कारगिल एक प्रेम कथा
भाग -17
“तू मेरी जिंदगी है”? आशिक़ी फ़िल्म का..
जी वह तो मैं यूँ ही गाता रहता हूँ, मेरा फेवरेट गीत है, देखो अभी भी गा ही रहा था जब आप आई थीं… मेजर पांडे ने कहा।
और इसका क्या मतलब हुआ कि मैं वह गीत गा रहा था… तो क्या जिनकी शादी हो जाती है.. वह क्या गाना नहीं गाते?
मेजर पांडे की बात सुनकर उर्वशी की आँख भर आईं, उसने दुखी मन से कहा.. तो कब हुई थी आपकी शादी? और किससे हुई हैं?
मेजर पांडे ने कहा जी लगभग 4 वर्ष हो गये इस बात को तो..
उर्वशी इतना सुनते ही फफककर रो पड़ी.. और मेजर पांडे की बात पूरी सुने बिना ही उससे बोली.. बेहतर होगा कि आप अपने कोच में चले जाएँ, आपके साथी आपका इंतज़ार कर रहे होंगे।
ओह्ह.. शुक्रिया याद दिलाने के लिए, मैं अभी अपने कोच पर जा रहा हूँ, वैसे आप मेरी पत्नी के बारे में पूछ रही थी न, उसका जवाब तो सुन लीजिए न..
जी कहिये जल्दी फिर, उर्वशी ने बेमन से मेजर पांडे की बात सुनने के लिए सिर हिलाया…
तो सुनो उर्वशी… हर भरतीय सैनिक की पहली बीबी उसकी वर्दी होती है, जिसे वह सबसे ज्यादा प्यार करता है, इसलिए लगभग 4 साल से जब से मैंने सेना की नौकरी की है, इस वर्दी को मैं बीबी की तरह प्यार करता हूँ।
मेजर पांडे की बात सुनकर उर्वशी की जान में जान आई, वह मुस्कुराकर बोली आपकी इस बीबी से तो अब हमें भी प्यार हो गया है। मगर ऐसा मजाक मुझे बिल्कुल पसंद नहीं। तभी मेज़र पांडे बोले ठीक है तो मैं अपने कोच चलूं, आप कह रही थीं कि मेरे साथी मेरा इंतज़ार कर रहे होंगे न।
उर्वशी ने मेजर पांडे की बांह खींचते हुये अपने बगल की सीट पर बिठाया और अधिकार पूर्वक कहा… अब से बिना मुझसे पूछे कहीं नहीं जाओगे आप… बहुत परेशान करके रख दिया मुझे।
मेजर पांडे और उर्वशी एक दूसरे की हथेलियों को हथेलियों से दबाये हुये बिना कुछ कहे निर्विकार बैठे हुए थे। उन्हें इस प्रथम स्पर्श का बहुत ही सुखद अहसास हो रहा था।
दिल्ली आने को था इसलिए ट्रेन की गति में लगातार कमी होती जा रही थी, जबकि उर्वशी सोच रही थी कि ट्रेन बिना रुके यूँ ही अनवरत चलती रहे और वह मेज़र पांडे के हाथों को यूँ ही हथेलियों से दबाये बैठी रहे।
दिल्ली नज़दीक आते-आते उर्वशी की बेचैनी बढ़ती जाती है, वह मेज़र पांडे को छोड़ना नहीं चाहती थी, लेकिन तभी मेज़र पांडे ने उर्वशी से हाथ छुड़ाते हुए कहा.. उर्वशी अब दिल्ली आ रहा है, मुझे अपनी टीम के साथ होना चाहिए? मैं अभी चलता हूँ.. शाम को मिलूंगा आपके पंकज जिज्जाजी के घर पर।
उर्वशी ने कहा.. सुनो… एक काम करना न हम उनसे इस मुलाकात का ज़िक्र ही नहीं करेंगे और शाम को उनके सामने हम बिल्कुल अजनबियों की तरह मिलते हैं न .. बहुत मजा आयेगा। उर्वशी की बात सुनकर मेजर पांडे ने सहमति में अपना अंगूठा उठा कर थम्स अप किया और अपने कोच की तरफ़ चल दिया।
ट्रेन नई दिल्ली रेल्वे स्टेशन पर लगभग सुबह 10.30 बजे पहुँच गई। उर्वशी अपना लगेज लेकर प्रीपेड टैक्सी बूथ से गुड़गांव सेक्टर 14 के लिए निकल गई, जबकि मेजर पांडे और उनकी टीम को आर के पुरम सेक्टर 5 में सेना मुख्यालय जाकर ड्यूटी जॉइन करनी थी।
उस बहुमंजिला आलीशान अपार्टमेंट में दाखिल होते ही उर्वशी का स्वागत सिक्युरिटी गार्ड्स ने किया..
मैडम किससे मिलना है? गार्ड ने पूछा..
उर्वशी ने कहा… जी पंकज गौतम जी फ्लैट नंबर 1124 गार्ड ने इंटरकॉम से फ्लैट नम्बर 1124 पर सम्पर्क किया.. मैडम आपसे मिलने कोई मैडम आई हैं, कहकर गार्ड ने इशारे से उर्वशी का नाम और पता पूछा..
उर्वशी नाम है उनका, शिमला से आई है… गार्ड ने दूसरी तरफ की बात सुनकर प्रत्युउत्तर दिया।
मैडम यहाँ एंट्री कर दीजिए और फिर पहली विंग में जाकर लिफ्ट से 12वीं मंजिल जाकर 4थे फ्लैट में चले जाइयेगा।
उर्वशी उस गार्ड के निर्देशानुसार 1124 फ्लैट तक पहुँच कर डोरबेल बजाती है।
टीरर्रर..टीरर्रर
वंदना दीदी ने दरवाजा खोलकर उर्वशी का गर्मजोशी से स्वागत किया। पंकज जीजाजी उस समय बाहर कटिंग करवाने गये हुए थे, इसलिए वंदना दीदी घर में “मेड” के साथ खाना बनवाने में व्यस्त थी।
क्रमशः
अविनाश स आठल्ये