मेघा राठी का उपन्यास ‘वहाँ कौन है ‘ भाग -42

 

 

वहाँ कौन है? (भाग 42)

सभी के मुँह से एक साथ चीख निकल गई।उनके सामने खड़ा व्यक्ति कोई अपरिचित नहीं था।…वह रामसेवक था मगर उसकी त्वचा रुपाली और आँखें नीली थी … और इस समय उस चेहरे पर जो मुस्कान थी, उसमें ऐसा रहस्य छिपा था जिसे समझ पाना किसी के लिए भी आसान नहीं था।

प्रभात के मुँह से आखिरकार शब्द निकले,”रामसेवक… आप यहाँ कैसे?”

उसकी आवाज में आश्चर्य से अधिक अविश्वास था।उदय भी कुछ कदम आगे बढ़ आया।

“हाँ… यही सवाल मैं भी जानना चाहता हूँ। आप यहाँ कैसे पहुँचे? और आपको कैसे पता चला कि हम यहाँ हैं?”

सामने खड़ा व्यक्ति कुछ क्षण उन्हें देखता रहा।फिर उसके होंठों पर हल्की-सी मुस्कान आई ,”मुझे क्यों नहीं पता होगा कि तुम लोग यहाँ हो?”

उसने अपना हाथ आगे बढ़ाया।उसकी हथेली के ऊपर हवा में कुछ सुनहरे और रुपहले कण उभरने लगे।वे कुछ क्षण गोलाकार घूमे और फिर धीरे-धीरे उसकी हथेली के चारों ओर बिखर गए,”वह रुपहला-सुनहरा बादल…”उसने मायरा की ओर देखते हुए कहा,”उसे मैंने ही भेजा था।”

मायरा की आँखें फैल गईं, “आपने?”

“भेजा ही नहीं था…” वह धीमे से हँसा, “मैं स्वयं भी उसी के साथ था।”

मायरा कुछ कह ही नहीं पाई।उसके मन में पिछले कुछ समय के सारे दृश्य एक साथ घूम गए—गुफा, कुमार, प्रकाश का विस्फोट, सुनहरे-रुपहले कण और फिर यह दूसरी दुनिया।

प्रभा ने ध्यान से उस व्यक्ति को देखा फिर उसकी दृष्टि उसके पैरों के नीचे की जमीन पर गई।वहाँ कोई ठोस मिट्टी नहीं थी।जमीन की सतह महीन परतों में बनी हुई थी और वे परतें लगातार अपना स्वरूप बदल रही थीं। कभी वे चिकनी काँच जैसी दिखाई देतीं, कभी महीन रेत जैसी और कभी ऐसे लगता जैसे असंख्य सूक्ष्म रंग–बिरंगे धागे जमीन के भीतर से बाहर आकर फिर वापस उसमें समा रहे हों। उसने अपना ध्यान वहां से हटाया। उसके बाद उसने सामने देखा और बोली,”लेकिन… आप रामसेवक नहीं हैं।”

वह व्यक्ति मुस्कुराया, “नहीं।”

सभी एक-दूसरे का चेहरा देखने लगे।

“तो फिर आप कौन हैं?” प्रभा ने पूछा।

उसने उत्तर देने से पहले कुछ क्षण मौन साधा,”मेरा नाम रैवेक्स है।”

नाम सुनते ही सुक्खी ने धीरे से प्रभात की ओर देखा, “रामसेवक का तो एक भी अक्षर नहीं आया इसमे। हाँ अंग्रेजी का आर और एस तो है।”

प्रभात ने उसे कोहनी मारी, ” तू चुप रह अभी , सारी कैलकुलेशन अभी करेगा क्या?”

रैवेक्स मुस्कुरा दिया,”तुम्हारी यह आदत वहाँ भी नहीं बदली होगी, सुक्खी।”

सुक्खी का चेहरा अचानक गंभीर हो गया,”एक मिनट…आप हम सभी को हमारे नाम से पहचानते हैं, कैसे?”

“उदय, प्रभा, प्रभात, सुक्खी,मायरा,और कुमार… हाँ ,मै सभी को पहचानता हूं।”

मायरा ने तुरंत पूछा, “आप बता सकते हैं फिर तो कि कुमार कहाँ है?”

रैवेक्स ने उसकी ओर देखा,”यही प्रश्न अभी तुम्हें नहीं पूछना चाहिए।”

“क्यों?”

“क्योंकि अभी तुम्हें यह समझना है कि तुम स्वयं कहाँ हो।”

उदय आगे बढ़ा,”और यह हमें आप बताएँगे?”

“जितना तुम्हें जानना आवश्यक है, उतना।”

“और जितना आवश्यक नहीं?”

“उतना जानना तुम्हारे लिए खतरनाक होगा।”

सुक्खी ने दोनों हाथ कमर पर रखे,”ये क्या बात हुई? हम अपनी जान हथेली पर रखकर यहाँ तक आए हैं और अब हमें आधी-अधूरी बातें बताई जाएँगी?”

रैवेक्स ने उसे देखा, “ओह, तुमको ये गलतफहमी कैसे हो गई कि तुम लोग यहाँ अपनी इच्छा से आए हो!”

एक पल को सन्नाटा छा गया फिर उदय ने पूछा, “क्या मतलब?”

“तुम्हें लगता है कि तुमने एक गुफा खोजी फिर तुम्हें लगा कि तुम्हें एक पट्टिका मिली… फिर तुम्हें लगा कि तुम्हारी खोज तुम्हें इस कक्ष तक ले आई। उसके बाद तुम्हें लगा कि तुम्हारे साथी कुमार ने उस सिंहासन को सक्रिय किया और तुम लोग इस संसार में आ गए।”

वह कुछ कदम आगे बढ़ा,”लेकिन इनमें से कोई घटना अकेली नहीं थी।”

प्रभात ने भौहें चढ़ाते हुए पूछा, “तो फिर?”

“तुम्हें यहाँ बुलाया गया।”

“किसने?”

रैवेक्स ने इस बार उत्तर देने में कोई जल्दी नहीं की।उसने अपने सामने हवा में उँगली से एक चिह्न बनाया।क्षण भर में वहाँ एक प्रकाशमान आकृति उभरी।वह न तो किसी मनुष्य जैसी थी, न किसी देवी/देव की मूर्ति जैसी।

वह कई वृत्तों और आपस में जुड़ी हुई असंख्य महीन रेखाओं से बनी एक जीवित संरचना थी। उसका केंद्र लगातार फैलता और सिकुड़ता था, जैसे कोई हृदय धड़क रहा हो।

“एल्वारा।”

मायरा ने धीरे से दोहराया,”एल्वारा?”

“हाँ।”

“कौन है वह?” प्रभा ने पूछा।

“कौन नहीं… क्या है, यह समझना अधिक उचित होगा।”,रैवेक्स की आवाज गंभीर हो गई। “एल्वारा इस संसार की सबसे प्राचीन चेतना है। इसे किसी ने बनाया नहीं। यह उस मूल प्रकाश-स्रोत से जन्मी थी जिससे हमारी सभ्यता का अस्तित्व विकसित हुआ।”

उदय ने तुरंत पूछा,”क्या वह कोई ऊर्जा है?”

“ऊर्जा से अधिक।वह पूरे ग्रह को नियंत्रित करती है।”,रैवेक्स ने हल्की मुस्कान के साथ सिर हिलाया। “नियंत्रित करना शायद सही शब्द नहीं है। वह इस संसार के उन नियमों को प्रभावित करती है जिन्हें तुम प्रकृति के नियम कहते हो। प्रकाश का प्रवाह, ऊर्जा का संतुलन, कुछ विशेष मार्गों का खुलना, कुछ स्थानों का छिपा रहना… बहुत कुछ।”

सुक्खी ने तुरंत बात पकड़ ली, “अगर यह एल्वारा इतनी ताकतवर है तो एक बात मेरी समझ में नहीं आई।”

“पूछो।”

“अगर वह आपकी पूरी दुनिया की इतनी चीजें नियंत्रित कर सकती है तो फिर हमें यहां क्यों ले कर आई है?”

प्रभा ने उसे घूरा। रैवेक्स हँस पड़ा।उसने अपनी हथेली खोल दी।उसमें धीरे-धीरे एक महीन सुनहरी रेखा बनने लगी, “देखो, हर शक्ति की अपनी सीमा होती है।”

उसने रेखा को हवा में छोड़ दिया, “एल्वारा प्रकाश-स्रोत से जन्मी है। वह प्रकाश के मार्गों को जानती है। वह कठोर पदार्थों के भीतर छिपे रास्तों को खोज सकती है। वह उन स्थानों तक पहुँच सकती है जहाँ हमारी सामान्य इंद्रियाँ नहीं पहुँच सकतीं। लेकिन…”

वह रुक गया उनको ध्यान से देखा और पुनः बोला, “धरती और जल उसके लिए अधूरे तत्व हैं।”

मायरा ध्यान से सुन रही थी,”क्यों?”

“क्योंकि प्रकाश अकेला जीवन का संपूर्ण आधार नहीं है। उसे स्थायित्व के लिए धरती चाहिए और प्रवाह के लिए जल। एल्वारा इन दोनों तत्वों को अपने भीतर पूर्ण रूप से धारण नहीं करती। इसलिए जहाँ प्रकाश की आवश्यकता है वहाँ वह स्वयं पर्याप्त है, लेकिन जहाँ प्रकाश, धरती और जल की संयुक्त प्रतिक्रिया आवश्यक हो… वहाँ उसे माध्यम चाहिए।”

उदय ने पूछा,”और वह माध्यम हम हैं?”

“तुम लोग उन माध्यमों में से एक हो।”, रैवेक्स हौले से हँसा, ” तुम तीनों लोकों के संबंधों से जुड़े हुए हो।”

रैवेक्स की दृष्टि कुछ क्षण मायरा पर ठहरी।फिर उसने कहा,”और तुम्हारी यात्रा केवल इस संसार की नहीं है।”

मायरा कुछ पूछती, उससे पहले सुक्खी ने फिर बात काट दी,”तो हमें यहाँ बुलाने का असली कारण क्या है?”

रैवेक्स की मुस्कान गायब हो गई,”जिस रहस्य को तुम खोज रहे हो, उसी तक पहुँचने के लिए।”

“कौन-सा रहस्य?”

“वही जिसके पीछे तुम उस गुफा तक गए थे।”

” अच्छा तो आप हमें इस रहस्य को बताने के लिए आए हैं?”, सुक्खी ने ऐसे कहा जैसे सारी बात उसके समझ में आ गई।

“मैं नहीं बता सकता।”,रैवेक्स उसी तरह रहस्मयी मुस्कान से बोला।

“क्यों?”

“क्योंकि रहस्य केवल बताया नहीं जाता। उसे उसके योग्य व्यक्ति स्वयं खोलता है।”

सुक्खी ने मुँह बनाया,”फिर तो यह दुनिया भी हमारी दुनिया जैसी ही निकली। यहाँ भी कोई सीधी बात नहीं करता।”

इस बार सभी के चेहरों पर हल्की मुस्कान आ गई लेकिन मायरा शांत रही।उसका मन बार-बार कुमार पर जा रहा था, “रैवेक्स…” उसने धीरे से पूछा, “कुमार को क्या हुआ?”

रैवेक्स की आँखें गंभीर हो गईं, “वह अभी जिस स्थान पर है, वहाँ उसका वह रूप जागृत हुआ है जिसे तुमने पहले कभी नहीं देखा।”

“क्या वह हमें पहचानता है?”

“शायद अभी नहीं।”

“लेकिन हमें उसे ढूँढना होगा। उसे यूं ही तो नहीं छोड़ सकते हैं न!”

” अभी नहीं “, रैवेक्स के चेहरे पर पहली बार स्नेह आया,”क्योंकि तुम सब बहुत थके हुए हो।”

उसी क्षण प्रभा के पेट से हल्की-सी आवाज निकली।सभी ने उसकी ओर देखा।प्रभा का चेहरा लाल हो गया।सुक्खी हँस पड़ा, “बस! यही है असली रहस्य।”

प्रभा ने उसे घूरा, “मुझे सच में बहुत भूख लगी है।”

रैवेक्स जोर से हँसा “मेरे पास तुम्हारी समस्या का समाधान है।”

प्रभा ने तुरंत पूछा,”यहाँ कोई होटल है?”

रैवेक्स कुछ क्षण उसे देखता रहा फिर हँसते हुए सिर हिलाया,”होटल?”

“हाँ। खाना मिलता हो।”

“हम यहाँ भोजन खरीदने या खाने के लिए स्थानों पर नहीं जाते बल्कि हमें तुम लोगों जैसे भोजन की जरूरत ही नहीं!”

“तो फिर आप लोग खाते क्या हैं?”

“ऊर्जा।”

सुक्खी ने माथा पकड़ लिया, “मुझे तो पहले ही शक था कि ये लोग इंसान नहीं हैं।”

रैवेक्स हँसते हुए बोला,”हम अपने शरीर की आवश्यक ऊर्जा स्वयं उत्पन्न करते हैं लेकिन तुम लोगों के शरीर इस संसार की ऊर्जा को उस रूप में ग्रहण नहीं कर सकते।”

उसने हाथ से आगे आने का संकेत किया, “इसलिए तुम्हारे लिए मेरे घर पर भोजन की व्यवस्था की गई है।”

प्रभा ने राहत की साँस ली।”घर? शुक्र है कि आप लोग भी हमारी तरह घर में रहते हो।”

” घर तो सभी के लिए होते हैं। चाहे तुम्हारी पृथ्वी हो या हमारा द्युतिलोक….और हाँ, तुम्हारे लिए खाना बिल्कुल पूरी तरह पृथ्वी जैसा ही मिलेगा घर पर।”

” द्युतिलोक, यानि इस जगह का नाम..द्युतिलोक है। पहले कभी सुना नहीं।”, वे आपस में बात करने लगे कि तभी रैवेक्स ने उनसे साथ चले के लिए दोबारा कहा और उनके आगे चल पड़ा।

उनके पीछे-पीछे पूरी टोली भी चल दी लेकिन किसी को नहीं पता था कि रैवेक्स के घर में प्रवेश करने के बाद उन्हें इस संसार के बारे में ऐसा क्या दिखाई देने वाला था जो उनकी अब तक की सारी धारणाओं को फिर से बदल देगा।

वे चलते हुए फिर से बात करने लगे। उदय ने रैवेनोर से वह प्रश्न पूछा जो उन सभी मन में बहुत देर से था,” आपका चेहरा और रामसेवक का चेहरा एक समान कैसे है?”

” मै उसका बड़ा भाई हूं इस कारण भी और दूसरी बात हमारे खानदान में पीढ़ियों से सबके चेहरे एक समान ही हैं।”

” क्या! पर ऐसा क्यों?”

रैवेक्स मुस्कुराया, “हम रहस्य-रक्षक हैं। हमारी पहचान को बदलना हमारे लिए केवल परंपरा नहीं, एक दायित्व है।यह इसलिए भी ताकि रहस्य का उत्तराधिकारी जब आए तो उसे किसी नाम, किसी वंशावली या किसी चिह्न की आवश्यकता न पड़े। उसे चेहरा देखकर ही पता चल जाए कि सामने वाला उसी वंश से है।”

उदय ने पूछा,”लेकिन अगर कोई दूसरा व्यक्ति आपकी तरह दिखने लगे?”

रैवेक्स ने हल्की मुस्कान के साथ कहा,”तब उसे पहचानने के लिए हमारे पास चेहरा ही एकमात्र साधन नहीं है।”

“क्या है दूसरा साधन?”

“यह भी एक रहस्य है।”, वह मुस्कान बनाए हुए बोला।

” यार , जबसे यहां आए एक के बाद एक रहस्य…रहस्य… रहस्य! सुलझेंगे कब ये?”, सुक्खी बौखला सा गया।

” समय आने पर!”, रैवेक्स ने शांति से कहा और उसके कंधे पर हाथ रख दिया।

अब उन्होंने ध्यान दिया कि जिस रास्ते पर वे चल रहे थे, वह किसी सड़क जैसा नहीं था। पूरी सतह एक लंबी, चमकदार पट्टी की तरह आगे बढ़ती जा रही थी। उस पर खड़े होते ही शरीर बिना किसी प्रयास के धीरे-धीरे आगे खिसकने लगता।

लोगों को पैदल चलते देखने के बजाय ऐसा लगता था जैसे रास्ते स्वयं उन्हें अपने साथ ले जा रहे हों।किसी मोड़ पर पहुँचने से पहले व्यक्ति केवल एक कदम आगे रखता और उसके बाद वही चलती पट्टी उसे अगली दिशा में ले जाती।ऊपर आकाश में भी आवागमन था। कुछ लोग अपने पैरों के नीचे छोटी-सी गोलाकार डिस्क लगाए हवा में तैरते हुए आगे बढ़ रहे थे। डिस्क उनके पैरों के नीचे स्थिर नहीं रहती थी, बल्कि हल्की कंपन के साथ उन्हें आगे धकेलती थी।

प्रभा ने आश्चर्य से ऊपर देखा, “यहाँ कोई वाहन नहीं है?”

“हैं।”

“कहाँ?”, वह हैरान हो गई।

“तुम जिन पर लोग खड़े होकर जा रहे हो, वही।”

“ये वाहन हैं?”

“ हाँ लेकिन तुम्हारी परिभाषा में नहीं आएँगे, है न!”, रैवेक्स ने मुड़ने के लिए कदम रखा और प्रकाश पट्टिका का मार्ग बदल गया।

मायरा लगातार आसपास देख रही थी।एक बात उसे सबसे अधिक विचित्र लग रही थी।इतनी विशाल सभ्यता होने के बाद भी कहीं कोई दुकान नहीं दिखाई दे रही थी…न कोई बाजार, न विज्ञापन..न सामान खरीदने-बेचने की आवाजें…न कहीं भीड़।

 

हर व्यक्ति जैसे अपनी आवश्यकता के अनुसार किसी अदृश्य व्यवस्था से जुड़ा हुआ था।“यहाँ बाजार कहाँ है?” प्रभा ने आखिर पूछ ही लिया।

रैवेनोर ने उसकी ओर देखा,“क्यों?”

“क्योंकि अभी तक एक भी दुकान नहीं देखी।”

“हमें आवश्यकता की वस्तुओं के लिए बाजार की आवश्यकता नहीं होती।”

“तो कपड़े? भोजन? उपकरण?”

“जिसे आवश्यकता होती है, उसे वह उपलब्ध हो जाता है।”

सुक्खी ने धीरे से कहा,“यहाँ तो ऑनलाइन शॉपिंग भी नहीं करनी पड़ती शायद।”

प्रभात ने उसकी पीठ पर हाथ मारा,“चुप।”

आगे जाकर रास्ता धीरे-धीरे नीचे उतरने लगा।कुछ दूर चलने के बाद उनके सामने एक विशाल वृक्षनुमा संरचना दिखाई दी लेकिन वह वृक्ष नहीं था।उसका पूरा ढाँचा एक घर की तरह फैला हुआ था। रोशनी की मोटी, घुमावदार बाहरी परतें …उनमें कहीं दरवाजे नहीं दिख रहे थे बस कहीं खिड़कियाँ और कहीं छोटे-छोटे खुले स्थान।

रैवेक्स एक विशेष स्थान के सामने रुका।उसने वहाँ कोई बटन नहीं दबाया जैसी उन सभी ने उम्मीद की थी। उसने बस अपनी हथेली उस सतह के सामने कर दी।

दीवार पर महीन रेखाएँ उभरीं।वे रेखाएँ एक-दूसरे से जुड़कर एक आकृति बनीं और फिर सतह बीच से अलग हो गई।दरवाजा खुल गया।सभी कुछ क्षण वहीं खड़े रहे।

“यह घर है?” प्रभा ने अविश्वास से पूछा।

“हाँ।”

रैवेनोर का घर दूर से जितना विचित्र दिख रहा था भीतर से उससे भी अधिक अद्भुत निकला।उसकी दीवारें स्थिर नहीं थीं। उन पर धीमी गति से आकृतियाँ बनती और मिटती रहती थीं…कभी वृत्त, कभी लंबी रेखाएँ, कभी ऐसी ज्यामितीय संरचनाएँ जिनका अर्थ किसी की समझ में नहीं आ रहा था।

घर के भीतर हवा में हल्की सुगंध थी,न फूलों जैसी, न किसी भोजन जैसी बल्कि कुछ ऐसी, जो उन्हें अपने बचपन की किसी भूली हुई स्मृति की तरह परिचित लग रही थी।

मायरा ने गहरी साँस ली, “यह गंध…”

“क्या हुआ?” उदय ने पूछा।

“कुछ नहीं।”,वह खुद भी समझ नहीं पा रही थी कि उसे ऐसा क्यों लगा जैसे इस स्थान की हवा उसे पहचानती हो।

रैवेनोर उन्हें एक विशाल कक्ष में लेकर आया।वहाँ कोई मेज नहीं थी।कक्ष के मध्य जमीन से कुछ गोलाकार पात्र धीरे-धीरे ऊपर उठे।हर पात्र का आकार अलग था।किसी में तरल था, किसी में मुलायम, चमकदार पदार्थ और कुछ में छोटे-छोटे पारदर्शी कण थे।

प्रभा ने सावधानी से एक पात्र उठाया,“इसे खाना कैसे है?”

“जिस तरह तुम्हारे शरीर को स्वीकार हो।”

“ये तो कोई जवाब नहीं हुआ।”

रैवेनोर मुस्कुराया,“तुम्हारे शरीर की संरचना हमारे शरीर से अलग है। इसलिए मैंने तुम्हारे लिए पृथ्वी के भोजन के आधार पर इसका संयोजन कराया है।”

सभी ने पात्र लेकर खाना शुरू किया।कुछ देर तक वे भोजन करते रहे।लंबे समय बाद सबके चेहरे पर थोड़ी सहजता लौटी।
लेकिन उदय का मन अब भी उसी प्रश्न में अटका था…कुमार..
वह यहाँ कैसे था?

“एक बात पूछ सकता हूँ?”,उदय ने कहा।

रैवेनोर ने सिर उठाया, “कुमार के बारे में?”

उदय ने सिर हिलाया “हाँ।”

रैवेनोर ने कुछ क्षण उसकी ओर देखा, “पूछो।”

” क्या यह कुमार का पुनर्जन्म है?बताइए कि वह पिछले जन्म।में यहाँ था और क्या अब उसे वही सब याद आ गया है?”

रैवेनोर ने उत्तर देने में कुछ क्षण लगाए,“कुमार इसी ग्रह पर रहता है।”

सबकी आँखें फैल गईं।…“क्या? लेकिन…”,प्रभात लगभग खड़ा हो गया,“वह तो चौबीसों घंटे हमारे साथ रहता है!”

“मैं जानता हूँ।”

“तो फिर यहाँ कब आता है?”

रैवेनोर ने शांत स्वर में कहा,“यही बात तुम्हें समझनी होगी।”

“आपने कहा कि कुमार इसी ग्रह पर रहता है। लेकिन वह तो चौबीस घंटे हमारे साथ रहता है। हमारे साथ यात्रा करता है, हमारे साथ सोता है, हमारे साथ काम करता है। अगर वह यहाँ भी रहता है तो यह कैसे संभव है?”, प्रभा ने कहा।

रैवेनोर ने तुरंत उत्तर नहीं दिया।वह उठकर कक्ष की दूसरी ओर चला गया।वहाँ दीवार पर एक अजीब-सा पारदर्शी वृत्त बना था।उसने उसमें अपनी हथेली रखी।वृत्त के भीतर एक साथ दो आकृतियाँ उभरीं।दोनों बिल्कुल एक जैसीलेकिन दोनों अलग-अलग स्थानों पर खड़ी थीं।

“तुम्हारे विज्ञान ने क्वांटम अवस्थाओं की संभावना को स्वीकार किया है।”, रैवनोर ने सवाल किया।

उदय ध्यान से देखने लगा“हाँ।”

“तुमने यह भी पढ़ा होगा कि किसी सूक्ष्म स्तर की अवस्था को तब तक निश्चित स्थान या स्थिति में नहीं बाँधा जा सकता जब तक उसका मापन न किया जाए।”

“हाँ, लेकिन…”

“हमने उस सिद्धांत को चेतना के स्तर तक विकसित किया।”

प्रभात आगे आया,“चेतना के स्तर तक?”

“हाँ।”

रैवेनोर ने दोनों आकृतियों की ओर संकेत किया,“इसे तुम द्वि-आवस्था कह सकते हो।”

मायरा चुपचाप सुन रही थी।

“कुमार की चेतना एक ऐसी अवस्था में है जिसमें उसका अस्तित्व दो अलग-अलग स्थानों से जुड़ा रह सकता है। उसका एक प्रत्यक्ष रूप पृथ्वी पर तुम्हारे साथ रहता है जबकि उसकी दूसरी अवस्था यहाँ सक्रिय रहती है।”

प्रभा ने अविश्वास से पूछा,“तो क्या वह दो कुमार हैं?”

“नहीं।”

“फिर?”

“एक ही चेतना। दो स्थानिक अवस्थाएँ।”

सुक्खी ने माथा पकड़ा“सरल भाषा में बोलिए न।”

रैवेनोर ने मुस्कुराकर कहा,“तुम्हारे सामने दो प्रतिबिंब हों और दोनों में गति हो तो क्या तुम दो मनुष्य मानोगे?”

“अगर दोनों मुझे लात मारें तो मान लूँगा।”, सुक्खी ने मुंह बनाया।

प्रभात हँस पड़ा।

रैवेनोर ने बात जारी रखी,“कुमार की दोनों अवस्थाएँ एक-दूसरे से पूरी तरह स्वतंत्र नहीं हैं। उनमें एक सूक्ष्म संबंध बना रहता है। लेकिन उनकी सारी स्मृतियाँ एक साथ प्रवाहित नहीं होतीं। यही कारण है कि पृथ्वी वाला कुमार यहाँ की प्रत्येक बात से परिचित होकर भी उसे जानता नहीं।”

मायरा ने धीरे से पूछा,“और यहाँ वाला कुमार?”

“वह भी पृथ्वी की हर बात को उसी तरह नहीं जानता।”

“तो अभी जो हमने देखा…”,वह रुक गई।रैवेनोर ने उसकी ओर देखा। मायरा ने पुनः पूछा,“वह यहाँ की उसकी अवस्था थी।”

और तुरंत ही मायरा की आँखों के सामने अचानक वही दृश्य घूम गया, कुमार का बदलता रूप।लोगों का उसके सामने सिर झुकाना।उसका उन्हें पहचानने से इंकार करना।उसका योद्धा की तरह उन पर हमला करनाऔर फिर वह सुनहरा-रुपहला बादल…
उसके भीतर एक सिहरन दौड़ गई।

“क्या दोनों अवस्थाओं के बीच समय भी समान रहता है?” उदय ने पूछा।

“नहीं।”

“कितना अंतर है?”

“स्थिर नहीं।”

“मतलब?”

“कभी यहाँ बीता समय पृथ्वी की तुलना में बहुत कम हो सकता है। कभी बहुत अधिक। दोनों लोकों के बीच स्थान ही नहीं, समय की गति भी अलग-अलग है।”

उदय कुछ क्षण सोचता रहा।

“इसलिए वह हमारे साथ चौबीस घंटे रहते हुए भी यहाँ उपस्थित हो सकता है।”

“हाँ।”

“और उसे स्वयं इसका पता नहीं?”

रैवेनोर ने धीरे से सिर हिलाया,“स्मृति का पूर्ण सेतु अभी सक्रिय नहीं है।”

मायरा ने तुरंत पूछा,“अभी?”

रैवेनोर ने उसकी ओर देखा।उसकी आँखों में एक रहस्यमयी चमक आई “मैंने कहा था—कुमार के बारे में अभी जितना जानना आवश्यक है, उतना ही जानो।”

मायरा समझ गई कि उससे आगे कोई उत्तर नहीं मिलेगा।वह चुप हो गई।कुछ देर तक मायरा समझ गई कि उससे आगे कोई उत्तर नहीं मिलेगा।वह चुप हो गई।कुछ देर तक सभी अपने-अपने विचारों में डूबे रहे।बाहर वही चलती हुई प्रकाश-पट्टियाँ दिखाई दे रही थीं।लोग उनमें खड़े होकर आगे बढ़ रहे थे।ऊपर गोलाकार डिस्क पर सवार लोग आकाश-पथ से गुजर रहे थे।

दूर किसी ऊँची संरचना की सतह पर अचानक असंख्य आकृतियाँ उभरीं और फिर एक साथ विलीन हो गईं।यह संसार अब उन्हें सपना नहीं लग रहा था।यह वास्तविक था…अत्यंत वास्तविक..और इसी वास्तविकता में उनका साथी कुमार कहीं था लेकिन जिस कुमार को वे जानते थे, वह यहाँ उन्हें पहचानता तक नहीं था।

मायरा ने फिर से पूछा,“क्या वह कभी हमें पहचान पाएगा?”

रैवेनोर ने उसकी ओर देखा,“यदि उसकी दोनों अवस्थाओं के बीच का सेतु पूर्ण हुआ…तब शायद उसे अपने बारे में वह सब याद आ जाए जिसे याद करना अभी उसके लिए संभव नहीं।”

“और अगर सेतु पूर्ण न हुआ?”

रैवेनोर ने कोई उत्तर नहीं दिया।कमरे में एक लंबी खामोशी उतर आई।तभी प्रभा ने धीरे से कहा,“तो भी हमें कुमार को वापस लाना ही होगा।”

मायरा ने उसकी ओर देखा “हाँ।” उसने दृढ़ स्वर में कहा “उसे भी… और खुद को भी।”

बाहर दूर कहीं एक धीमी कंपन सुनाई दी।रैवेनोर ने तुरंत उस दिशा में देखा।लेकिन इस बार उसने कुछ नहीं कहा।केवल कक्ष के प्रवेश-द्वार की ओर बढ़कर उसने उसे बंद कर दियाऔर उन सबको महसूस हुआ कि इस अद्भुत संसार में पहुँच जाना शायद उनकी यात्रा का अंत नहीं बल्कि उस रहस्य की वास्तविक शुरुआत थी, जिसकी तलाश में वे इतने दिनों से भटक रहे थे।
Megha

( तो बताइए, कैसा लग रहा है यह द्युतिलोक? पसंद आया तो जल्दी से टिकिट के भुगतान के रूप में कमेंट्स कीजिए।)

 

 

 

 

 

 

WhatsApp Image 2026-06-26 at 18.05.06 (1) — Vcare Language Academy

Author

Leave a Comment