कारगिल एक प्रेम कथा
भाग -20
खाना खाकर उर्वशी ने बैग पैक किया और लगभग 1 बजे नई दिल्ली रेल्वे स्टेशन के लिए निकल गई।
ट्रेन निर्धारित समय 3.30 को ही नई दिल्ली से छूटी और लगभग 8.15 को चंडीगढ़ पहुँच गई। वहाँ से उर्वशी ने अपने जिस परिचित टैक्सी वाले को पहले ही बताकर रखा था, उसके साथ बैठकर शिमला निकल गई।
अगले दिन सुबह से उर्वशी की दिनचर्या शुरू हो गई घर से ऑफिस और ऑफिस से घर। अब तो उर्वशी इसी रूटीन में ढलती जा रही थी, तभी रविवार सुबह उर्वशी को मेज़र पांडे का फोन आया।
कैसी हो उर्वशी?
ठीक हूँ, आप कैसे हो? मेरा नम्बर क्या जीजू से मिला? उस दिन डिनर से जाने के बाद से तो आपसे बात ही न हुई? उर्वशी ने तो झड़ी लगा दी मेजर पांडे से सवालों की..
हाँ पंकज से आपका नम्बर लिया, मैं ठीक हूँ, तब मैं ऑफिशियल ड्यूटी पर था दिल्ली में इसलिए वक़्त न दे सका आपको अब जब मैं अम्बाला आकर वापस ड्यूटी जॉइन कर चुका हूँ, थोड़ा फुर्सत में हूँ, इसलिए सोचा कि आपसे बात कर लूँ.. मेजर पांडे ने सफ़ाई देते हुए कहा।
एक बात पूहूँ आपसे, “दिल” से जवाब दीजियेगा.. ?
उर्वशी ने भावुक होकर मेजर पांडे से कहा…
नहीं मैं फ़िलहाल तो “फ़ोन” से ही जवाब दूँगा दिल ने नहीं.. मेजर पांडे मस्ती के मूड में थे।
उफ़्फ़ आपको तो कद्र ही नहीं मेरी फीलिंग्स की, उर्वशी ने उलाहना के स्वर में कहा..
सॉरी सॉरी.. मेजर पांडे ने अपनी गलती समझते हुये कहा, मैं कोई मौका नहीं छोड़ता किसी की भी बात को “खींचने” का.. यह मेरी बहुत बुरी आदत है। अच्छा कहिये क्या पूछ रही थी आप, एक बार फिर से मेजर पांडे बात को मुद्दे पर लाते हुए बोले।
जी उस दिन उर्मिला के यहाँ जो गाना मैने गाया था न “तू ही रे, तेरे बिना में कैसे जिऊँ” यह गाना आपको पसन्द तो आया था न?
जी सच कहूँ तो मैं पहली बार किसी का गीत सुनकर मंत्रमुग्ध हो गया था… अज़ीब सी कसक है आपकी आवाज़ में जो अपनी तरफ़ खींचती है, मुझे लगा कि यह गाना ख़त्म ही न हो और मैं बस इसे सुनता ही रहूं।
दो निश्छल प्रेमियों में जब अनवरत प्रेम होता है तो निर्बाध रूप से चलता रहता है, मेजर पांडे और उर्वशी के बीच भी यही सब कुछ होता था, दोनों प्रत्येक रविवार को एक दूसरे को फ़ोन करके घण्टों बातें करते रहते थे। मेज़र पांडे तो उर्वशी की बातों पर इस तरह फ़िदा थे कि उर्वशी की बातें ही सुनते रहते, उन्हें लगता था कि जैसे कोई मधुर वीणा अपनी झन्कार सुना रही हो…
उस रविवार भी उर्वशी फ़ोन के पास बैठकर, मेजर पांडे के फ़ोन आने की प्रतीक्षा कर रही थी, लगभग 11 बज चुके थे पर फ़ोन नहीं आया.. अब हर रविवार को उर्वशी नहा धोकर, नाश्ता पानी करके मेज़र पांडे के फ़ोन की
प्रतीक्षा करती रहती थी जो कि प्रायः सुबह 10 से 11 बजे तक तो आ ही जाता था। पर उस दिन 11.30 तक भी फोन न आया उर्वशी सशंकित मन से बार बार टेलीफोन देखती उसके कनेक्शन चैक करती, डायल टोन सुनती कि कहीं फ़ोन “डेड” तो नहीं हो गया है। अब तक तो वह ही खुद मेज़र पांडे को फ़ोन लगा लेती, मगर अब तक मेजर पांडे ने उसे अपना फ़ोन नंबर ही न दिया था।
लगभग 12 बजने को आये उर्वशी के दिल की धड़कनें बढ़ चुकी थी, उसे न जाने कैसे दिल के अंदर से ही किसी अनहोनी का डर सताने लगा।
तभी उर्वशी की डोरबेल बजती है।
उर्वशी शंकित मन से अपने घर का दरवाजा खोलती है तो खुशी से पागल हो जाती है।
मेज़र पांडे दरवाजे पर खड़े थे।
उसका बस चलता तो वह दरवाजे पर ही मेजर पांडे से खुशी के मारे लिपट जाती.. मगर शिमला जैसे छोटे शहर में आसपड़ोस के लोग प्रेम प्रसंग के मामलों पर बड़ी पैनी निगाह रखते हैं।
ख़ासकर ऐसी अविवाहित या अकेली रहने वाली लड़कियों पर। यूँ भी आज तक कोई भी पुरूष उर्वशी के घर क़भी मिलने तक नहीं आया इसलिए मेजर पांडे जैसे सजीले नौजवान का उर्वशी के घर पर आना उन सबको खटक रहा था।
उर्वशी के घर के अंदर आते ही मेजर पांडे ने अपने साथ लाये बैग से एक “लाल गुलाब निकाला” और घुटने के बल बैठकर उर्वशी को वह गुलाब देते हुये बोला “हैप्पी वैलेंटाइंस डे”
ओह्ह आज वैलेंटाइन डे है क्या? अरे हाँ आज ही तो 14 फ़रवरी हैं …. प्रेमियों का दिन, उसे कैसे न याद रहा यह। उर्वशी मन ही मन सोच रही थी।
उर्वशी के लिए बहुत रोमांचित करने वाला पल था वह, उसे जीवन में पहली बार किसी ने वेलेंटाइन डे की शुभकामनाएं देकर “प्रपोज़” किया था, और वह भी इस अंदाज में सरप्राइज देते हुए.. उर्वशी ने तो इसकी कल्पना भी न की थी।
उसने घुटनों के बल गुलाब लिये हुए मेज़र पांडे को अपने हाथों का सहारा देकर उठाया और मुस्कराते हुए वह गुलाब स्वीकार किया और कहा “हैप्पी वेलेंटाइन्स डे टू यू टू “…
मेज़र पांडे की इच्छा हो रही थी कि वह उसी वक़्त उर्वशी को अपनी बाहों में भर ले, मगर उसकी हिम्मत ही न हुई।
यहाँ तक कैसे आये..? उर्वशी ने मेज़र पांडे के मनोभावों को पढ़ते हुये रोमांटिक माहौल बदलने की चेष्टा की..
एक फ्रेंड की “रॉयल एनफील्ड” बाइक है, बस उसी को उठाकर चला आया। लगभग 150 किलोमीटर का सफ़र मात्र चार घण्टे में पूरा हो गया… मेज़र पांडे ने कहा..
क्या? तुम 150 किलोमीटर का सफ़र बाइक से करके आये हो? उर्वशी ने अचंभित होकर पूछा।
अरे पहाड़ियों पर घूमने का जो मज़ा “रॉयल एनफील्ड” में है, वह मज़ा तो बी एम डब्ल्यू या फ़रारी में भी नहीं है, बिल्कुल रॉयल लुक लगता है। तुम भी चलो मेरे साथ, हम बाहर घूमकर आते हैं, मेजर पांडे ने कहा.
कमाल का आशिक़ है.. यह तो 150 किलोमीटर बाइक चलाकर आया है और माथे पर शिकन तक नहीं है। इसे इसका जुनून कहूँ या पागलपन मगर यह तो तय है कि मेजर पांडे मुझसे प्यार बड़ी शिद्दत से करते हैं। उर्वशी मन ही मन सोच रही थी..
तभी मेज़र पांडे ने उर्वशी को फिर से पूछा.. किस सोच में डूबी हो, झटपट तैय्यार हो जाओ हम बाहर घूमकर आते हैं।
उर्वशी ने कहा, अरे सोच नहीं रही कुछ, बस यह पूछना था.. पहली बार घर आये हो, इतनी दूर से बाइक चलाकर आये हो, थोड़ा रेस्ट कर लो, मैं चाय नाश्ता बनाती हूँ तब तक।
अरे कुछ भी औपचारिकता करने की जरूरत नहीं, मैं तो तुम्हारे इस खिले हुये चेहरे को देखकर ही तरोताजा हो गया हूँ। तुम चाय नाश्ता वगैरह मेरे साथ किसी रेस्टोरेंट में कर लेना…. मेजर पांडे ने कहा। ओके, मैं रेडी होकर आती हूँ, तुम इंतज़ार करो यहीं… उर्वशी ने कहा।
जब से उर्वशी उस घर में रह रही थी, पहली बार कोई आदमी उसके घर के अंदर तक आया था। उर्वशी अपनी प्राइवेसी को लेकर बहुत ही ज्यादा सतर्क रहा करती थी। मगर मेज़र पांडे पर तो वह भरोसा करती थी, आखिर वह उसके लिए कोई “पराया” नहीं, उसका ‘अपना” होने वाला था।
यार कितना वक़्त लगा रही हो, वैसे ही इतनी सुंदर हो.. बमुश्किल 10 मिनट ही हुआ होगा उर्वशी को तैयार होने के लिए और मेजर साब ने अलार्म बजाना शुरू कर दिया था।
एक तो जनाब बिना बताये ही चले आये और ऊपर से सोच रहे हैं कि मैं पहले से तैयार बैठी मिलूं, उर्वशी को तैयार होते समय टोकाटाकी बिल्कुल पसंद नहीं थी, इसलिए वह गुस्सा हो रही थी।
उर्वशी ने अपना फेवरेट लाल रंग की ड्रेस पहनी थी, बस उसी की मैचिंग की लिपस्टिक ही लगा पाई और मेज़र साब जल्दी मचाने लग गये थे। उसके मैचिंग के कंगन, झुमके और हार तो उर्वशी ने पहने ही न थे अब तक…
वह ऐसे मेज़र पांडे उर्वशी को देखता है तो बस देखता ही रह जाता है। बोला… उफ़्फ़ क्या लग रही हो तुम इस लाल ड्रेस में, पूरी कयामत लग रही हो तुम। अब इससे ज्यादा ही चली आई बाहर और मेजर पांडे से बोली 10 मिनट और रुको, मैं पूरी तरह से तैयार हो जाती हूँ। और क्या कोई सुंदर हो भी सकता है..
मेज़र पांडे की बातों से ही उर्वशी के गालों पर शर्म से लालिमा छा गई, उसे जिसके लिए नख शिख श्रृंगार करना था, जब वही उसके बिना ही यूँ लड्डू हुये जा रहा था तो और श्रृंगार की क्या जरूरत थी उर्वशी को।
मेज़र पांडे नीली जीन्स और सफेद शर्ट में बिल्कुल “कूल” नज़र आ रहे थे, उर्वशी उनके पीछे रॉयल एनफील्ड पर बैठ गई.. वह शिमला से थोड़ा ऊंचाई पर पहाड़ी पर चले जा रहे थे, रॉयल एनफील्ड की “धुक-धुक-धुक” की रिदम से आती हुई अवाज़ उर्वशी के दिल की धड़कनें बढ़ा रही थी।
जैसे ही मेज़र पांडे ब्रेक लगाते, उर्वशी का शरीर गाड़ी के गति आवेग में उनसे टकरा रहा था, उर्वशी को पहली बार इस प्रकार का अनुभव सुखद लग रहा था।
रास्ते में ही शिमला के एक रेस्टोरेंट में चाय नाश्ता करके वह दोनों पुनः शिमला के प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लेने लगे। शिमला से दूर निकलते ही उर्वशी ने मेजर पांडे से बाइक रोकने को कहा, और उसके बाद वह दोनों तरफ पैर करके उस रॉयल एनफील्ड पर बैठ गई। इधर मेजर पांडे ने भी बाइक की रफ़्तार बढ़ा दी, उस पहाड़ी घुमावदार रास्तों पर इतनी रफ़्तार से रॉयल एनफील्ड में घूमना मानो हवा से बातें करना होता है।
आगे सड़क थोड़ी भीगी सी नज़र आ रही थी, ज़मीन की सोंधी खुशबू उर्वशी को दीवाना बनाये जा रही थी, वह मेजर पांडे के कंधों को पकड़कर और पास आकर बैठ गई.. उसका मन कर रहा था कि वह अपनी दोनों बाहें फैलाकर मेज़र पांडे को उनमें समेट ले।
मेजर पांडे ने आगे चलकर एक जगह बाइक रोकी और उर्वशी का हाथ पकड़कर छोटी सी पहाड़ी के पार एक सुंदर सी झील तक ले गया।
दोपहर में सूरज की सीधी किरणों से उस झील का पानी चाँदी के दर्पण जैसा चमक रहा था। उसके किनारे चीड़, देवदार के वृक्षों की छाया किसी चित्रकार की अनुपम कृति का बोध करा रही थी।
उर्वशी मंत्रमुग्ध सी उस दृश्य को देखे जा रही थी।
क्रमशः
अविनाश स आठल्ये