राघवेंद्र सैनी का उपन्यास ‘भलोल ‘ भाग -50

भलोल
भाग- 50

 

26 दिसंबर को यूनिट में सेना हेडक्वार्टर से लेटर आ गया था कि मुझे 10 जनवरी को आई.एम.ए. में शुरू होने वाले कोर्स को अटैंड करना है। इस आधार पर यूनिट मूवमेंट आर्डर और रेलवे वारंट इश्यू करेगी। मुझे कर्नल दीपक साहब ने बुलाया और कहा, “यह लिस्ट है जो सामान लेकर तुम्हें जाना है।”

“जी, सर।”

“मैंने रजिंदर सिंह से बात कर ली है। वे मस्कट्री शॉप पर तुम्हें ले जाकर सारा सामान दिला देंगे। तुम्हें कोई पैसा नहीं देना है। ‘काला’ बक्सा भी तुम्हें यहीं से मिल जाएगा। लिस्ट में बक्से का साइज है। बक्से पर सिर्फ
अपना शॉर्ट नाम लिखवा लेना। अभी निकल जाओ। मैंने सूबेदार कर्म सिंह को बोल दिया है कि वह तुम्हारी जगह एल.पी. शेड में चले जाएँ। दोपहर तक तुम्हारा रेलवे वारंट भी तैयार हो जाएगा। वह लेकर एम.सी.ओ. में रिजर्वेशन भी करवा आना।”

मैंने सैल्यूट किया और बाहर आ गया। स्कूटर स्टार्ट किया और रजिंदर सिंह जी के पास पहुँच गया। उन्होंने कहा, “साहब, आप थोड़ा बैठें, चाय पीकर चलते हैं।”

मैंने कहा, “मैं नाश्ता करके आया हूँ। आप किसी तरह की तकलीफ न करें, जी।”

“पहले तो आपको बधाई। आप आफिसर्स ट्रेनिंग पर जा रहे हैं। बिना खिलाए-पिलाए हम आपको जाने नहीं देंगे। मैंने भी अभी नाश्ता करना है।”

थोड़ी देर में छोले-भठूरों का नाश्ता आया, किया और सदर बाजार में मस्कट्री की दुकान पर पहुँचे। वे आई.एम.ए. जाने वाले केंडिडेट के लिए काले बक्से में पूरा सामान डाल कर रखते थे।

मैंने लिस्ट के साथ चेक किया और रजिंदर सिंह जी ने पेमेंट कर दी। 10 हजार के ऊपर का सामान था। मेरे लिए बहुत बड़ी सहायता थी। रजिंदर सिंह जी ने अपनी कार में सारा सामान क्वार्टर पर भिजवा दिया था। राजी ने बताया था कि सामान मिल गया है।

मैंने रजिंदर सिंह जी का धन्यवाद किया। स्कूटर स्टार्ट करके यूनिट में आया। कंपनी ऑफिस में मेरा रेलवे वारंट तैयार था।

देखा, एक बज गया है।। लंच तैयार था, रोटियाँ बनानी थी। मैंने लंच किया और स्टेशन निकल गया। प्रथम ए.सी. में जगह उपलब्ध थी। प्रथम श्रेणी का वारंट मुझे मिला था। मैंने तुरंत ए.सी. का डिफरेंस पे किया और 8 जनवरी की टिकट बुक करवा ली।

कर्नल दीपक साहब को बताया। उन्होंने फिर गले लगाया और बधाई दी. कहा, “तुमने बहुत बड़ा काम किया है। पूरी जिंदगी बदल जाती है। जाओ, इस महीने पूरी ड्यूटी करो। एक जनवरी से तुम्हें रिलीव कर दिया जाएगा। तुम अपने जाने की तैयारी करना। एल.पी. शेड से जो रुपया मिलेगा, मैं राजी को दे दूँगा। एक बात और अब नया आदेश आ गया है। पासिंग आउट परेड में वाइफ के माँ-बाप भी आ सकते हैं। मुझे या अपनी भाभी को बुलाने की बजाय राजी के मम्मी-पापा को बुलाना। उन्होंने ऐसे फंक्शन कहाँ देखने हैं।”

“ठीक है, सर! सेना-हेडक्वार्टर के फार्म में राजी के साथ उनके माँ-बाप का नाम भी लिखा गया था।”

“राजी भी खुश हो जाएगी। राजी और उनके माँ-बाप को फ्लाइट में मैं यहाँ से चढ़ा दूँगा,” कर्नल साहब ने कहा।

“यह आपने अच्छा सुझाव दिया है। मैं ऐसा ही करूँगा।”

मैंने एल.पी. ऑफिस से पता किया कि इंस्पेक्शन नोट तो नहीं हैं? उन्होंने कहा, “सूबेदार कर्म सिंह साहब ले गए हैं।”

मैं एल.पी. शेड में आया। कर्म सिंह साहब रजिस्टर पर इंस्पेक्शन नोट चढ़ा रहे थे।

“आओ, साहब, यह थोड़े से इंस्पेक्शन नोट हैं, आप चढ़ा लेना।”

“ठीक है, साहब, आप जाएँ। मैं सब कर लूँगा।”

मैंने सारा काम निपटा लिया। कुछ डीलर का सामान आया था, उसे रिसीव किया। 5 बजे तक इंतजार किया जब कोई सामान नहीं आया तो मैं शेड बंद करके क्वार्टर पर आया। कंपनी ऑफिस गया था। माँ का पत्र आया हुआ था। लिखा था, ‘तेरे सबसे छोटे भाई को कुछ पैसों की जरूरत थी। वह विकेश से मांगने आया था, उसने कहा, अपने हिस्से की जमीन लिख कर दे दो और पैसे ले लो। उसने जमीन लिखकर दे दी और पैसे ले गया था।’

मैंने माँ को लिखा, “तुम्हारा यही बेटा नहीं, तुम्हारा बड़ा बेटा, तुम्हारी बेटी, तुम्हारा दामाद, सब पूरे खानदान पर धब्बा हैं। ऐसे भाई न होते तो अच्छा था।”

जब राजी ने दरवाजा खोला तो मेरा चेहरा उदासी से भरा हुआ था। राजी ने पूछा था, “चेहरे पर उदासी कैसी? ये तो हमारे खुशी के दिन हैं।”

मैंने माँ का लेटर राजी को दे दिया। उसने पढ़ा और कहा, “इन सबका कुछ नहीं किया जा सकता। सबके सब नालायक हैं।”

मैंने वर्दी उतारी, राजी चाय बनाकर ले आई। मैं चाय पीने लगा। “जाने के लिए रिजर्वेशन हो गई?” राजी ने पूछा।

“हाँ, हो गई।”

“कब की हुई है?”

“8 जनवरी की रात को बैठ कर सुबह-सुबह देहरादून पहुँच जाऊँगा।
कोर्स शुरू होने के 24 घंटे पहले पहुँचना होता है।”

“वहाँ से आई.एम.ए. कैसे पहुँचोगे?”

सेना का कोई काम पेंडिंग नहीं होता है। आई. एम.ए. को पहले से मालूम होगा। वे देहरादून एम.सी.ओ. ऑफिस के सामने टेबल कुर्सी लगाकर बैठे होंगे कि इस कोर्स नंबर वाले यहाँ रिपोर्ट करें। मुझे बस अपने कोर्स नंबर वाले टेबल पर रिपोर्ट करनी है। बाहर आई.एम.ए. की गाड़ियाँ खड़ी रहेंगी। वे हमें आई. एम.ए. पहुँचाती रहेंगी।

आज 26 तारीख हो गई है। 31 दिसंबर तक एल.पी. शेड में काम करूँगा। फिर मैं फ्री हूँ। जाने की तैयारी करूँगा।”

“आप स्टोर नहीं जाएँगे?”

“नहीं, बहुत काम करने होते हैं। कल ऐप्लीकेशन देनी है कि जब-तक मेरी ट्रेनिंग रहेगी, मुझे यह क्वार्टर रिटेन करने की इजाजत दी जाए। फिर क्लिरेंस सर्टिफिकेट कि इस यूनिट का कोई ड्यूज नहीं है। इनकी तरफ से मैं यहाँ की स्ट्रेंथ से आउट हो जाऊगा।। नई वर्दियाँ हैं, उन्हें फिट करवाऊँगा। वहाँ फिट करवाने का टाइम नहीं होगा।

“16 हफ्तों के लिए आपके प्यार की कमी रहेगी।”

“मानता हूँ, पर सोचो, हमारे स्टेटस का कितना अंतर पड़ेगा। क्लास वन गजेटेड अफसर बन जाएँगे। हमें चार बेडरूम का क्वार्टर मिलेगा। जिधर से निकलेंगे, जवानों से सैल्यूट मिलेंगे। सैल्यूट तो अब भी मिलते हैं लेकिन तब सूबेदारमेजर तक मुझे सैल्यूट करेंगे। अन्य ढेरों सुविधाएं रहेंगी।”

“अच्छा ठीक है, अब नहा कर फ्रेश हो लें। बाकी बातें रात को करेंगे।”

मैं नहा कर फ्रेश हो गया। बिस्तर पर आया तो राजी किचन में काम कर रही थी। रात का खाना खाते और बातें करते रात के 10 बज गए। अंत में राजी नहा कर आई। हाथ में दूध के दो गिलास थे। हमेशा की तरह राजी ‘ईजी ड्रेस’ में थी।

कमरे में हीटर चल रहा था। थोड़ी देर हम लोगों ने कंबल लिया फिर राजी कहने लगी, “कंबल हटा देते हैं। गर्मी लग रही है।”

बाहर बरामदे की लाइट की रोशनी कमरे में भरपूर आ रही थी। हम रात-भर प्यार में ऐसे डूबे कि सुबह होश आई। राजी मेरी बाँहों से कब निकली, पता नहीं चला। सुबह 7 बजे चाय लेकर आई तो मेरी आँख खुली।
पानी पीकर चाय पी। फ्रेश होकर नहाया। नाश्ता किया और वर्दी पहनकर ड्यूटी पर आ गया। मैंने दो वर्दियाँ युनिट टेलर को फिटिंग के लिए दी और क्वार्टर रिटेन की ऐप्लीकेशन भी दे दी। एल.पी. शेड में आज मेरा आखिरी दिन था। पहली जनवरी से सूबेदार कर्म सिंह साहब ने आना था।

कोई दो सौ इंस्पेक्शन नोट लेकर मैं स्टेशन बोर्ड से साइन करवाने निकल गया। एक घंटे में साइन करवा कर लौट भी आया। कर्नल दीपक साहब से साइन करवाने गया तो उन्होंने बैठा लिया। पूछा, “तैयारी हो रही है?”

“हाँ, सर, क्वार्टर रिटेन की ऐप्लीकेशन दे दी है। दो वर्दियाँ फिटिंग के लिए दी हैं। बिस्तर में दो कंबल, सिरहाना और दो चादरें रख लूँगा।”

“बिस्तर में कुछ मत ले जाना। ट्रेन में आपको बिस्तर मिलेगा। आई.एम. ए. में वे बिस्तर देते हैं। कंबल भी देते हैं। और सर्दी में स्लीपिंग बैग देते हैं। वहाँ कमरों का ले-आउट एक जैसा होता है। कुछ आइटमों की कीमत आपको मिलने वाले भत्ते से काट लेते हैं। पासिंग आउट परेड के लिए भी यूनिफार्म सब वहीं बनतीं हैं। वैसे तुम अपने साथ दो यूनिफार्म ले जाओ। जो बक्सा भर कर आइटमें ले जा रहे हो, वही यूज होंगी।”

“ठीक है, सर।”

इंस्पेक्शन नोट साइन हो गए थे। मैंने कांति को सामान शिफ्ट करने के लिए कहा। लंच टाइम पर घर आ गया। लंच किया और ड्यूटी पर आ गया। शाम को डीलर का सामान कम आया लेकिन 5 बजे तक इंतजार करना ही था। शेड बंद किया। कर्नल दीपक साहब का बुलावा आ गया कि एक मिनट मिलकर जाना। मैं गया तो कहने लगे, “कल कंपनी-ऑफिस से अपना कलियरेंस सर्टिफिकेट लेकर सूबेदारमेजर साहब को दे आना। मेरी बात हो गई है। वे उस पर सब के साइन करवा देंगे।”

“ठीक है, सर।”

दूसरे दिन मैंने कलियरेंस सर्टिफिकेट सूबेदारमेजर साहब को दे दिया। मेरे लिए और कोई काम नहीं था। मैं क्वार्टर लौट आया।

मम्मी-पापा को मैं 6 जनवरी को स्टेशन से ले आया था। उनका सामान पहले की तरह दूसरे कमरे में सेट कर दिया था। वे अमृतसर से मेरी पसंद की देसी घी की पिन्नियाँ लाए थे। जीवन में यह पिन्नियाँ जो खा लेता है, वह घोड़े की तरह भागने लगता है। दूध के साथ खाए तो सोने पे सोहागा।

राजी ने रात को शानदार प्रबंध किया। मम्मी-पापा जल्दी सो गए थे। मैं नहा कर आया तो राजी नहाने चली गई। नहा कर आई तो वह ईजी ड्रेस में थी। लगा, वह 16 हफ्तों का प्यार आज ही लेना चाहती थी।

राजी ने मुझे प्यार से कहा, “16 हफ्तों तक मैं नहीं मिलूंगी। 16 हफ्तों तक मुझे आपका प्यार नहीं मिलेगा। मुझे आपकी बहुत याद आएगी।”

“हाँ, पर जब मिलोगी तो एक अफसर की पत्नी होवोगी।। फौज के एक अफसर का प्यार मिलेगा।” मैंने आगे कहा, “रात को एसटीडी से बात करने की कोशिश करूँगा। फिर मेरे सपनों में हमेशा रहोगी जो मुझे सख्त ट्रेनिंग में ताकत देगी। मेरे प्यार को जवान रखेगी। बस तुम अपना ख्याल रखना। इसी तरह जवान बने रहना।”

“हाँ जी, अफसर की बीवी बनने का रौब हो जाएगा मेरा। मैं रोज आपके सपनों में उतर आया करूँगी। जैसा आप कहेंगे, वैसा प्यार करूँगी।”

राजी ने कहा, “रुको, मैं दूध लेकर आती हूँ।”

दूध पीकर पता नहीं हम कब तक प्यार में डूबे रहे, होश नहीं रहा। शायद सुबह 6 बजे राजी मेरी बाँहों से निकल कर चली गई थी। मैं मीठी नींद सोता रहा।

सुबह 8 बजे राजी मेरे पास चाय लेकर आई। वह बहुत खिली हुई थी। जो पत्नी अपने पति के प्यार से संतुष्ट होती है, वह इसी तरह खिली होती है। मैं भी बहुत खुश था। राजी का शरीर इतना खूबसूरत था कि खुद को अलग करने का मन ही नहीं करता, राजी तन और मन दोनों से सुंदर थी।

मैंने पूछा, “तुमने चाय पी ली? मम्मी-पापा ने पी ली?”

“जी हाँ, उन्हें तो मैंने सुबह 6 बजे ही चाय दे दी थी। वे फ्रेश होकर नहा लिए हैं। सिर्फ आप नहाने वाले रह गए हैं।”

“अच्छा देखो, वे सिमरण पर तो नहीं बैठे हैं? अगर नहीं बैठे तो चाय उनके पास जाकर पीते हैं। मैं जाने वाला हूँ, उन्हें बेगानापन नहीं लगेगा।”

राजी ने मुझे बहुत प्यार से देखा। मैं उसके प्यार के ताब को सह नहीं पाया था। मन से मैंने भी यही चाहा था कि राजी मुझे प्यार भरी नजरों से देखे। पर सुबह-सुबह मैं उसे खिली देख कर कह नहीं सका था। शायद वह मेरे मन की बात समझ गई थी। यही तो पति-पत्नी का प्यार है कि वे एक-दूसरे की बात तुरंत समझ लें। राजी भी यही चाहती थी कि मैं ट्रेनिंग पर जाने से पहले

मम्मी-पापा को एहसास दिला दूँ कि यह भी उन्हीं का घर है। राजी ने मुँह से कुछ नहीं कहा था लेकिन मैं उसके मन की बात समझ गया था, तभी उसने इस तरह प्यार से देखा था।

मम्मी-पापा को प्रणाम किया और उनके साथ पलंग पर बैठ गया। राजी वहीं चाय ले आई। मैंने उनसे पूछा, “मम्मी जी, पापा जी, सब ठीक तो है? आपको कोई दिक्कत तो नहीं? परसों मैं ट्रेनिंग पर जा रहा हूँ। आपकी बेटी आपका बहुत ख्याल रखेगी। मैं जानता हूँ, यह बहुत सेवा-भाव वाली है। यह आपको कोई तकलीफ नहीं होने देगी। फिर कर्नल दीपक भाई साहब भी हैं। वे हर तरह से ख्याल रखेंगे।”

“नहीं पुत्तर! हम यहाँ आकर बहुत खुश हैं। राजी तो बचपन से ही ऐसी है पर किसी दामाद ने इस तरह बैठ कर हमारा हाल नहीं पूछा। खुद हमारे पुत्तर ने भी नहीं। बहू की बात ही नहीं की जा सकती। जब पुत्तर नहीं पूछता तो औरों की क्या बात करें?”

बूढ़ी आँखों में उनके भीतर का दर्द छलक रहा था। मुझे समझ नहीं आया कि मैं उन्हें कैसे सान्त्वना दूँ।

मेरी मदद को राजी आई, “मम्मीजी, पापाजी, यह घर भी तो आपका है। आजकल बेटी-बेटे में कोई फर्क नहीं है।”

“पुत्तर, यह सब कहने की बातें हैं। माँ-बाप लड़की के घर रहते हैं कहीं? जिनके पास आमदन के साधन हैं, वे इज्जत पाते हैं, नहीं तो धक्के हैं।” फिर वे जाने कहाँ खो गए थे।

क्रमशः

राघवेंद्र सैनी

WhatsApp Image 2026-06-14 at 20.06.06 — Vcare Language Academy

Author

Leave a Comment