18.
जो पब्लिक स्कूल संस्थाओं द्वारा संचालित होते हैं, उनकी प्रबंध समिति के पास खूब पैसा होता है और वे फीस भी अधिक लेते हैं। इन स्कूलों में आम आदमी अपने बच्चों को नहीं पढ़ा सकता। ऐसे लोगों की इच्छा की पूर्ति के लिए कुछ अमीर लोगों ने व्यक्तिगत पब्लिक स्कूल भी छोटे-मोटे स्तर पर खोल रखे हैं, जिनमें अंग्रेजी माध्यम से ही शिक्षा दी जाती है। ऐसे स्कूल कुकुरमुत्ते की तरह खुलते ही जा रहे हैं। हर गली और मुहल्ले में ऐसे अनेक स्कूल होते हैं। मेहरा आँटी ने भी इसी उद्देश्य से झुग्गी-झोंपड़ियों के समीप एक ऐसा ही स्कूल खोला था। वे जानती थीं कि उनमें रहने वाले बच्चों के लिए आसपास कोई स्कूल नहीं है। थोड़ी ही दूर पर नगर-निगम का जो स्कूल है भी, उसमें एक-एक कक्षा में साठ-सत्तर बच्चे भेड़-बकरियों की तरह ठुसे रहते हैं। इतने बच्चों को न तो एक अध्यापक अच्छी तरह पढ़ा सकता है और न ही व्यक्तिगत रूप से बच्चों की ओर ध्यान दिया ज सकता है। वैसे भी इन स्कूलों में पाँच वर्ष की आयु के बच्चों को ही दाखिला मिलता है। उससे पहले ये बच्चे अपने माँ-बाप के काम पर चले जाने के बाद यों ही गलियों में आवारा घूमते रहते हैं। किन्तु पब्लिक स्कूलों में तीन वर्ष की आयु में ही बच्चों को दाखिल कराया जा सकता है। जबकि सरकार की ओर से भी पाँच वर्ष से कम आयु के बच्चे को स्कूल में दाखिला देने पर प्रतिबन्ध लगाया जा रहा है।
मेहरा आंटी के स्कूल का नाम है- आस्था पब्लिक स्कूल। उनके स्कूल का यह नाम भी नरेन अंकल ने ही सुझाया था। आस्था अर्थात् विश्वास। वही विश्वास जो माता-पिता अपने बच्चे को स्कूल भेजते समय करते हैं कि उनका बच्चा पढ़-लिखकर योग्य बनेगा और नौकरी के साथ-साथ एक अच्छा इंसान भी बनेगा। बाद में नरेन अंकल की प्रेरणा से मम्मी ने भी इसी विश्वास को पूरा किया और निभाया। शिक्षा तो हर संस्था देती है जो इसी उद्देश्य से खोली भी जाती है, लेकिन सही मायने में इंसान बनाना अलग बात है। मम्मी ने अपना शेष जीवन उन गरीब बच्चों के जीवन को आदर्श बनाने के लिए समर्पित कर दिया था। स्कूल खोलने में नरेन अंकल ने पूरा सहयोग दिया था। उसी में व्यस्त रहने के कारण वे हमारे घर कम ही आ पाते थे। मैं ही मामी के पास चली जाती थी। जब अंकल अकेले होते थे तो अपने बारे में कुछ अधिक ही सचेत रहते थे। लेकिन मामी के आ जाने से वे लापरवाह होते जा रहे थे। अपना भी ध्यान नहीं रख पाते थे। सारा सामान बिखरा बिखरा होता। वृद्ध होने के कारण मामी बेचारी इतना काम नहीं कर पाती थीं। मैं जब भी अंकल के घर जाती, अंकल की पुस्तकें और सारा सामान व्यवस्थित करके आती। अंकल और हमारे घर के बीच में एक पार्क था। अंकल का घर ज़्यादा दूर न होने पर भी मम्मी मुझे सन्ध्या समय घर से बाहर नहीं जाने देती थी। उस दिन मैं गई तो सन्ध्या से पहले ही थी, लेकिन मामी ने आग्रह किया था कि वे अंकल के लिए कोई विशेष बंगाली डिश बना रही है, मैं उसे खाकर ही जाऊँ। अभी मैं खा ही रही थी कि अंकल आ गए। वे आज कई दिन के बाद मिल रहे थे, उनसे बातें करते-करते समय का ध्यान ही नहीं रहा। और यह भी कि बाहर अन्धेरा घना हो गया है।
घर पहुँचकर मैंने मम्मी को परेशान पाया। वे मेरी इंतज़ार में आँगन में ही खड़ी थीं। मुझे देखते ही बोलीं- “तुमने बहुत देर कर दी मुक्ता, देखो तो तुम्हारे पापा आए हैं। मैं देर से आने का डर और मम्मी की परेशानी सब भूल गई। लपककर अन्दर जाने को हुई तो मुझे पापा के साथ किसी और की भी आवाज़ सुनाई दी। यह कनु थी। मेरा सारा उत्साह ठंडा पड़ गया। वर्ष भर पहले भोगी अपमान की अनुभूति एकदम उभर आई। यह यहाँ क्या करने आई है? वह भी मेरे पापा के साथ। हम लोगों के बीच वह रह पाएगी। मुझे याद आया कि कनु ने मुझे बहुत अपमानित किया था। आज वह हमारे घर आई थी. मैं भी अपने अपमान का बदला ले सकती थी। लेकिन तभी मुझे अंकल की बात याद आ गई। उन्होंने बताया था कि यह जरूरी नहीं मुक्ता कि यदि हमारा कोई अपमान करता है तो अवसर देखकर हम भी उसको अपमानित करके बदला लें। हमारा व्यवहार उसके प्रति ऐसा होना चाहिए कि वह स्वयं ही अपने किए पर लज्जित हो जाए। यदि कोई व्यक्ति गलत काम करता है और हम भी वैसा ही करें तो उसमें और हममें अन्तर ही क्या रह जाएगा। तब तो हम भी उतने ही दोषी हो जायेंगे, जितना वह होता है। ऐसी स्थिति में सुधार की गुंजाइश नहीं रह जाती। अंकल की इस बात को याद करते ही कनु के पास पहुँचते-पहुँचते मैं बदल चुकी थी। मैंने निश्चय किया कि मैं उसे एहसास दिलाऊँगी, आहत करूंगी, लेकिन अपमानित करके नहीं, अपितु अपने व्यवहार से। पापा को भी यह दिखा दूँगी कि मैं उतनी बुरी लड़की नहीं, जितना वे समझते हैं। उनकी कनु से मैं लाख दरजे अच्छी हूँ, जिसके पास वे रहते हैं और जिसे वे अपने साथ लेकर आए हैं। मैंने अन्दर पहुँचकर पापा से नमस्ते की, कनू को हैलो बोला। मैंने देखा कि आज उसमें उतनी अकड़ नहीं थी। शायद तब वह उसका घर था और आज यह मेरा घर था। मैं आज ऊपर उठना चाहती थी। स्वयं को श्रेष्ठ सिद्ध करने का मैंने निर्णय ले लिया था। हालाँकि पापा ने मेरे बारे में कुछ नहीं पूछा, मैंने ही अपना रिज़ल्ट कार्ड उनके सामने रख दिया और बोला “देखिए पापा, इस बार मैं अपनी कक्षा में प्रथम आई हूँ।” मैं यह जानती थी कि पापा को मेरे पास-फेल या प्रथम आने से कोई प्रयोजन नहीं था, मैं तो कनु को यह दिखाना चाहती थी कि मैं उससे कम नहीं हूँ। उसका व्यंग्य बाण आज भी मेरे सीने को भेद रहा था, जब उसने कहा था- ‘तुम्हें पढ़ना आता है?’ मैं आज उसे दिखाना चाहती थी कि मुझे तुम्हारी घटिया पुस्तकें नहीं, प्रेमचन्द, गोर्की, टैगोर और टालस्टाय भी पढ़ना आता है, जिनके उसने नाम भी नहीं सुन रखे होंगे।
पापा ने मेरे रिज़ल्ट-कार्ड पर एक सरसरी दृष्टि डाली और फिर एक ओर रख दिया। न कोई शाबाशी, न कोई प्रोत्साहन। मैंने उस दिन बुरा नहीं माना। वस्तुतः मैं पापा से ऐसे शब्द सुनने की केवल कामना ही कर सकती थी, जो उनसे यह सुन नहीं पाती थी। आज तो मुझे केवल कनु को यह सब दिखाना था। पापा ने मुझसे पूछा था “तुम इतनी देर से कहाँ थी, कनु कब से तुम्हारा इन्तज़ार कर रही है।” मेरे मन में आया कि पापा से पूछें कि कनु को मेरी प्रतीक्षा है, आपको नहीं (हालाँकि इस बात में भी ढोंग था कि कनु को मेरी प्रतीक्षा थी), लेकिन मैंने बड़े संयत स्वर में उत्तर दिया- “मैं अंकल के घर गई थी। आपके और कनु के आने की कोई सूचना ही नहीं थी।” ऐसा कहते हुए न मैंने झूठ बोला और न ही डरी। भला कब तक हम उनसे अंकल को छुपाते रहेंगे। कभी-न-कभी तो पता चलेगा ही। क्यों न पापा को मुझसे ही अंकल के बारे में पता चले। फिर इसमें छिपाने की बात ही क्या है, अंकल ने हमसे कुछ लिया तो नहीं, दिया ही है, वे हमारे हितैषी हैं, शत्रु तो नहीं। पापा ने उस समय तो कनु के सामने कुछ कहा नहीं, लेकिन मैंने उनके चेहरे पर आते-जाते भावों को देख लिया था।
अंकल के घर की तुलना में हमारा घर बहुत छोटा था. इसीलिए शायद कनु को यहाँ रहने में तकलीफ हो रही थी। हमारे यहाँ आधुनिक और भौतिक सुख-सुविधाओं का प्रायः अभाव था। फिर भी पापा उसकी छोटी छोटी जरूरतों का बहुत ध्यान रख रहे थे। खाने के लिए मम्मी से उन्होंने विशेष रूप से बनाने को कहा था। लेकिन पापा और कनु को क्या मालूम कि मम्मी कितना स्वादिष्ट खाना बनाती है।
रात को सोते समय मुझे तो पढ़ने की आदत है ही। मैंने कनु को भी गोर्की की ‘माँ’ देते कहा “पढ़ोगी, बहुत अच्छी किताब है।” मुझे याद आया कि जब मैंने उसकी किताब उठाई थी तो उसने हँगामा खड़ा कर दिया था।
“नहीं, मैं इतनी बड़ी पुस्तकें नहीं पढ़ती।” कनु ने कहा था। “हाँ, पढ़ने में थोड़ी कठिनाई तो होती है, लेकिन मैंने यह पढ़ रखी है। अंकल के पास और भी बहुत सारी पुस्तकें हैं। अबकी छुट्टियाँ में मैं सब पढ़ लूँगी। तुम साथ ले जाना चाहो तो पसन्द कर लेना, मैं अंकल से कह दूँगी।” दरअसल मैं अंकल का जानबूझकर बार-बार जिक्र कर रही थी। वह क्या समझती है कि अगर पापा हमारी परवाह नहीं करते तो क्या हम जी नहीं पाएँगे। हमारे अपने और भी हैं।
क्रमशः
सुदर्शन रत्नाकर