ज्योत्सना कपिल का उपन्यास ‘ उर्वशी’ भाग -52

52-

” नहीं कर सकते, और यह न मेरी जिद है और न ही नाराज़गी। कुछ पल के भावात्मक उफ़ान ने मेरी वापसी के हर दरवाज़े को हमेशा के लिए बंद कर दिया ” शौर्य ने कुछ न समझने के भाव से उसे देखा ।
” प्लीज़ आप बात समझने की कोशिश कीजियेगा। मेरी वापसी की गुंजाइश सिर्फ इस सूरत में हो सकती थी, अगर मेरी ज़िन्दगी में शिखर की जगह कोई और आया होता। लेकिन उनके बाद … अगर अब मैं आपके पास लौटी, तो यकीन मानिये शौर्य… मैं अपनी ही नज़रों से गिर जाऊँगी। “
वह एकदम से मायूस नज़र आने लगा था।
” शौर्य, आपको समझने में मुझसे भूल हुई. आप बहुत अच्छे हैं, प्लीज़ मुझे भूलकर किसी और से शादी कर लीजिए। “
” आपके बाद… अब कोई पसन्द ही नहीं आता। ” उसका स्वर मायूस हो उठा था. कुछ पल वह सोच विचार में डूबा बैठा रहा, फिर जाने के लिए उठकर खड़ा हो गया।
“ चलते हैं हम.. “
” शौर्य, हो सके तो मुझे माफ़ कर दीजियेगा। ” उर्वशी ने हाथ जोड़ दिये।
” काश की हम आपको सहेज कर रख पाते! एक गलती हमसे गलती हुई, तो एक आपसे भी हो गई। पर तसल्ली इस बात की है कि कम से कम आपने हमें कभी भी धोखे में नहीं रखा। हमें आपका इंतज़ार हमेशा रहेगा। कभी वापसी करना चाहें, तो हम आपका तहेदिल से स्वागत करेंगे। “
तभी कमरे में मम्मी आ गईं। शौर्य ने उन्हें प्रणाम किया और वहाँ से चला गया।
मम्मी उर्वशी को देखे जा रही थीं। उनके चेहरे के भाव देखकर वह समझ गई कि शायद उन्होंने सब कुछ सुन लिया है।
” तूने यह कैसी भूल कर दी बेटा ? “
” मैं सचमुच बहुत मूर्ख हूँ मम्मी … उस वक़्त यह नहीं महसूस किया था, पर … मुझसे वाकई बड़ी भूल हुई … उस वक़्त मैं बुरी तरह टूट चुकी थी। इसलिए शिखर ने जब प्रेम भरा हाथ मेरी तऱफ बढ़ाया, तो मैं बहती चली गई। ” वह उनके गले लगकर सिसक पड़ी।
” अब भी वक़्त है उर्वशी, अगर तू चाहे तो शौर्य का बढ़ा हुआ हाथ थाम ले। “
” जो गलती कर चुकी हूँ, उसका दंड तो भुगतना ही पड़ेगा. ये अकेलापन… उसकी ही तो सजा है मम्मी। ” उसने उदास स्वर में कहा।

* * * * * * * *

ड्राइवर ने उसे आवाज़ दी तो वह जाग गई। उसने अचकचाकर देखा तो उसकी गाड़ी होटल हयात में खड़ी थी। ड्राइवर ने उसकी तरफ़ का दरवाजा खोला तो, वह उतरकर चल दी। दोपहर में शिखर ने फोन करके बताया था कि वह मुम्बई में हैं और उससे मिलने चाहते हैं। अब उसके मन में शिखर से मिलने का कोई उछाह नहीं रह गया था. उसने पहले तो समय न होने की बात कहकर उनसे मिलने से इनकार कर दिया। फिर जब उन्होंने दबाव डाला, कि उन्हें उससे ज़रुरी बात करनी है, तो वह मिलने को तैयार हो गई। कलाई में बंधी घड़ी की ओर देखा तो रात के साढ़े ग्यारह बजा रही थी। थके कदमों से वह उनके सुईट में गई तो वह परेशानी का भाव लिए बैठे हुए थे। हाथ में वाइन का गिलास था। उसे देखकर भी वह गम्भीर बने रहे। न मुस्कुराहट, न कोई और भाव
” बहुत लम्बा इंतज़ार करवा लिया आपने। ” उन्होंने शिकायत की.
” आपको बताया तो था, कि अब मेरे पास समय की बेहद कमी है।”
“ समय की कमी है या मिलने की इच्छा नहीं? ” उन्होंने उलाहना दिया .
“ शूट से सीधे आपके पास ही आ रही हूँ। ” उसने उनके उलाहने पर कोई ध्यान न दिया.
” देखकर लग रहा है कि नींद से उठकर आयी हैं ।”
” आजकल बस इसी तरह नींद पूरी करने की कोशिश करती हूँ। सुबह वेनिस के लिए निकलना है। एक गाने का पिक्चराइजेशन है। “
” आप शाम तक अपना काम खत्म क्यों नहीं कर लेतीं ? क्या ज़रूरी है इतनी देर तक काम करना? ” उन्होंने नाराजगी भरे स्वर में कहा.
” एक बार आपका लोन चुका दूँ, उसके बाद देर तक काम करना बंद कर दूँगी। ” उसने भरसक शांत स्वर में कहा.
” हमने आपसे कभी माँगा ?”
” कहने की ज़रूरत होनी भी नहीं चाहिए. यह मेरा दायित्व है कि आपके बिना तकादा किये मैं शीघ्रतिशीघ्र वह रकम लौटा दूँ…. वेल…कहिये आप क्या ज़रूरी बात करना चाहते थे?” उनकी बात का कोई उत्तर न देकर उसने प्रश्न किया।
” शौर्य को पता लग गया है कि प्रखर हमारा बेटा है। “
” हम्म “
” आप जानती हैं यह बात ?” उसकी कोई प्रतिक्रिया न देख उन्होंने पूछा।
” हाँ, कुछ दिन पहले शौर्य आये थे मिलने। उन्होंने ही बताया।” उसने शांति से कहा।
” शौर्य आपसे मिलने आये थे ! ” वह हैरान रह गए ” और क्या कहा उन्होंने ?”
” बस यही कि प्रखर के पिता के नाम की जगह उनका ही नाम लिया जाए। “
” ओह ” उनके चेहरे पर सुकून के भाव आये। ” और ?”
” फिर से साथ होने का प्रस्ताव रखा। “
” फ़िर ?”
” फ़िर कुछ नहीं। “
” उर्वशी, क्या ज़रूरत थी आपको शौर्य से वह सब कहने की ? “
” मेरे दिल पर एक बोझ था, उनसे सच कहकर मेरा मन हल्का हो गया। “
” अपने दिल का बोझ हल्का कर लिया, लेकिन हमारी मुश्किलें तो बढ़ा दीं। हम अपने छोटे भाई की नज़रों से गिर गए। “
” मैंने उनसे बस अपना सच कहा था। आपका नाम कभी नहीं लिया। “
” उससे क्या फ़र्क पड़ गया। काश आप प्रखर को जन्म देने का मूर्खतापूर्ण निर्णय न लेतीं। जैसा चल रहा था, चलने देतीं।” उनके स्वर में तल्ख़ी आ गई थी।
” वह तो शौर्य में इतनी समझ है कि उन्होंने किसी और से इस बात का जिक्र नहीं किया। वरना कितना हंगामा हो जाता। ” वह कहते जा रहे थे।
” वैसे शौर्य का प्रपोजल बहुत बढ़िया है, आपको उसपर सोचना चाहिए। बहुत सारी दुविधाएं दूर हो जाएंगी। किसी को कोई अंदेशा भी नहीं रहेगा। आपकी भी ज़िन्दगी आराम से कट जाएगी। “
उनकी इस बात का उसने कोई जवाब न दिया, बस उन्हें देखती रही। उसके चेहरे पर आहत होने के भाव थे। प्यास से उसका गला सूख रहा था। पानी की बोतल वह उठाने ही वाली थी कि उन्होंने पुनः कहना शुरू किया
” शायद आपको पता हो, कि हमारी राजनीतिक पारी की शुरूआत हो रही है। ऐसे में हमपर कोई दाग लगना गवारा नहीं किया जाएगा। ऐसा करिये आप राणा पैलेस में वापसी का मन बना लीजिये. हम आपदोनों की शादी फिर से करवा देंगे, बस… फिर सारी समस्याएं खत्म हो जाएंगी। “
वह मौन रहकर उनके चेहरे के भाव और दिल की गहराई में छुपी हकीकत पढ़ने का प्रयत्न कर रही थी.अब उसे शिखर की हर बात स्वार्थ से भरी लग रही थी. वह उनके आत्मकेंद्रित स्वभाव का परिचय पाकर हतप्रभ और आहत थी. उसने पानी पीने का इरादा त्याग दिया था. अब अचानक उसे शिखर की उपस्थिति अप्रिय लगने लगी थी.

क्रमशः

WhatsApp Image 2026-06-16 at 13.30.59 — Vcare Language Academy

Author

Leave a Comment