राघवेंद्र सैनी का उपन्यास ‘भलोल ‘ भाग -51

भलोल भाग -51 … मैंने चाय पी ली। मैं वहाँ से उठ कर चला आया। राजी भी मेरे पीछे चली आई। कहा, “थोड़ी देर में ठीक हो जाएँगे।” “ठीक है, पर तुम्हें उनकी सेवा में किसी तरह की कमी नहीं रखनी है। वे किसी तरह की इलनेस फील न करें।” मैंने कहा। मैं फ्रेश होकर आया तो राजी ने नाश्ता लगा दिया। नाश्ता करके वर्दी पहनी और कर्नल दीपक साहब के ऑफिस के लिए चल दिया। मुझे उनसे मिलकर कल ट्रेन पकड़ने के लिए गाड़ी के लिए भी कहना था। मैं उनके ऑफिस गया तो उन्होंने बैठा लिया। पूछा, “सारी तैयारी हो गई?” “हाँ सर, कल स्टेशन जाने के लिए गाड़ी का कहने आया था।” “आप बैठो, मैंने अभी एम.टी.ओ. साहब को बुलाया है। आते ही होंगे। तब तक चाय पीते हैं। मैंने भी पीनी है।” वे हमेशा यही कहकर मुझे चाय के लिए बैठा लेते थे। एम.टी.ओ. साहब आए तो कर्नल साहब ने अगली शाम को 7 बजे गाड़ी भेजने के लिए कह दिया। एम.टी.ओ. साहब ने मुझे बधाई दी, कहा, “ट्रेनिंग के लिए शुभकामनाएँ।” मैंने उनका धन्यवाद किया। थोड़ी देर में चाय आई, पी और मैं उनके ऑफिस से निकल कर कंपनी-ऑफिस आ गया। आई.एम.ए. के लिए मूवमेंट आर्डर बनाने के लिए अपना कलियरेंस सर्टिफिकेट दिया। कहा गया, कल दोपहर बाद अपना मूवमेंट आर्डर ले जाना। रेलवे वारंट मुझे पहले ही मिल गया था। कंपनी-ऑफिस से सीधा क्वार्टर पर आया। राजी दोपहर का खाना बना रही थी, कहा, “अच्छा हुआ, आप आ गए। मैं मम्मी-पापा के लिए चाय बना रही थी। आप पिएँगे?” “बिल्कुल पिएँगे। वैसे कर्नल दीपक साहब ने चाय पिला दी थी पर तुम्हारे हाथ की चाय कैसे छोड़ सकता हूँ।” “अच्छा, ज्यादा बातें न बनाएँ। आप मम्मी-पापा के पास जाकर बैठें, मैं वहीं चाय ला रही हूँ।” मैं मम्मी-पापा के पास आ गया। पीछे-पीछे राजी चाय लेकर आ गई। चाय बहुत टेस्टी थी। चाय पीकर मैं अगले दिन की तैयारी में लग गया। एक घंटा लगा तैयारी में। “कल स्टेशन जाने के लिए गाड़ी का इंतजाम हो गया?” “हाँ राजी, बड़ी गाड़ी है। उसमें सब स्टेशन जाएँगे। कर्नल साहब, भाभी जी, तुम, मम्मी-पापा। वे गाड़ी में कुर्सियाँ रखवा देंगे। हमें 7 बजे घर से निकलना होगा। एक घंटा तो हमें जाने में लगेगा।” “यह आपने अच्छा किया। मम्मी-पापा भी घूम आएँगे।” “मैं भी चाहता था कि वे जाएँ। कर्नल साहब ने कहा था कि वे घर में अकेले क्या करेंगे?” “हमारे प्यार करने की यह आखिरी रात है फिर तो सपनों में मिला करेंगे।” राजी उदास हो गई। मैंने गले लगाया और कहा, “यह केवल 16 हफ्तों की बात है। हमारी पूरी जिंदगी बदलने वाली है। फिर रोज टेलीफोन से बात होगी। हाँ, दिन-भर फोन करने का समय नहीं रहेगा। कर्नल साहब और भाभी जी भी यहीं हैं। वे तुम्हारा, पूरा ख्याल रखेंगे। मन लगाने के लिए मम्मी-पापा हैं ही। मुझे फिक्र नहीं रहेगा कि तुम अकेली हो। मम्मी-पापा की सेवा करने का मौका मिला है। यह हमारा सौभाग्य है। हमें बहुत पुण्य मिलेगा।” “हाँ जी, मैं बिल्कुल संतुष्ट हूँ, जानती हूँ, 16 हफ्ते यूँ ही बीत जाएँगे। बस मन है न, उदास हो जाता है।” “जानता हूँ, हर पल मुझे तुम्हारी याद आएगी। सख्त ट्रेनिंग और भाग-दौड़ में यही मेरी ताकत होगी। तुम मेरे सपनों में आकर वही करना जो रात को और सुबह किया था। आज रात को भी करेंगे।” “हाँ जी, आज का क्या कार्यक्रम बनेगा?” “कुछ नहीं, तैयारी हो चुकी है। कल दोपहर लंच करके अपना मूवमेंट आर्डर ले आऊँगा। फिर शाम को स्टेशन।” “आप वर्दी में जाएँगे?” “जब भी किसी सरकारी ड्यूटी पर जाना होता है, वर्दी में ही जाना होता है।” मैं फ्रेश होने वाशरूम चला गया। फ्रेश होकर आया तो राजी किचन में नाश्ता बनाने में व्यस्त थी। मैं पलंग पर आ कर लेट गया। मुझे कब नींद आई, पता ही नहीं चला। आँख तब खुली जब राजी ने नाश्ते के लिए जगाया। मैं नाश्ता करके फिर सो गया। राजी मुझे जगाना नहीं चाहती थी। यह कैसा पत्नी-धर्म है, कैसा समर्पण है कि वह पति के आराम में कभी खलल नहीं डालती। यह जानते हुए भी कि आज रात उसे पति के प्यार के लिए जागना है। पुरुष में ऐसी ताकत नहीं है इसीलिए पत्नी के रूप में नारी पुरुष से हमेशा श्रेष्ठ है। इसे पुरुष का अहं माने अथवा न माने, यह बात अलग है। दोपहर 2 बजे मुझे लंच के लिए जगाया, ” आज तो मैं खूब सोया। तुम ने मुझे जगाया भी नहीं ? 11 “जाग कर क्या करते, मेरे साथ खाना बनवाते? और फिर रात को भी जागना है, आपका प्यार पाने को।” साथ में वह मुस्कराई, मैं भी मुस्कराया। मैं जवानी के उन दिनों में चला गया जब सैर पर एक औरत मुझे आँख मारा करती थी। मैंने राजी को यह बताया था। वह मुस्कराई थी, कहा था, “आप हैं ही इतने हैंडसम कि कोई भी औरत आपको आँख मारेगी।” रात को हमेशा की तरह मम्मी-पापा खाना खा कर जल्दी सो गए। पहले मैं नहा कर आया, फिर राजी नहा कर आई। उसने आज फिर शिफान की सफेद मैक्सी पहनी थी। उसमें वह बहुत खूबसूरत लग रही थी। मैं यही सोचता रह गया कि राजी की यह असीम खूबसूरती मेरे भाग्य में है। राजी ने मेरी टांगें दबानी शुरू की और फिर हम रात-भर प्यार में डूबे रहे। यह रात दोनों के लिए यादगार रात थी। प्यार से मुक्त होने के बाद मैं मीठी नींद सोता रहा। राजी मेरी बाँहों से कब निकली, पता नहीं चला। सुबह 9 बजे वह चाय लेकर हाजिर हुई। आज वह तन और मन से खिली हुई थी। उसकी सुंदरता रात से भी ज्यादा हो गई थी। आज दिन में प्यार करने का कोई चांस नहीं था। मैं दो बजे कंपनी-ऑफिस से मूवमेट आर्डर ले आया था। 7 बजे गाड़ी आई और सब स्टेशन के लिए चल दिए। गाड़ी प्लेटफार्म पर लग चुकी थी। केबिन में सामान रखकर हम प्लेटफार्म पर खड़े हो गए। गाड़ी ने अंतिम सीटी दी तो मैंने मम्मी-पापा, दीपक भाई साहब और भाभी जी को प्रणाम किया। राजी को गले लगा कर चूमा। जानता था, इस चूमने को कोई बुरा नहीं मानेगा। इस तरह विदा हुआ। क्रमशः राघवेंद्र सैनी
WhatsApp Image 2026-06-14 at 20.06.06 — Vcare Language Academy

Author

Leave a Comment