लवलेश दत्त का उपन्यास ‘दर्द न जाने कोई ‘ भाग -2

दर्द न जाने कोई

भाग -2

शनिवार के दिन स्कूल में गेम्स और कल्चरल एक्टिविटी हुआ करती थीं। मुख्यतः गेम्स लड़कों के लिए और कल्चरल एक्टिविटी लड़कियों के लिए होती थीं। उस दिन गेम्स के पीरियड में टीचर लड़कों को क्रिकेट खिलाने के लिए टीम बना रहे थे। उसे भी टीम में रखा गया। उसका मन तो नहीं था क्योंकि लड़के उसे ‘लड़की-लड़की’ कहकर चिढ़ाते थे, उस दिन सब लड़कों ने ही उसे अपने साथ खेलने के लिए बुलाया था और वह खुद भी चाहता था कि उनके साथ खेले जिससे वे सब उसे ‘लड़की’ कहकरचिढ़ाना बन्द कर दें। टीमें तैयार हो चुकी थीं। वह टीम ‘ए’ में चुना गया था। दोनों तरफ विकेट्स लगा दिये गए। टीमों के बीच टॉस किया गया और टीम ए ने बैटिंग करना शुरू किया। बैटिंग के नाम से ही उसे घबराहट होने लगी। उसे सामने से आती गेंद से बहुत डर लगता था। उसे लगता था कि यदि गेंद उसे लग गयी तो कितनी चोट लगेगी। इसी घबराहट में बैटिंग करते समय उसने अपनी आँखें बन्द कर लीं और अन्दाज से बल्ले को हवा में घुमा दिया जिसके परिणास्वरूप गेंद उसके बल्ले से न लगकर मुँह पर लगी और विकेट से टकरा गयी। वह दर्द से बिलबिला उठा और बल्ला छोड़ मुँह पकड़कर वहीं बैठ गया। उसके साथी‘आऊट-आऊट’ चिल्ला रहे थे। कोई कह रहा था ‘किसे टीम में ले लिया…गड्ढा है यह’ तो कोई कह रहा था ‘अरे लौंडिया है…यह क्या क्रिकेट खेल पाएगा?’वह अपना मुँह दबाए रुआँसा बैठा था।टीचर ने सबको फटकार लगाई और उसे स्टाफ रूम में लाकर डेटॉल लगा दी। चोट मामूली थी। गेंद आँख के पास लगी थी जिससे हल्की-सी सूजन और नीलापन हो गया था। टीचर ने उसे वहीं बैठने को कहा और खुद चले गये। उसका दिल अभी तक धड़क रहा था। होंठ सूखने लगे थे। वह थोड़ी देर तो वहाँ बैठा रहा लेकिन फिर पानी पीने के लिए बाहर आ गया। पानी की टंकी के पास पहुँचा ही था कि पड़ोस वाले कमरे से गाने और नाचने की आवाज़ें आ रही थीं। पानी पीकर वह उस हॉलनुमा कमरे में चला गया जहाँ बड़ी कक्षा की लड़कियाँ डांस सीख रही थीं।

पैरों में घुँघरू बाँधे लड़कियाँ ‘चाँदनी’ फिल्म के गाने ‘मेरे हाथों में नौ-नौ चूड़ियाँ हैं…’ परश्रीदेवी की नकल करके डांस कर रही थीं। उन्हें देखकर देबू को हँसी आ गयी। उसे हँसता देख एक लड़की चिढ़कर बोली, ‘क्यों रे देवेन्द्र, तू हमारे डांस की हँसी उड़ा रहा है? ऐसे हँस रहा है जैसे खुद कोई डांस मास्टर हो। बता क्यों हँस रहा है?’

वह हँसते हुए ही बोला, “इस गाने पर नागिन वाला एक्शन थोड़े ही होगा…तुम तो ‘नगीना’ की श्रीदेवी की तरह नागिन की एक्टिंग कर रही हो।उसकी बात सुनकर सब लोग हँस पड़े और वह लड़की झेंप गयी। अपनी झेंप मिटाने को अगले ही पल देवेन्द्र की ओर लपकी और उसकी बाँह पकड़कर बोली, “तू बहुत बोल रहा है, चल जरा तू करके तो दिखा…मैं भी देखूँ कितना डांस जानता है तू?”देबू को तो जैसे मन की मुराद मिल गयी, उसने गाना बजाने को कहा और अपने जूते-मोजे उतार कर उनके बीचोंबीच खड़ा हो गया। सब लड़कियाँ उसके चारों तरफ गोल घेरा बनाकर खड़ी हो गयीं। गाना बजा और देबू ने डांस करना शुरू कर दिया। गाने के बोलों के साथ उसके चेहरे के हाव-भाव, होंठ और आँखों का चलना, हाथों का उठना गिरना, कमर का मटकना, पैरों पर फुदकना देखकर सारी लड़कियों की आँखें फटी रह गयीं। डांस टीचर भी आ चुकी थीं और बहुत ध्यान से देवेन्द्र को नाचते हुए देख रही थीं। उन्हें आश्चर्य हो रहा था कि कक्षा छह का यह लड़का इतना अच्छा डांस करता है कि सारी लड़कियाँ इसके आगे फेल हैं। गाना खत्म हुआ, डांस पूरा हुआ और एक शानदार एक्शन के साथ देबू रूक गया। उस हालनुमा कमरे में जितनी भी लड़कियाँ थीं सब ताली बजाने लगीं। तालियाँ इतनी जोर-जोर से बज रही थीं कि बाहर आसपास से गुजरते हुए टीचर्स और बच्चे कक्षा की ओर यह जानने के लिए आने लगे कि ‘माजरा क्या है?’ डांस टीचर ने देबू को गले लगा लिया और प्यार से सिर पर हाथ फेरकर पूछने लगी, “अरे देवेन्द्र तू तो बहुत अच्छा डांस करता है। कहाँ से सीखा तूने?”

“टीवी में देखकर मैडम जी” उसने कहा।

“क्या स्कूल के फंक्शन में तू डांस करेगा?” टीचर ने पूछा।

उसने हामी भर दी। वह तो चाहता ही था कि एक बार उसकी कला को सब देखें और जाने कि यदि मैं क्रिकेट नहीं खेल सकता तो क्या डांस तो बहुत अच्छा कर सकता हूँ। उस दिन उसके डांस की चर्चा पूरे स्कूल में फैल गयी। दूसरी कक्षा की लड़कियाँभी उसे देखतीं और मुस्कुरातीं। वह भी अपने आप पर बहुत खुश हो रहा था। वह सोच रहा था कि अकेले कमरे में डांस की प्रैक्टिस करने का लाभ आज मिला। वह अपने साथ की लड़कियों के साथ खुशी-खुशी घर की ओर आ रहा था कि उसकी टीम के लड़कों ने उसे रोक लिया। उसके साथ चल रहीं लड़कियाँ डर कर भाग गयीं। एक लड़का बोला, “क्यों बे देवेन्द्र…अबे जब खेलना नहीं आता तो तू हमारी टीम में आया ही क्यों? हमारी टीम तेरी वजह से हारी। पहली ही गेंद पर आउट हो गया।” लड़के ने उसकी कॉलर पकड़ ली और एक थप्पड़ उसके मुँह पर जड़ दिया। आँख के पास चोट पहले से ही लगी थी। थप्पड़ पड़ते ही वह बिलबिला उठा और पूरी ताकत से खुद को छुड़ाने की कोशिश करने लगा। इतने में दूसरे लड़के ने कहा, “अरे छोड़ दे यार…यह लड़के के रूप में लड़की है…सुना है कि बड़ा अच्छा नाचता है…एक दिन इसका डांस देखेंगे…जाने दे इसे।” इतना कहकर उसकी टीम के सारे लड़के उसे छेड़ने लगे। कोई उसकी छातियाँ नोचने लगा तो कोई उसके पीछे हाथ लगाने लगा। एक लड़के ने तो उसके निक्कर में हाथ डाल दिया और दूसरा उसके होंठ मसलने लगा। वह अपने तन और अपमान की पीड़ा सहते हुए वहीं सिकुड़कर बैठ गया। लड़के मनमानी करके चले गए तो आँसू भरी आँखों को पोंछकर वह सुबकता हुआ दुखी मन से घर की ओर चल दिया।रास्ते भर उसके मन में कई सवाल उठते रहे कि‘वह क्यों उनको जवाब नहीं दे पाता जो उसे छेड़ते हैं या पीटते हैं? उनसे दो-दो हाथ करने की हिम्मत वह क्यों नहीं जुटा पाता? क्यों हर बार लड़के उसे छेड़ते हैं? आज तो वे उसे पीटकर चले गये? न जाने क्यों लड़कों से सामने उसकी हिम्मत जवाब दे जाती है? अगर वहलड़का है तो लड़कियों की तरह कोमलताउसमें क्यों है? क्यों उसके अन्दर लड़ने-झगड़ने की प्रवृत्ति नहीं है? क्यों वह लड़कियों की तरह लड़कों का झुंड देखकर घबरा उठता है?’ ऐसे कई अनसुलझे प्रश्न उसके बालमन में उलझन पैदा कर देते थे। वह इन प्रश्नों के उत्तर जानना चाहता था लेकिन संकोच के मारे वह किसी से कुछ नहीं कहता था।

थके-हारे कदमों से वह घर पहुँच गया। माँ घर पर नहीं थी। रोज की तरह बाजार गयी थी। घर पर दीदी थी। माँ के बाद दीदी और मनु भइया ही थे जो उसे बहुत प्यार करते थे। दीदी, उसे माँ का ही रूप लगती थी। वह दीदी से लिपटकर बहुत रोया और सुबक-सुबक कर दीदी को सारी घटना बताई। दीदी ने उसे समझाया और प्रिंसिपल सर से शिकायत करने की बात कहकर उसे शान्त कर दिया।

शाम को जब माँ आई तो वह दीदी के साथ खाना बनाने में उसकी मदद कर रहा था। माँ को देखते ही वह दौड़कर उनसे लिपट गया। माँ ने हमेशा की तरह उसके सिर पर प्यार से हाथ उसके सिर पर हाथ फेरा और अपने हाथ का सामान उसे देकर वह तख्त पर बैठ गयी। देबू ने माँ को एक गिलास पानी दिया और एक-एक कर स्कूल की सारी बातें बताने लगा। उसे माँ को यह बताने की जल्दी थी कि उसका डांस सबने कितना पसन्द किया और वह स्कूल के फंक्शन में भी डांस करेगा। साथ-ही-साथ उसने क्रिकेट और लड़कों केदुर्व्यवहार की बातें भी बताईं लेकिन डांस वाली बात पर जितना जोर उसने दिया, दूसरी बात पर नहीं। डांस करने के आत्मिक आनन्द और उससे मिली प्रशंसा की चमक ने लड़कों द्वारा सताए जाने के दर्द को वैसे ही गायब कर दिया था जैसे प्रकाश अंधेरे को गायब कर देता है। आत्मिक आनंद की अनुभूति सूर्य के प्रकाश की तरह है जिसके आगे दैहिक कष्टों-सी काली रात विलीन हो जाती है और तन-मन चमकने लगता है। देबू के चेहरे पर भी ऐसी ही खुशी की चमक थी।बच्चे की खुशी को देखते हुए थकी-हारी माँ ने भी ‘अरे वाह यह तो बहुत अच्छी बात है’ कहकर उसका मन रख लिया और थकान उतारने की गरज से वहीं तख्त पर पसर गयी। वैसे भी दिनभर मजदूरी करके घर लौटी माँ किसी से ज्यादा बातचीत नहीं करती थी। उसके रोम-रोम की थकान मुरझाए चेहरे से साफ झलकती थी। माँ के तख्त पर लेटते ही देबू ने उसे परेशान नहीं किया और डांस की खुशी की मस्ती में दीदी के साथ रसोई के काम में मदद करने लगा। सुबह-शाम का खाना दीदी ही बनाती थी और देबू उसकी मदद करता था। कभी-कभी छुट्टी के दिनमाँ देबूको जबरदस्ती बाजार ले जाती थी जिससे यदि मजदूरी न मिले तो जंगल से लाया हुआ महुआ, सब्जियाँ, साग, पपीते आदि बेचकर चार पैसे हाथ में आ जाएँ। लेकिन माँ के साथ बाजार जाकर सब्जियाँ आदि बेचने में देबू का मन नहीं लगता था। उसका मन तो घर में रहकर दीदी के साथ खाना बनाने, बर्तन माँजने, झाड़ूपोंछा करने, घर की सफाई करने, आँगन लीपने, सिलाई-कढ़ाई में दीदी का साथ देने में लगता था। ऐसा करने से उसे विशेषसुख मिलता था। वह इस बात से अनभिज्ञ था कि उसके द्वारा किए जाने वाले सारे घरेलू काम उसके मन के किसी कोने में छिपी नन्हीं बालिका को सक्रिय कर देते हैंजो देबू के तन पर अपना अधिकार जमा लेती है जिससे देबू झूम-झूम कर घर के कामों में रुचि लेता है।

 

क्रमशः

 

लवलेश दत्त

WhatsApp Image 2026-08-10 at 16.21.47 — Vcare Language Academy

Author

Leave a Comment