14
उदासियों का मौसम
जैलदार साब घर पहुँचे तो दोनों बेटे बाहर के बरामदे में बैठे हुए थे। जिन्होंने जैलदार साब को देखकर अनदेखा कर दिया। पिता बेटों का बदला हुआ व्यवहार देख रहे हैं। दोनों बेटे यकीनन अपने मतलब के लिए लिए पिता से बात करते थे, पर पहले कभी ऐसा नहीं हुआ था कि वे पिता को देखकर अनदेखा कर दें। जैलदार जी के मन में एक ही बात है कि कहीं किसी बात को लेकर कोई क्लेश ना हो जाए। ऐसे में बेटों की चुप्पी से उनका मन बेचैन हो गया। बेटी की चिंता के साथ- साथ जैलदार जी को अब बेटों की भी चिंता हो गई, कहीं उन्हें पता तो नहीं चल गया!
दोनों बेटे आपस कानाफूसी करते दिखे। जैलदार साहब उनके पास से गुज़रते हुए अपने कमरे में चले गए। कमरा आज पहले से ज्यादा ठंडा लगा। पलंग के साथ लगा हीटर लाइट के बिना ठिठुर रहा था। बिजली के कट अपने समय के पाबंद थे। ऐसे में सर्दी से बचाव के लिए रजाइयों ने लिबास बदल लिए हैं । जिन रजाइयों पर सूती सफ़ेद गिलाफ़ हुआ करते थे, उनकी जगह अब गर्म गिलाफ़ आ गए है। जैलदार जी ने ख़ुद को गर्म गिलाफ़ वाली रजाई के हवाले कर दिया।
बड़ी जैलदारनी चूल्हे के पास बैठकर हाथ-पैर तप रही थी। रसोई की खिड़की से उन्होंने जैलदार जी को आते हुए देख लिया था। ऐसे में वह कांगड़ी में लाल अंगारे डालने लगी और जैलदार जी से बात करने के लिए कमरे की ओर चली गई।
‘जब से दोनों भाई आए हैं, तब से उखड़े हुए हैं।’ जैलदारनी ने कांगड़ी जैलदार जी की ओर बढ़ाते हुए कहा और रजाई के एक सिरे को उठाकर बिस्तर में बैठ गई।
‘क्यों, ऐसा क्या हो गया ?’
‘आपने कोई ज़मीन जानकी के नाम लगाई है क्या ?’
‘वो बेटी है इस घर की। ज़रूरत है उसे हम सबकी।’ जैलदार जिस बात को राज़ बनाकर रखना चाहते थे, वो राज़ घर में खुल चुका है।
‘आप गाँव वाली ज़मीन लगा देते उसके नाम, वो शहर की ज़मीन…।’ जैलदारनी की आवाज़ में भी ज़मीन की महंगाई का भारीपन था।
‘जानती तो हो… अब बॉर्डर एरिया की ज़मीन है, जब भी युद्ध के आसार होते हैं या सीमा पर ज़रा-सी गर्मागर्मी होती है, तो ज़मीन सेना के अधीन आ जाती है। हालात सामान्य होने पर बंदरों की बढ़ती आबादी कोई फ़सल नहीं होने देती। उस ज़मीन से क्या मिलेगा जानकी को? (जैलदार जी की आवाज़ थोड़ी तेज़ हो गई) बहन है वो इन दोनों की, अगर ये दोनों भाई उसका साथ देने वाले होते, तो मैं इन दोनों से पूछे बिना कभी ऐसा न करता, पर उस पर विपदा आई तो इन दोनों ने उससे बात तक करना बंद कर दिया। अगर उसके ससुराल वाले बुरे हैं, तो हम सबने क्या किया उसके साथ?’ जैलदार की प्रश्नवाचक आँखें जैलदारनी पर ठहर गईं। जैलदारनी को अपने वह सब काम याद आ गए जो उसकी बहुएं के होते थे पर हिस्से बेटी के आ जाते और मुसीबत की मारी बेटी सिर झुकाए सब करती रहती।
‘मैं कैसे इल्ज़ाम दूं जानकी के ससुराल वालों को ? जब मैं एक पिता होकर उसका साथ नहीं दे पाया, तो बाकी लोग उसका साथ क्यों देंगे ? और मैंने कौनसी सारी ज़मीन उसको दे दी है, जो रह गई है वो इन दोनों भाइयों की ही है।’
‘आप सारी उसको ही दे दें, हमारी फ़िक्र न करें।’ विराट ने कमरे में दाख़िल होते हुए कहा।
‘उसके ससुराल वालों से उसका हक़ दिलवाना चाहते थे हम लोग, इसलिए चाहते थे कि वह अपनी ससुराल जाकर रहे।’ भाई के पीछे से सम्राट भी कमरे में आकर पिता के सामने लगी कुर्सी पर बैठ गया।
‘भाई, बहनों की बांहें होते हैं और मैंने अपनी बेटी को बिना बांहों के देखा है। वो इस घर में थी तो तुम दोनों ने उससे अजनबियों जैसा व्यवहार करना शुरू कर दिया था। सब घटते देखा मैंने उस विधवा माँ के साथ।’ बोलते हुए पिता की आँखों से बेटी का दुख से लबालब हो गयीं।
‘आप दुनिया के सामने यही साबित करना चाहते हैं कि हम ना अच्छे बेटे हैं ना ही अच्छे भाई ?’ एक बेटे ने कहा, तो दूसरे ने भी अपने सुर ऊँचे कर लिए, ‘और आपने ज़मीन बै (पंजीकृत) कर दी, ताकि आपकी बेटी से कोई ज़मीन हथिया न ले, और तो और जिनसे भी काम करवाया, सबको यह बोला कि मेरे बेटों को इस बात का पता नहीं लगना चाहिए।’
‘तुम लोगों के कहने का इंतज़ार करता तो कभी भी कुछ न कर पाता और पूछता तो तुम लोग करने ना देते।’ जैलदार ने गरज़ते हुए कहा।
‘पर वही ज़मीन क्यों ?’ आवाज़ों की गर्जना आपस में रगड़ खाने लगी। मामला ज़्यादा बढ़ते देख जैलदारनी कभी बेटों को चुप रहने के लिए कहती तो कभी पति को, पर उसकी आवाज़ दो गुटों में दबकर रह गई। बहुएं कमरे के बाहर कान लगाकर सुन रही हैं और बच्चे अशांत होते वातावरण में सहम कर अपनी-अपनी माँ के साथ चिपके हुए हैं।
‘जानकी अपने कमरे में बैठी सब सुन रही है। महसूस कर रही है कि आज उसके बोझ से हवेली की जर्जर इमारत हिलने लगी है। पिता के घर में उसके कारण क्लेश हो रहा है, यह जानकर वह आत्मग्लानि से बेचैन हो गई। बेशक बेटियों के हक़ के लिए कानून पास हो चुके हैं, पर हमारे समाज की लड़कियां आज भी रजामंदी में यक़ीन करती हैं। अपना हक़ मांगने वाली बेटियों का समाज बहिष्कार कर देता है और जानकी जैसी दब्बू लड़कियां अपने लिए कभी आवाज़ नहीं उठा पातीं हैं।
‘वो ज़मीन इसलिए ताकि मेरी बेटी को उम्रभर ठोकरें ना खानी पड़े। मरते समय मुझे चिंता न हो मेरी बेटी की।’ जैलदार खीझते हुए छाती पीटने लगे पर कुछ ही देर में खीझ सीने में उठते दर्द में तब्दील हो गई। बेटी के दर्द से निजात पाने की इच्छा करने वाला पिता अब अपने दर्द से कराहने लगा। बड़ी जैलदारनी दोनों हाथों से जैलदार की छाती को रगड़ने लगी। हिम्मती आँखों से पानी के सोते बहने लगे। दर्द बाएं तरफ से होता हुआ दाएं तरफ होने लगा, तो कभी बाएं कंधे की तरफ़….। जैलदार जी को सांस लेने में मुश्किल होने लगी, दम घुटने लगा। दोनों बेटों को समझने में देर ना लगी कि उनके पिता को हृदयघात हुआ है।
एम्बुलेंस की तेज़ रफ़्तार ने कुछ ही समय में जैलदार जी को जम्मू के अस्पताल में पहुँचा दिया। डॉक्टर ने मेजर हार्ट अटैक बताया। जैलदार जी अब डॉक्टर की निगरानी में हैं। जैलदारनी और जानकी लगातार रो रही हैं, प्रार्थ्ाना कर रही हैं… क्या उनकी प्रार्थना सुनी जाएगी ! !
इस वक़्त केशो दास बरामदे में लेटे हैं, नींद नहीं आ रही। गली के कुत्ते आज सामान्य से ज्यादा भौंक रहे हैं। कभी रोने लगते। इस सर्द मौसम में केशो दास घर के बाहर पराली और जूट की बोरियां डालकर रखते हैं, ताकि कुत्ते ठंड से बचाव कर सकें। कुत्ते रात में एक-दूसरे के पीछे भागते हुए गली में भौंकते और फिर पराली की गर्माहट में आकर सिकुड़ कर बैठ जाते। भागने और भौंकने की प्रक्रिया पूरी रात में दो-तीन बार चलती, पर आज शाम से भौंकने की आवाज़ कम थी और रोने की ज़्यादा ! कुत्तों के रोने की आवाज़ जब भी उठती, तो केशो दास उन्हें धत बोलकर चुप रहने का आदेश देते पर उसके आदेश का पालन आज बिलकुल नहीं हो रहा था । रोने की आवाज़ से परेशान केशोदास अपने बिस्तर से समय से पहले उठ गए। मन में अजीब-सी बेचैनी होने लगी।
नींद न आने के कारण केशो दास तड़के उठकर गाँव का चक्कर लगाने चले गए। कुछ देर में लौटकर आए तो चेहरे पर उदासी के भाव साफ़ दिखे, जिन्हें बेटी ने पढ़ लिया। पूछने पर उन्होंने बड़े जैलदार साब की हालत गम्भीर होने के बारे में बताया। दोनों बाप-बेटी के मन में जानकी का ख़याल आया। एक बुरी ख़बर के साथ बाक़ी बुरी ख़बरों की कल्पना मन ख़ुद ही कर लेता है। अब क्या होगा इस सवाल ने दोनों को मौन कर दिया।
‘बाबा, जैलदार साब ठीक तो हो जायेंगे ना !’ चंदो ने रसोई जाते हुए केशो दास से पूछा।
‘ठीक हो जायें तो अच्छा है। जानकी को उनकी ज़रूरत है।’ परेशानी के भाव में बोलते हुए केशोदास अपनी चारपाई पर बैठ गए पर कुछ ही देर में वह उठकर बाहर गली तक चले गए। जब वहाँ भी मन ना ठहरा तो लौटकर अपनी चारपाई पर बैठ गए। लगातार वे ऐसा ही करते रहे। मन हुआ कि कोई उनसे कह दे कि जैलदार साब अब ख़तरे से बाहर हैं।
पिता के बाहर जाते ही चंदों ने सिगरेट जला ली। जब भी कोई तनाव उसे दबाने की कोशिश करता तो वह सिगरेट के कश से उसे दबाने की कोशिश करती। जिस पिता से वह छुपकर सिगरेट पीती है, वे बेटी की इस लत को जानते हैं, उनके लिए यह हैरानी की बात नहीं। अपनी दादी-नानी को अक्सर हुक्का, बीड़ी पीते हुए देखा था उन्होंने। अपनी बेटी को टूटकर, ख़ुद को समेटते हुए भी देखा था। जैलदार जी ने इसमें बड़ी मदद की थी और आज वो … ! !
केशो दास बेचैन हो गए और तुरंत बेटी को जानकी के पास जाने के लिए कहा और बोले, ‘अगर जानकी का मन जैलदार जी को देखने का हो तो तुरंत उसे लेकर जम्मू चली जाना।’
चंदों तुरंत जानकी के पास पहुँच गई। जानकी सबकी नज़रों से ख़ुद को बचाती हुई अपने कमरे में बैठी हुई तनाव के धुएं में जलती दिखी। जैसे ही उसने चंदों को देखा तो रुलाई छूट गई। जानकी के हाथ-पैर सुन्न हो गए, कानों में हवा सायं- सायं करने लगी। उसके जीवन का महत्वपूर्ण स्तंभ हिल चुका है। एक चंदों ही है, जो उसके दर्द को समझ सकती है। बाकी सब आवाज़ें तो उसके विरोध में ही उठ रही हैं। सबका कहना है कि ‘जैलदार जी बेटी का दुख सहन ना कर सके।’ यह शब्द जानकी के लिए सहानुभूति कम और कटाक्ष भरे ज्यादा थे।
‘यह समय रोने-धोने का नहीं है।’ गले से लगी जानकी को हौसला देते हुए चंदों ने कहा।
‘मैं नहीं जी पाऊंगी चंदो।’
‘ख़ुद को संभाल जानकी, सब ठीक हो जायेगा।’
‘मन ठहर नहीं रहा। मैं बाऊजी के साथ जाना चाहती थी। आख़िर मेरे कारण ही तो वे…।’
‘कुछ नहीं हुआ है तुम्हारे कारण, तुम ख़ुद को क्यों ज़िम्मेदार ठहरा रही हो।’
‘कालिख तो मेरे हिस्से आई है। काश ! मैं आती ही नहीं इस घर में।’
‘तुम नहीं आती तब भी यही सब होता। यह समय इन बेकार बातों का नहीं है। तुम्हें बाबा से मिलना है तो चलो।’
जानकी बेजान होकर बैठी हुई है। पिता से मिलना चाहती है, पर हिम्मत साथ नहीं दे रही। छुटकी का छोटा-छोटा सामान, दूध की बोतल, कुछ कपड़े और कुछ खाने – पीने की चीजें बैग में डालते हुए चंदों फ़िर बोली, ‘तुम ख़ुद को कब तक ज़िम्मेदार ठहराती रहोगी। तुम ख़ुद अपने साथ न्याय नहीं कर पा रही हो।’
‘मुझसे दुनिया के ताने नहीं सुने जायेंगे।’
‘दुनिया का छोड़ो । कम से कम इस स्थिति में तो हिम्मत से काम लो। अपने लिए ना सही, बड़े जैलदार जी के लिए, अपनी बेटियों के लिए ही सही।’ चंदों के तीखे तेवर को देख जानकी ने अपने आंसू पोंछ लिए और उसके साथ जम्मू के लिए निकल पड़ी।
जैलदार जी की हालत गंभीर थी, रक्तचाप अनियंत्रित। बेसुध हालत में बेटी का नाम बार–बार लेते। दोनों भाइयों से जानकी ने बात की, पर भाइयों ने उखड़े मन से जवाब दिया। क्षेत्र के कुछ और लोग भी अस्पताल पहुँच चुके थे। सबके कहने पर डॉक्टर ने जानकी को पिता से मिलने की अनुमति दे दी।
आईसीयू के भीतर कदम रखते हुए जानकी बुरी तरह से कांपने लगी। जिन्होंने उंगली पकड़कर चलना सिखाया, आज उन्हें इस तरह लाचार देखकर वो ज़ोर से रोना चाहती है, लेकिन वो तय करके आई है कि पिता के सामने अपनी आँखों से आंसू की एक बूँद भी न गिरने देगी। उनको इस समय तसल्ली होनी चाहिए कि उनकी बेटी मज़बूत है। पिता का हाथ जानकी ने अपने हाथों में कसकर ले लिया। । जुबान मौन थी पर संवाद गहरे थे । बेटी की मासूम आँखों में खौफ़ है जिसे एक बाप सिर्फ़ देख ही नहीं रहा है बल्कि महसूस भी कर रहा है I जिनके सहारे लूट जाते हैं उनको अपने क़दमों की आहट से भी डर लगता है और जानकी का तो आख़िरी सहारा भी डगमगा गया था इसलिए डर अनावश्यक नहीं था I समय की गति रुकी, बेटी के मन ने बार – बार कहा यह मिलन आख़िरी न हो I पिता आँखों से सब अच्छा होगा का दिलासा देते रहे I आईसीयू में मौजूद नर्स ने जानकी से बाहर जाने का अनुरोध किया और रुका समय गतिमान हो गया । वह खड़ी हो गई, जाते हुए उसने पिता का हाथ अपने दोनों हाथों से कसकर पकड़ लिया जिसकी पकड़ को जैलदार जी ने महसूस किया और धीरे-धीरे पकड़ ढीली हो गयी । आँखों से न चाहते हुए भी एक धार बह गयी I सामान्य चेहरा पीला पड़ गया, कुछ खो जाने के डर के साथ जानकी बाहर आई तो बहते वेग को रोक नहीं पाई। चंदों को समझ नहीं आया कि क्या बोल कर उसे हौसला दे। दर्द भरी स्थिति में शब्द, दिलासे, हिम्मत अपाहिज हो जाते हैं ।
सच मुँह खोलकर सबके सामने खड़ा है। सब लोगों ने स्वीकार कर लिया, पर एक बेटी से स्वीकार नहीं हो रहा है। उसका मन कह रहा है कि कोई करिश्मा होगा और उसके पिता बिलकुल ठीक हो जाएंगे, पर कोई करिश्मा न हुआ, शाम होते-होते बड़े जैलदार साब की ज़िंदगी का सूरज भी ढल गया।
जानकी मृत पिता को देखकर, कभी पति को याद करके रोती तो कभी पति को याद करती हुई, पिता को देख रोती। दुखों के भी संगठन होते हैं, जब आते हैं तो एक साथ आते हैं और झिंझोड़ कर रख देते हैं और यह संगठन जानकी के विरोध में उतरा था I जिनका सामना जानकी कर नहीं पा रही थी I कोई कितना ही दुखी क्यों न हो ले, लेकिन जाने वाले नहीं आते। जैलदार जी अब लौटकर नहीं आएंगे। उनका जाना, महज उनका जाना नहीं है, एक पीढ़ी का जाना है, एक ऐसी पीढ़ी का जिसने इस इलाके में अपना रूतबा बनाकर रखा था, रहमदिली दिखाते हुए अपनी पहचान बरकरार रखी थी । सारी पहचान और रहमदिली भी उनके ही साथ चली गई, ये सब जानते हैं, केशो दास भी और चंदों भी।
दूसरे दिन सुबह लोगों की भारी भीड़ में दाह संस्कार किया गया। बड़ी जैलदारनी अपने आप में अकेली हो गईं। जैलदार जी थे तो वह भी बेपरवाह थी अब परवाह अकेलेपन की शक्ल में उनके इर्द-गिर्द पसर गई। वैसे तो रस्म तेरह दिन करने की थी, पर बेटों ने जैलदार जी की चौथे पर रस्म पगड़ी रख ली। दिन होने के बाद दोनों भाई ज़मीन का बंटवारा कर अपना-अपना हक़ जल्दी से अपने नाम करवाना चाहते थे। चार दिन तो जानकी माँ के साथ रही पर जैसे ही रस्म पगड़ी हुई तो भाइयों ने पिता की मौत की ज़िम्मेदार उसे ठहरा दिया। बड़ी जैलदारनी बेटी के पक्ष में चाहते हुए भी कुछ न कह सकी। जानकी को जहाँ भी भाइयों ने हस्ताक्षर करने के लिए कहा उसने कर दिए। जो भी ज़मीन जायदाद थी, उस पर कानूनी तौर पर तीनों भाई-बहन का बराबर का हक़ था, पर जज़्बाती इंसान ज़ुबानी आरोप से ही हार जाता है।
‘चंदो, जानकी को इसके ससुराल छोड़ आना।’ सफ़ाई करती हुई चंदों के कानों में बड़ी जैलदारनी की मुरझाई आवाज़ ने दस्तक दी।
‘इसे ? किसे जैलदारनी जी ?’ चंदों ने हैरानी से पूछा।
‘जानकी को ? आपको पता है जैलदार जी उस दिन हमारे घर पर रहे थे और वह हमेशा के लिए जानकी को ले आना चाहते थे।’ चंदों ने तनते हुए कहा। आवाज़ कठोर थी, जिस पर जैलदारनी की आवाज़ ठहर नहीं पा रही थी।
‘अब कहाँ रहेगी जानकी।’ जैलदारनी ने आँखें साफ़ करते हुए पूछा।
‘इस घर में और कहाँ पर।’
‘इसको बाऊजी बहुत कुछ देकर गए हैं चंदो। यह अपना अलग से रहन-बसर कर सकती है।’ विराट की आवाज़ से जैलदारनी अवाक रह गई, पर चंदों को अनुमान था कि ऐसा ही होगा। उसके चेहरा कठोर होता गया, जितनी कठोर वह होती गई, उतनी ही मज़बूती से उसने जानकी का हाथ थाम लिया।
‘आपको भी तो जैलदार जी बहुत कुछ देकर गए हैं, जिसके मुक़ाबले जानकी को बहुत कम मिला है।’
‘तुम कब से इस घर की पटवारी हो गयी ? घर के काम करने वाली खुद को घर की मालकिन समझने लगी है I’ विराट ने गुस्से से तिलमिलाते हुए चंदों को धक्का दे दिया जिससे वह बरामदे से नीचे गिर गयी और माथे से खून निकल आया I ज़मीन – जायदाद के झगड़े हों और खून न निकले यह कैसे हो सकता है I बड़ी जैलदारनी को चंदों की निभाई गयी सब जिम्मेदारियां याद आ गयी और उसने अपने बेटे को पकड़ लिया पर सम्राट अपने वश से बाहर है वह चंदों की विद्रोही जुबान को काटना चाहता है I चंदों ने आग के लावे को ज्वाला बनते देख अपने तिरस्कार को अनदेखा करना ही सही समझा I जानकी चंदों …. चंदों कहती हुई उसके माथे से टपकते लहू को पोंछने लगी I ‘तुम जाना चाहती हो अपनी ससुराल I’ चंदों ने निडरता से जानकी से पूछा I जानकी इस समय इतना तो समझ ही गई थी कि अगर आज वह चुप रही तो इस चुप्पी की सजा उम्रभर भी मिल सकती है I उसकी सोचने समझने की क्षमता ने जीवन के अंधकार को महसूस किया तो झट से बोल पड़ी I
‘कुछ हो न हो पर मैं सम्मान के साथ जीना चाहती हूँ I मैं कुछ दिन तुम्हारे साथ रहूँगी I’ दोनों भाइयों को बहन से बड़ा अब कोई दुश्मन नहीं दिख रहा था I मानों दोनों के पैरों तले से ज़मीन ख़िसक गयी I ‘तू कौन होती है इस घर की बेटी को पनाह देने वाली ? जा जाकर अपना चूल्हा चौंका संभाल I’ विराट ने चिल्लाते हुए कहा I
‘जानकी इसकी शह में मत आ I दूसरों पर निर्वाह करने वाले लोग, तेरा साथ क्या देंगे ? कम से कम तू तो सयानी बन I’ बड़ी जैलदारनी ने छाती पीटते हुए कहा I दोनों बेटे माँ को उलाहने देने लगे और माँ की आवाज़ बेटी को आगे बढ़ने से रोकने लगी पर जानकी ने समाज के मापदंड की जंजीर की पहली कड़ी को तोडना चुना जिसमें वह वर्षों से गुलाम थी और आज़ादी का क़दम चंदों की ओर बढ़ा दिया जो समय अनुसार उसे उचित लगा जबकि इस क़दम के साथ कई सामाजिक चुनौतियां भी थीं I सम्राट और विराट की आवाज़ में बिजली थी जो जान लेने पर आतुर थी I धक्का तो उन्होंने चंदों को दिया था पर जानकी का उसके साथ जाना दोनों भाइयों को ऐसे लगा जैसे चंदों ने उस धक्के के बदले ज़ोरदार तमाचा उनके मुंह पर जड़ दिया हो I जानकी ने एक महीने में जीवन का वो रंग देखा था जो सब रंगों पर भारी था। वह चंदों के घर आ गई। एक ऊँची जाति की बेटी अपने गुजर– बसर के लिए ऐसे द्वार पर आ गई जिसकी किसी ने कल्पना भी नहीं की थी । पूरे इलाके में यह घटना अपने आप में अजीबोगरीब थी, जो आग की तरह फ़ैल गई। चंदों को किसी बात की परवाह नहीं थी, परवाह थी तो बस उस भरोसे को कायम रखने की, जो बड़े जैलदारजी ने उस पर किया था।
समाज के बनाए अपने मतभेद थे जिनसे चंदों कट चुकी थी और बेघर जानकी इस भेद को काटने की जद्दोजहद में थी I समाज के बनाएं नियमों के विरुद्ध जाना सदा किसी एवरेस्ट की चोटी को पार करने जैसा रहा है और इसी चोटी को लांघने की हिम्मत अब जानकी ने की थी I