अविनाश स आठल्ये का उपन्यास ‘कारगिल एक प्रेम कथा ‘ भाग -18

कारगिल एक प्रेम कथा

भाग -18

पंकज जीजाजी का वह फ़्लैट अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त था। दैनिक उपभोग की सभी वस्तुओं से लेकर ऐशो-आराम के तमाम संसाधन मौजूद थे उस फ़्लैट में।

वंदना दीदी ने उर्वशी को चाय देते हुए कहा, तू चाय पीकर जल्दी फ्रेशअप हो जा तब तक तेरे जीजाजी आते ही होंगे।

उर्वशी नहा-धोकर रेडी होने के बाद किचन में वंदना दीदी का हाथ बंटाने लगी।

तभी फिर से डोरबेल बजती है…

पंकज जीजाजी मुस्कराते हुए कहते हैं.. ओह्हह्न मैं थोड़ा सा लेट हो गया, साली साहिबा का स्वागत करने को..

फिर वंदना दीदी से कहा “वन्दू बाथरूम में मेरे कपड़े और टॉवेल रख दो सैलून से आया हूँ न, नहा-धोकर फुर्सत से बैठता हूँ फ़िर।”

जब तक पंकज जीजाजी नहा धोकर रेडी होकर आते हैं, डायनिंग टेबल पर खाना लग चुका था…

पंकज जीजाजी खाने की स्पेशल डिश देख कर बहुत खुश हो रहे थे, वैसे भी खुश क्यों न हो, उनकी इकलौती साली साहिबा जो आज पहली बार घर पधारी थी।

खाना खाते-खाते जीजाजी ने बोला उर्वशी आज के लिए दो विकल्प हैं.. पहला हम अभी खाना खाने के बाद कार से पूरी दिल्ली की सैर के लिए निकल पडते हैं…

और दूसरा.. कहाँ इस दिल्ली के हेवी ट्रैफिक और किचकिच में घूमना, आराम से हम तीनों घर मे बैठ कर गप्पे मारते हैं… शादी का एलबम बन गया है वह देखते हैं..
शादी की सीडी भी देख लेंगे, फिर ताश खेलेंगे, इसी प्रकार दिन निकल जायेगा।

ठीक है, मुझे दूसरा विकल्प पसन्द है, उर्वशी ने तत्काल कहा। जीजाजी ने वंदना दीदी की तरफ़ आँख मारते हुए कहा.. लगता है “तू मेरी जिंदगी है” को तलाशा जायेगा आज एलबम में..

धत्त.. अरे !… मेरा वह मतलब नहीं था जीजाजी.. आप लोगों को हफ़्ते में एक दिन ही तो मिलता है आराम का, और मैं भी सुबह 3 बजे से ट्रैवल कर रही थी इसलिए थकान लग रही थी थोड़ी। आप कहें तो हम दिल्ली घूमने जा सकते हैं.. उर्वशी ने सफाई देते हुए कहा।

अरे बहुत भोली हो तुम उर्वशी.. इनकी तो आदत ही हो गई है परेशान करने की। तुम इनकी बात का बुरा मत मानना, वंदना दीदी ने बात सँभालते हुए कहा..

अरे वाह!.. ईश्वर की कृपा से एक ही साली मिली मुझे और उससे भी मज़ाक न करूं… यह तो मेरा अधिकार है, पंकज जीजाजी ने भी अपनी बात रखते हुए कहा।

खाना खाने के बाद जीजाजी ने शादी का एलबम निकाल लिया और साथ ही टीवी पर उनके विवाह की डीवीडी भी चालू कर दी।

डीवीडी में बारात के प्रस्थान होने से लेकर विवाह की एक-एक रस्म बारीकी से फिल्माई गई थी, साथ ही बैकग्राउंड में जीजाजी के पसन्द के गाने भरे हुए थे।

बीच-बीच में उर्वशी एलबम के पन्ने भी पलटती जा रही थी।

वंदना दीदी ने वह पन्ना जिसमें मेजर पांडे पंकज जीजाजी के साथ खाना खा रहे थे, वाला फोटो लगा था, देखकर उर्वशी को इशारे से मेजर पांडे की तरफ उंगली करके पूछा.. यही है न वह उस दिन गाना गाने वाला?

उर्वशी उत्तर दिए बिना शर्माकर टीवी की तरफ़ देखने लगी !
बता तो ज़रा तुझे पसन्द है क्या यह? वंदना दीदी ने फिर से उर्वशी से पूछा.. हाँ दीदी गाता तो यह कमाल का है, मगर काम क्या करता है, घर में कौन-कौन हैं, कहीं यह शादीशुदा तो नहीं.. यह सब पता करने के बात कुछ सोच सकते हैं.. उर्वशी ने विस्तार से मन की बात कह दी। एलबम खत्म होते होते जीजाजी ने डीवीडी फ़ास्ट फारवर्ड करके उस रिकॉर्डिंग को लगा दिया जिसमें मेजर पांडे गाना गा रहा था.. तू मेरी जिंदगी है..

एक बार पुनः उर्वशी उसके गाने को सुनकर उसके ख्यालों में खोने लगती है, तभी पंकज जीजाजी बोलते हैं.. इतना खास भी नहीं गाता यह.. मुझे तो लग रहा था कि कोई गधा ढेंचू ढेंचू कर रहा हो।

जीजाजी जानबूझकर उर्वशी को गुस्सा दिलाये जा रहे थे और उर्वशी मन ही मन कुढ़ती जा रही थी। अचानक वह संजीदा होकर बोले उर्वशी, यह लड़का आर्मी में मेज़र हैं, मेजर ब्रजभूषण पांडे, मेरा बहुत अच्छा मित्र है। लड़के में ढूंढने से भी कोई ऐब नहीं मिलेगा। मैं इसे पिछले 8 वर्षों से जानता हूँ।

मैने इसे आज रात डिनर के लिए बुलाया है ताकि तुम दोनों एक दूसरे को देख समझ सको। लड़का अच्छे घर से है, सजातीय भी है। यदि तुम्हे सबकुछ ठीक लगे तो हम तुम्हारे पिताजी से इस लड़के के बारे में बताकर तुम्हारी शादी पक्की करवा देगें।

उर्वशी ने जीजाजी से कहा आप सब मेरे से बड़े है, पूजनीय हैं, आप ने सोचा है तो कुछ न कुछ बात तो जरूर होगी पांडे जी में, जैसा आप कहेंगे वैसा ही करूंगी। थकान की वज़ह से उर्वशी की पलकें भारी हो रही थीं, इसलिए वह एक बेडरूम में जाकर सो जाती है। थकान की वजह से उर्वशी लगभग 4.30 बजे तक सोई, जब वह उठी तो देखा कि किचिन में बड़े जोरशोर से खाने की तैयारी हो रही थी। उर्मिला ने छोले पूरी, कश्मीरी पुलाव, पाइनएप्पल रायता और मालपुआ बनाने का प्लान बना रखा था।

उर्वशी ने उठते ही गर्मागर्म चाय की फरमाइश रख दी। चाय पीते ही वह भी

वंदना दीदी और मेड की किचिन में हेल्प करने लग गई।

शाम के लगभग 7 बजे तक सारा खाना बन चुका था। इसलिए उर्वशी और वंदना दीदी दोनों ही तैयार होने चली गईं।

उर्वशी ने चटक लाल रंग की शर्ट और जीन्स पहना था, जिससे वह बिल्कुल मॉर्डन लग रही थी…

लगभग आठ बजे सिक्युरिटी से फोन आता है कि कोई ब्रजभूषण पांडे आपसे मिलने के लिए आये हैं। पंकज जीजाजी द्वारा भेजने का निर्देश मिलते ही 10 मिनट में मेजर पांडे डोरबेल बजाते हैं।

उर्वशी की बेसब्री चरम पर थी, मगर वह किसी तरह अपने मनोभावों को छुपा सकने में कामयाब हो ही गई।

मरून रंग की शर्ट और ट्राउजर में मेजर ब्रजभूषण पांडे किसी फिल्मी हीरो की तरह दिख रहे थे।

तो यह है मेरी श्रीमती वंदना.. और यह है उनकी छोटी बहन उर्वशी जो शिमला में जॉब करती है.. और उर्वशी यह मेज़र पांडे ही हैं जिन्होंने उस दिन मेरी शादी में गाना गाया था, कहते हुये पंकज जीजाजी ने सभी का औपचारिक परिचय करवा दिया।

थोड़ा बहुत हँसी मजाक से शुरू हुआ दौर जल्द ही खाने की टेबल तक पँहुचते पँहुचते ठहाकों के दौर तक पहुँच चुका था। कॉलेज के दिनों की बातों से जो चर्चा शुरू हुई, वह उनके टीचर्स से लेकर उन सुंदरियों तक भी पहुँच गई जिन्हें यह दोनों उस समय अपने ख्वाबों की मल्लिका समझते थे।

अरे आप पुलाव लीजिए न, शरमाइये बिल्कुल भी नहीं, इसे अपना ही घर समझिए.. कहकर मेजर पांडे ने वंदना भाभी को जब खाना परोसा तो एक बार फिर से किसी की भी हँसी रुकने का नाम ही नहीं ले रही थी।

बड़ा ही विनोदी स्वभाव था मेजर पांडे का और घमंड तो बिल्कुल भी नहीं था।

उर्वशी जितना मेज़र पांडे से परिचित हो रही थी, उसका मेजर पांडे पर उतना ही ज्यादा प्रेम बढ़ता जा रहा था।

तो मिस उर्वशी जी आपको क्या क्या पसन्द है? मेज़र पांडे ने इंटरव्यू लेने के अंदाज़ में उर्वशी से सवाल किया…

जी मुझे घूमने का बहुत शौक है, उर्वशी ने छूटते ही कहा। मैं बर्फीली वादियों, देवदार के वृक्षों को और गहरी घाटियों को देखकर उनमें खो जाती हूँ।

मेजर पांडे को लगा कि या तो उसने गलत सवाल कर दिया, या उर्वशी उसके सवाल को समझ ही नहीं पाई है, इसलिए उसने सीधा सवाल किया.. उस दिन आपने मुझसे तो मेरी पसन्द का गीत सुन लिया था, क्या आपको भी गाना वगैरह आता है या सिर्फ सुनने का ही काम करती हो आप?
अरे नहीं इसे गाना वाना तो बिल्कुल भी नहीं आता.. कोई कुछ कह पाता उसके पहले ही पंकज जीजाजी बोल पड़े।

क्रमशः

अविनाश स आठल्ये

WhatsApp Image 2026-07-20 at 16.05.34 — Vcare Language Academy

Author

Leave a Comment