13.
नरेन अंकल के माता-पिता बँगाल के एक छोटे से गाँव में रहते थे। खेती-बाड़ी का काम होता था। उनका परिवार रूढ़िवादी पारम्परिक संयुक्त परिवार था। उनके पिता को यह सब कुछ नहीं भाता था। वे शहर में पढ़ने आ गए और फिर यहीं के होकर रह गए। विवाह के पश्चात् माँ के साथ उनका जीवन खुशियों से भर गया था। लेकिन जब वे केवल पाँच बरस के थे, उनके पिता का देहांत हो गया था। माँ पर मानों दुःखों का पहाड़ ही टूट पड़ा। ससुराल में उनके साथ अच्छा व्यवहार नहीं होता था। सबकी कुदृष्टि अलग सहन करनी पड़ती थी। ऊपर से पति के हिस्से की ज़मीन भी भाइयों ने हथिया ली थी। माँ का जीना दूभर हो गया था। सारा दिन घर में काम में पिसतीं, फिर भी भरपेट खाना नहीं मिलता था। रात रात भर वे उन्हें सीने से चिपका कर सिसकती रहतीं।
एक दिन उन्होंने एक निश्चय कर लिया। थोड़े-बहुत रुपए उनके पास थे। उन्हीं को लेकर वे अपने नौकरी कर रहे भाई के पास लखनऊ आ गईं। अधिक पढ़ी-लिखी तो वे थीं नहीं, फिर भी उन्होंने अपनी सूझबूझ से एक प्राइवेट स्कूल में प्राइमरी अध्यापिका की नौकरी पा ली। साथ साथ पढ़ती भी रहीं। वे स्वयं कष्ट सहती रहीं, फिर भी अपने बेटे नरेन पर दुःख की छाया तक नहीं पड़ने दी। ऐसी परिस्थितियों में पले-बढ़े नरेन अंकल जीवन की बारीकियों को समझने में सक्षम होते गए। पढ़ने में वे बहुत अच्छे थे और माँ भी शिक्षा के महत्त्व को बखूबी समझती थीं।
अंकल ने एम.ए. में टॉप किया था। नौकरी भी पा गए। लेकिन वह आगे और कुछ करना चाहते थे। नौकरी के साथ ही साथ उन्होंने डॉक्टरेट कर ली थी। इसी दौरान उनका आमला से परिचय हुआ। लेकिन इस परिचय ने शीघ्र ही प्यार का रूप ले लिया। माँ ने दोनों को प्रणयसूत्र में बाँध दिया था।
थे जैसे पल बीते हों। माँ पहले बहू और फिर पोती को पाकर फूली नहीं समाती थीं। शांत-एकांत घर में नेहा की किलकारियाँ जब गूँजती तो माँ की हँसी भी सारे घर में फैल जाती। माँ, जिसके चेहरे पर कभी मुस्कुराहट भी नहीं आती थी, उन्हें यों हँसते हुए और खुश होते देखकर नरेन अंकल को बहुत अच्छा लगता था। जीवन भर तो उन्होंने कष्ट झेले थे। अब वह माँ का आँचल खुशियों से भर देना चाहते थे। आमला उनका पूरा ध्यान रखती थी। माँ अपने कष्टपूर्ण दिनों को भूलने लगी थी। नेहा को वह बहुत प्यार करती थीं। अंकल का बचपन उन्होंने आँसुओं की परछाई में देखा था, पर नेहा के बचपन का वह पूरा आनंद लेती थीं।
लेकिन भाग्य की क्रूर रेखाओं को कौन अपने हाथों से मिटा पाया है। जो अपनी जन्म कुण्डली में दुःख ही दुःख लिखवाकर आया हो वह सुख कहाँ पाता है। माँ की खुशियाँ क्षणिक थीं। उनके हिस्से में बस यही खुशियों के सात बरस थे।
नेहा के स्कूल में छुट्टियाँ थीं। आमला दुर्गा-पूजा का त्यौहार अपने भाई के घर जाकर मनाना चाहती थी। माँ ने सहर्ष स्वीकृति दे दी थी। नरेन अंकल उन्हें गाड़ी पर स्वयं बिठाकर आए थे। बस यहीं से उनकी जीवन की गाड़ी पटरी से उतर गई। गंतव्य पर पहुँचने से पहले ही गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई। आमला और नेहा दोनों ही दुर्घटना की शिकार हो गई। माँ ने अपने पति की मृत्यु का दुःख तो सह लिया था, लेकिन बहू और पोती की मृत्यु का दुःख वे नहीं सह पाई। सुनते ही जड़ हो गई। न रोई न चिल्लाई। टुकुर-टुकुर शून्य में देखती रहतीं। दो बरस तक वे इसी हालत में रहीं।
अंकल की स्थिति तो और भी दयनीय थी। पत्नी और बेटी की मृत्यु और उस पर माँ की यह दशा उनसे देखी न जाती थी। अपने दुःख को भुलाकर वे माँ की सेवा में जी-जान से जुट गए। लेकिन सब व्यर्थ गया। वे माँ को भी नहीं बचा पाए। सात वर्ष पूर्व एक रात अँधकार में वे खो गई. विलीन हो गई। उन्होंने तो अपने दुःखों का इस प्रकार अंत कर लिया, लेकिन अंकल के दुःखों का अब आरंभ हुआ था। हँसते खेलते परिवार को दुर्भाग्य लील गया और वे रह गए एकदम निपट-नितांत अकेले।
अंकल को अब लखनऊ में रहना अच्छा नहीं लगता था। हर वस्तु, हर जगह उन्हें कोई-न-कोई याद दिला जाती थी। इसीलिए उन्होंने वहाँ से अपना तबादला कराने के लिए प्रयास आरंभ कर दिया था और कुछ ही दिन पहले वे यहाँ आए थे। वे यहाँ स्थानीय कॉलेज में लेक्चरर थे।
मम्मी को पूरी तरह ठीक होने में पन्द्रह दिन लग गए थे। इस बीच पापा एक बार भी नहीं आए थे। नरेन अंकल ही कभी-कभी आ जाते थे। एक-दो बार मैं भी उनके घर गई थी। उनका घर हमारे से भी छोटा था। बस जरूरत का सामान और ढेर सारी पुस्तकें। मैं तो देखकर ही आश्चर्यचकित रह गई थी। मैंने अंकल से पूछा था- “अंकल, आप इतनी सारी पुस्तकें पढ़ते हैं. कैसे पढ़ लेते हैं?”
“ये सब तो मैंने पढ़ रखी हैं और अभी और भी बहुत सारी पढ़नी हैं। जानती हो मुक्ता बेटी, पुस्तकें हमारा सच्चा साथी होती हैं। बहुत कुछ सीखते हैं हम इनसे। ज्ञान का भण्डार होती हैं ये। जब भी अकेला होता हूँ पढ़ने बैठ जाता हूँ। कई-कई बार तो खाना-पीना भी भूल जाता हूँ और पढ़ते-पढ़ते ही सो जाता हूँ।” अंकल ने कहा था।
“आप मुझे भी पढ़ने के लिए कोई पुस्तक देंगे।” मैंने पूछा था।
“क्यों नहीं”, पर अभी तुम इन्हें नहीं पढ़ पाओगी। तुम्हारे पढ्ने योग्य पुस्तकें मैं कल बाज़ार से लेकर आऊँगा। उन्होंने मेरा हौसला बढ़ाते हुए कहा था।
अंकल दो दिन तक तो आए नहीं और मैं भी उनकी कही हुई बात भूल गई थी। लेकिन तीसरे दिन जब वे हमारे घर आए तो उनके हाथ में दो-तीन पत्रिकाएँ और दो पुस्तकें थीं। माँ उस समय अंदर थीं। मैंने वहीं से पुकारकर कहा- “माँ अंकल आए हैं और देखो, मेरे लिए क्या लाए हैं।” अंकल से पुस्तकें लेकर मैं तो एक ओर बैठकर पढ़ने लगी और अंकल मम्मी से बातें करने लगे। मम्मी अंकल से कह रही थीं “आप यह सब क्यों लाए हैं, पहले भी आपको हमने इतना कष्ट दिया है। मैं तो इतना सब कुछ कर भी नहीं सकती।” मम्मी शायद कहना चाहती थीं कि मेरे लिए वे अपनी आय से इस प्रकार की पुस्तकों का अतिरिक्त खर्च नहीं उठा सकतीं, लेकिन वे कहते-कहते अटक गईं। फिर भीं अंकल शायद समझ गए थे। बोले-“अच्छी पुस्तकें खरीदना मेरी हॉबी है। मुक्ता भी पढ़ लेगी। नेहा होती तो मैं उसके लिए भी तो लेकर आता। पता नहीं क्यों मुझे मुक्ता में अपनी नेहा नज़र आती है। इसे देखता हूँ तो अपना दुःख भूल जाता हूँ नीराजी, आप गलत न समझें। मैं अपने स्वार्थ के लिए यह सब करता हूँ।” कहत-कहते उनकी आवाज़ भरी गई थी।
माँ उनसे बैठने के लिए कहकर पानी लेने चली गई थीं।
ऐसा क्यों होता है, जो हमारे अपने नहीं होते, जिनसे हमारा कोई सम्बन्ध नहीं होता, वे भी हमें अपनों से भी अधिक प्रिय लगने लगते हैं, जैसे- नरेन अंकल। उनसे मुझे वह आत्मीयता, वह प्यार और अपनापन मिल रहा था, जो मुझे कभी पापा से नहीं मिला। मेरी बाल-सुलभ हरकतें और बातें जो पापा को बिल्कुल अच्छी नहीं लगती थीं, उन्हीं से नरेन अंकल को एक तृप्ति मिलती थी, सुख मिलता था। कुल मिलाकर उनकी दृष्टि में मैं एक अच्छी लड़की थी। वह कहा करते थे कि तुम तो कच्ची मिट्टी हो, उसे मैं तराहूँगा। हर व्यक्ति दूसरे के गुणों को परखने की दृष्टि और क्षमता नहीं रखता। तुम क्या हो… यह मैं जानता हूँ।
नरेन अंकल के सम्पर्क में आने के बाद सचमुच मुझे यह एहसास होने लगा था कि मैं भी कुछ हूँ। समय पर उठना, समय पर पढ़ना, घूमने जाना, मम्मी के काम में हाथ बंटाना, अंकल से बातें करना। इसी में मेरा समय कैसे बीत जाता था, इसका पता ही नहीं चलता था। पापा की प्रतीक्षा करती रहती थी, तब कहीं वे आते थे, किन्तु उनके आने पर भी सब कुछ बेस्वाद रहता था। अबकी बार उन्हें आए दो महीने हो गए थे, इसका पता ही नहीं चला इस बीच अंकल ने भी एकाध बार पूछा था “आपके पापा बहुत दिन से नहीं आए। क्या हर बार इतने दिन बाद आते हैं।”
“कई बार तो इससे भी ज्यादा दिन हो जाते हैं पापा को आने में, उनके मूड़ की बात है, कभी जल्दी भी आ जाते हैं।” मैंने उत्तर दिया था।
“क्यों?” अंकल ने विस्मयपूर्वक पूछा। “हम उन्हें अच्छे नहीं लगते, ऐसा मम्मी कहती हैं।” यह सुनकर वे चुप रहे। शायद इस बात की गहराई में जाने की कोशिश कर रहे थे।
उस दिन शनिवार था। मैंने आग्रहपूर्वक अंकल को अपने यहाँ खाना खाने के लिए रोक लिया था। मम्मी ने अंदर जाकर गुस्सा किया था “बिना सोचे-समझे और मुझसे बिना पूछे इस तरह का फैसला नहीं किया करते, तुम अभी छोटी हो, इन बातों की गहराई नहीं जानती हो।” मुझे अंकल के पास जाने की कहकर वे रसोई में काम में लग गई थीं। जितनी देर मम्मी खाना बनाती रहीं, अंकल मुझे कुछ-न-कुछ ज्ञान की बातें बताते रहे। वे बातें करते-करते अक्सर खो जाया करते थे। मैं जानती हूँ, उन्हें बीच-बीच में अपनी बेटी नेहा की याद आ जाती थी। उन्होंने बताया कि वह नेहा को संगीत सिखाया करते थे। सात वर्ष की होते-होते वह अच्छा गाने लगी थी। वे अचानक बोले- “तुम गाना सीखोगी मुक्ता!’
“न बाबा न, मैं और संगीत, नहीं अंकल, मुझे गाना वाना नहीं सीखना।”
“अरे! सीखोगी, तो गा पाओगी न।”
“अच्छा चलिए, आप मुझे क्या सिखाएँगे अंकल।”
“जो कुछ तुम सीखना चाहोगी।” बड़े प्यार से उन्होंने कहा।
मैं सोचने लगी- एक हमारे पापा हैं, मुझे किसी अच्छे स्कूल में भी भरती नहीं करना चाहते थे, वह तो मम्मी की ही हिम्मत है कि उनसे लड़-झगड़कर मुझे इस स्कूल में दाखिला दिला दिया था। यही सोचते-सोचते मेरी आँखें भर आई थीं और गिरने से पहले ही आँसू पोंछते हुए मैं कहने लगी “अंकल, प्लीज़, मेरे लिए इतना मत सोचिए। मैं यह सब कुछ नहीं कर पाऊँगी। आप सचमुच मेरे लिए बहुत सोचते हैं। आप बहुत अच्छे हैं अंकल।” और मैं अपना रोना रोक नहीं पाई थी।
अंकल मेरा सिर सहलाते हुए बोले- “रोते नहीं बेटे! आँसू पोंछ दो। ऐसा मत सोचो कि तुम संगीत नहीं सीख सकतीं, हमें यह नहीं सोचना चाहिए कि जो काम सुविधापूर्वक या आसानी से किया जा सके, वही करना है और वही सीखना है। हुनर सीखने के लिए मेहनत तो करनी ही पड़ती है। खाली स्कूल की किताबें ही पढ़ने से अधिक ज्ञान प्राप्त नहीं हो पाता। देखो न, मेरी माँ के पास ही क्या था एक छोटी-सी नौकरी और मैं। आपके पास तो मम्मी हैं. पापा हैं, सब कुछ है। बस लगन की बात है। आपको बस चाहिए आत्मविश्वास और आत्मबल। इसी के सहारे तुम सब कुछ पा सकती हो। सीखने और अभ्यास करने पर कुछ भी असंभव नहीं रह जाता।” यह कहते हुए उन्होंने घड़ी की ओर देखा और बोले- “अच्छा, अब उठो, आँसू पोंछो
और खाना खिलाओ, बहुत भूख लगी है।” वे स्वयं हँसने लगे और मुझे भी हँसाने का प्रयास करने लगे।
माँ ने बहुत स्वादिष्ट खाना बनाया था। मैं बहुत दिन बाद ऐसा खाना खा रही थी। खाना खाते हुए अंकल ने पूछा “नीराजी, आप सारा दिन क्या करती हैं, मेरा मतलब है? आप खाली समय कैसे बिताती हैं।”
“बस यों ही काम करते-करते, खाना बनाते और कभी-कभी मुक्ता के साथ-साथ किताबें पढ़ते समय कट जाता है।” मम्मी ने कहा था।
‘आप कहें तो मैं आपके लिए कुछ अच्छी किताबें ला दूँ।”
“नहीं-नहीं, आप क्यों इतनी तकलीफ उठाते हैं, बस यों ही मुक्ता की ही किताबें उलट-पुलट कर देख लेती हूँ, इससे ज़्यादा पढ़कर भी क्या करूंगी, बस समझिए कि पढ़ना आता है. यही बहुत है। आप रहने दीजिए।”
मम्मी ने केवल मैट्रिक पास किया था और आगे नहीं पढ़ पाई थीं। नरेन अंकल को शायद यह मालूम नहीं था, इसीलिए मम्मी ने यह हल्की बात कहकर पढ़ने के लिए अपनी अरुचि का एहसास कराया था।
खाना खाकर अंकल तो अपने घर चले गए। लेकिन हमारे घर में फिर पहले जैसी शून्यता छा गई। वातावरण में कुछ ठंडक आरंभ हो गई थी। नौ बजते-बजते लगने लगता था जैसे रात गहरा गई। मैं खिड़की के पास खड़ी होकर बाहर की ओर देख रही थी। तभी मम्मी ने आकर मेरे कंधे पर हाथ रखा और कहा “क्या सोच रही हो मुक्ता, ऐसे चुपचाप मत देखा करो। आओ, कुछ बात करो। तुम अब बच्ची नहीं रही बड़ी हो गई हो। तुम्हारे इस तरह चुप रहने से मेरा दम घुटने लगता है। यह अकेलापन और सालता है मुझे।” थोड़ी देर चुप रहकर वे फिर बोलीं “मुक्ता, पापा के आने पर नरेन के बारे में उन्हें कुछ मत बताना।” मम्मी के ऐसा कहने का अभिप्राय क्या था, उनकी इस बात का अर्थ क्या था, यह मैं उस समय नहीं समझ पाई थी।
पापा से मुझे वैसे भी डर लगता था और अब तो मैं चाहते हुए भी उनसे खुलकर बात नहीं कर पाती थी। फिर भला ऐसे में नरेन अंकल के बारे में बताना निरर्थक ही था। फिर भी मैंने मम्मी से पूछ ही लिया “क्यों मम्मी, इसमें क्या बुराई है, नरेन अंकल कितने अच्छे हैं। मुझे कितना प्यार करते
हैं। पापा से तो अच्छे हैं ही।”
“मुक्ता!” मम्मी ने लगभग चीखते हुए मुझे डाँटा।
“मैं डर गई। ‘खबरदार, अपने पापा के बारे में कभी ऐसा मत कहना। वे प्यार करें या न करें, लेकिन वे तुम्हारे पापा हैं। इसे तुम झुठला नहीं सकती।”
“पापा क्या ऐसे होते हैं, उन्हें मेरी कभी याद नहीं आती, मेरा कभी ध्यान नहीं रखते। नरेन अंकल अपनी मरी बेटी को भी कितना याद करते हैं।” कहते कहते मेरी आँखों में आँसू आ गए।
मम्मी से मेरे आँसू देखे नहीं गए, उन्होंने मुँह फेर लिया। उनकी भी आँखें भर आई। इससे अधिक डाँटना उन्होंने उचित नहीं समझा। बात बदलते हुए बोलीं- “तभी तो मैं तुम्हें नरेन अंकल के पास बैठने देती हूँ और वे भी अपना समझकर ही घर आते हैं। लेकिन तुमहारे पापा को तो यह सब अच्छा नहीं लगेगा। मैं यह जानती हूँ, वे गुस्सा करेंगे।”
मैंने उनकी हाँ में हाँ बात मिलाते हुए कहा “पापा को बस गुस्सा करना ही आता है, ऐसी बात है तो फिर हमें अपने पास क्यों नहीं रखते। उन्हें तो कभी मेरा जन्मदिन भी याद नहीं आता न कभी उन्होंने मनाया है आपके साथ मिलकर। नहीं न! नरेन अंकल कल ही मुझसे पूछ रहे थे “मुक्ता, तुम्हारा जन्मदिन कब है, मैं तुम्हें आशीर्वाद देने आऊँगा और ढेर सारे उपहार लाकर दूँगा।” फिर बताओ, अंकल अच्छे हैं या पापा। बोलो मम्मी।”
पर मम्मी के पास इसका कोई उत्तर नहीं था। और इसका उत्तर वे अपनी अंतिम साँस तक नहीं दे पाईं। पता नहीं कितना अन्तद्वंद्व झेलती रही होंगी वे, कितना लड़ती रही होंगी अपने मन से।
पापा प्रायः शनिवार को आया करते थे। उस रात भी मम्मी को उनकी प्रतीक्षा थी। लेकिन वे आए अगले दिन। मैं अभी सो रही थी। गाड़ी सुबह ही पहुँच जाती है। जब तक मैं सोकर उठी, पापा सो गए थे। जब भी वे शनिवार की रात को सफर करके रविवार की सुबह-सुबह पहुँचते, आधा दिन सोते रहते, वैसे भी उनका इस घर में कोई काम होता नहीं था। वह आकर हाजिरी देने में ही अपने कर्तव्य की इतिश्री समझते थे। फिर भी वे माँ के देवता-स्वरूप थे, इन्हें दर्शन देने, इन पर गुस्सा करने और मेरी गलतियाँ निकालने, मुझे बात बेबात डाँटने और यह एहसास दिलाने की कि मैं भी कुछ हूँ आते थे। बस उनके आने का यही मतलब होता था। शाम को अपने काम के सिलसिले में लोगों से मिलने चले जाया करते थे और खाना भी बाहर ही खाते थे।
क्रमशः
सुदर्शन रत्नाकर