिर्फ इस सूरत में हो सकती थी, अगर मेरी ज़िन्दगी में शिखर की जगह कोई और आया होता। लेकिन उनके बाद … अगर अब मैं आपके पास लौटी, तो यकीन मानिये शौर्य… मैं अपनी ही नज़रों से गिर जाऊँगी। “
वह एकदम से मायूस नज़र आने लगा था।
” शौर्य, आपको समझने में मुझसे भूल हुई. आप बहुत अच्छे हैं, प्लीज़ मुझे भूलकर किसी और से शादी कर लीजिए। “
क्रमशः