लवलेश दत्त का उपन्यास ‘दर्द न जाने कोई ‘भाग -1

दर्द न जाने कोई

 

भाग-एक

 

“मुझे स्कूल नहीं जाना”

“अरे…क्यों?”

“बोला ना, नहीं जाना, तो नहीं जाना”

“पर कोई कारण तो होगा…बता ना क्यों नहीं जाना…”

“…”

“अरे बोल ना…देख, अगर दादा ने सुन लिया ना कि तू स्कूल जाना नहीं चाहता…तो फिर…” माँ ने सिर पर हाथ फेरते हुए कहा।

“मुझे तेरे साथ घर पर रहना है…स्कूल नहीं जाना…” उसकी आँखों में आँसू भर गए और वह माँ से लिपट गया। फूले-फूले गाल और आँखों में आँसू देखकर माँ ममता से भर उठी। बच्चे की आँखों में आँसू देखकर दुनिया की हर माँ के दिल में टीस उठती है। आँखों का गीलापन आँसू बनकर उसकी आँखों से टपकने ही वाला था कि दादा की आवाज़ आई, “माँ, इसका यह रोज़-रोज़ का हो गया है…हर दो दिन बाद बोलता है स्कूल नहीं जाना…मैं अभी इसे ठीक कर देता हूँ।”

दादा की आवाज़ से सिहरे देबू ने और कसकर माँ को इस विश्वास के साथ पकड़ लिया कि माँ उसकी हर हाल में रक्षा करेगी। माँ ने भी उसके विश्वास को डिगने नहीं दिया और तुरन्त बोल पड़ी, “तू अपना देख…मैं देबू को समझाती हूँ।”

माँ उसे अपने साथ रसोई के बाहर पड़े तख़्त पर ले गयी और सीने से लगाकर उससे पूछने लगी, “क्यों सताता है तू…रोज़ स्कूल जाएगा…तभी तो पढ़ेगा-लिखेगा। पढ़ लिखकर तुझे बड़ा आदमी बनना है ना।”

“आदमी क्या होता है माँ?”

उसका प्रश्न सुनकर माँ खिलखिलाकर हँस पड़ी। मुश्किल से अपनी हँसी रोककर वह बोली, “जो तेरा दादा है, तेरे पापा थे, तेरा मामा है…ये सब आदमी हैं…”

“तू आदमी नहीं है क्या?”

“अरे बावले मैं औरत हूँ…औरत”

“औरत?औरत क्या होता है माँ?”

“औरत होता नहीं होती है…मैं, तेरी दीदियाँ, तेरी नानी, तेरी दादी…सब औरत हैं…”

“कैसे पता चलेगा कि कौन औरत है और कौन आदमी?”

“इसके लिए तुझे पढ़ाई करनी होगी…जब खूब पढ़ेगा तो खुद जान जाएगा आदमी-औरत का फ़र्क…समझा…चल अब स्कूल जा…” माँ ने बात बदलते हुए कहा।

“पर माँ स्कूल में…” उसने बात पूरी करनी चाही लेकिन तब तक स्कूल की ओर जाती लड़कियों की टोली में से एक ने बाहर से आवाज़ दी, “चाची…देबू को भेज दो…स्कूल को देर हो रही है।”

माँ ने झटपट देबू का बस्ता उठाकर उसके नन्हें कंधों पर टाँगा, हाथ में टिफिन दिया और सिर पर हाथ फेरकर, गाल चूमकर उसे स्कूल के लिए विदा किया। देबू, माँ की ममता और आशाओं से भरी दृष्टि का विरोध न कर सका और अपने साथियों के साथ स्कूल की ओर बढ़ गया।

छह भाई-बहनों में सबसे छोटा देबू अक्सर ही माँ से ऐसी बातें पूछा करता है। जबसे उसने होश सँभाला है, माँ को ही तो परिवार का मुखिया मानता आया है। पिता को तो उसने देखा ही नहीं, सुना है बहुत रौबदार आदमी थे। स्कूल में कई बच्चों के पिता उन्हें छोड़ने आते हैं। ‘काश, वह भी अपने पिता के साथ उनकी साइकिल पर बैठकर स्कूल आता! कैसे होंगे उसके पिता?’ वह अक्सर सोचता है।इसके साथ ही माँ की कही बात याद आती है, ‘तेरे बड़े भाई महेन्द्रप्रताप की सूरत बिल्कुल तेरे पापा पर गयी है,’ और उसके दिमाग में पिता की अनदेखी सूरतआकार लेने लगती है जिसमें सबसे बड़े भाई महेन्द्रप्रताप के नैन-नक्श उभरने लगते हैं। बड़े भाई महेन्द्रप्रताप शहर में नौकरी करते हैं और कभी-कभी ही गाँव आते हैं। वह जब भी गाँव आते हैं, घर में सन्नाटा छाया रहता है, सभी उनसे बहुत डरते हैं।

उसे लगता है कि उसकी माँ सबकुछ जानती है। इसीलिए रात में वह उनसे चिपककर अपने मन की सारी बातें उन्हें बताता है और ढेर सारे प्रश्न उनसे पूछता रहता है लेकिन दिनभर की थकी हारी माँ कुछ ही देर में सो जाती है और फिर सारी बातें चित्रों का रूप लेकर उसी तरह चलने लगती हैं जैसे वह ब्लॉक ऑफिस में लगे टीवी पर देखता है। एक के बाद एक कभी नाच-गाने, कभी लोगों की बातें, कभी साबुन से नहाती लड़की तो कभी फुटबाल खेलते लड़के। टीवी पर देखे दृश्य उसकी आँखों के सामने नाचते रहते। नहाती लड़की को देखकर उसे बहुत शरम आती, वह सोचता कि ‘कैसे यह लड़की सबके सामने नहा लेती है और एक वह है जिसे सबके सामने सूसू करने जाना भी बहुत शर्मनाक लगता है।’ शर्म से उसके चेहरे पर लाली आ जाती और कान गर्म होने लगते, धीरे-धीरे उसे नींद आ जाती।

देबू को स्कूल जाना बहुत पसन्दथा। वहाँ पढ़ना, टीचर से बातें करना, उनके प्रश्नों के उत्तर देना, सही उत्तर पर शाबासी मिलना, क्लास के बच्चों का ताली बजाना उसे बहुत अच्छा लगताथा। उसे वह दिन याद आता है, जब वह पहली बार अपने बड़े भाई मनु के साथ स्कूल में नाम लिखवाने आया था। प्रिंसिपल सर के कमरे में बैठा खिड़की से बाहर झाँक रहा था। उसकी उम्र के बच्चे बाहर खेल रहे थे। उसका भी मन हुआ कि वह दौड़कर उनके पास जाए और खेल में शामिल हो जाए। वह बाहर झाँक ही रहा था कि प्रिंसिपल सर ने पूछा, “बेटे, क्या नाम है तुम्हारा?”

“देबू”, उसने चौंककर जवाब दिया।

उसके जवाब पर न केवल प्रिंसिपल सर और उसके भाई बल्कि कमरे में बैठे दो अन्य लोग भी हँस पड़े। फिर मनु भइया ने ही कहा, “अपना पूरा नाम बताओ…देवेन्द्र प्रताप सिंह।”

यही नाम स्कूल में दर्ज हो गया। कक्षा में भी टीचर उसका नाम पुकारती…‘देवेन्द्र प्रताप सिंह’ और वह ‘यस मैडम’ कहकर अपना हाथ खड़ा कर देता।यह सोचकर उसके चेहरे पर मुस्कान बिखर जाती और कदम तेजी से स्कूल की ओर बढ़ने लगते लेकिन एकाएक जैसे उसके कदमों को कोई बाँध लेता, चलते-चलते उसे एक झटका लगता और उसकी चाल धीमी पड़ जाती। वह सोचने लगता,‘दिनभर स्कूल में रहने पर उसे दो-तीन बार सूसू करने जाना पड़ेगा, वह भी खेत में…उफ क्या मुसीबत है?’ यह ख्याल आते हीउसे घबराहट होने लगती क्योंकि सबके सामने सूसू करने में उसे बहुत शरम आती थी लेकिन क्या करे सब लड़के खेत में ही जाते हैं तो उसने भी जाना पड़ता है।उसे वहाँ खड़े लड़कों की गंदी हरकतें भी बिल्कुल ना-पसंद थीं। सूसू करते हुए वह कनखियों से देखता कि लड़के एक-दूसरे के आगे झाँकते हैं और अंगों को देखकर…‘छिः-छिः…कितने गन्दे हैं ये लड़के एक-दूसरे की सूसू देखते हैं…इसीलिए मैं इनके साथ यहाँ नहीं आना चाहताहूँ,’ सोचकर वह वहाँ से भाग खड़ा होताऔर बिना सूसू करेही क्लास में आ जाता। उसे इस तरह भागता देख लड़के हँसते और जोर से कहते,‘वह देखो, लड़के के रूप में एक लड़की है, लड़की, कैसे शरमा कर भाग गया।’ लड़के उस पर खूब हँसते।लघुशंका का शमन ने होने के कारण व्याकुल देबू मन-ही-मन सोचता,‘स्कूल वाले लड़कों के लिए भी पेशाबघर क्यों नहीं बनवाते हैं?’वह पेशाब रोककर बैठने की कोशिश करता लेकिन जब पेट में दर्द होने लगता तो धीरे-धीरे उठकर बाहर आता और चुपके से लड़कियों के पेशाबघर में घुस जाता। दरवाजा अंदर से बंद करके फिर चैन से सूसू करता लेकिन बाहर हल्की-सी भी आहट होने पर उसेघबराहट होने लगती, उसकी धड़कनें बढ़ जातीं और गला सूखने लगता। उसे चिन्ता होती कि ‘कहीं कोई उसे लड़कियों के टॉयलेट में देख न ले। अगर किसी ने देख लिया या किसी को पता चल गया तो उसे बहुत मार पड़ेगी।’

यह रोज़ की समस्या थी। स्कूल जाने की तैयारी जिस उत्साह से करता, सूसू वाली बात याद आते ही उसका उत्साह ठंडा होने लगता और घबराहट होने लगती थी। जैसे-जैसे वह बड़ा हो रहा था, रोज़ कोई-न-कोई बहाना बनाकर वह स्कूल जाने में आनाकानी करने लगता था। उसे लगता कि ‘जब सूसू आएगी तो कैसे जाऊँगा? सब लोग फिर मुझे चिढ़ाएँगे, मुझे लड़की बुलाएँगे’ यह सोचकर उसका दिल बैठने लगता और वह स्कूल ने जाने के बहाने बनाता।

स्कूल में बहुत कुछ ऐसा भी था जो उसके मन को भाता था—वहथा उसकी सहेलियों का साथ। उनके साथ बैठना, उनसे ढ़ेर सारी बातें करना, इंटरवल में उनके साथ खाना खाना,छुट्टी में उन्हीं के साथ घर वापस आना।न जाने क्यों उसे लड़कियों के साथ एक अपनापन-सा महसूस होता था। उसे लगता था कि उनके साथ वह अधिक सुरक्षित है और उसके मन में किसी भी तरह की घबराहट नहीं है। वह जितनी देरलड़कियों के साथ रहता, उसका चेहरा आत्मविश्वास से चमकता रहता था। हालांकि इस बात से वह खुद अनजान था। वह तो बस इतना जनता था कि उसे लड़कियों से दोस्ती करना बहुत अच्छा लगता है। इसके अलावा एक और काम भी उसे बहुत अच्छा लगता था—डांसकरना। जब भी वह टीवी पर डांस करती हुई लड़की देखता तो उसके शरीर में गुदगुदी होने लगती, उसे लगता कि वह भी उसी लड़की की तरह डांस करे। वह उसके डांस को बहुत ध्यान से देखता और घर आकर कमरे में बंद होकर उसकी नकल करता। स्कूल के फंक्शन में भी वह लड़की बनकर डांस करता। उसे डांस करता देख स्कूल के बहुत सारे लोग उसे लड़की समझते थे और उसके डांस की तारीफ करते नहीं थकते। वह भी बहुत खुश होता लेकिन जब उसकी कक्षा के लड़के उसे ‘लड़की-लड़की’ कहकर चिढ़ाते तो उसे बहुत बुरा लगता, वह उनसे बात करना बंद कर देता और उनके पास से उठकर कक्षा में सबसे पीछे बैठ जाता।

WhatsApp Image 2026-08-10 at 16.21.47 — Vcare Language Academy

Author

Leave a Comment