अविनाश स आठल्ये का उपन्यास ‘कारगिल एक प्रेम कथा ‘ भाग -21

कारगिल एक प्रेम कथा

भाग -21

उर्वशी… मेज़र पांडे की आवाज़ से उर्वशी यूँ चौकी जैसे किसी ने उसे नींद से जगा दिया हो।

हूँ… उर्वशी ने उस प्राकृतिक सौंदर्य को निहारना छोड़कर, अपने प्रियतम की आँखों में झाँका, निश्छल प्रेम से ओतप्रोत वह आँखें किसी का भी मन मोह सकती थी, फिर मेज़र पांडे ने हज़ारों लड़कियों को ठुकराकर उसमें ऐसा क्या देख लिया जो उसका ही होकर रह गया.. उर्वशी ने उस झील से तो खुद को बचा लिया, मगर उन झील से भी गहरी आँखों में डूबने से खुद को न रोक सकी।

उर्वशी मुझे तुमसे कुछ कहना है.. मेज़र पांडे ने उर्वशी का हाथ अपने हाथों में लेकर कहा..

उर्वशी सच कहूं तो मैं यह वेलेंटाइन.. दिवस वगैरह नहीं मानता.. यह सब इंग्लिशतानी चोचले हैं… एक दिन कस्मे वादे करने के बाद वर्ष भर तक भी एक दूसरे से बंधे नहीं रह पाते ये प्रेमी.. दरअसल इन्हें प्रेम का अर्थ ही नहीं पता.. ये लोग सिर्फ जिस्म को पा लेना ही प्रेम समझते हैं।

उर्वशी मैं तुम्हें महादेव की तरह प्रेम करता हूँ, युगों युगांतर तक मैं रहूँ या न रहूँ, तुम रहो या न रहो मगर हमारा प्रेम सदा जीवित रहेगा.. हमारा प्रेम अमरत्व को प्राप्त करेगा।

मैने तुम्हें वन्दना भाभी की शादी में देखते ही पसन्द कर लिया था, मगर तुम्हारी रजामंदी जाने बिना अपनी तरफ़ से प्रेमप्रदर्शन करना मुझे एक तरफा सा प्यार लगा, इसलिए मैं खामोश रहा। मगर मैं आज तुमको अपने दिल के जज़्बात कहना चाहता हूँ।

मैं एक फौजी हूँ, और फौजी सबसे पहले अपने वतन को चाहता है, इसके बाद मैं किसी को सबसे ज्यादा चाहता हूँ, तो वह तुम हो उर्वशी..

मगर फौज़ी की जिंदगी बहुत संघर्षमय होती है, यहाँ पग-पग पर ” मौत मुँह बाए ” खड़ी रहती है, न जाने किस वक्त दुश्मन की गोली “मौत” बनकर सामने आ जाये.. न जाने किस पहाड़ी से फिसलकर मौत आ जाये या कब किसी बर्फीले तूफान में फंसकर सदा के लिए ठंडे हो जायें।

उर्वशी बोलो, क्या तुम इतने खतरों के बाद भी मुझसे विवाह करने को तैयार तुम्हारा जवाब “ना” में हो तो भी मुझे बेझिझक कहना, मैं तुम्हें यकीन दिलाता हूँ कि इससे हमारी दोस्ती पर कोई आँच नहीं आएगी।

उर्वशी स्तब्ध होकर मेज़र पांडे की बातें सुनती रही…

उर्वशी का निर्विकार चेहरा देखकर मेज़र पांडे ने कहा, मैं जानता था कि शायद मेरा प्रेम कभी भी परिपूर्णता को नहीं प्राप्त कर सकेगा, इसलिए मैं तुमसे प्रेम प्रदर्शन करने से बचता रहा।

लेकिन ईश्वर की सौगंध तुम ही मेरा पहला प्रेम थी, और तुम ही मेरा अंतिम प्रेम रहोगी, मैं किसी अन्य से विवाह नहीं करूंगा। चलो अब देर हो रही है, मैं तुम्हें घर पर छोड़ देता हूँ.. मेजर पांडे ने खुद को नियंत्रित करते हुए कहा।

उर्वशी अपलक मेज़र साहेब की साफगोई देखती, सुनती रही, वह बोली.. मैं तो उर्मिला की शादी में आपकी आवाज़ सुनकर ही मोहित हो गई थी। वैसे मुझे बचपन से ही आर्मी वाले बहुत पसंद हैं। मेरा तो सपना ही था कि मैं आर्मी जॉइन करूँ मगर शायद किस्मत को यह मंजूर नहीं था, मैं आर्मी के फिजिकल टेस्ट से ही बाहर हो गई।

मेज़र साब जब मैंने आपकी आवाज़ से प्रेम किया तब मुझे नहीं पता था कि आप आर्मी में हो, जब पता चला कि आप आर्मी में हो तो प्रेम और बढ़ता गया, मेरा पसंदीदा आइडियल शख्स मेरा जीवनसाथी बने इससे ज्यादा मुझे और क्या चाहिये। अब तक मैने आपके जिस्म की खूबसूरती ही देखी थी, मगर जिस सच्चाई से आपने अपनी जिंदगी और फौजी जीवन के बारे में बताया, मैं समझ गई हूँ कि आपका मन तो आपके तन से भी ज़्यादा पवित्र है। मुझे सच में आपके मन से भी प्यार हो गया है। उर्वशी मेज़र साहब की हथेलियों को अपने हाथों में लेकर बोली… आज से मैं आपको तन और मन से अपना मानती हूँ।

मेजर पांडे ने कहा.. उर्वशी यह झील का चमकता हुआ पानी.. यह चीड़ और देवदार के वृक्ष, ये हवा यह मिट्टी गवाह होगी हमारे प्यार की, अब तुम्हें मुझसे भगवान भी अलग नहीं कर सकता, कहकर उसने उर्वशी को “आलिंगन” में ले लिया उर्वशी भी जैसे बहती नदिया किसी समंदर में मिल जाती है, मेज़र साहब की बाहों के दायरे में खुद को समेटती चली गई।

मेज़र साहब को अहसास हुआ कि उर्वशी तो भावनाओं में बहकर खुद पर नियंत्रण खो रही है तो उन्होंने खुद को संयमित करते हुए कहा.. उर्वशी अब हमें चलना चाहिए, मुझे अंबाला भी तो जाना है न तुम्हें शिमला छोड़कर..

उर्वशी का मन बिल्कुल नहीं था कि मेज़र साहब उसे छोड़कर जाएं मगर वह समझ रही थी कि यदि उसने मेजर पांडे का और वक्त लिया तो वापसी अम्बाला पहुँचने के रास्ते मे अंधेरा हो जायेगा।

दोनों एक दूसरे का हाथ पकड़कर उस पहाड़ी से नीचे खड़ी रॉयल एनफील्ड तक पँहुचते हैं, वहाँ एकांत में बाइक सुरक्षित खड़ी थी। मेजर पांडे ने किक मारकर रॉयल एनफील्ड स्टार्ट की ही थी कि, उर्वशी ने उन्हें रोककर कहा, मुझे दो मिनट कुछ कहना है..

मेजर पांडे ने चिंतित होकर कहा.. निश्चिंत होकर कहो।

उर्वशी ने कहा… आप इतनी दूर से अम्बाला से यह बाइक चलाकर मेरे ही लिए आये और मुझे आज वेलेंटाइन डे पर इतना खूबसूरत गिफ्ट “प्यार का इज़हार ” दिया.. मगर मैने आपको क्या दिया..

मैं आपको कुछ देना चाहती हूँ..

क्रमशः

अविनाश स आठल्ये

WhatsApp Image 2026-07-20 at 16.05.34 — Vcare Language Academy

Author

Leave a Comment