मेघा राठी का उपन्यास ‘वहाँ कौन है ‘ भाग -41

वहाँ कौन है? ( भाग 41)

बहुत देर तक कुमार उस स्थान को देखता रहा।उसकी आँखों में ऐसा भाव था, जैसे सामने फैला हुआ यह संसार उसके लिए कोई नया संसार नहीं, बल्कि किसी बहुत पुराने स्वप्न का खोया हुआ अंश हो, जो अचानक उसकी आँखों के सामने जीवित होकर खड़ा हो गया हो।

उसके आसपास प्रकाश से बने ऊँचे-ऊँचे भवन थे। कुछ इतने ऊँचे कि उनकी चोटियाँ दिखाई ही नहीं देती थीं। उनकी दीवारें किसी ठोस पदार्थ से बनी हुई प्रतीत होती थीं फिर भी उनमें कहीं ईंट, पत्थर या काँच जैसी कोई परिचित वस्तु नहीं थी। पूरा भवन भीतर से प्रकाश को सोखता और फिर अपनी सतह से अलग-अलग रंगों में वापस छोड़ता हुआ लगता था।

दूर तक फैली राहें भी साधारण सड़कें नहीं थीं।उन पर कोई वाहन नहीं चल रहा था असल में वे स्वयं चल रही थीं। चौड़ी, चिकनी और पारदर्शी पट्टियों जैसी वे प्रकाश की धाराएँ एक निश्चित गति से आगे बढ़ रही थीं। उन पर खड़े लोग अपने पैरों से चल नहीं रहे थे। वे बस उस फिसलती हुई पट्टी पर खड़े होते और कुछ ही क्षणों में वह पट्टी उन्हें दूर तक ले जाती।

जहाँ किसी व्यक्ति को मोड़ बदलना होता, वह उस दिशा में जहां उसे जाना है , अपना एक कदम आगे बढ़ाता और उसके नीचे की प्रकाश-पट्टी उसे उस दिशा की प्रकाश पट्टिका से जोड़ देती।

कहीं दो प्रकाश-पथ अलग होते, कहीं एक दूसरे के ऊपर से निकल जाते, कहीं वे अचानक ऊपर उठकर किसी भवन के बीच बने मार्ग में प्रवेश कर जाते।

मायरा विस्मय से सब देख रही थी।” उदी..” उसके मुँह से बहुत धीमी आवाज निकली, “हम… सच में कहाँ आ गए हैं?”

उदय के पास इसका कोई उत्तर नहीं था।उसने चारों ओर देखा,”मुझे नहीं पता।”

प्रभात ने अपने हाथ में पकड़े उपकरण की स्क्रीन देखी। स्क्रीन पर लगातार बदलते हुए संकेत दिखाई दे रहे थे, “सर… मेरे उपकरण को यहाँ का कोई स्थिर दिशासूचक बिंदु नहीं मिल रहा।”

“कोई परिचित विद्युत आवृत्ति?”

“नहीं।”

“चुंबकीय क्षेत्र?”

प्रभात कुछ क्षण चुप रहा फिर बोला ,”असामान्य है। पृथ्वी के किसी भी ज्ञात क्षेत्र जैसा नहीं।”

सुक्खी ने चारों ओर देखते हुए कहा, “मुझे तो एक बात और समझ नहीं आ रही।”

प्रभा ने उसकी ओर देखा।

“क्या?”

“इतनी बड़ी जगह है… इतने लोग हैं… मगर बाजार कहाँ है?”

कुछ क्षण के लिए सब चुप रहे। “सचमुच।” …उन्होंने अब तक अनगिनत भवन देख लिए थे। आवागमन के ऐसे साधन देख लिए थे जिनकी कल्पना भी कठिन थी। आकाश में लोग गोलाकार चमकीली डिस्कों पर आगे बढ़ रहे थे। वे डिस्क उनके पैरों के नीचे लगभग हथेली भर ऊपर तैरतीं और कुछ ही क्षणों में उन्हें इतनी गति से आगे ले जातीं कि आँखें उनका पीछा नहीं कर पाती थीं।

लेकिन दुकान?बाजार?….कहीं कोई सामान बेचता हुआ व्यक्ति नहीं था…न कोई दुकान…न कोई ठेला…न कोई विज्ञापन…न किसी चीज की खरीद-बिक्री का दृश्य।

“हो सकता है यहाँ बाजार की आवश्यकता ही न हो,” मायरा ने कहा।

सुक्खी ने उसकी तरफ देखा। मायरा ने केवल कंधे उचका दिए।
तभी कुमार ने उनकी ओर देखा। पहली बार…उसकी नीली आँखों में कोई पहचान नहीं थी, “आओ।” बस इतना कहकर वह आगे बढ़ गया।

“कुमार!” प्रभा ने पुकारा।वह नहीं रुका।

“कुमार, सुनो!”, उसने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी।

वे विवश होकर उसके पीछे चल पड़े।कुमार जिस मार्ग पर चढ़ा, वह स्वयं आगे बढ़ने लगा। कुछ ही क्षणों में वे एक विशाल संरचना के सामने पहुँच गए।

वह महल जैसा था, मगर किसी पृथ्वी के महल जैसा नहीं।
उसकी ऊँचाई इतनी अधिक थी कि ऊपर की सीमा प्रकाश के धुँधले विस्तार में खो गई थी। उसके बाहरी भाग पर असंख्य पतली रेखाएँ थीं जो कभी सुनहरी, कभी रुपहली और कभी गहरी नीली रोशनी में बदल रही थीं।

प्रवेश द्वार पर खड़े दो व्यक्ति कुमार को देखते ही सीधे हो गए।

उनकी त्वचा में वही रुपहली-सुनहरी चमक थी जो उन्होंने इस संसार के बाकी लोगों में देखी थी।

दोनों ने एक साथ सिर झुका दिया।”वेल्कार…” उनमें से एक ने आदर से कहा।

कुमार ने भी उसी भाषा में उत्तर दिया।द्वार खुल गया।

उदय ने मायरा की ओर देखा, “तुमने सुना?”

“नहीं।”

“क्या उसने अपना नाम बताया?”

मायरा ने सिर हिला दिया।कुमार अंदर जा चुका था।वे भी उसके पीछे चले गए। अंदर प्रवेश करते ही उन्हें लगा जैसे वे किसी भवन में नहीं बल्कि प्रकाश के भीतर प्रवेश कर गए हों।

दीवारें थीं, मगर दीवारों के भीतर से प्रकाश बह रहा था।

एक लंबा गलियारा उनके सामने था। फर्श ठोस था, फिर भी उसके भीतर धीमी गति से प्रकाश की धाराएँ चल रही थीं।

कुमार एक विशाल कक्ष में पहुँचा।कक्ष गोलाकार था।उसके चारों ओर कोई सिंहासन, कुर्सियाँ या मेजें नहीं थीं।बस अलग-अलग दिशाओं में प्रकाश के स्तंभ खड़े थे।एक लाल…एक गहरा नीला..एक सुनहरा..एक बैंगनी…एक श्वेत
…एक हरा…और एक ऐसा प्रकाश जिसकी कोई निश्चित रंग-सीमा ही नहीं थी। वह लगातार रंग बदल रहा था।

कुमार बीच में जाकर खड़ा हो गया।अचानक सभी प्रकाश-स्तंभों की तीव्रता बढ़ गई।उदय ने अपनी आँखों को बचाने के लिए हाथ आगे कर लिया।

कुमार ने आँखें बंद कीं।फिर उसने बोलना शुरू किया।उसकी भाषा किसी भी भाषा जैसी नहीं थी जिसे उनमें से कोई पहचान सकता था।

स्वर में आदेश नहीं थावह संवाद जैसा था।मानो वह उन प्रकाश-स्तंभों से बात कर रहा हो।कुछ क्षण बाद उसने दोनों हाथ सामने जोड़े।फिर धीरे-धीरे नीचे बैठ गया।उसने अपना सिर झुका दिया।पूरा कक्ष कुछ क्षणों तक शांत रहा।.फिर एक-एक करके प्रकाश-स्तंभ छोटे होने लगे।

लाल प्रकाश सिकुड़कर एक बिंदु बना,नीला प्रकाश एक पतली रेखा में बदल गया,सुनहरी रोशनी धीरे-धीरे फर्श में समा गई, अंत में केवल हल्का-सा श्वेत प्रकाश बचा फिर वह भी बुझ गया।

कुमार उठ खड़ा हुआ।उदय उसे देखता रह गया।”ये क्या था?”,वह बुदबुदाया।

कुमार ने उसकी ओर देखा।ऐसा लगा जैसे उसने प्रश्न सुना ही नहीं।वह मुड़ा और दूसरे गलियारे की ओर बढ़ गया। इस बार उसकी चाल में कुछ बदल गया था।वह पहले से अधिक सहज था।मानो उसे पता था कि कहाँ जाना है।

गलियारे के अंत में एक कक्ष था।द्वार खुलते ही कुमार की गति अचानक धीमी हो गई।अंदर कुछ लोग बैठे थे।उन्हें देखते ही कुमार के चेहरे पर पहली बार वह भाव आया जिसे वे पहचान सकते थे–अपनापन।

वह उनमें से एक वृद्ध के पास गया।उसने उसे दोनों हाथों से थाम लिया।वृद्ध ने उसके सिर पर हाथ रखा फिर कुमार ने एक स्त्री को गले लगाया।

वह स्त्री उसकी पीठ पर हाथ फेरती रहीमायरा की आँखें अनायास उस दृश्य पर टिक गईं।

“ये… उसका परिवार हो सकता है?” प्रभा ने फुसफुसाकर कहा।

“शायद,” उदय ने कहा।

लेकिन अगले ही क्षण कुमार उस कमरे से बाहर निकल गया।
और जैसे ही वह बाहर आया…उसका चेहरा फिर बदल गया।वह उन्हें भूल चुका था।पूरी तरह।

“कुमार!” मायरा ने पुकारा।वह आगे बढ़ता रहा।

“कुमार,इधर तो देखो! यहां… हम यहाँ हैं!”कोई उत्तर नहीं।

प्रभात ने कहा, “शायद वह हमारी आवाज सुन नहीं रहा।”

“नहीं,” मायरा ने धीमे स्वर में कहा, “वह हमें देख ही नहीं रहा।”

यह बात सबसे अधिक भयावह थी।वे उसके सामने खड़े थे।
फिर भी कुमार की दृष्टि उनके पार जा रही थी.जैसे वे वहाँ थे ही नहीं।कुछ देर बाद कुमार एक अपेक्षाकृत सुनसान मार्ग में मुड़ गया।वे लोग भी उसके पीछे गए। वहाँ कोई और नहीं था।

मायरा ने हिम्मत करके उसके सामने जाकर रास्ता रोक लिया।
कुमार अचानक रुक गया।उसकी आँखें फैल गईं।वह उन्हें ध्यान से देखने लगा लेकिन उस दृष्टि में पहचान के बजाय हैरानी थी और अगले ही क्षण वह भय क्रोध में बदल गया।

“कुमार…”मायरा ने अपना हाथ आगे बढ़ाया।

कुमार पीछे हटा।उसकी कलाई के पास अचानक एक चमकीला चक्र उभरा।वह किसी तलवार जैसा नहीं था,न कोई बंदूक।वह लगभग पारदर्शी, अर्धचंद्राकार संरचना थी, जिसके भीतर असंख्य सूक्ष्म प्रकाश-बिंदु घूम रहे थे।

कुमार ने हाथ घुमाया।चक्र हवा में घूमता हुआ आगे बढ़ा।

उदय ने मायरा को पीछे खींच लिया,”सब पीछे हटो!”

दूसरा प्रहार और भी तेज था।प्रभा झुककर बची मगर प्रकाश की धार उसके कंधे को छूती हुई निकल गई।उसके कपड़े का एक हिस्सा कट गया।

“प्रभा!” मायरा चीखी।

“मैं ठीक हूँ!”

सुक्खी पीछे हटते हुए बोला, “ये आदमी कुमार है भी या नहीं?”

कुमार ने उसकी ओर देखा।उसके दूसरे हाथ में अब एक अलग हथियार था।यह हथियार किसी डंडे, तलवार या भाले जैसा नहीं था।उसकी हथेली के चारों ओर प्रकाश की पतली वलयाकार रेखाएँ बनने लगीं और फिर वे एक-दूसरे के भीतर घूमते हुए एक तीखे प्रकाश-चक्र में बदल गईं।

उदय ने सबको पीछे हटने का संकेत किया,”हम उसके सामने लड़ नहीं सकते। हम योद्धा नहीं हैं।”

“थैंक यू सर,यह बात आपने हमें बताई मगर यह बात उसको कौन समझाएगा?” सुक्खी ने घबराकर कहा।

कुमार ने हाथ उठाया।इस बार उसके हथियार से निकला प्रकाश पहले से कहीं अधिक तीव्र था।सुक्खी उसकी सीध में था।

“सुक्खी!” प्रभात चिल्लाया।

सुक्खी ने पीछे हटने की कोशिश की लेकिन उसके पैर प्रकाश-पथ की सीमा में फँस गए।कुमार का हाथ आगे बढ़ा।

और उसी क्षण…हवा में अचानक सुनहरे और रुपहले कणों का बादल उमड़ आया।इतना घना कि अगले ही पल कुमार की आकृति तक दिखाई देना बंद हो गई।

मायरा ने हाथ बढ़ाया।

“कुमार!”

लेकिन उसकी उँगलियों तक पहुँचने से पहले ही वे कण उनके चारों ओर लिपट गए।

प्रभा ने उदय का हाथ पकड़ लिया।सुक्खी ने आँखें बंद कर लीं।
एक क्षण…दो क्षण….फिर सब कुछ श्वेत हो गया।

जब प्रकाश हटा तो सबसे पहले प्रभा ने आँखें खोलीं।उसने कुछ क्षण तक सामने देखा।फिर उठकर बैठ गई, “हम… कहाँ हैं?”

किसी के पास उत्तर नहीं था।वे एक ऐसे उपवन में थे जिसकी कल्पना पृथ्वी के किसी वैज्ञानिक, कलाकार या स्वप्नद्रष्टा ने भी शायद कभी नहीं की होगी। वहाँ वृक्ष थे, लेकिन उनके तने सीधे ऊपर नहीं जाते थे।

कुछ तने जमीन से निकलकर कई दिशाओं में मुड़ते हुए हवा में फैल गए थे और फिर आपस में जुड़कर विशाल मेहराब बना रहे थे।कुछ वृक्षों की शाखाएँ नीचे की ओर झुकी थीं और उनके अंतिम सिरे जमीन को छूने के बजाय हवा में ही स्थिर थे।

कुछ पौधों के तने इतने पतले और पारदर्शी थे कि उनके भीतर से धीमी गति से चमकती धाराएँ गुजरती दिखाई देती थीं।कहीं पौधों के बीच हवा में गोलाकार संरचनाएँ तैर रही थीं।
वे फूल जैसी लगती थीं, लेकिन उनमें पंखुड़ियाँ नहीं थीं।

उनके भीतर सूक्ष्म प्रकाश घूमता रहता था और कभी-कभी वे खुलकर एक बड़े पारदर्शी आकार में बदल जातीं।जमीन भी साधारण मिट्टी जैसी नहीं थी।उस पर महीन रुपहले कण बिखरे थे।

कदम रखते ही वे हल्की रोशनी छोड़ते और फिर शांत हो जाते।
दूर कहीं से पानी के बहने जैसी आवाज आ रही थी, मगर पानी दिखाई नहीं दे रहा था।

“ये जगह…” प्रभात ने धीरे से कहा, “ये किसी प्राकृतिक उपवन जैसी नहीं है।”

उदय ने अपने उपकरण को सक्रिय किया।स्क्रीन पर कई संकेत आए और तुरंत गायब हो गए।”मेरा उपकरण फिर से ठीक से काम नहीं कर रहा।”

सुक्खी ने चारों ओर देखते हुए कहा, “हम क्या करें, कुमार को तो सब पता था मगर वो तो न जाने कहाँ …।”

यह सुनकर सब चुप हो गए…कुमार। वह कहाँ था?

मायरा ने पीछे देखा।सुनहरे-रुपहले कण अब कहीं नहीं थे।”क्या वह भी हमारे साथ आया था?”

प्रभा ने सिर हिलाया,”मुझे नहीं पता। आखिरी बार तो वह वहीं था।”

उदय ने गंभीर स्वर में कहा, “हमें पहले यह पता करना होगा कि हम यहाँ हैं कहाँ।”

“और कुमार कहाँ है,” मायरा ने जोड़ा।

कुछ देर तक वे उस उपवन में चलते रहे।हर कुछ कदम पर संसार का कोई नया रूप उनके सामने खुल जाता।

एक स्थान पर उन्होंने ऐसे वृक्ष देखे जिनकी जड़ें जमीन में नहीं थीं। वे जमीन से कुछ इंच ऊपर तैर रही थीं और उनके नीचे से हल्का प्रकाश निकल रहा था।दूसरी ओर लंबी बेलों जैसी संरचनाएँ हवा में स्थिर थीं। हवा चलने पर भी वे हिलती नहीं थीं।

एक पौधे की शाखा से पारदर्शी गोलाकार फल लटक रहे थे। उनमें से प्रत्येक के भीतर अलग-अलग रंग की छोटी रोशनी धड़क रही थी।

सुक्खी ने हाथ बढ़ाया।प्रभा ने तुरंत उसका हाथ पकड़ लिया।

“छूना मत।”

“मैं तो बस देख रहा था।”

“तुम्हारा ‘देखना’ अक्सर छूने में बदल जाता है।”

सुक्खी ने मुँह बनाया।

“ठीक है, मैडम।”

मायरा अब तक कुछ नहीं बोल रही थी।उसके मन में केवल एक बात घूम रही थी।कुमार वह इस संसार को जानता था।यहाँ की भाषा जानता था।लोग उसे पहचानते थे।उसके लिए द्वार खुलते थउसके सामने लोग सिर झुका रहे थे।

और अब…वह उन्हें पहचानता तक नहीं था।

“सुनो, हमें उसे ढूँढना होगा,” उसने दृढ़ स्वर में कहा।

उदय ने उसकी ओर देखा, ” हाँ ढूँढेंगे,”

“लेकिन कैसे?”

इस प्रश्न का कोई उत्तर नहीं था।वे एक खुली जगह पर आकर रुक गए।सामने एक विशाल वृक्ष था जिसकी शाखाएँ ऊपर जाकर कई गोलाकार घेरों में बदल गई थीं। उन घेरों के बीच आकाश दिखाई दे रहा था।…लेकिन वह आकाश भी पृथ्वी जैसा नहीं था।

उसमें कोई सूर्य दिखाई नहीं दे रहा था।फिर भी सब कुछ प्रकाशित था।मानो स्वयं वातावरण में प्रकाश घुला हुआ हो।

प्रभात ने धीरे से कहा, “अगर यह सचमुच कोई दूसरी जगह है… तो हमें यह समझना होगा कि यहाँ से बाहर कैसे निकलें।”

सुक्खी ने तुरंत कहा, “और अगर बाहर निकलने का रास्ता कुमार को ही पता है तो?”

मायरा ने उसकी ओर देखा ,”तब हमें कुमार तक पहुँचना होगा।”

“लेकिन वह तो हमें देखते ही हमला कर रहा था।”

“वह कुमार जरूर था,” मायरा ने कहा, “लेकिन वह कुमार जैसा व्यवहार नहीं कर रहा था।”

उदय ने गहरी साँस ली, ” अब अबे हमें उसके व्यवहार का कारण समझना होगा।”
अचानक दूर से किसी आवाज ने उन्हें पुकारा।

“उदय…”,सबके शरीर जैसे एक साथ जम गए।आवाज बहुत स्पष्ट थी।

उदय ने तुरंत पीछे देखा।कोई नहीं था।कुछ क्षण बाद वही आवाज फिर आई।इस बार और स्पष्ट, “मायरा…”

मायरा का चेहरा सफेद पड़ गया।उसने धीरे-धीरे सिर उस दिशा में घुमाया।
सुक्खी ने फुसफुसाकर कहा, “कौन है?”

कोई उत्तर नहीं आया।फिर पौधों के बीच हलचल हुई।कुछ रुपहले तंतु एक ओर हटे।और उनके पीछे कोई खड़ा था।चारों ने एक साथ उसकी ओर देखा।मायरा की आँखें फैल गईं।प्रभा के मुँह से अनायास चीख निकलते-निकलते रह गई।

उदय एक कदम पीछे हट गया।क्योंकि सामने खड़ा वह व्यक्ति..उनके लिए अजनबी नहीं था।वह धीरे-धीरे उनकी ओर बढ़ रहा था।

” आप?”, उन चारों के मुंह से एकसाथ निकला।
Megha
( तो साहिबान, कद्रदान, बताइए कैसा लगा आपको यह भाग?”

WhatsApp Image 2026-06-26 at 18.05.06 (1) — Vcare Language Academy

Author

Leave a Comment