पारुल अग्रवाल मित्तल का उपन्यास ‘कहानी एक रात की ‘ भाग-19

कहानी एक रात की
भाग 19

” शिखा तुम कही मत जाना अब, मै बहुत अकेला हूं….. सुन रही हो ना तुम…. तुम… अब….
अचानक विद्या को एहसास हुआ कि ये एक भ्र्म है, हो सकता है सुबह अनुज बाबू को कुछ याद ना रहे, और याद रहे भी तो क्या…. वो अपनी पत्नी को याद कर रहा है जैसे गिरीश करता था। विद्या उसके लिए केवल स्टॉफ है….. अनुज के मन में जो भी भावनाएं है वो अपनी पत्नी के लिए है और ये नशे की हालत में उसे शिखा समझ रहा है..  फिर कहाँ अनुज और कहाँ विद्या? उसे किसी दुष्यंत की शकुंतला नहीं बनना था। मन में ये भाव आते ही विद्या एक झटके से दूर हो गई। अनुज अभी भी उसे पास आने के लिए कह रहा था। इससे पहले वो विद्या को फिर से आपने अंक में भरता विद्या विद्युत गति से कमरे से बाहर आ गई। भागती भागती वो अपने क्वार्टर गई। राजवीर सो रहा था।
बाथरूम में उसने टंकी चलाई और बैठ गई…. वो इस सबके लिए खुद को दोषी मान रही थी… उसे लगा उसने धोखा किया है अनुज से भी और खुद से भी। उसे बहकना नहीं चाहिए था।उसके आंसुओ का वजन उसे बहुत भारी लग रहा था….. विद्या को लगा कि अब यहाँ रहना उचित नहीं। क्यों उसने पहले ही अपनी भावनाओं पर विराम नहीं लगाया? वो रोती रही शायद पूरी रात….. पूरी रात उसने खुद को सज़ा दी।विद्या को खुद पर शर्म आ रही थी…. कैसे नजरें मिला पाएगी वो अनुज से कल।
अगले दिन वो बंगले में नहीं गई। राकेश पूछने आया तो राजवीर ने बताया… माँ को बुखार है….
उधर नताशा ने रो रोकर बुरा हाल कर लिया था। उसे विद्या ही चाहिए थी। आखिर अनुज नताशा को विद्या के पास लेकर आया। राजवीर उसके सिर पर पट्टी रख रहा था।
” विद्या जी, कैसी है आप? ये बिन मौसम बुखार कैसे आया आपको…. अनुज ने मुस्कराते हुए कहा।
लेकिन विद्या ने कोई जवाब नहीं दिया। उसने विद्या का हाथ छू कर देखा तो तेज़ बुखार था। अनुज ने तुरंत डॉक्टर को बुलवाया।
” अनुज, इन्हे बहुत तेज़ बुखार है, या तो इन्हे हॉस्पिटलाईज़ कर दो, या फिर एक अटेंडेंड रखो, वरना ये बुखार इनके सिर में चढ़ जाएगा और फिर कुछ भी हो सकता है….. ये सब दवाई है…… ध्यान से देना। दो बार बीपी चेक करना दिन में…पानी या फिर लिक्विड डाइट ज्यादा देना है… कुछ टेस्ट लिखें है करा लो….. डेंगू का मौसम तो नहीं पर प्रकॉशन के तौर पर करा लो…. उसने अपना स्टेथोस्कोप अपने  बैग में रखा… बैग बंद किया ..देख  लो यार कर सको तो नहीं तो एडमिट करा दो…. डॉक्टर ने अनुज के कंधे पर हाथ रखते हुए कहा।
डॉक्टर चले गए। विद्या को दवाई दी और वो कुछ सोच में पड़ गए। अनुज को पसीने आ रहे थे। वो बार रुमाल जेब से निकाल कर माथा पूछते। फिर उन्होंने एक फ़ोन किया।
” वीर, चलो घर चलते है, जब तक माँ सही नहीं होती वही रहना, वहां उनकी देखभाल हो जाएगी…. और तुम्हारी माँ जल्दी ठीक हो जाएगी।
” ठीक है अंकल, कहकर राजवीर ने अपना स्कूल बैग और अपना पपलू ( खरगोश )उठा लिया। राजवीर बहुत उदास था वो केवल अपनी माँ के लिए वहां जा रहा था।
अनुज ने सहारा देकर विद्या को खड़ा किया। और धीरे धीरे बंगले में ले आए। किचन और मंदिर के बराबर वाले गेस्ट रूम में विद्या के रुकने का इंतज़ाम कर दिया था उन्होंने। स्टॉफ की विमला राजवीर के साथ जाकर उसके कपडे और जरुरी सामान ले आई थी। नताशा भी वही आ गई थी। वो विद्या को गले लगाना चाहती थी। उसे प्यार करना चाहती थी। लेकिन अनुज ने दूर से देखने के लिए ही कहा।
” निक्की, अभी तुम्हारी विद्या माँ बीमार है ना, अभी उन्हें रेस्ट करने दो, जब वो ठीक हो जाए तब उनके साथ रुक जाना….. ठीक है ना,
” लेकिन… पापा…
” अच्छा निक्की, तुम मेरे साथ चलोगी…. मै आज कहानी सुनाऊंगा….वो तुम्हारी फेवरेट स्टोरी थी ना…. मोटू भालू की…… पापा बेटी साथ रहेंगे….. ठीक है.. अनुज ने नताशा को गोद में लेते हुए कहा।
” ठीक है….लेकिन अब मेरी फेवरेट स्टोरी..
. बहादुर चिड़िया की है, विद्या माँ ने सुनाई थी…. वही सुनाना….कहकर नताशा अनुज के गले लग गई…. वो अपना अंगूठा चूस रही थी….. नताशा जब ज्यादा परेशान होती तब उसका अंगूठा स्वतः ही उसके मुँह में चला जाता।अनुज को उस कहानी के बारे में कुछ नहीं पता  था…… जाने कैसे उन्होंने नताशा को संभाला होगा?
राजवीर विद्या के पास ही था। शाम होने आई थी। विद्या का बुखार तो कम हो गया था लेकिन दवाई के कारण वो गहरी नींद में थी। अनुज ने विमला को बुलाकर विद्या के पास रहने को कहा।
” वीर चलो, हम बाहर लॉबी में बैठते है, माँ तो सो रही है.. कहकर अनुज हाथ पकड़कर राजवीर को बाहर ले आए। अनुज ने उसके लिए चॉकलेट मंगवाई… जो वो USA से लाये थे।
सुनहरी पन्नी में लिपटी वो अलग अलग शेप की चॉकलेट, और उनकी खुशबू राजवीर का मन मोह रही थी। उसके मुँह में पानी आ रहा था….. वो एकटक उन चॉकलेट को देख रहा था। माँ तो उसे सादी सी चॉकलेट लाकर दिया करती थी। वो भी छोटी सी एक। यहाँ तो बहुत सारी थी। राजवीर का मन किया हाथ बढ़ा कर सारी ले ले…. लेकिन…
” अंकल, मुझे नहीं चाहिए बस मुझे मेरी माँ चाहिए एकदम पहले जैसी…. राजवीर ने लगभग रोते हुए कहा।
” अच्छा पहले ये  चॉकलेट रखो….. बहुत टेस्टी है….हाँ तुम्हारी माँ सही हो जाएगी…. बुखार हो जाता है, इसमें डरने की कोई बात नहीं….. वीर कोई और बात है क्या….. कही तुम्हारी माँ को बुखार किसी टेंशन के कारण तो नहीं आया…. तुम्हे कुछ पता है क्या?

क्या कहेगा राजवीर अनुज से?
क्या राजवीर अपनी कही बात बता देगा अनुज को?
क्या वो अनुज से जाने के लिए कहेगा?
जानने के लिए पढ़िए अगला भाग…..

WhatsApp Image 2026-05-29 at 19.02.32 — Vcare Language Academy

Author

Leave a Comment