राघवेंद्र सैनी का उपन्यास ‘भलोल ‘ भाग -56

भलोल

भाग -56

मैं क्वार्टर पर आया तो राजी किचन सेट कर चुकी थी। पूछा, “रिजर्वेशन हो गई?”

“हाँ, हो गई।”

“बहुत जल्दी हो गई?”

“एम.सी.ओ. में अफसर के लिए लाइन नहीं लगती।”

“कब की हुई है?”

“अगले महीने की 10 तारीख की।”

“ठीक है, आप कार कब लेकर देंगे?”

“स्टेशन से आती बार में जिला सैनिक बोर्ड गया था। 3 लाख 52 हजार की कार है। मारूती फुल्ली आटो कार, रंग मैंने ‘वाइट’ कहा है। कल शोरूम में जाकर कार ले आएँगे।”

“इतनी जल्दी?”

“अब तुम अफसर की वाइफ हो, किसी जवान की नहीं। जिला सैनिक बोर्ड में फार्म भरना है, वहीं बैंक है, लोन मिल जाएगा। वहीं से शोरूम को पैसा ट्रांसफर कर देना है। परचेज आर्डर तुरंत मिल जाएगा। शाम को जाकर कार ले आएँगे।”

“यह अच्छा है, मैं आपके होते चलाना भी सीख लूँगी।”

“अब प्यार भी कार वाली का मिलेगा।”

“आपको न बस, प्यार की लगी रहती है।”

“क्यों न हो?”

“मैडम, यह सामान कहाँ रखना है?” मजदूर ने आकर कहा।

“सारे कपड़े हैंगर में टांग दिए?”

“जी, मैडम।”

“चल, मैं आती हूँ।”

मैं भी उसके पीछे गया।

“पहले कमीजें टाँग दो, फिर पैंटें।”

“सारा सामान सेट हो गया?”, मैंने पूछा।

“हाँ, हो गया, बस पूरा क्वार्टर धोकर पोचा लगवाना बाकी है। एक डेली बरतन-पोचे वाली चाहिए।”

“मैंने गेट पर नोट करवा दिया है। यहाँ ऐसे ही कोई कामवाली नहीं आ सकती। पुलिस वेरीफिकेशन होती है और स्टेशन हेडक्वार्टर उसका एंट्री पास बनाता है।”

“अच्छा, ऐसे होता है?”

“पूरा सिक्योर्ड एरिया है। यहाँ कोई गेस्ट भी आएगा तो पहले तुम से पूछा जाएगा फिर एक गार्ड साथ आएगा। अगर तुम उसे पहचानती होगी तो उसे छोड़ जाएगा, नहीं तो अपने साथ वापिस ले जाएगा।”

“अच्छा. इतनी सख्ती?”

“जी हाँ, यहाँ लेफ्टिनेंट से लेकर ब्रिगेडियर तक की फैमिली रहती हैं। अगर शिकायत हो जाए तो आर्मी हेडक्वार्टर तक हिल जाता है।”

“मैडम, हम रोज के आने वाले हैं। हमें सारे गार्ड पहचानते हैं। अगर किसी रोज हम अपना आई-कार्ड न लाएँ तो हमें अंदर नहीं आने दिया जाता। यही नहीं, मैडम, हमें आती बार भी चेक किया जाता है और जाती बार भी.” मजदूर ने कहा।

“मैडम, हो गया।”

राजी ने देखा, अब अलमारी ठीक से सेट हो गई है। “पूरे क्वार्टर की धुलाई और पोचा, गैराज और सरवेंट रूम भी धोना है।”

एक घंटे में सारा क्वार्टर धोकर पोचा लगा दिया गया। पूरा क्वार्टर चमक गया था। सोफे और डाइनिंग टेबल के जो कवर मिले थे, बिछा दिए गए। मजदूर चले गए तो राजी मेरे पास आई, “मैं नहाने जा रही हूँ। मैंने कुक्कर में चने की दाल रखी है। जैसे ही एक सीटी बजे, उसे सिम पर कर देना।

“जो हुकम, मेरी आका।”

मेरी इस हरकत पर वह मुस्करा कर चली गई थी। मजदूरों को पैसे नहीं रम की दो बोतलें चाहिए थी। ऐसे कामों के लिए मैं अपने साथ 6 बोतलें रम ले आया था।

दूसरे रोज मैं जिला सैनिक बोर्ड जाकर कार के लिए रुपया जमा करवा परचेज-आर्डर ले आया। शाम 6 बजे राजी के साथ जाकर कार लेकर आना था। शोरूम वालों ने यही समय दिया था। मैंने उन्हें जिला सैनिक बोर्ड से ही परचेज-आर्डर फैक्स कर दिया था। शोरूम वालों ने मुझे शाम का टाइम दिया था।

मैं क्वार्टर पर लौट आया। देखा, मम्मी-पापा का इकलौता बेटा-बहू उन्हें लेने आए हुए थे। राजी ने मुझे इशारा किया कि पहले मैं कमरे में उसकी बात सुन लूँ।

कमरे में आकर राजी ने कहा, “मेरी और मम्मी-पापा की राजेश और सोनी से खुलकर बातें हो गई हैं। दोनों ने मम्मी-पापा से माफी भी माँगी है। कहा है कि आगे से उन्हें कोई तकलीफ नहीं होने देंगे। आपने कुछ नहीं कहना है।”

“मेरा कहना बनता भी नहीं है। मैं कपड़े बदलकर उनके पास बैठता हूँ।”

“आप जिस काम गए थे. वह हो गया?”

“हाँ, हो गया। शाम 6 बजे तैयार रहना, दोनों जाकर कार ले आएँगे।”

“चलो, मुबारक हो।”

“ऐसे मुबारक नहीं, तुम्हें पता है, कैसी मुबारक अच्छी होती है। कहते हुए मैं आगे बढ़ा।

“चलो, अब कोटा पूरा हो गया है। राजेश के साथ जाकर बैठें।”

राजी चली गई। मैं कुर्ता-पाजामा पहन कर राजेश के पास आकर बैठ गया। इधर-उधर की बातें होती रहीं।

राजेश ने कहा, “जीजू, आपका क्वार्टर तो बहुत शानदार है और बड़ा है। इसका कुछ किराया लिया जाता है?”

“नहीं, यह सब फ्री होता है। यह फर्नीचर ही नहीं बल्कि बिजली-पानी का भी कोई खर्च नहीं लिया जाता है।”

“अच्छा जी, यह तो बहुत बड़ी सुविधा है। यह सिर्फ अफसरों के लिए है या सभी जवानों के लिए भी है?”

“नहीं, यह सभी के लिए है। हाँ, उनकी कोलोनिज अलग हैं। सुविधाएँ सभी ऐसी ही हैं जैसे यहाँ उपलब्ध हैं। वहाँ भी बच्चों के लिए स्कूल बसें आएँगी। सब्जी और राशन की गाड़ियाँ आएँगी। वहाँ भी एम.आई. रूम है जहाँ 24 घंटे डॉक्टर, दवाइयाँ और एंबूलेंस रहेगी, बस क्वार्टरों के साइज छोटे रहेंगे। जवान के लिए 2 बेड रूम सेट और जूनियर अफसरों के लिए 3 बेड-रूम सेट होते हैं। सिक्योरिटी ऐसे ही रहेगी, जैसे यहाँ है।”

“जीजू, यह तो कमाल की व्यवस्था है। सिर्फ औरतें और बच्चे अकेले रहते हैं।”

“देश की रक्षा करने वाले जवानों के लिए है यह सब। अगर बार्डर पर जाकर वे अपनी फैमिली को लेकर चिंता में रहेंगे तो अपनी ड्यूटी कैसे करेंगे? यहाँ सारे अफसरों के बीवी-बच्चे हैं। यहाँ हर अफसर की बीवी अपने-आप में एक अथर्टी है। अपना ख्याल खुद रख सकती हैं। जवानों की कोलोनिज में ख्याल और भी ज्यादा रखा जाता है।

राजी ने कहा, “चलो, पहले खाना खा लो।”

सभी ने डाइनिंग टेबल पर बैठकर खाना खाया। मम्मी-पापा खुश थे। जाने लगे तो दोनों की आँखें भर आईं। राजी ने कहा, “अब मैं यहीं हूँ. आती-जाती रहूँगी। रोना नहीं, जब भी आने का दिल करे, मुझे फोन करना, मैं आपको आकर ले जाऊँगी। आज शाम कार भी आने वाली है।”

मेरे इंटरकॉम करने से गार्ड ने राजेश की कार को अंदर आने दिया। मम्मी-पापा बैठे और चले गए। राजी थोड़ी देर के लिए निराश हुई, फिर खुश हुई कि वे हमारे घर से खुश गए हैं। उनका असली घर तो अपने पुत्तर के पास ही है।”

“पर राजी, यह भी उनका घर था, घर है। लड़का-लड़की में आजकल फर्क कहाँ होता है?”

“हाँ जी, आपने उनका बहुत ख्याल रखा था।”

“रखता कैसे नहीं, वे मेरी जान के मम्मी-पापा थे। अब हम बिल्कुल फ्री हो गए। किसी का डर नहीं।”

“हाँ, यह तो है।”

मैंने अंदर से क्वार्टर का दरवाजा बंद किया और कमरे में आ गया। राजी ने कहा,” आप रेस्ट करें, मैं किचन का काम निपटा कर आती हूँ।”

मैं कुछ नहीं बोला। चुपचाप पलंग पर लेट गया और जल्दी ही सो गया। मुझे तब पता चला जब राजी ने आकर आलिंगन किया। और फिर हम प्यार में डूब गए। काफी देर डूबे रहे। तृप्त होने के बाद छूटे। दोनों नहाए और शोरूम के लिए तैयार हो गए।

शोरूम से कार लेने में हमें दो घंटे लग गए। इंश्योरेंस का चेक दिया। स्टीरियो और सेंटर लॉक लग कर आया था।

“सीट कवर हम बाहर से डलवाएँगे।” मैंने राजी से कहा।

शोरूम से कार निकाल कर मैंने खड़ी की। राजी से कहा, “राजी, आओ ड्राइविंग सीट पर बैठो।”
“मुझे इसका कुछ पता नहीं है।”

“तुम बैठो तो सही, बहुत आसान है।”

राजी बैठी तो मैंने उसे समझाया, “देखो, तुमने बाएँ पैर का इस्तेमाल बिल्कुल नहीं करना है। यह स्टेयरिंग है, नीचे बायीं तरफ ब्रेक है। दाहिने ऐक्स्लेिटर है। गेयर लीवर में 3 पोजिशन हैं। बीच में न्यूटरल, लीवर आगे करोगी तो ड्राइव, पीछे करोगी तो रिवर्स। बाकी ऐक्स्लेिटर पर पाँव रखते ही कार आगे को चलने लगेगी। आपने सिर्फ स्टेयरिंग और जहाँ जरूरत पड़े ब्रेक का इस्तेमाल करना है। धीरे-धीरे सब आ जाएगा।”

राजी उतरकर फ्रंट सीट आ गई। मैं ड्राइविंग सीट पर आ गया। पेट्रोल पम्प तक जाने के लिए कार में पेट्रोल था। पेट्रोल पम्प से टैंक फुल करवाया। 5 लीटर पेट्रोल शोरूम की तरफ से फ्री थी। उसका पैसा कम करके बाकी पेमेंट कर दी। राजी को मैं साथ-साथ समझाता रहा।

क्वार्टर पर पहुँचा तो राजी ने कहा, “आप बैठें, मैं चाय बना कर लाती हूँ फिर मंदिर जाएँगे। कार की पूजा कराएँगे। ‘भरावां दा ढाबा’ से खाना खाएँगे और क्वार्टर पर लौट आएँगे। ‘शिवाला भाइयाँ’ यहाँ से दूर है?”

“नहीं, ज्यादा दूर नहीं है। बाहर निकल कर सीधी सड़क वहीं जाएगी। तुम्हें पता चल जाएगा।”

चाय पी और मंदिर के लिए निकल पड़े। कंपनी बाग और श्री रामआश्रम स्कूल होते हुए हम जल्दी ही शिवाले पहुँच गए। वहाँ का पंडित राजी का जानकार था। शादी से पहले वह हर सोमवार यहाँ आया करती थी। पंडित जी ने शानदार पूजा की। वहाँ से हम ‘भरावां दा ढाबा’ आए। राजी को यहाँ की दाल मक्खनी बहुत पसंद थी। सारा खाना देसी घी में बनता है।

खाना खाया और 9 बजे क्वार्टर पर आ गए। कार को गैराज में पार्क करके ताला लगा दिया। राजी ने कहा, “इतना घूम कर आए हैं, नहाना तो बनता है। ऐसा है, पहले आप नहा लें फिर मैं नहाने जाऊँगी। तब तक मैं दूध गर्म कर लेती हूँ।”

“ठीक है।”

मैं नहाकर निकला तो राजी नहाने गई। नहाने में काफी देर लगाई। बाहर निकली तो उसने सफेद रंग की मिन्नी मैक्सी पहनी थी। शायद शिफान की थी। हमेशा की तरह खूबसूरत लग रही थी। उसका बदन खुशबुएँ बिखेर रहा था। मैंने उससे पूछा भी था कि तुम बदन पर क्या लगाती हो कि पूरा कमरा महक उठता है। वह केवल मुस्कराती रही थी। फिर कहा था, “यह मेरा सिक्रेट है।”

मन में एक प्रश्न था बल्कि यह प्रश्न हमेशा दिमाग में घूमता रहा है. ‘सबकी पत्नियाँ अपने पतियों के समक्ष इस तरह के कपड़े पहन कर जाती होंगी? अगर किसी के देखने का डर नहीं है तो भी इस तरह की ड्रेस अपने बेडरूम के लिए चुनती होंगी?’ मन की शंका को दूर करने के लिए मैंने यह प्रश्न राजी से किया था जब वह अपने और मेरे लिए दूध लेकर आई थी।

राजी ने कहा, “यह सब परिस्थितियों पर निर्भर करता है। अगर कोई पति-पत्नी हमारी तरह अकेले हैं तो पत्नी को ऐसे ही कपड़े पहनने चाहिए। हमारे साथ मम्मी-पापा थे! मैं तब ऐसे कपड़े पहनती थी, जब वे अपने कमरे का दरवाजा बंद करके सो जाते थे। कइयों के बच्चे साथ हैं और बड़े भी हैं. उनके लिए मुश्किल होती है। कइयों के बच्चे छोटे होते हैं, उन्हें इग्नोर नहीं किया जा सकता। फिर भी वेलफेयर सेंटर की डॉ. घोष कहती थी कि पत्नी को अपने पति से प्यार करने के लिए रोज इसी तरह टाइम निकालना चाहिए और ऐसे ही कपड़े पहनकर पति के पास जाना चाहिए।”

“अच्छा, यह तो बहुत अच्छी बात समझाई जाती है,” मैंने प्यार से उसकी आँखों में देखते हुए कहा।

“एक बात है, राजी जो, मेरी समझ में आ रही है। पति-पत्नी के जीवन का आधार तो यह प्यार ही है। हम शादियाँ ही इसी प्यार के लिए करते हैं।” “हाँ जी, यह सही है लेकिन वंश बढ़ाने के लिए भी शादियाँ करते

हैं।” “हाँ, प्यार करेंगे तो वंश भी बढ़ेगा। नारी की पूर्णता इसी में है कि वह संतान पैदा करे लेकिन यह प्यार के बिना संभव नहीं है।”

दूध पीकर हम सो गए।

सुबह 5 बजे मैं वाशरूम गया और आकर सो गया। जाने कब तक सोता रहा। राजी मेरी बाँहों से कब निकली, पता नहीं चला। सुबह 8 बजे मुझे बेड-टी के लिए जगाया।

क्रमशः

राघवेंद्र सैनी

WhatsApp Image 2026-06-14 at 20.06.06 — Vcare Language Academy

Author

Leave a Comment