लवलेश दत्त का उपन्यास ‘उनके दर्द से गुजरते हुए ‘

 
उनके दर्द से गुज़रते हुए…
 
 
सामान्यतः देखने पर इस सृष्टि में विद्यमान प्रकृति और प्राणियों के दो ही रूप दिखायी देते हैं—नर और मादा। सृष्टि के आरंभ की विभिन्न कथाएँ भी इन्हीं दोनों रूपों से विकसित हुई हैं—चाहे आदम और हव्वा हो, एडम और ईव हो या फिर मनु और शतरूपा हो। आज भी हमें प्रकृति में हर ओर इन्हीं दो का ही विकसित रूप दिखायी देता है। मानवेतर प्राणियों में भी नर और मादा की ही सत्ता सर्वत्र विद्यमान है किन्तु प्रकृति के रहस्य केवल यहीं तक सीमित नहीं हैं क्योंकि जैसे-जैसे उन रहस्यों की परतें खुलती हैं, मनुष्य को अचंभित कर देने वाले सत्य सामने आने लगते हैं। उन्हीं सत्यों में से एक सत्य उनका भी है जो न तो नर हैं और न ही मादा। वे या तो उभयलिंगी हैं या फिर लिंग रहित अर्थात् वे ऐसे मानवीय समुदाय से हैं जिनकी आज तक सही पहचान निर्धारित नहीं हो पायी है। वे स्वयं भी इस पीड़ा को अनन्तकाल से भोग रहे हैं कि वे स्वयं को क्या माने—स्त्री या पुरुष? ऐसा नहीं है कि केवल मनुष्य को ही यह उभयलिंगी व अभिशप्त जीवन मिलता है बल्कि प्रकृति में ऐसे अनेक मानवेतर प्राणी हैं जो या तो उभयलिंगी हैं या फिर स्वयं को नर से मादा या मादा से नर में बदल लेते हैं लेकिन उनका यह विशिष्ट गुण उनके लिए वरदानस्वरूप है, एक अद्भुत प्राकृतिक घटना है, विज्ञान के लिए खोज का विषय है। सारी परेशानियाँ तो ऐसे मनुष्य के हिस्से में आती हैं जिसकी अपनी कोई पहचान नहीं, जो यह नहीं जानता कि वह स्वयं को स्त्री माने या पुरुष। उसे ही जीवनभर इस अभिशाप के बोझ को ढोना होता है जिसके परिणामस्वरूप वे स्वयं को न केवल समाज से दूर कर लेते हैं बल्कि समाज का दृष्टिकोण भी उनके प्रति अत्यधिक क्रूर और संवेदनहीन होता जाता है। न जाने कितने ऐसे लोग युगों-युगों तक अपने नारकीय जीवन के कष्टों और दुखों को भोगने के लिए मजबूर हैं। अपने दर्द और घुटन के विष को पीकर अन्दर-ही-अन्दर घुल-घुलकर खत्म हो जाते हैं। विचित्र बात है कि न दिखने वाली तीसरी सत्ता के अस्तित्व को पूरा विश्व किसी-न-किसी रूप में स्वीकार करता है जबकि जो दृश्य है, साकार है और सबसे बड़ी बात एक इंसान है, उसके लिए किसी के मन में पीड़ा नहीं, कोई भाव नहीं, कोई संवेदना नहीं। उनके दर्द को जानने वाला कोई नहीं।
 
समाज की विभिन्न समस्याओं पर कहानियाँ लिखते हुए मैंने कई कहानियाँ तृतीय लिंगी व्यक्तियों पर भी लिखीं, जिन्हें हलीम मुस्लिम कॉलेज, कानपुर के हिन्दी विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. फ़ीरोज़ अहमद ने न केवल अपनी प्रख्यात् पत्रिका ‘वाङ्मय’ के किन्नर विमर्श पर केंद्रित विभिन्न अंकों में प्रकाशित किया बल्कि उनके द्वारा संपादित किन्नर केन्द्रित कहानियों की कई पुस्तकों में भी स्थान दिया। सच कहूँ तो इस विमर्श पर कलम चलाने की प्रेरणा मुझे फ़ीरोज़ ख़ान जी से ही मिली। उन्होंने जितनी निष्ठा और समर्पण के साथ इस विमर्श को हिन्दी साहित्य में स्थापित और चर्चित किया है, उसके लिए उनकी जितनी सराहना की जाए, कम है। फ़ीरोज़ जी ने मेरी कहानियों को विभिन्न पुस्तकों में प्रकाशित करने के साथ-साथ इस विमर्श पर कई पुस्तकें मेरे पास समीक्षार्थ भी भेजीं जिनमें उपन्यास, आत्मकथाएँ एवं अन्य पुस्तकें थीं। उन्हें पढ़ते-पढ़ते मुझे लगा कि हमारे ही समाज का एक वर्ग ऐसा भी है जो सदियों से नारकीय जीवन जीने को मजबूर है और जिसके प्रति राजनेता, अधिकारी, बुद्धिजीवी आदि संभ्रान्त समझे जाने वाले सभी वर्गों के लोग उदासीन हैं। यहाँ तक कि उनकी समस्याओं को भी सुनने वाला कोई नहीं। समाज से यदि उन्हें कुछ मिलता है तो केवल अश्लील टिप्पणियाँ, उपहास, छींटाकशी और गाली की तरह लगने वाले शब्द—हिजड़ा, कोती, छक्का, मामू, जुगाड़ आदि-आदि।
 
उनकी आत्मकथाओं एवं उपन्यासों को पढ़ने के साथ-साथ मैंने फ़ीरोज़ भाई से किसी तृतीय लिंगी व्यक्ति से साक्षात्कार करने या फिर फोन पर बात करने की इच्छा जताई जिससे मैं उनके जीवन को अधिक निकटता और गहराई से समझ सकूँ। फ़ीरोज़ जी ने मुझे कई लोगों के संपर्क सूत्र दिये। इसी बीच उन्होंने फेसबुक पर किन्नर विमर्श केन्द्रित मेरा एक लाइव कार्यक्रम भी रखा जिसमें इस समुदाय के लोगों से मेरा परिचय हुआ और वे मेरे संपर्क में आये। उनमें से कई लोगों से मेरी बातचीत भी हुई। इन्हीं दिनों फ़ीरोज़ भाई ने एक ऐसी पुस्तक की योजना बनाई जिसमें केवल किन्नर या ट्रांसजेण्डर समुदाय के लोगों के आत्मकथ्य, कविताएँ, कहानियाँ, आलेख आदि संकलित किए जाने थे। उसी दौरान एक ट्रांसवुमेन दिव्या (काल्पनिक नाम क्योंकि असली नाम न लिखने का आग्रह उन्हीं का था) के आत्मकथ्य के ऑडियो को सुनकर लिपिबद्ध करने का काम मेरे हिस्से में आया। काम तो मैंने किया ही लेकिन उस ऑडियो को सुनकर जिस दर्द से मैं गुज़रा उसे यहाँ बता पाना संभव नहीं है। बस इतना ही कहूँगा कि मुझे कई बार अपनी आँखों में आई नमी को पोंछना पड़ा। मेरे मन में यह विचार आया कि उनकी पीड़ा, उनके कष्ट और उनके संघर्ष को लिखा जाना चाहिए। यह उपन्यास मन में उठे उसी विचार की कथात्मक प्रस्तुति है। यद्यपि इस उपन्यास में एक ट्रांसवुमेन के जीवन की सच्ची संघर्ष गाथा है लेकिन इसके पात्र, घटनाएँ और स्थान काल्पनिक हैं क्योंकि इनसे अधिक इसमें उस आत्मपीड़न, संघर्ष और दर्द का महत्त्व है जो दिव्या जैसे अनेक लोगों के जीवन का सच है।
 
उपन्यास लिखते समय मैंने अनुभव किया कि केवल यौन विकलांगता के कारण इन लोगों को सदियों से मानसिक और शारीरिक यातनाएँ झेलनी पड़ी हैं जबकि अन्य सामान्य स्त्री या पुरुषों की तरह ये भी सारे कार्य बड़ी कुशलता से कर सकते हैं, तो फिर क्यों हमारे समाज ने इन्हें मात्र यौनविकृति के आधार पर हाशिये पर धकेल दिया? क्यों इनके पुरुषार्थ पर प्रश्नचिह्न लगा दिया गया? क्यों इनके हिस्से में सरेआम गाने-बजाने और नाचने का ही कार्य आया? क्यों ये अश्लीलता का प्रतीक बन गए? क्यों इन्हें रास्ता चलते हँसी-मज़ाक, छींटाकशी और अभद्र टिप्पणियाँ सुननी पड़ती हैं? क्यों इनके मातापिता इन्हें अपने से दूर करने पर मजबूर होते रहे हैं? क्यों इनके लिए पारिवारिक और सामाजिक संबंधों का निषेध है? यह कैसा पढ़ा-लिखा समाज है जो इनके प्रति अपने पूर्वाग्रहों को अभी तक नहीं मिटा सका है? ऐसे कई प्रश्नों के उत्तर मैंने इस उपन्यास में तलाशने का प्रयास किया है।
 
विगत् कुछ वर्षों में इस समाज के हित में जो भी अधिनियम पारित हुए हैं, वे सराहनीय और स्वागतयोग्य तो हैं ही उसके साथ ही इस समाज के उत्थान के लिए आशा की किरण बनकर आये हैं। कल तक जो केवल किन्नर समाज के रूप में जाना था, उसका विस्तार अब विश्वस्तर पर एलजीबीटीक्यूआई समाज के रूप में हो चुका है। देश-विदेश की सरकारें भी इस दिशा में सार्थक कदम उठा रही हैं। आशा है, भविष्य में हमारा समाज भी इन्हें आम व्यक्तियों की तरह स्वीकार करने लगेगा।
 
इस उपन्यास को लिखने में जिन लोगों का अप्रतिम सहयोग मुझे परोक्षापरोक्ष रूप में मिला, उनका हृदयतल से आभार व्यक्त करता हूँ। ट्रांसजेंडर समुदाय के उन सभी लोगों को धन्यवाद देता हूँ जिन्होंने मुझे उनके जीवन के संघर्षों के बारे में सविस्तार बताया और मेरे इस उपन्यास की योजना को मूर्त रूप प्रदान करने में अप्रतिम सहयोग दिया।
 
विकास प्रकाशन, कानपुर के सर्वेसर्वा श्री पंकज बाजपेयी जी ने जिस हर्ष और उत्साह से उपन्यास को सुन्दर और मनमोहक कलेवर प्रकाशित किया, उसके लिए उनका कोटि-कोटि धन्यवाद।
 
अन्ततोगत्वा हृदय की गहराई से आपका भी धन्यवाद है क्योंकि आपने इस उपन्यास को पढ़ने और सदियों से उपेक्षित किन्नर समाज के दर्द से गुज़रकर उसे जानने के लिए हस्तगत किया है। आपकी प्रतिक्रियाओं की प्रतीक्षा में…
 
 
श्रावणी पूर्णिमा, संवत् 2078     लवलेश दत्त
 
(रक्षाबंधन, 2021)
WhatsApp Image 2026-08-10 at 16.21.47 — Vcare Language Academy

Author

Leave a Comment