बात एक रात की
**************
भाग पच्चीस
***********
हेमन्त तो चला गया , पर अपने पीछे अपना एक असर छोड़ गया,आज पहली बार विजया को हेमन्त के लिए एक
दिल से अफ़सोस महसूस हुआ, इतनी दिक्कत में भी उसका बेपरवाही से भरा, जो अब होना है हो, वाला एटिट्यूड उसे आज कहीं गहरे तक छू गया।
क्या सचमुच कोई किसी व्यक्ति को इतना चाह सकता है कि उसके लिए किसी भी हद तक जाने को तैयार हो जाए , वह भी इस हद तक कि उसे अपनी जान तक की भी परवाह
न रहे और यह जानते हुए कि अब उस शख्स से मिलने की कोई संभावना ही नहीं है,शायद उसकी इसी पीड़ा का अनुभव उसके दूसरे दोस्तों ने भी दिल से किया है, जिन्होंने पुलिस के अनुसार उसकी इस काम में उस दिन मदद की थी, पुलिस का ध्यान भटकाने के लिए, जिससे वो साफ बच कर निकल जाए, अनायास विजया को हेमन्त की कही एक एक बात फिर से याद आने लगी ।
वह शायद अब तक उसको ले कर गलत ही सोचती रही है कि वह उसे किसी जाल वाल में फंसा रहा है, उसे तो खुद ही नहीं पता होगा कि उसकी यह आजाद जिन्दगी अब और कितनी दिन तक के लिए बची है,किसी भी दिन पोलिस उस तक पहुंच सकती है,मगर यह समझ में नहीं आ रहा कि इस सबके बावजूद वो अब भागने की कोशिश क्यों नहीं कर रहा है, उसे तो अब तक अपनी नौकरी छोड़ छाड़ कर , अपने गांव वापस चले जाना चाहिए,मगर उसने तो खुद को जैसे
एक बेपतवार नाव की तरह खुद को भाग्य की प्रचंड लहरों
के हवाले छोड़ दिया है।
यह सोचते सोचते विजया के मन में एक अजीबो गरीब ख्याल आया, कहीं ऐसा तो नहीं वो विजय घाट्गे की तरह अब हेमन्त रेप केस के दूसरे दोषियों की हत्या की भी योजना बना रहा है।यह बात मन में आते ही विजया मन ही
मन कांप गयी ,नहीं ,उसे यह तो बिल्कुल नहीं करना चाहिए। किस्मत हर बार उस पर मेहरबान नहीं हो सकती , हर रात बिजली फेल नहीं हो सकती,अगर वो ऐसा कुछ करने की
सोच रहा है तो यह तो,सरासर आत्महत्या करने जैसा होगा, मगर वो ऐसा करता भी है तो वो इस में कर ही क्या सकती
है, हे भगवान् ,इस आदमी को कुछ सद्बुद्धि दे,बाज आए वो अपनी ऐसी किसी भी बेवकूफी से।
प्यार सच में एक अजीब शै है , कब आपका दिल आप
को ही दगा दे कर किसी दूसरे के हक में सोचने लगे और इस बात की हवा खुद आपको ही न चले, ऐसा ही होता है, एक दिन पहले तक हेमन्त से नफ़रत करने वाली विजया आज
खुद उसकी मंगल कामना करने बैठी है ,एक वान्टेड हत्यारे
की मंगल कामना,सच कहते हैं लोग, प्यार किनारे पर खड़े
रहने वाले लोगों का काम नहीं है,प्यार मझधार में आंख बंद
कर के कूद जाने वालों का दूसरा नाम है।
हेमन्त जब विजया के फ्लैट से निकल रहा था, तो मिसेज पटवर्धन ने देख लिया था उसे।अगर कोई और फ्लैट होता तो मिसेज पटवर्धन बिल्कुल भी नहीं चौंकती, उन्हें न
ही कोई परवाह होती, पर अभी उन्हें बहुत अचरज हुआ, यह तो सच में कुछ सोचने जैसा है, विजू के पास तो अरसे दराज
से गिने चुने लोगों के अलावा कोई आता ही नहीं या तो उसकी सहेली मानसी ,या कभी कभार कोल्हापुरवाली उसकी मावशी, यह एक लंबा चौड़ा सा लड़का कहां से आ गया,शायद उसके स्कूल का ही कोई टीचर होगा , शायद ऐसा ही है , भगवान
करे कोई जल्दी से मिल जाए इस लड़की को,कितने दिनों से एक भूत की तरह फिरती है,जंगल जैसे इस शहर में, एकदम अकेली।
सीनियर इन्सिपेक्टर माचवे को एक बार फिर बुला भेजा था , ए.सी.पी. मनोहर जोशी ने अपने ऑफिस में , पूरी जान कारी दी थी उन्होंने ,गृहमंत्री जी के दिमाग में क्या चल रहा है यह भी… “सर , मुझसे मत पूछिए ,आप तो मुझे बस आदेश कीजिए, बात बस अब उस आदमी को ढूंढने भर की है, और सारी चीजें पता लग गयी हैं महिमा को मालूम है,कौन है वो आदमी, अभी तक मैंने उस पर किसी भी तरह का कोई दबाव नहीं डाला है ,एक सीधी सादी घरेलू लड़की है महिमा , घर में उसकी सास है , हस्बैंड हैं ,दोनों ही नौकरी करते हैं ,दिन भर बाहर रहते हैं,सोचता हूं, अगर उन दोनों से मैं बात करता हूं, समझाता हूं उन लगों को कितना सीरियस मुआमला है यह,
उन्हें बताऊंगा कि जान खतरे में है महिमा की भी, इस तरह बोल कर जरा डराऊंगा तो शायद सच भी तुरंत ही बाहर आ जायेगा, पर सर , अन्याय तो बहुत हुआ है ,महिमा के साथ भी ,उसकी सहेली मान्या के साथ भी, उसे तो जान से ही
हाथ धोने पड़े हैं अपने, और वो जो कोई भी है ,उस लड़के
के साथ भी बहुत बुरा हुआ है, बाकी तीनो भी पकड़े जाने चाहिए ,वो हत्यारा भी गिरफ्त में होना चाहिए हमारी, और पर्दाफाश तो इन भूतपूर्व मंत्री महोदय का भी होना चाहिए
और आप अगर ऐसा चाहते हैं तो यह जरूर होगा।एक बार
हम हत्यारे को सामने ले आएं, बाकी तो सब कुछ फिर अपने आप हो जायेगा, सारी स्थिति आपके सामने हैं,अब आप ही देख लीजिए, क्या करना उचित रहेगा वैसे मैं बस आप को इतना कह सकता हूं,हम अगर इस केस को यहीं पर छोड़ भी दें ,तो महिमा और वो हत्यारा तो वैसे भी खतरे में ही रहने
वाले हैं , हम छोड़ेगें तो वो लोग उन्हें मारे देंगे , शायद आज
नहीं पर आगे कभी , उनका बचा रहना भी तो उनके लिए
एक खतरा ही रहेगा, हत्यारा अगर विजय घाट्गे को जान से मार सकता है , तो उन बाकी तीनो को क्यूं नहीं, आप सब अच्छे से सोच लीजिए, फिर कहिए कुछ मुझसे….”
मनोहर जोशी ने माचवे की हर बात सुनी,उसका कहा एक एक शब्द सच था , क्या कहें वो जवाब में सूझ नहीं रहा था,आखिरकार सोच कर बोले…” ठीक है ,माचवे, मैं देखता
हूं, तुम पहले उस हत्यारे का पता लगाओ मगर बहुत प्यार से,जो भी हम करेंगे,उसमें हम किसी निर्दोष को परेशान नहीं होने देंगे, मैं संभालता हूं इधर , तुम यह काम निपटाओ पर ध्यान रहे, ऐसे करो कि जो भी हो ,वो फिलहाल हमीं तक रहे,ठीक है..”
” यस सर….” माचवे ने अपने सीनियर को सैल्यूट बजाया ,और मनोहर जोशी के ऑफिस से बाहर हो गया।
*********************
(शेष आगे….)
अजय कुमार