सुदर्शन रत्नाकर का उपन्यास ‘ यादों के झरोखे’ भाग -14

14.

उनको सोता देखकर मैं चुपके से नरेन अंकल के घर उन्हें यह बताने गई कि आज मेरे पापा आए हैं। पर मैं उन्हें यह बताने जा ही रही थी कि मुझे एकदम मम्मी की रात वाली बात याद आ गई। मैंने बात बदलते हुए कहा- “देखिए अंकल, रोज़ाना आप मुझे घुमाने के लिए लेने आते हैं, आज मैं पहले आपको लेने आ गई हूँ, जल्दी से तैयार हो जाइए, देर मत कीजिए।”

“इतनी जल्दी भी क्या है मुक्ता! आप तो रविवार है।”

“आज मेरे पापा आए हैं, रविवार है, तभी तो।”

“अच्छा, तभी चहक रही है हमारी बिटिया, चलो हमें भी मिलाओ

अपने पापा से।”

“अभी नहीं, मम्मी ने मना किया है।” मैंने एकाएक कहा तो अंकल का मुस्कराता चेहरा सपाट हो गया। वे शायद इस बात की गहराई समझ गए होंगे। फिर सँभलते हुए बोले “कोई बात नहीं, हम फिर कभी मिल लेंगे।”

दरअसल मैं उन बातों की गहराई को समझने की आयु में नहीं थी। लेकिन जैसे-जैसे बड़ी होती गई, रिश्तों के मायने जानने-समझने लगी थी।

यह अच्छा ही हुआ कि उस दिन अंकल ने घूमने जाने के लिए मना कर दिया। जब मैं घर लौटी तो देखा कि पापा अभी सो रहे हैं और मम्मी बड़ी परेशान हैं। मुझे देखते ही बोलीं- “सुबह सुबह कहाँ चली गई थी मुक्ता? पापा जाग जाते तो में उन्हें क्या जवाब देती कि तुम कहाँ गई हो।”

“मैं नरेन अंकल को पापा के आने के बारे में बताने गई थी, लेकिन उन्हें आज घर आने के लिए मना कर आई हूँ मम्मी।” मम्मी मुझे विस्फारित नेत्रों से देखती रह गई।

मैं तैयार होकर पढ़ने बैठ गई थी। मम्मी भी पत्रिका लेकर मेरे पास ही बैठी पढ़ रही थीं। पापा जब उठे तो दिन बहुत चढ़ आया था। मैं उनके पास गई तो मेरी ओर देखकर सिर्फ इतना पूछा- “कैसी हो बेटी!” मुक्ता नाम से थे संबोधित नहीं किया। रिश्तों की पहचान सम्बोधनों से ही होती है।

मैं बड़ी होकर ही समझ पाई थी, तब नहीं।” ठीक हूँ पापा”, मैंने भी छोटा सा उत्तर दिया था। और सिर्फ इतने में ही पापा का कर्त्तव्य पूरा हो गया था। उन्होंने मेरी पढ़ाई, मेरी तबीयत, किताबें और फीस आदि किसी के बारे में कुछ नहीं पूछा। उठकर तैयार होने लगे थे।

सुबह उनींदी आँखों से घर में प्रवेश करते समय तो उन्होंने ध्यान नहीं दिया था, लेकिन जब तैयार होने लगे तो उनका ध्यान आँगन में हुए परिवर्तन की ओर गया तो सीधे मम्मी के पास आकर बोले- “यह सब क्या है नीरा!” वे गुस्से में थे।

जो कुछ आप देख रहे हैं। क्या मुझे यह बताना होगा कि आँगन में पेड़ लगे हैं, फूलों के बीज बोए गए हैं।” मम्मी ने निडर होकर उत्तर दिया।

“क्या ज़रूरत है तुम लोगों को इस सबकी, इसके बिना भी तो चल रहा था।”

“जो कुछ चल रहा है, उससे आगे जाने की आवश्यकता ही नहीं क्या?”

“कुछ ज़्यादा ही बोलने लगी हो नीरा, अपनी सीमाओं में रहो।

“क्या मैं जान सकती हूँ कि मेरी सीमाएँ कहाँ और कितनी हैं। उनका कोई मापदण्ड है।

“पुस्तकों की बातें पुस्तकों में ही रहने दो। रटे-सटाए जुमले मत बोला करो, समझी, तुम्हें खाने पीने और रहने के लिए मिल रहा है, बस यही तुम्हारी सीमा है। इससे अधिक पाने की इच्छा भी मत करना।”

“एक पत्नी को और चाहिए भी क्या। उसका और कोई अधिकार नहीं. कोई सीमा नहीं। तुम खाने-पीने और पहनने के लिए देते हो, इससे अधिक की आवश्यकता भी क्या है भला। यह सब करके तुम मुझ पर कोई एहसान नहीं करते। अगर तुम चाहते हो, तो यह भी बंद करके देख लो। जब तुम्हें मेरे जीवन से कुछ लेना देना नहीं, मेरे दुख सुख में साँझा नहीं बन सकते तो अपनी यह कृपा रहने दो विमल!”

मम्मी के हृदय में समाया आक्रोश उफान खाकर निकल रहा था और पापा उसे देख रहे थे। मनुष्य का यह स्वभाव होता है कि जब तक उसके सामने वाला व्यक्ति दुर्बल बना खड़ा रहता है, तब तक वह स्वयं को शक्तिशाली समझता है। लेकिन जब दूसरा व्यक्ति सशक्त बन जाता हे तो वह स्वयं ही कमजोर पड़ जाता है। यही स्थिति पापा की थी। मम्मी अब तक उनके सामने दबी-दबी रहती थीं और पापा उनकी इस स्थिति का लाभउठाकर उन पर सदैव हावी रहते थे। लेकिन जब कभी मम्मी भी उनसे गुस्से में बोलतीं तो वे चुप हो जाते थे। बड़ी होने पर मैं भी यही सोचा करती थी कि मम्मी शुरू से ही अपने अधिकार के लिए पापा से क्यों नहीं लड़ीं। क्यों आरम्भ से ही चुप्पी साधे रहीं। स्थिति को देखते हुए उसका सामना क्यों नहीं किया उन्होंने। पता नहीं मम्मी की क्या विवशता रही होगी। तब मैं तेरह बरस की होने जा रही थी। मेरे किशोर मन पर इन बातों का क्या प्रभाव पड़ सकता है इसके बारे में पापा ने कभी नहीं सोचा समझा होगा। जब मैं छोटी थी तो पापा के इस तरह गुस्से से बोलने पर दादीमाँ की गोद में दुबक जाती थी। उनके बाद माँ का आँचल पकड़े सहमी सी खड़ी रहती। मम्मी-पापा को इस तरह लड़ते देखकर मैं उन दोनों के सामने जाने में कतराती थी। बहाना बनाकर दूसरे कमरे में चली जाती थी। मैं मम्मी के लिए कुछ कर तो नहीं सकती थी, बस, उनके साथ रोकर अपने मन को हलका कर लेती थी। उस दिन की बातों के बाद मैंने एक निर्णय लिया कि क्यों न मैं नरेन अंकल से इस बारे में बात करूं। अंकल पापा से पूछें कि आप दोनों अलग-अलग क्यों रहते हैं, क्यों झगड़ा करते रहते हैं। मुझसे प्यार क्यों नहीं करते। क्यों मम्मी के बीमार होने पर भी उन्हें पता नहीं चलता जबकि पराए उनकी सहायता करने के लिए आगे आते हैं। सहसा मैं ‘पराए’ शब्द पर अटक जाती हूँ। अपने और पराए की परिभाषा क्या है, पापा अपने होकर भी कितने पराए-पराए से हैं और अंकल कितने पराए होकर भी अपने अपने लगते हैं। उनके सम्पर्क में आने पर ही मैंने अपने मन में अपनत्व की भावना का बीज अंकुरित होने का एहसास किया था।

मम्मी को पापा की कही हुई बात बुरी तरह आहत कर गई थी। वैसे भी, वे हर बार उनको कोई न कोई जख्म देकर ही जाते थे। लेकिन आज पापा के व्यंग्य ने उनके स्वाभिमान को जगा दिया था। विवाहित जीवन के पन्द्रह बरस उन्होंने पापा की दया पर बिता दिए थे। पति और गृहस्थी का सुख उन्होंने देखा ही नहीं, जेल के कैदियों की तरह इस चहारदीवारी के अन्दर घुट-घुट कर जीना, जीवन नहीं होता, यह शायद मम्मी ने उस दिन सोच लिया था।

क्रमशः

सुदर्शन रत्नाकर

WhatsApp Image 2026-07-20 at 09.57.47 — Vcare Language Academy

Author

Leave a Comment