मेघा राठी का उपन्यास ‘वहाँ कौन है ‘ भाग -40

वहाँ कौन है? ( भाग 40)

प्रकाश की चमक बढ़ते-बढ़ते इतनी तीव्र हो चुकी थी कि अब आँखों को खुला रखना संभव नहीं था। सभी ने स्वाभाविक रूप से अपनी हथेलियाँ आँखों के सामने कर ली थीं। उनके चारों ओर कोई वस्तु दिखाई नहीं दे रही थी—न शिलाखंड का सिंहासन, न गुफा की दीवारें, न एक-दूसरे के चेहरे।

केवल प्रकाश था।असंख्य रंगों से बना हुआ एक विराट प्रकाश-पुंज, जिसकी तीव्रता लगातार बढ़ती जा रही थी।उस प्रकाश में कोई एक निश्चित रंग नहीं था। कहीं दूधिया उजास था, कहीं सुनहरी चमक, कहीं रुपहली झिलमिलाहट और कहीं नीले रंग की महीन रेखाएँ प्रकाश के भीतर ऐसे दौड़ रही थीं जैसे किसी अदृश्य तंत्र में विद्युत प्रवाह हो रहा हो।

मगर सबसे विचित्र बात यह थी कि उस प्रकाश का कोई स्पष्ट स्रोत दिखाई नहीं दे रहा था।वह चारों ओर था।उनके ऊपर भी…नीचे भी…और चारों तरफ।

प्रकाश की ऊर्जा उनके शरीर तक पहुँच रही थी। इतनी तीव्र विकिरण ऊर्जा के कारण त्वचा की सतह पर गर्मी का अनुभव होने लगा था। शरीर का तापमान धीरे-धीरे बढ़ रहा था और त्वचा पर पसीने की महीन परत उभर आई थी। आँखों पर हथेलियाँ रखे होने के बावजूद पलकों के पीछे उजाला धधकता हुआ महसूस हो रहा था।

प्रभात ने घबराकर कहा, “ये गर्मी लगातार बढ़ रही है।” उसकी आवाज प्रकाश के भीतर अजीब ढंग से दब गई।

“कुछ दिखाई भी नहीं दे रहा!” प्रभा ने आँखों पर हाथ और कसते हुए कहा।

सुक्खी की आवाज आई, “ओ भाई, अगर ये ऐसे ही चलता रहा ना तो मैं इत्थे ही पिघल जाऊँगा!”

प्रभात ने मुश्किल से हँसने की कोशिश की, “तू पिघलने वाला नहीं है, इतना पानी पीकर आया है।”

“मजाक बाद में कर लेना!” उदय ने दोनों को टोका। “सब लोग वहीं रहें। किसी को कुछ दिखाई नहीं दे रहा।”

लेकिन ‘वहीं’ अब था कहाँ?कुछ क्षणों के लिए किसी को दिशा का बोध ही नहीं रहा।ऊपर क्या था और नीचे क्या—इसका भी कोई अर्थ नहीं रह गया था।

उन्हें ऐसा लग रहा था जैसे उनका शरीर उसी उजाले के भीतर स्थिर है। न कोई हवा थी, न कोई कंपन, न कोई गिरने का अनुभव। बस चारों ओर प्रकाश की एक निरंतर उपस्थिति थी।

समय जैसे थम गया था।कुछ देर बाद थकान शरीर पर हावी होने लगी।प्रकाश की गर्मी से उनके शरीरों में निर्जलीकरण जैसा अनुभव होने लगा था। मांसपेशियों में हल्की कमजोरी उतर आई थी। साँसें थोड़ी तेज हो गई थीं।

मायरा ने अपनी आँखें बंद रखते हुए पूछा, “सब ठीक हैं?”

“हाँ…” उदय की आवाज आई।

“मैं भी ठीक हूँ।”

“मैं भी।”

“सुक्खी?”

“जिंदा हूँ!”

उसकी बात पर प्रभा के मुँह से हल्की हँसी निकल गई।फिर अचानक प्रकाश की तीव्रता कम होने लगी।

धीरे…बहुत धीरे…जैसे किसी ने किसी अदृश्य स्रोत की शक्ति घटानी शुरू कर दी हो।गर्मी भी कम होने लगी।शरीर पर पड़ रहा ताप सामान्य होने लगा। कुछ क्षणों बाद प्रकाश इतना मंद हो गया कि बंद पलकों के पीछे का उजाला सामान्य धुंधलेपन में बदल गया।

मायरा ने सावधानी से अपनी हथेलियाँ आँखों से हटाईं। “शुक्र है, खत्म हो गया।”

किसी ने उत्तर नहीं दिया।सभी ने धीरे-धीरे आँखें खोलीं।उनके चारों ओर फिर वही गुफा कक्ष था। सभी थकान से लगभग वहीं बैठ गए। कपड़े पसीने से भीग चुके थे। माथे पर पसीने की बूँदें थीं और साँसें तेज चल रही थीं।

प्रभात ने लंबी साँस लेते हुए कहा, “पानी…”।उसने सुक्खी की ओर देखा।”सुक्खी, तेरे बैग में पानी है न? निकाल यार।”

सुक्खी ने जैसे-तैसे अपने शरीर को उठाया। बैग खोला और एक बोतल बाहर निकाली।उसने बोतल हाथ में लेते ही मुँह बनाया,”ओ यार…पानी भी गर्म हो गया।”

प्रभात ने बोतल उससे लेते हुए कहा, “इतनी गर्मी में हमारे साथ ऐसा हो रहा है तो पानी पर भी असर आएगा ही।”

उसने दो घूँट पानी पिया और बोतल उदय की ओर बढ़ा दी।उदय ने पानी पीकर बोतल मायरा को दी।मायरा ने एक घूँट लिया और फिर उसकी दृष्टि सामने बैठे कुमार पर जा टिकी।कुमार अब भी सिंहासन पर बैठा था।

मुखौटा उसके चेहरे पर लगा हुआ था।वह बिल्कुल स्थिर था।

“कुमार?”, मायरा ने उसे पुकारा।

मगर कुमार की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई।

सुक्खी ने हँसते हुए कहा, “अबे, ये तो सच में सो गया लगता है।तभी तो इतनी गर्मी में भी महाराज आराम से बैठे हैं।”

मगर कुमार ने आँखें नहीं खोलीं।मायरा तुरंत उठकर उसके पास पहुँची।

“कुमार…”

उसने उसके कंधे को हल्के से हिलाया। अब भी कोई प्रतिक्रिया नहीं हुई। मायरा घबरा गई। उसके हाथ से पानी की बोतल गिर गई। उसने दोनों हाथों से कुमार को पकड़ कर जैसे झिंझोड़ सा दिया

“कुमार!! “

उसकी आवाज में चिंता थी।प्रभा भी पास आ गई। उदय सुक्खी ,प्रभात सभी उसके इर्द गिर्द इक्कठे हो गए।

” हमें पहले यह मुखौटा उतारना चाहिए।”

उदय ने हाथ बढ़ाया मगर अगले ही क्षण उसका हाथ रुक गया।
उसकी आँखों के सामने कुछ देर पहले का दृश्य घूम गया जब मुखौटे को छूते ही उसे जैसे किसी अदृश्य शक्ति ने पीछे फेंक दिया था।

“क्या हुआ सर ?” प्रभा ने पूछा।

उदय ने धीमे स्वर में कहा, “मैं इसे नहीं छुऊँगा। पहले इसे छूने पर मुझे जोरदार झटका लगा था। पता नहीं अब क्या होगा।”

कुछ क्षण सभी एक-दूसरे का चेहरा देखते रहे फिर प्रभा ने आगे बढ़कर कहा, “तो मैं कोशिश करती हूँ।”

“सावधान रहना।” उदय ने चेताया।

प्रभा ने धीरे-धीरे हाथ बढ़ाया।उसकी उँगलियाँ मुखौटे से छुईं।कुछ नहीं हुआ।उसने सावधानी से उसे पकड़कर कुमार के चेहरे से अलग कर दिय और उसी पल कुमार की आँखें अचानक खुल गईं।

प्रभा पीछे हट गई।उसकी साँस अटक गई, “कुमार!”

कुमार की आँखें…नीली थीं लेकिन वह नीला रंग वैसा नहीं था जैसा सामान्य आँखों में होता है। उसकी पुतलियों के चारों ओर जैसे बहुत महीन प्रकाश तैर रहा था।वह कुछ क्षण सामने देखता रहा फिर धीरे-धीरे उठ खड़ा हुआ।

“कुमार?” उदय ने पुकारा।कुमार ने उनकी ओर देखा मगर उसके चेहरे पर पहचान का कोई भाव नहीं था।उसने कुछ कहा।एक ऐसी भाषा में जिसे वहाँ उपस्थित कोई भी नहीं समझ पाया।

“क्या?” सुक्खी ने भौंहें सिकोड़ लीं। “अबे यार.. फिर शुरू हो गया ये ?”

कुमार ने हाथ के संकेत से उन्हें बाहर जाने के लिए कहा।

“बाहर?” प्रभात ने पूछा।

कुमार ने फिर उसी अज्ञात भाषा में कुछ कहा और सिंहासन से उठकर गुफा के द्वार की ओर बढ़ने लगा।

सुक्खी ने उसके कंधे पर हाथ रख दिया, “ओए कुमारे , पहले अपनी भाषा तो ठीक कर!”

अगले ही क्षण कुमार ने उसका हाथ झटक दिया और तेज प्रहार से उसे पीछे गिरा दिया।

“सुक्खी!”,प्रभा और मायरा दोनों उसकी ओर दौड़ीं।

“तुमने उसे क्यों मारा?” प्रभा ने कुमार को घूरते हुए कहा।

कुमार कुछ बोला..फिर वही अज्ञात भाषा।मायरा उसके सामने आ गई।

“कुमार! मेरी तरफ देखो।”

कुमार की समझ में कुछ नहीं आया वह वैसे ही आगे बढ़ता रहा । मायरा ने हाथ के इशारे से उसे रुकने के लिए फिर से कहा। इस बार कुमार समझ गया और रुक गया।

“सुनो, ध्यान से सुनो मेरी बात…तुम कुमार हो। हमारे साथ आए हो। हमें पहचानो।”

उसकी नीली आँखें मायरा के चेहरे पर टिक गईं।कुछ क्षण तक वह उसे देखता रहा।

मायरा ने धीरे से कहा, “तुम्हें याद है…हम कहाँ थे?”

कुमार की आँखों में हल्का-सा कंपन हुआ मगर वह फिर उसी वृत्त की ओर देखने लगा। तभी मायरा की नजर भी फर्श पर बने उस विशाल वृत्त पर पड़ी।वह अभी भी बहुत हल्के प्रकाश में चमक रहा था।

उसे अचानक कुछ समझ आया। “कुमार”, उसने उसका हाथ पकड़ा।”मेरे साथ चलो।”

कुमार ने विरोध नहीं किया।मायरा उसे धीरे-धीरे उस वृत्त की सीमा से बाहर ले आई।

जैसे ही उसके पैर वृत्त से बाहर पड़े कुमार का पूरा शरीर एक क्षण के लिए काँप उठा।उसकी आँखों का नीला प्रकाश बुझने लगा।उसने जैसे एक लंबी नींद से अचानक जागते हुए साँस खींची।

“मैं…”, उसने माथे पर हाथ रखा। “मैं यहाँ..क्या हुआ था मेरे मुखौटा लगाने के बाद?”

प्रभा ने राहत की साँस ली। “कुमार!”

कुमार ने चारों ओर देखा, “बाकी सब ठीक हैं?”

सुक्खी ने जमीन से उठते हुए नाटकीय अंदाज में कहा, “पहले मुझे देख ले भाई! तेरे हाथ का प्रसाद अभी भी ताजा है मेरे सीने पर !”

कुमार ने हैरानी से उसकी ओर देखा , “मैंने तुम्हें मारा?”

“नहीं, मैं खुद गिर गया था!” सुक्खी ने मुँह बनाया।

प्रभा हँस पड़ी।मगर मायरा अब भी गंभीर थी, “तुम्हें कुछ याद है?”

कुमार ने आँखें बंद करके सोचने की कोशिश की, ” केवल प्रकाश..बहुत तेज प्रकाश था। उसके बाद…कुछ याद नहीं।”

उदय ने मुखौटे की ओर देखा “और तुम्हारी आँखें?”

कुमार ने चौंककर पूछा, “क्या हुआ मेरी आँखों को?”

कोई तुरंत उत्तर नहीं दे पाया।उधर उदय ने अपने उपकरण फिर से निकाल लिए।”पहले ये पता करते हैं कि इस जगह पर वास्तव में हुआ क्या है।”

उन्होंने गुफा के वातावरण की जाँच शुरू की।तापमान पूरी तरह सामान्य था।ऑक्सीजन का स्तर भी सुरक्षित थामगर जब उन्होंने चुंबकीय क्षेत्र मापने वाला उपकरण सक्रिय किया तो उसकी स्क्रीन पर कुछ सेकंड तक असामान्य आँकड़े दिखाई दिए फिर अचानक मान बहुत नीचे गिर गया।

उदय ने भौंहें सिकोड़ लीं,”यह अजीब है।”

“क्या?” प्रभात ने पूछा।

“यहाँ का स्थानीय चुंबकीय क्षेत्र सामान्य भूगर्भीय परिस्थितियों की तुलना में काफी कम है।”

उसने उपकरण दोबारा चलाया।इस बार भी वही परिणाम आया, “शायद प्रकाश की उस घटना ने आसपास के विद्युत-चुंबकीय वातावरण को प्रभावित किया है।”

कुमार ने चुपचाप उनकी बात सुनी।उसे कुछ समझ नहीं आ रहा था लेकिन उसके भीतर एक अनजाना बेचैनी का भाव था।उसे न जाने क्यों ऐसा लग रहा था कि गुफा में कुछ बदल गया है।
मगर क्या?..यह वह समझ नहीं पा रहा था।

“हमें यहाँ रुककर पूरी गुफा की दोबारा जाँच करनी चाहिए।” उदय ने उपकरण बंद करते हुए कहा। “जो कुछ हुआ है, उसके बाद बिना जाँच किए वापस जाना ठीक नहीं होगा।”

प्रभात ने सहमति में सिर हिलाया “लेकिन रात होने से पहले हमें ऊपर भी पहुँचना होगा।”

सुक्खी ने तुरंत कहा, “और वन विभाग की गाड़ी भी आने वाली है। अगर हम लोग बहुत देर तक नहीं लौटे तो वो लोग हमें ढूँढने लगेंगे।”

प्रभा ने घड़ी देखी, “हाँ, हमें निकलना चाहिए। कल फिर आ सकते हैं।”

उदय ने कुमार की ओर देखा,”तुम ठीक हो?”

कुमार ने सिर हिलाया, “हाँ। बस थोड़ी कमजोरी लग रही है।”

मायरा उसके पास आई, “चलो। बाहर जाकर आराम करोगे तो बेहतर लगेगा।”

कुमार ने मुखौटे की ओर देखा, “इसे साथ ले चलें?”

उदय ने कुछ क्षण विचार किया, “हाँ ठीक है लेकिन इसे अभी कोई नहीं पहनेगा। इसे सावधानी से पैक करेंगे और ऊपर जाकर फिर परीक्षण करेंगे।”

प्रभात ने अपना बैग उठाया, “तो अब चलें?”

सभी ने अपने उपकरण समेटने शुरू किए।हेडलैम्प की रोशनी फिर गुफा की दीवारों पर घूमने लगी।वे उसी दिशा में बढ़े जिधर से कुछ देर पहले आए थे।मगर कुछ कदम चलने के बाद प्रभा रुक गई।

“एक मिनट…”

उदय ने पीछे मुड़कर देखा, “क्या हुआ?”

“ये रास्ता… “वह सामने देख रही थी।”कुछ अलग लग रहा है।”

सुक्खी ने हँसते हुए कहा, “गुफा में हर पत्थर एक जैसा होता हैमगर तुम्हारी पारखी नजर . ..ग़ज़ब हो है। तुझे सब अलग लगेंगे।”

“नहीं।” प्रभा ने सिर हिलाया। “मेरा मतलब…हम यहाँ से आए थे न?”

प्रभात ने टॉर्च आगे डाली,”हाँ। यही दिशा थी।”

वे आगे बढ़े लेकिन जितना आगे जाते, उतना ही उन्हें लगने लगा कि कुछ ठीक नहीं है।कुछ ही क्षण बाद गुफा की दीवारें समाप्त हो गईं। सामने कोई संकरा रास्ता नहीं था।कोई चट्टानी सुरंग नहीं थी। कोई गुफा का मुहाना नहीं था।सभी रुक गए।

उदय ने टॉर्च की रोशनी सामने डाली।रोशनी दूर तक गई…बहुत दूर तकमगर वहाँ कोई चट्टान नहीं थी।

“ये…”, प्रभात की आवाज धीमी हो गई।

सुक्खी ने अपनी आँखें मलीं, “ओए…ये क्या है?”

मायरा कुछ नहीं बोली।वह सामने देख रही थी।उनके सामने अब जंगल नहीं था…गुफा नहीं थी…चट्टानें नहीं थीं बल्कि एक विशाल खुला प्रदेश था।

दूर-दूर तक फैली हुई भूमि पर ऐसे भवन खड़े थे जिन्हें देखकर पहली नजर में यह समझना भी कठिन था कि वे बने किस पदार्थ से हैं।वे भवन पत्थर के नहीं लगते थे, न धातु के न काँच के, उनकी सतहें स्वयं प्रकाश छोड़ रही थीं जैसे वे प्रकाश से निर्मित हों।

ऊँचे-ऊँचे ढाँचे आकाश की ओर उठे हुए थे। उनकी आकृतियाँ किसी आधुनिक महानगर जैसी थीं मगर उनमें ऐसी चमक थी जो पृथ्वी के किसी शहर में दिखाई नहीं दे सकती थी।

कुछ संरचनाएँ सीधी ऊपर उठती थीं।कुछ वृत्ताकार थीं।कुछ की बाहरी दीवारें जैसे हवा में तैर रही थीं।और उनके बीच—लोग…असंख्य लोग। वे उनसे दूर थे फिर भी स्पष्ट दिखाई दे रहे थे।

सभी की त्वचा पर एक विचित्र चमक थी।किसी की त्वचा रुपहली।किसी की त्वचा हल्की सुनहरी।उनके बाल काले थेऔर आँखें…नीली..गहरी नीली।
प्रभा ने मायरा का हाथ पकड़ लिया,”हम कहाँ हैं?”

किसी के पास उत्तर नहीं था।उदय ने तुरंत अपना कम्पास निकाला।सुई कुछ क्षण घूमी।फिर रुकने के बजाय फिर घूमने लगी।

“ये क्या…”,उसने उपकरण को दोबारा देखा।”कम्पास काम नहीं कर रहा।”

प्रभात ने अपना जीपीएस उपकरण निकाला।स्क्रीन पर कुछ क्षण तक संकेत खोजने की कोशिश होती रही।फिर स्क्रीन पर केवल एक संदेश उभरा—NO SIGNAL

“यह संभव नहीं है।” उदय ने कहा।उन्होंने उपकरण ऊपर उठाया।
फिर दूसरी दिशा में किया।कोई परिणाम नहीं।

“हम अभी कुछ मिनट पहले एक गुफा के अंदर थे।”,प्रभात की आवाज काँप रही थी “और अब…”

सुक्खी ने अपनी गर्दन धीरे से घुमाई, “अब हम जहां खड़े हैं…जहाँ ऐसी कोई गुफा है ही नहीं।”

सभी ने पीछे मुड़कर देखा।जिस रास्ते से वे बाहर आए थे, वहाँ भी अब कोई गुफा नहीं थी।उनके पीछे केवल वही विशाल, अनजाना प्रदेश फैला था।

न कोई चट्टान,न कोई गुफा,न जंगल न वह रास्ता जिससे वे आए थे।

कुमार इन सबके बीच बिल्कुल स्थिर खड़ा था।उसकी आँखें दूर कहीं टिकी थीं।

मायरा ने उसकी ओर देखा।”कुमार…”

कुमार ने कोई उत्तर नहीं दिया।उसके चेहरे पर भय नहीं था।बल्कि ऐसा भाव था जैसे वह किसी ऐसी जगह को देख रहा हो जिसे उसकी चेतना पहले से पहचानती हो जैसे वह अपने ही शहर ,अपनी ही दुनिया ,अपने ही घर में आ गया हो।

उदय ने धीरे से पूछा,”तुमने इसे पहले देखा है कुमार यह वही जगह है न जिसके दृश्य तुम्हें दिख रहे थे! “

कुमार देर तक सामने देखता रहा जैसे न जाने कितने समय बाद वह पुनः यह सब देख रहा हो। उसने बहुत देर बाद सिर हिलाया, “हाँ…”

” तो हम सब यहां कैसे आ गए?”, प्रभा घबराई हुई चारों ओर देख रही थी।
Megha

( विमान सकुशल लैंड हो चुका है। यात्रीगण कृपया ध्यान दें विमान से बाहर आकर इस नए संसार को देखने से पहले अपने कमेंट्स की बारिशें जरूर करते जाएं वरना क्या पता ,विमान की वापिसी की उड़ान रद्द हो जाए😈)

WhatsApp Image 2026-06-26 at 18.05.06 (1) — Vcare Language Academy

Author

Leave a Comment