16.
सर्दियों के दिन थे। अंकल कॉलिज से वापस आकर प्रायः हमारे घर आ जाते थे। मैं भी जब तक स्कूल से लौट आती थी। हम दोनों आँगन में फैली धूप में बैठते। वे मुझे पढ़ाते और मेरा होम-वर्क भी पूरा कराते। अब मम्मी भी हमारे पास आकर बैठ जाती थी। कभी कोई पुस्तक पढ़ने लगतीं, तो कभी स्वेटर बुनने लगतीं। एक स्वेटर उन्होंने मेरे लिए बुना था। मैंने उनसे अंकल के लिए भी एक स्वेटर बुनने को कहा था। मैं अंकल के साथ बाज़ार जाकर ऊन भी खरीद लाई थी। मम्मी उनके लिए स्वेटर बुन तो रही थीं, लेकिन अन्दर ही अन्दर उन्हें डर भी लग रहा था। पहले वे अंकल से बहुत कम बोलती थीं, लेकिन अब वे हमारे साथ ही बैठने लगीं थीं, तब से वे बीच-बीच में अंकल से भी बात कर लेती थीं। नरेन अंकल थे लिटरेचर के आदमी। उनकी बातें, उनके विचार बहुत ऊँचे थे और मम्मी ठहरी निपट सीधी सादी। पहले तो उनको कई बातें समझ ही नहीं आती थीं, लेकिन बाद में उनके सम्पर्क में रहने से वह सब समझने लगी थीं।
शीतावकाश के कारण मैं स्कूल नहीं जा रही थीं। अंकल के कॉलिज में भी छुट्टियाँ थीं। अब तो पूरा दिन उनका साथ मिला करेगा, मैं सोचती । पर चार दिन लगातार वर्षा होती रही और ऊपर से कड़ाके की ठंड। अंकल
आए ही नहीं। पहली बार घर में उनकी अनुपस्थिति खटकने लगी थी। सारा दिन कमरे में बिस्तर में बैठकर बिताना कठिन लगने लगा। पहले भी ऐसा होता था, पर तब उस स्थिति में रहने की आदत बन गई थी। दादीमाँ थी तो वे राजा-रानियों की कहानियाँ सुनाकर मन बहला दिया करती थीं। मैंने एक-दो बार मम्मी से अंकल के घर जाने के लिए पूछा। पर उन्होंने मना कर दिया। एक तो बारिश और दूसरे वह समझाने लगीं कि इस तरह बार-बार उनके यहाँ जाना ठीक नहीं लगता। मम्मी के इस कथन का अभिप्राय मैं तब नहीं समझी थी। संसार और समाज की ऊँची- नीची मनोवृत्ति ने मनुष्य को किस प्रकार अपने बंधन और नियंत्रण में बाँध रखा है, यह व्यवहार और आयु में परिपक्वता आने पर समझा जा सकता है।
वर्षा थमते ही अंकल स्वयं ही हमारे घर आ गए थे। मुझे तो उनकी हर समय ज़रूरत महसूस होती थी, साथ ही वे भी हमसे बिना मिले नहीं रह सकते थे। वे कुछ उदास उदास लग रहे थे। मम्मी को उन्होंने बताया कि उनके मामा की मृत्यु हो गई है, आज ही उन्हें तार मिला है। इस खबर से वातावरण बोझिल हो गया। अंकल का बचपन उन्हीं के पास ही तो बीता था। अंकल की माँ को उन्होंने उस समय आश्रय दिया था, जब वे मँझधार में थीं। वे बरसों उनके पास रहीं। मम्मी ने अंकल को सांत्वना दी, अंकल को उदास देखकर मैं भी उदास हो गई थी। वे उसी दिन लखनऊ चले गए। मेरी दो-तीन छुट्टियाँ अभी बाकी थीं, उन्हें बिताना कठिन हो गया। परन्तु स्कूल खुलते ही फिर पहले जैसा सब चलने लगा। काम ही इतना मिलता था कि करते-करते रात हो जाती थी।
अंकल कहकर तो गए थे कि वे पाँच-छः दिन में लौट आएँगे, किन्तु वे पन्द्रह दिन तक नहीं लौटे। उनके कॉलिज भी खुल गए थे। मैं रोज़ उनकी प्रतीक्षा करती। मम्मी को भी चिन्ता हुई, वे उनके घर जाकर भी देख आई थीं, जबकि वे जानती थीं कि वे जब भी आएँगे, हमें उसी समय मिलने चले आएँगे। न जाने ये कैसे समबन्ध जुड़ते जा रहे थे कि कुछ महीने पहले ही सम्पर्क में आए नरेन अंकल अब घर के सदस्य जैसे लगने लगे थे। उनकी अनुस्थिति मन को कचोट रही थी।
कुछ दिनों से मैं अनुभव कर रही थी कि मम्मी अपने बारे में अब पहले जैसी लापरवाह नहीं रही थीं। उनके पहनावे में सुरुचि का पुट आने लगा था। बातचीत करने के ढंग में भी परिवर्तन आता जा रहा था। खाली समय वे इधर-उधर बिताने की अपेक्षा अंकल की लाई पुस्तकें पढ़ने में बिताने लगी थीं। घर साफ-सुथरा रहने लगा था। गार्डन की देखभाल वे स्वयं करती थीं। छोटे-छोटे पौधे अब बड़े होने लगे थे। उनकी हरियाली से घर और भी खुशनुमा हो गया था। मुझे यह सब परिवर्तन भा रहा था, जबकि इन सबके बीच पापा की याद साए की तरह साथ लगी रहती थी। अंकल होते थे तो समय आराम के कट जाता था, पर इन दिनों उनके यहाँ न होने से पापा फिर बहुत याद आने लगे थे। हालाँकि उनका आना कोई खुशी नहीं देता था, फिर भी उनका न आना भी मेरे लिए बहुत मायने रखता था।
नरेन अंकल जब वापस आए तो कुछ दुर्बल दिखाई दिए। उन्होंने बताया कि वहाँ उन्हें बुखार हो गया था और मामा की मृत्यु का दुःख तो था ही, ऐसे में वे वहाँ जाकर अतीत में खो गए। मामा के बहुत सारे काम भी उनको निपटाने थे। उनकी दोनों विवाहित बेटियाँ अपने-अपने घरों में अलग-अलग शहरों में रहती हैं। मामा की मृत्यु के कारण अब मामी अकेली हो गई थीं। बेटियों के पास जाकर वे रहना नहीं चाहती थीं और वृद्धावस्था में उनका वहाँ अकेले रहना भी ठीक नहीं था। नरेन अंकल ने उन्हें अपने साथ आने का आग्रह किया, जिसे वे मान गई थीं। कुछ दिन बाद वे उन्हें लिवा लाएँगे ऐसा अंकल ने बताया था।
मामी के आ जाने से नरेन अंकल को तो सुविधा हो ही गई थी, मैं भी बहुत खुश थी। अब मैं अंकल के घर निस्संकोच पहुँच जाती। पहले मम्मी बार-बार जाने के लिए मना किया करती थीं। जिस दिन मामी आई थीं, मम्मी भी उनसे मिलने और मामा की मृत्यु का दुःख प्रकट करने गई थीं। पति की मृत्यु किसी भी आयु में क्यों न हो, पत्नी को उसका दुःख सदैव सालता रहता है। मामी की आँखों में जो शून्यता और सूनापन इन दिनों समाया हुआ था, वह किसी भी युवावस्था की नारी से कम न था। वृद्धावस्था में जब पति-पत्नी को एक-दूसरे की अधिक आवश्यकता होती है, तब एक का साथ छूट जाना कम दुखदाई नहीं होता। और फिर यह तो पीड़ादायक था कि उन्हें पति के साथ-साथ अपना घर भी छोड़कर आना पड़ा था, वहाँ वे अपने पति के साथ बरसों तक रहीं और गृहस्थी का सुख देखा था। नरेन अंकल भी अपनी माँ के साथ उसी घर में रहे थे।
मामी नरेन अंकल को बहुत चाहती थीं। उनकी दोनों बेटियाँ अंकल से बड़ी थीं। जब वे अपनी माँ के साथ मामा के यहाँ रहने गए थे तो सबसे छोटे होने के कारण सभी उनको बहुत प्यार करते थे। उनके प्रति मामी का स्नेह तो मामा से भी अधिक था। माँ की मृत्यु के बाद वे कुछ समय के लिए फिर से मामा-मामी के पास रहने लगे थे, पर लखनऊ रहते रहते उनका मन उचट गया था, इसीलिए वे यहाँ चले आए थे और मामा के भी न रहने से मामी भी यहाँ आ गई थीं तो अंकल का घर सँवरने लगा था। अब वे उतना अकेलापन भी महसूस नहीं करते थे।
क्रमशः
सुदर्शन रत्नाकर